भाग -17
पिछली रात के दृश्य पुनः उसके मस्तिष्क में हलचल मचाने लगे। दिमाग पर दिल हावी होने लगा। उसने आँखें खोलकर उर्वशी की ओर देखा।
उसके गीले केशों में तौलिया बंधा था। इस समय भी वह ड्रेसिंग गाउन में ही थी। गले के खुले हुए हिस्से में प्रणय चिन्ह नज़र आ रहा था। उसका सद्यस्नाता सौंदर्य उसे वशीभूत करने लगा। तभी हाथ बढ़ाकर उसने तौलिया खोल दिया और उसके गीले बाल कन्धे पर बिखर गए। शौर्य ने उसके दोनों हाथ थाम लिए और होंठों पर चुम्बन जड़ दिया। उर्वशी का चेहरा गुलाबी हो उठा। गीले केश, शैम्पू, जैल और डियो की मिली जुली महक उसे फिर से पागल करने लगी। उसने ड्रेसिंग गाउन की बेल्ट खोल दी। गाउन उसके कंधों से फिसल गया। शौर्य ने उसके गले में बाहें डालकर उसे नीचे झुका लिया और उसके अधरों पर अपने आतुर अधर रख दिये।
* * * * *
ऐश्वर्या की बी एम डब्ल्यू सर्विसिंग के लिए गई थी तो वह शिखर की मर्सडीज लेकर किसी काम से चली गई। उसने पति से कह दिया था कि आज वह शौर्य के साथ ऑफिस चले जाएं। शौर्य समय का बहुत पाबन्द था। अतः वह ठीक समय पर तैयार होकर उसके बैडरूम के पास आये तो चौंक गए। अमूमन वहाँ छाई रहने वाली नीरवता उन दोनों के खिलखिलाने के स्वर से आज भंग हो गई थी। उन्हें अपने कानों पर विश्वास ही न हुआ। आहिस्ता से उन्होंने बैडरूम के दरवाजे पर दस्तक दी। शौर्य की आज्ञा मिलने पर वह अंदर गए, तो देखा वह अब भी बिस्तर पर पड़ा था। देखकर लग रहा था, कि वह अब तक बिस्तर से उठा नहीं है। उर्वशी उनकी ओर पीठ किये वार्डरोब से कपड़े निकाल रही थी।
” अरे ! आज आप उठे नहीं ?”
” जी भाई सा, आज तबियत कुछ ठीक नहीं लग रही। हम सोच रहे हैं कि आज ऑफिस न जाएं। ” उन्हें देखकर वह उठकर बैठ गया औऱ आलस भरे स्वर में बोला।
” ओह, ओके, आराम करिये। “
” कोई काम था क्या ?”
” कुछ खास नहीं, बस ऐश्वर्या हमारी गाड़ी लेकर निकल गई हैं तो सोचा हम आपके साथ चले जाएं। “
” कोई बात नहीं, आप हमारी गाड़ी ले जाइए। रॉबर्ट रेडी होगा। हम उसे मना करना भूल गए थे। ” कहते हुए वह ड्राइवर को फोन लगाने लगा, ताकि वह उसका इंतजार न करे।
” शौर्य, आपको कहीं जाना तो नहीं ?”
