तुम्हारे लिए
************
भाग सोलह
***********
सुबह के ग्यारह बज गये थे,अजमेर से तन्मय को घर पहुंचते पहुंचते,ऑफिस की तो आज छुट्टी हो ही गयी थी ।
तन्मय का नहा धो कर आराम करने का मन था, पर मनचाहा कहां होता है ,और दूसरी बातें उसके इन्तजार में
पहले से ही अपना हाथ मुंह धोकर तैयार बैठी हुई थीं।
“इन्टरव्यू कैसा गया…कुछ है उम्मीद..” प्रभा जी जैसे
ही चाय ले कर आईं और मजिस्ट्रेट साहब शुरू हो गये,वैसे
जब से मजिस्ट्रेट साहब को तन्मय का आर.ए.एस. रिटन क्वालिफाई करलेने का पता लगा है, उनके संपूर्ण व्यवहार
में एक अजीब सी नरमी और ऊष्मा ने प्रवेश कर लिया था,
अब पहले जैसी व्यंग्य की टोन तो उनके लहजे और बातों
से सिरे से गायब हो चुकी थी।
” इन्टरव्यू तो काफी अच्छा ही रहा ,वहां जाकर और कैंडिडेट्स से बात की तो यह पता लगा कि अगर इंटरव्यू के नम्बर मिला कर पैंसठ छियासठ परसैंट का टोटल बन जाता
है तो शायद मेन में ही नाम आ जायेगा।अगर यह सही है तो
मेरे हिसाब से फिर पूरी तो पूरी उम्मीद है…”
प्रभा जी बाप और बेटे के बीच चल रही इस तरह
की बातचीत से पुलकित हुई जा रही थी,कब से उनके कान पिता पुत्र के बीच इसी तरह के संवाद के लिए तरस रहे थे। तन्मय सच में ही बदल रहा था..”वाह, अगर तुझे लग रहा है
तो सिलैक्शन हो ही जायेगा, एक बात और कहनी थी ,कल रात मेघा का फोन आया था,उसने तेरे लिए एक लड़की देखी है,बनस्थली में पढ़ रही है,आर्किटैक्चर में इंजिनियरिंग की है, मां बाप भी बनस्थली में पढ़ा रहे हैं, ऊपरी तौर पर देखने से
तो मुझे यह अच्छा पढ़ा लिखा समझदार घर लग रहा है और साथ में फोटो भी भेजा है लड़की का,मुझे और तेरी मां को पसन्द है लड़की ,अगर तेरे भी बात समझ आती है ,तो वो
लोग इसी रविवार को आना चाह रहे हैं ,कुछ रिश्तेदारी भी है यहां जयपुर में उन लोगों की,वहीं ठहरने वाले हैं वो लोग।
कोई जल्दी नहीं है हमें,अगर तुझे अभी समझ नहीं आता तो फिर कभी बुला लेंगे..”
“नहीं पापा , आपको पसन्द है सब तो बुला लीजिए , किसी दिन तो यह सब होना ही है…”
” अरे ! ऐसे नहीं , पहले तुम लड़की का पूरा बायो डेटा अच्छे से देख लो,उसकी शक्लसूरत देख लो फिर अपनी दीदी से बातचीत कर लो, तब बता देना हम लोगों को आराम से, और मेघा यहां खुद भी आने का कह रही है, फिर हम सब
मिल बैठकर सोच समझकर ही हां कहेंगे,ऐसे मुआमलों में
बहुत ज्यादा जल्दबाजी भी करनी ठीक नहीं है, समझ गये
न, मैं अभी तुम्हारे मोबाइल पर भेजता हूं सब चाहो तो मेघा
से बात कर लो उसने तो देखा है उस लड़की को….”
” ठीक है पापा….” तन्मय तो चला गया,पर मजिस्ट्रेट साहब अब भी जैसे एक सोच में ही पड़े हुए थे..” श्रीमती जी आपने कुछ नोट किया है या नहीं, यह लड़का मुझे कभी खुश क्यूं नजर नहीं आता और लड़कों जैसी तो कोई बात ही नजर नहीं आती इसमें ,जैसे बस सब अपने आप चल रहा है पता नहीं अपने मन में जाने कौन सा कबूतर पाले बैठा है,आपको नहीं लगता क्या ऐसा…”
” हां ,कह तो आप सही रहे हैं ,मेरे ख्याल से शादी से डर रहा है ,पर एक बार लड़की से मिल लेगा ,उससे बात कर लेगा तो शायद फिर सब कुछ नॉर्मल हो जाए…”
” हां ,हो ही जाना चाहिए ,पर मेघा से कहियेगा ,उन लोगों को हां करने से पहले इसको हिला हिला कर अपनी
पूरी तसल्ली करले ,आखिर दूसरे की लड़की का सवाल है, कहीं ऐसा न हो…”
मजिस्ट्रेट साहब आगे और कुछ कहते कहते रूक गये , उन्होंने समय रहते देख लिया था कि यूं तन्मय के खिलाफ कहने से प्रभाजी के चेहरे का रंग अचानक ही बदलने लगता
है।
तन्मय आराम करने चला तो गया,पर फिर से इस नयी सूचना के चलते उसका मन विचलित सा हो गया था, उसने आखिर चाहा क्या था जिंदगी से जिस साथी की कल्पना की थी,उससे बस एक बार आमने सामने बैठ कर अपने दिल
खोल कर रख दे फिर चाहे वो हां कहे या ना पर वो सतरंगी ख्वाहिश तो जैसे धूल धूसरित ही हो गयी थी, कोई मजबूत जमीन ही नहीं थी उसकी तो ,पर जिंदगी तो जीनी ही है ,
और उसके लिए इस नकारत्मकता की कोई जरूरत भी नहीं है,हो सकता है शायद पहले से भी कुछ बेहतर होने को हो,
यह बात अच्छे से वो भी समझता है,पर एक छोटी सी घटना और उसके अकल्पनीय परिणाम ने उसे जैसे एक अन चाही
सी निराशा में धकेल दिया था,स्वाद ही चला गया था जैसे उसकी जिंदगी का।
उसने कुछ देर बाद अपना मोबाइल खोला और जो कुछ भी उसकी दीदी ने उसे भेजा था ,वह उसे बेमन से पढ़ने लगा और आखिर में उसने साथ में भेजी हुई तस्वीर पर अपनी नजरें टिका दीं,एक सुंदर सौम्य सी छवि उसके सामने थी।
आखिरकार रविवार का दिन तय हो गया , तन्मय ने अर्चना का बायोडाटा और फोटो को देख लिया था,कुछ भी ऐसा नहीं था कि वो कोई और बहाना बना पाता या ऐतराज करता, सब कुछ ठीक ही था तो उसने भी हां कर दी थी।
मेघा दीदी से भी बात की थी उसने ,तो वो तपाक से बोल उठी…” देख ,उसकी फैमिली और बैक ग्राउन्ड सब मैं
चैक कर चुकी हैं ,सब कुछ एक दम फर्स्ट क्लास है,लड़की
से तू बात कर लेना और वो फैसला तेरा एकदम व्यक्तिगत रहेगा जो भी तू बोलेगा हां या ना ,एकदम फाईनल और फिर भी हम तुरंत जवाब नहीं देंगे ,पहले आपस में हम लोग बैठ
कर बात करेंगे और जब ,तब सब ठीक लगेगा तो अपना
जवाब देंगे…सिम्पल …” और फिर यह सुन कर तन्मय ने हां
कर दी थी, उसे करनी ही पड़ी।
**************************
(शेष आगे…)
अजय कुमार