सरोरुह
11
नया दिन नई कोशिशें
चंदों ठंड की परवाह किए बिना सुबह की पहली बस से जानकी और बच्चियों को साथ लेकर गाँव के लिए निकल ली। भीतर के तूफ़ान को घर पहुँचने की जल्दी है। वह जानती है कि उसके इस निर्णय के साथ कोई खड़ा नहीं होगा, पर बिना किसी की फ़िक्र किए उसने अपना निर्णय ले लिया । जानकी अपनी सोच में डूबी है, उसकी आँखों में पिता के घर से विदा होने का दृश्य बार-बार आ रहा है। आज ना चाहते हुए भी वह उसी घर में वापस जा रही है, जहाँ से उसे जबरन भेजा गया था। उसने आँखें बंद कर ली, पर बंद आँखें सच पर पर्दा तो नहीं डाल सकती! ! वह जानती है कि पिता के घर में कई उलाहने उसका पीछा करेंगे। नहीं, पिता के घर के उलाहने झेलना ज़्यादा मुश्किल है, जानकी भीतर तक डर गई, उसने चंदो का हाथ कसकर पकड़ लिया और बोली, ‘मुझे डर लग रहा है।’
‘जानती हूँ।’
‘तुम जानती हो ना, यहाँ भी मुझे देखकर कोई ख़ुश नहीं होगा।’
‘क्या फ़र्क पड़ता है अब ? हालात का सामना तो करना ही पड़ेगा न I’
दोनों अब हवेली के ठीक सामने पहुँच चुकी हैं, पर जानकी के क़दमों ने जैसे भीतर जाने से इंकार कर दिया है। चंदों ने गौर से जानकी को देखते हुए कहा, ‘जानती हूँ तुम्हारे मन में क्या चल रहा है, पर तुम्हारा जन्म तिरस्कार के लिए नहीं हुआ है। तुम्हें ख़ुद अपमान, तिरस्कार जैसे दकियानुसी विचारों से बाहर निकलना होगा। जब तक तुम यह सोचती रहोगी तब तक तुम दबी रहोगी और इससे तुम्हारी बच्चियां भी प्रभावित होती रहेंगी।’
चंदों जानती है अगर किसी भी तरह जानकी यह समय निकाल लेगी, तो वह ख़ुद ही अपने भाग्य की विधाता बन सकती है। वास्तव में टूटे हुए इंसान को स्मरण कराने की ज़रूरत होती है कि तुम बेचारे नहीं हो, जो तुम्हें दुनिया के रहमों करम पर पलना पड़े, पर लोग टूटे हुए व्यक्ति को सांत्वना देते हुए उसे बेचारा कह – कह कर इतना अपाहिज़ कर देते हैं कि वह बेचारा होना ही अपनी नियति समझ लेता है। भूल जाता है कि वह अकेला भी बहुत कुछ कर सकता है लेकिन चंदों जानती थी जानकी इस समय माँ-बाप, ससुराल, और बच्चों में फंसी हुई है, जिसके कारण वह तीक्ष्ण बुद्धि लड़की, कुंदबुद्धि बनी हुई है, जिस दिन उसको एहसास हो गया कि उससे बड़ा सहारा उसका कोई नहीं है, उस दिन उसे किसी की ज़रूरत नहीं रहेगी।
‘पानी हमेशा ढलान की ओर बहता है। जब तक तुम सिर झुकाए खड़ी रहोगी हर नज़र तुम पर आकर ठहरेगी। हर कोई तुम तक आसानी से पहुँच जायेगा। अब तय तुम्हें करना है कि तुम्हें ढलान बनना स्वीकार है या एक मज़बूत चट्टान बनना है।’ जानकी चंदों की बातें समझने की कोशिश कर रही है। शायद एक मज़बूत चट्टान बनने की चाहत उसके भीतर पनपना चाहती है, पर वह खनिज नहीं मिल रहे, जो उसकी मज़बूती में सहायक हो। दयनीय वक़्त की एक घड़ी भी बुरी होती है और जानकी की तो हर घड़ी बुरी है, जिसमें निराश हो जाना, हैरान करने वाला नहीं है। आहिस्ता – आहिस्ता सकारात्मक बातों की आग जानकी के निराशा के लोहे को पिघलाने की कोशिश कर रही है।
नज़रें ड्योढ़ी के अंदर भागती हुई पहुँचीं, बड़ी जैलदारनी बाहर वाले आंगन में झाड़ू लगाती दिखीं। जानकी को लौटते देख सबकी त्योरियां चढ़ गईं। चंदों अपने इस निर्णय में बड़ी जैलदारनी और जैलदार जी की सहमति चाहती है, बाक़ी परिवार की उसे कोई परवाह नहीं है।
‘इतनी ठंड में आप क्यों झाड़ू लेकर लगी हुई हैं।’ चंदों ने जैलदारनी के हाथ से झाड़ू लेते हुए कहा। बड़ी जैलदारनी को समझ नहीं आ रहा कि वह बेटी को देखकर ख़ुश हों या दुःखी, बच्चियों को दुलारते हुए नानी की आँखें भर आईं।
बड़ी जैलदारनी के चेहरे के हाव-भाव कोमल हो गए, पर सांसों की गति तेज़ होने लगी, जिन्हें सुना जा सकता है।
‘राजा जी के जाने के बाद जानकी की उस घर में क्या कद्र है आप सब जानती हैं। इसको तो सिर झुकाए भी वहाँ पर कोई स्वीकार नहीं करना चाहता और कब तक यह उस परिवार में अवांछित बनकर अपमान की आग में जलेगी, कब तक सिर झुकाए हुए रेंगती हुई जीवन निर्वाह करेगी !’