” नहीं, अगर जाना भी हुआ तो हम दूसरी गाड़ी से चले जाएंगे। आप आराम से ले जाइए। ” शौर्य ने जवाब दिया। वह गाड़ी के मामले में ज्यादा क्रेजी नहीं था। अपनी गाड़ी न मिले तो किसी भी गाड़ी में चला जाता था, पर शिखर को हर किसी गाड़ी में बैठना नहीं भाता था। वह चुनिंदा, लक्ज़री गाड़ियों में ही बैठना पसन्द करते थे।
तभी शौर्य के कपड़े वार्डरोब में से निकाल कर उर्वशी सामने मुड़ी। शिखर की मुग्ध दृष्टि उस पर पड़ी। इस समय वह लॉन्ग स्कर्ट व खूबसूरत क्रॉप टॉप में थी। बाल खुले हुए कन्धे पर लहरा रहे थे। बिना किसी प्रसाधन के उसका सादगी भरा सौंदर्य उन्हें खींचने लगा। तभी उनकी निगाह उसके गले पर बने प्रणय चिन्ह पर अटक गई। अगले ही पल आँखें फेरकर वह कमरे से बाहर निकल गए। बाहर आकर देखा तो स्लेटी रंग की लैंड रोवर के पास खड़ा रॉबर्ट उनका इंतजार कर रहा था। उसने फुर्ती से पिछली सीट का दरवाजा खोला। शिखर गाड़ी में बैठ गए। अगली सीट में ड्राइवर के साथ उनका अंगरक्षक संजीव बैठ गया और गाड़ी आगे बढ़ गई। सीट की पुश्त पर उन्होंने हाथ फैलाए तो याद आया कि उर्वशी अपने मायके से आते हुए इसी स्थान पर बैठी थी। उन्हें लगा कि वह अब भी उनके साथ बैठी है। तभी उसके गले पर बना चिन्ह उन्हें याद आ गया ,और वह बेचैन हो उठे। उन्होंने मन में ईर्ष्या जैसी भावना महसूस की।
जब उर्वशी के पिता ने उन्हें फोन करके बताया था कि शौर्य ने उसे अपनाने से इनकार कर दिया है, इसलिए अब वह वापस नहीं आना चाहती तो वह व्याकुल हो उठे। कितनी मुश्किल से तो वह उस घर में आयी थी। जहाँ कम से कम प्रतिदिन वह उस पर एक दृष्टि डाल सकते थे। पर शौर्य की मूर्खता से वह नाराज होकर चली गई थी। उन्हें महसूस हुआ कि जैसे कोई अनमोल निधि उनके पास से खो गई है। वह व्याकुल हो उठे। शौर्य पर उन्हें बहुत क्रोध आया। जी चाहा कि कसकर उसे तमाचे लगाएं। मूर्ख कहीं का, उसे अहसास ही नहीं कि कैसा रत्न उसे मिला था जिसे वह अपनी बेवकूफी से गंवा बैठा है। यदि वह वापस नहीं आयी तो ? उनका सारा किया धरा चौपट हो गया। एक छोटी सी खुशी मिली थी, वह भी खो गई। आखिर उनका गुनाह क्या है ? बस यही तो चाहते हैं, कि वह उनकी आँखों के सामने रहे। क्या इतनी सी इच्छा रखने का भी उन्हें हक़ नहीं ?
उन्होंने छोटे भाई को बड़ी मुश्किल से उसके साथ थोड़ा समय गुज़ारने को राजी किया। हर वो प्रयत्न किया जिससे उनदोनो के मध्य दूरी खत्म हो जाए। आज जब पता चला कि वह दूरी समाप्त हो गई है तो वह खुश क्यों नहीं हो पा रहे ? उन्हें ईर्ष्या क्यों महसूस हो रही है ? उस पर उनका कोई अधिकार नहीं। फिर यह सब क्यों ?
* * * * *
अब उर्वशी व शौर्य के मध्य सामान्य दम्पति जैसे सम्बन्ध पनप गए थे। उसके माता पिता व भाई की चिंता दूर हो गई थी। उसकी अभिन्न सखियाँ, मिताली व निधि बहुत खुश थीं। खासतौर पर निधि बहुत सन्तुष्ट थी कि उसका सुझाव उसकी सखी का जीवन सँवार गया। माँ सा भी बहुत खुश थीं कि उनके छोटे बेटे की गृहस्थी भी बस गई। ऐश्वर्या को इन बातों की कोई ख़बर न थी। वह वैसे भी उर्वशी को स्वयं से हेय समझती थी। क्योंकि वह उसकी तरह कुलीन खानदान की नहीं थी। जब सब उसके सौंदर्य की प्रशंसा करते तो ऐश्वर्या के भीतर हीन भावना जाग जाती। जिसका बदला वह अक्सर उसके परिवार पर छींटाकसी करके लेती थी। उसके दोनों बच्चे भी अपनी चाची के दीवाने थे। शिखर के साथ उसके सम्बन्ध बहुत बासी और उबाऊ हो गए थे। उन्हें पत्नी से ज्यादा रोचक अपना ऑफिस लगता था। उसकी बातें उन्हें ज़रा भी नहीं सुहाती थीं। दोनो पूरब और पश्चिम थे। अब उर्वशी के घर में आने के बाद तो उन्हें पत्नी से और ज्यादा अरुचि हो गई थी।
उनदोनो के बीच सब कुछ सामान्य होते देखकर शिखर ने उन्हें पन्द्रह दिन के हनीमून पैकेज पर यू एस भेज दिया। दिन रात का साथ, एकांत और स्वछंद जीवन , उनमें काफी घनिष्टता कर गया। उनके सुखद दाम्पत्य की शुरूआत हो चुकी थी। हर कोई इस बात से खुश था, बस अगर कोई खुश नहीं था तो ग्रेसी ।
क्रमशः