ज्योत्सना कपिल का उपन्यास ‘ उर्वशी’ भाग -27

27-

” ओके ओके, कूल डाउन । ऐसा करिये ऐज़ ए ट्रेनी हमारी कम्पनी जॉइन कर लीजिये। थोड़े दिन बिज़नेस समझिए , फिर आपको वहाँ किसी अच्छे पद पर अपॉइंट कर दिया जाएगा । कम्पनी की तरफ से आपको फर्निश्ड फ्लैट और गाड़ी मिल जाएगी। “
” प्लीज़ डोंट माइंड , लेकिन राणा फैमिली से अब कुछ भी स्वीकार करना मैं अपना अपमान समझती हूँ। ” उसका स्वर कठोर हो गया था।
” हम कोई अहसान नहीं कर रहे आप पर , वो हक़ है आपका । आप उस परिवार का ही हिस्सा हैं। प्रॉपर्टी की एक हिस्सेदार आप भी हैं। “
” कैसा हक़ ? जिस व्यक्ति से जुड़ी थी, जब उसने ही अपनी ज़िंदगी से बेदखल दिया है , तो फिर बाकी ही क्या रहा ?” वह आवेश में आ गई थी।
” मूर्ख है वो, कुछ भी बकवास करेगा और क्या वो बात मान ली जाएगी ? हकीकत यही है कि आप हमारे परिवार का हिस्सा हैं। इसे कोई भी नहीं झुठला सकता। “
” मेरा अब कोई वास्ता नहीं राणा परिवार से , न ही मैं प्रॉपर्टी पर अपना अधिकार मानती हूँ। एक फूटी कौड़ी भी मुझे नहीं चाहिए। न तो मेरा परिवार इतना गया गुज़रा है कि मुझे खिला न पाए, और न ही मैं इतनी अशक्त हूँ कि अपना भरण पोषण न कर सकूँ। “
” देखिये प्लीज़ गुस्सा थूक दीजिए । कहा न, कि शौर्य की तरफ़ से हम आपसे माफी माँगते हैं । हम इस तरह आपको दर -दर की ठोकरें खाने को नहीं छोड़ सकते। उस घर का बड़ा होने के नाते यह हमारा आदेश समझिए । यकीन मानिए, शौर्य को आपसे माफ़ी माँगनी पड़ेगी। ” उन्होंने फिर उसे मनाने का प्रयास किया।
” बस करिये, जिसने गलती की, माफ़ी भी उसे ही माँगनी चाहिए। हालाँकि मुझे अब उनसे भी माफ़ी की अपेक्षा नहीं। बल्कि कहना चाहिए, कि कोई भी अपेक्षा नहीं। थोड़े दिन का साथ था, वक़्त गुज़रा, और साथ छूट गया। “
” शौर्य को अपनी गलती का पश्चाताप करना पड़ेगा, उन्हें आपसे माफ़ी भी माँगनी पड़ेगी। “
” ज़रूरत नहीं, क्योंकि अब चाहे कुछ हो जाए, मेरी ज़िंदगी से शौर्य का चैप्टर क्लोज़ हो चुका है और प्लीज़ इस तरह दबाव डालने की आदत भी छोड़ दीजिए। इससे किसी का भला नहीं होने वाला। “
” लेकिन उर्वशी ..”
” आपकी इस आदत ने ही मेरा सर्वनाश किया है। क्या ज़रूरत थी आपको दबाव डालकर उन्हें विवश करने की, कि वह मुझसे विवाह करें। नहीं निभा पाए न वह ? अगर आप उन्हें ग्रेसी से ही विवाह करने देते तो कम से कम मेरा जीवन बच जाता। “
वह आवेश में बोलती जा रही थी और शिखर हतप्रभ होकर उसे देख रहे थे।
” वह लड़की इस लायक नहीं थी कि हमारे परिवार का हिस्सा बन सके। ” उन्होंने सफाई दी।
” यह आपकी सोच है, पर विवाह तो आपके भाई को करना था। उनके लिए उससे बढ़कर कोई नहीं। मैंने कितनी कोशिश की, वो सब कुछ किया जो उन्हें पसन्द हो। फिर भी इतना बड़ा विश्वासघात ! इतना अपमान ! गलती आप लोग करें, और भुगतना मुझे पड़े । क्यों ? ऐसा क्या गुनाह कर दिया मैंने ? ” वह क्रोध से उफ़न पड़ी।
” मैंने अपना जीवन दाँव पर लगा दिया। उस व्यक्ति से विवाह किया जिसे जानती नहीं थी, जिसे मैंने देखा तक नहीं था। अपने सुनहरे भविष्य की बलि चढ़ा दी । ” उसका क्रोध बढ़ता जा रहा था।
” एक बात बताएंगे ? ईमानदारी से !”