चंदों की बातें सुनकर बड़ी जैलदारनी आँखें बंद करके अपने बिस्तर पर लेट गईं। पानी की बूंदें बंद आँखों से बिना किसी आहट के गिरने लगीं। चंदों उनका दुःख समझती है, पर उसे जानकी के दुःख के आगे एक माँ का दुःख कम लग रहा है। बड़ी जैलदारनी के मन में अपनी बेटी के लिए दया है, सहानुभूति है पर कभी कभी दया, सहानुभूति की जगह चिंगारी चाहिए होती है जो आग बनकर हर संताप के धुएं को उड़ा दे । चंदों ने धीरे- धीरे सब कहना शुरू किया, वह जानती है कि बड़ी जैलदारनी भी एक साधारण महिला हैं, जो हर हाल में बेटी को ससुराल में ही देखना चाहेंगी, लेकिन हालात उन्हें जानने ही चाहिए।
चंदों बताती रही, ‘बड़ी सोयानी ने कहा है कि जिस विधवा बेटी के माँ–बाप उसके अपने नहीं बन सकते, उसका कोई क्या अपना बनेगा।’ उसने यह आख़िरी बात याद से तूल देकर कही। बड़ी जैलदारनी की ज़ुबान जैसे सिल गई। बीच-बीच में गहरी सांस लेते हुए ‘हे राम’ ज़ोर से कहतीं। जैसे राम को कह रही हों कि राम कोई चमत्कार कर दो और उनकी बेटी के जीवन से दुखों का अंत हो जाए। कमरे में अब ख़ामोशी ठहरने लगी। चंदों हर बात को ख़ूब बढ़ा-चढ़ाकर कह रही थी ताकि बड़ी जैलदारनी के अंदर की ममता बेटी के सम्मान के लिए जागे ।
‘अच्छा किया जो इसको ले आई। अब जो भाग्य को मंज़ूर होगा।’ बड़ी जैलदारनी ने बुझे मन से कहा।
जैलदारनी दिलेर औरत हैं, पर दुनिया की परवाह एक ऐसा रोग है जो हर दिलेरी को निगल जाता है। बड़ी जैलदारनी समझती हैं कि बनावटी रिश्तों की खोखली दीवारें किसी भी आंधी का सामना नहीं कर पाएंगी। यह दीवारें ज़रा-सी बरसात के होते ही ढह जायेंगी, इनके ढहने से पहले ज़रूरी है इनके ताक में रखे हुए कीमती जेवर निकाल लिए जायें।
चंदों ने जानकी का कमरा साफ़ किया और उसे अपने निर्णय पर अटल रहने के लिए बोलकर घर चली गई। चिंटू दौड़कर माँ से लिपट गया। बूढ़े पिता ने बेटी को मुस्कुराती हुई नज़रों से देखा और हुक्का पीने लगे। थकी हुई चंदों ने बिखरे हुए घर को समेटकर बाऊजी और चिंटू को खाना खिलाया और रजाई में दुबककर बैठ गई। मानसिक रूप से आज वह ख़ुश है। एक क़दम जानकी के हित के लिए उठ चुका है। इस ख़ुशी को वह चंदर के साथ साझा करना चाहती है। यूँ मैसेज के जरिए दोनों की बराबर बात हो रही थी, लेकिन आवाज़ सुने तो चौबीस घंटे से ज़्यादा का वक़्त हो चुका था। उसने चंदर को याद किया ही था, कि उसका फोन आ गया।
चंदर को उसने सारा हाल सुनाया, पर न जाने क्यों बात पूरी होते-होते आवाज़ की खनक गायब हो गई।
‘उदास हो।’ सुस्त आवाज़ को भांपते हुए चंदर बोला।
‘ख़ुश थी कि चलो एक क़दम तो जानकी के हित में आगे बढ़ाया, पर अब आगे क्या होगा ? कुछ समझ नहीं आ रहा।’
‘कुछ बातों को समय पर छोड़ देना चाहिए।’
‘समय कुछ भी सही नहीं करता है, बस निकल जाता है और हाथ में आता है पछतावा और मैं नहीं चाहती वह दो बच्चियों की माँ बेसहारा होकर पछतावा करे।’
‘तुम कर तो रही हो उसके लिए इतना कुछ…।’
‘इतना नहीं, बहुत कुछ करना चाहती हूँ उसके लिए, पर कोई रास्ता नहीं मिल रहा। ऐसे लग रहा है कि चारों तरफ़ अंधेरा है और मैं अंधेरे में भटक रही हूँ।’
‘तुमने पहला क़दम तो उठाया है ना ? बाकी सब भी धीरे-धीरे होगा। जानकी को भी थोड़ा संभलने दो।’
‘हम्मम।’
‘हम्मम, यही हम्मम सुनने के लिए बेकरार था मैं। अब यह हम्मम सुन लिया तो चैन मिला है।’
‘बेचैन थे?’
