भाग -12
उसकी सारी मेहनत बेकार चली गई। उसकी भावनाओं का कोई मोल ही नहीं। उसकी आँखों में सूनापन बढ़ गया था। यह कैसा निर्णय ले लिया उसने ? न ख़ुदा ही मिला, न विसाले – सनम … जिसे चाहा, वह तो ख़ैर मिलना मुमकिन था ही नहीं । जिसके लिए अपनी जड़ों से कटकर आयी, वह भी उसका नहीं ! क़ुदरत ने उसके साथ ही यह मज़ाक क्यों किया ? उसने क्यों शिखर के सम्मोहन में बंधकर इस सम्बंध के लिए हामी भरी ? ठीक है, पहले नहीं पता था, पर बाद में तो इनकार कर ही सकती थी। उमंग ने भी उसे समझाया था कि बहुत समझ सोचकर निर्णय ले, फिर वह क्यों नहीं इनकार कर पाई ? क्या वास्तव में वह उनके शाही शानो- शौकत के मायाजाल में फँस गई थी ? बहुत देर तक वह ऐसे ही बैठी रही। फिर एक एक करके उसने सारे आभूषण उतार दिए , अपनी नाइटी निकालकर पहन ली और लेट गई।
* * * * *
सुबह जब वह नित्य कर्म से निवृत्त होकर व स्नान करके अपने कमरे में आयी, तो देखा शौर्य वहाँ से जा चुका था। वह सोच विचार में डूबी ही थी कि क्या करे, तभी एक शालीन सी दिखती युवती वहाँ आयी, जिसने स्वयम का परिचय उसकी असिस्टेंट सीमा के रूप में दिया। सीमा ने ड्रेसिंग रूम में बनी वॉर्डरोब, जिसमें एक से बढ़कर एक पारम्परिक व आधुनिक परिधान टँगे हुए थे, उर्वशी की पसन्द का ध्यान रखते हुए, साड़ी व आभूषण निकाले और तैयार होने में उसकी सहायता करने लगी। उसकी मदद से ही उर्वशी ने, नफ़ीस सिल्क की साड़ी के साथ सबसे हल्के आभूषण का चुनाव किया और उन्हें पहन लिया । फिर भी उसे लग रहा था कि किस मुसीबत में वह फ़ँस गई। कब इस सबसे उसे छुटाकारा मिलेगा।
सीमा के साथ ही वह भोजन कक्ष में आयी, तो देखा कि परिवार के लगभग सभी सदस्य वहाँ बैठे थे। बस शौर्य और ऐश्वर्या वहाँ नहीं थे। आकर पहले उसने माँ सा के चरणस्पर्श करके उनका आशीष लिया। शिखर को प्रणाम किया। तभी ऐश्वर्या भाभी भी वहाँ आ गईं। उनके भी चरण स्पर्श किये। उन्होंने ध्यान से उसका चेहरा देखा। उसकी निद्राविहीन सूजी आँखें देखकर वह व्यंग्य से मुस्कुराई
” देवरानी सा, अपने घर की याद में सोईं नहीं या देवर सा ने तंग ज्यादा कर दिया ?”
” ऐश्वर्या , परेशान मत करिए आप हमारी बहुरानी को। ” माँ सा ने कोमल स्वर में कहा।
” जी माँ सा ” वह चुप हो गई। शिखर गहरी दृष्टि से उसे देखे जा रहे थे, मानो उसके चेहरे को पढ़ने का प्रयास कर रहे हों। उसने एक बार उनकी ओर शिकायत भरी नजरों से देखा, फिर सिर झुका लिया। तभी तैयार होकर शौर्य वहाँ आ गया। माँ और बड़े भाई को प्रणाम करके वह भी बैठ गया। वर्दीधारी बेयरे नाश्ता लगाने लगे, विभिन्न प्रकार के सुस्वादु व्यंजन। हर एक कि पसन्द के अनुसार । शिखर स्वास्थ्य के प्रति ज्यादा सजग लग रहे थे। अतः उन्होंने बस दूध, कॉर्न फ्लेक्स, थोड़ा सा स्प्राउट्स और फल लिये। ऐश्वर्या ने कटलेट्स, कॉफी और ढोकला लिया। माँ ने बस थोड़े से फ़ल और ग्रीन टी ली। शौर्य ने बटर टोस्ट और कॉफी ली। उर्वशी का मन बहुत खराब था। उसने सिर्फ कॉफी ली और घूँट भरने लगी।
” शौर्य बेटा, आपको उर्वशी की हर आवश्यकता का ध्यान रखना है । उन्हें हर हाल में खुश रखना है। वह यहाँ नई है। आप ही अब उनके सब कुछ हैं। आपको ध्यान रखना है कि वह कुछ खा पी रही हैं या नहीं ? वह खुश हैं या नहीं ।” माँ ने कहा, तो सबकी नजरें शौर्य की ओर उठ गई, उसने हड़बड़ा कर उर्वशी की ओर देखा।
” प्लीज़ आप कुछ लीजिये न, जो भी पसन्द हो। ” उसने अनुनय की।
” अभी कुछ खाने का दिल नहीं कर रहा। ” वह धीरे से बोली।
” आप थोड़ा सा ओट्स, उपमा या स्प्राउट्स ट्राई कीजिए। लाइट भी है और हेल्दी भी। ” शिखर ने कहा। तो उसने बेमन से थोड़ा फ्रूट सलाद अपनी प्लेट में डाल लिया। शिखर ने बारीक दृष्टि से उसे देखा। उनसे दृष्टि मिलते ही उसकी आँखों से अश्रु उमड़ पड़ने को बेकरार हो गए। उसने तुरंत पलकें झुका लीं और चुपचाप फलों के टुकड़े कुतरती रही।
नाश्ते के बाद वह दोनो अपने कमरे में आ गए। शौर्य तैयार होने लगा और वह स्वयं में गुम बैठी थी। तभी दरवाजे पर दस्तक हुई। ‘ कम इन ‘ शौर्य ने कहा। अगले ही पल शिखर ने वहाँ प्रवेश किया।
” भाई सा आप ?” शौर्य अचकचा गया।
” आप कहाँ जा रहे हैं ?” शिखर ने सवाल किया।
” ऑफिस “
” शौर्य, अभी एक दिन पहले आपकी शादी हुई है। ऑफिस में आपके बिना कोई प्रलय नहीं आ जाएगी। यह समय है अपनी दुल्हन के साथ थोड़ा समय बिताने का, एक दूसरे को समझने का। “
” हम घर बैठकर क्या करेंगे भाई सा ,अब जब साथ रहना ही है तो धीरे धीरे एक दूसरे को समझ ही जाएंगे । हमें एक दो ज़रूरी मीटिंग करनी थीं, बस इसीलिए … “
” कहा न आप ऑफिस की फिक्र मत करें । एक महीने के लिए हम आपको फ्री कर रहे हैं। “
” एक महीना ? इतने लंबे समय तक हम करेंगे क्या ?” वह अचकचा गया।
” कल उर्वशी को पगफेरे के लिए जाना है , फिर इनके लौट कर आने के बाद आपदोनो यू एस के लिये निकल जाएंगे। आपकी पन्द्रह दिन की ट्रिप प्लान की है हमने। “
” क्या ? पर इस महीने हमारे कई अर्जेंट वर्क होने हैं। इस ट्रिप की ज़रूरत नहीं। दो महीने बाद वैसे भी हमें फैमिली ट्रिप पर जाना है। ” वह झुँझला गया था।
” नादान मत बनिये शौर्य , ये आपकी हनीमून ट्रिप है। फैमिली के साथ ट्रिप फिर प्लान हो जाएगी। “
” मेरे विचार से इन दिनों, इन्हें इनके ज़रूरी काम कर लेने दिए जाएं। फिलहाल मैं भी इस ट्रिप के फेवर में नहीं हूँ। ” इस बार वह बोल पड़ी।
” आखिर हो क्या रहा है ? कोई बताएगा हमें ?” शिखर हैरान रह गए।
” यह तो अभी हमें भी समझना है । ” वह अर्थपूर्ण स्वर में बोली।
शिखर ने कुछ न समझने वाले अंदाज में दोनों को देखा और जब दोनों में से कोई भी कुछ कहता नज़र नहीं आया तो फिर वह कमरे से बाहर निकल गए। वह दोनो किंकर्तव्यविमूढ़ से कुछ देर बैठे रहे, फिर शौर्य उठकर शयनकक्ष से लगे स्टडी में चला गया। उर्वशी विचार में डूब गई, कि अब उसे क्या कदम उठाना चाहिए। काफी देर तक वह आने वाले समय की कठिनाइयों का आकलन करती रही। अंत में उसने निर्णय ले लिया कि कल वह भाई के साथ अपने घर चली जाएगी और फिर कभी वापस लौटकर नहीं आएगी। एक बार उसने सोचा कि वह शिखर से जवाबतलब करे, कि जब उनका छोटा भाई उससे विवाह करने को प्रस्तुत नहीं था तो उसके साथ जबर्दस्ती क्यों की गई ? फिर उसने निश्चय किया कि वह शिखर से कोई बात नहीं करेगी। जब उन्होंने उससे, शुरू से हर बात छुपाई, तो वह भी अपने मन की बात उनसे क्यों करे ? बल्कि अब उसे उन पर क्रोध आ रहा था कि वह उसका जीवन खराब करने के दोषी हैं। अच्छी खासी ज़िन्दगी गुज़र रही थी, उन्होंने ही उसके लिये ढेरों परेशानियाँ खड़ी की। उनका सम्पर्क में आना उसके जीवन का अभिशाप बन गया।
क्रमशः