‘हम्मम मतलब चंदों जी अब ठीक है और आज तुम्हारी हम्मम को जैसे कोई चुरा कर ही ले गया था।’
‘सिर्फ़ तुम्हारे साथ बहकते हैं
यह ठहरे हुए क़दम मेरे
बहुतों के हिस्से हमारे
आधे – अधूरे अल्फ़ाज़ ही आते हैं।’ चंदों का अंदाज़ फिर शायरना हो गया।
‘जानता हूँ मेरी जान पर तुम्हें परेशान देखकर मैं भी परेशान हो जाता हूँ। मैं यह भी जानता हूँ कि तुम मुझसे नहीं कहोगी तो किससे कहोगी। बस कभी खुद को अकेला मत समझना।’ चंदर की आवाज़ में ठहराव लगा, चंदों को अपने लिए जैसे इसी ठहराव की दरकार थी। इसी ठहराव के साथ दोनों नींद की आग़ोश में चले गए।
पंछियों ने अपने-अपने राग छेड़ने शुरू कर दिए। सुबह ने दस्तक दे दी है। केशो दास हुक्के की चिलम के लिए आग जलाने बैठ गए। चंदों अंगारों को रोज़ चूल्हे में दबा देती है, पर जबसे ठंड बढ़ गई है, आग के अंगारे सुबह तक राख हो जाते।
चंदों ने पिता को बिस्तर में जाने का बोला और फू… फू कर आग जलाने लगी। कुछ ही देर में कोयले पूरे जोश के साथ सुर्ख हो गए। चिमटे से एक-एक कोयले को चिलम में डालकर वह हुक्के को पिता के पास लेकर बैठ गई।
‘कैसी है जानकी ?’ हुक्का पीते हुए केशो दास ने पूछा। बाप-बेटी के वार्तालाप में हुक्के की गुड़गुड़ाहट हुंकारा भरने लगी।
‘यह बड़े घरों की दीवारें इतनी मज़बूत क्यों होती हैं बाबा।’ जानकी के नाम के साथ उसका चेहरा आँखों के सामने आ गया।
‘वक़्त के साथ हर दीवार ढह जाती है।’ केशो दास की ज़ुबान से उम्र का तजुर्बा बोल रहा है।
‘तो क्या वक़्त का इंतज़ार करते रहें ? तब तक देर नहीं हो जाएगी ?’
‘जानकी के ज़ख्म अभी हरे हैं, अचेतन अवस्था में है वो… जब उसकी चेतना जागेगी वही सामने खड़ी दीवार को खुद ढहा देगी। तब तक तुम उसका साथ दो। तू ले आई है ना जानकी को ?’ केशो दास ने बेटी का कंधा थपथपाते हुए पूछा।
चंदों मुस्कुरा दी और हाँ में गर्दन हिला दी। केशो दास ने राहत की सांस ली और मंगला की ओर चले गए। उनके चेहरे पर सुकून है, जब कोई दूसरे के लिए खड़ा होना सीख जाता है, तो इसका मतलब यह तो है ही कि वह हर हाल में अपने लिए भी लड़ ही लेगा। केशो दास को अपनी बेटी को लेकर एक तसल्ली थी I ऐसी तसल्ली जिसे उन्होंने एक पिता के नाते सदा बेटी के लिए चाहा था I बेशक उनकी बेटी जीवन के कडवे अनुभवों से गुजरी है पर उन्हीं कड़वे अनुभवों से उसने फैंसला लेना सीखा I जीवन के प्रति उसका नजरिया बदला है I नहीं तो एक पिछड़े गाँव में फैंसला लेना तो बहुत दूर की बात है औरत के खुलकर साँस लेने पर भी पाबंदी है पर चंदों अपने रास्ते स्वयं बना रही थी जबकि हर रास्ते में उसको एक नयी चुनौती का सामना करना पड़ा था I केशो दास ने ज्यादा दुनिया तो नहीं देखी थी पर रानी लक्ष्मीबाई की गाथा के लोकगीतों ने उन पर कहीं न कहीं प्रभाव छोड़ा था और उस प्रभाव के कारण ही उनको अपनी बेटी का हर क्रांतिकारी बदलाव सुकून देता I