” क्या आप नहीं जानते थे, कि शौर्य ने अभी भी ग्रेसी से सम्बन्ध बना रखे हैं ?”
” नहीं “
” कैसे विश्वास करूँ आपकी इस बात का ? जबकि हर एक पर आपकी बारीक नज़र रहती है। “
” जब आपदोनों को करीब आते देखा , तो हमें लगा कि उन दोनों के बीच सब खत्म हो जाएगा। अब उसकी निगरानी की ज़रूरत नहीं। “
” मुझे क्योंकर यकीन हो आपकी बात का ?”
” उर्वशी ” उनका स्वर आहत हो गया था ” आपका बुरा हम कभी नहीं सोच सकते। दुनिया वालों से झूठ बोल सकते हैं ,पर आपसे नहीं ।”
” क्यों, ऐसी क्या खास बात है ?” उसने जिद भरे स्वर में पूछा।
” वो आप नहीं समझेंगी। ” उन्होंने निगाह चुरा ली।
” मुझे शौर्य ने कहा कि आपको खूबसूरत चीजें लाकर घर सजाने का शौक है। क्या आप सचमुच मुझे एक सजावटी वस्तु बनाकर लाए थे ? महज एक ऑब्जेक्ट ?”
” उर्वशी ” वह लगभग चीख पड़े ” क्या हम ऐसे लगते हैं आपको ?”
” तो आपने मुझे ही क्यों चुना ? आपको एक से बढ़कर एक लड़की मिल जाती, किसी कुलीन घराने की। फिर मैं ही क्यों ?”
” क्योंकि हम आपसे …. ” वह आवेश में कहते कहते रुक गए।
” क्या ?”
उन्होंने सिर झुका लिया।
” बोलिये ….. क्या ?”
” हम आपसे …. प्रेम …. कर बैठे थे । ” वह उठकर चहलकदमी करने लगे। वह उन्हें देखती रही, फिर कुछ देर की नीरवता के बाद चुप्पी तोड़ी
” तो … मुझे प्लेट में सजाकर अपने भाई को भेंट कर दिया ? ये कैसा प्रेम था आपका ?” वह विचलित हो गई थी।
” बोलिये। “
” हम आपको हमेशा अपनी आँखों के आगे रखना चाहते थे। विवाहित होने के कारण हमारे हाथ बंधे हुए थे। आपको अपना नहीं सकते थे और दूर भी नहीं होने देना चाहते थे। तब यह रास्ता निकाला हमने । हमें आपसे कुछ भी नहीं चाहिए था उर्वशी। बस इतनी सी ख्वाहिश थी ,कि आप हमारे सामने रहें। “
” यह आपने कहाँ लाकर छोड़ दिया मुझे ?” उसने भर्राए स्वर में कहा।
” उर्वशी, मत जाइये , बस हमारी आँखों के सामने रहिये, और कोई अपेक्षा नहीं है आपसे । हम दुनिया की हर खुशी लाकर आपके कदमों में रख देंगे। ” उन्होंने उसका हाथ थाम लिया।
” क्या वाकई ऐसा हो सकता है, कि आप मुझे हर वो खुशी दे सकते हैं जो मुझे चाहिए ?” उसने पीड़ा भरी मुस्कान अपने चेहरे पर लाकर पूछा। वह उससे दृष्टि नहीं मिला पाए। उन्होंने निगाह चुरा ली। उसने आहिस्ता से अपना हाथ उनकी हथेलियों से निकाल लिया।
” गुड नाईट ” कहते हुए वह कमरे से बाहर निकल गई। अपने कमरे में आकर उसने पुनः नाइटी पहन ली। कुछ देर बेचैनी से टहलती रही, फिर इलेक्ट्रिक कैटल की सहायता से एक ब्लैक कॉफी तैयार की, और घूँट भरने लगी। विगत दिनों के चलचित्र उसकी आँखों के समक्ष चलने लगे। उसका रंगमंच पर उतरना, हर पात्र को अभिनीत करने के बाद वो फूलों के गुलदस्ते, शिखर का परिचय जानने को उसका परेशान होना, तरह तरह की कल्पना करना । उनसे सामना होना, उनकी मुग्ध दृष्टि। उनका उसके घर विवाह प्रस्ताव लेकर आना, और उसका उनसे दूरी बनाने का प्रयास करना, उनका सामना करने से बचना, उनसे बात करने तक से इनकार कर देना। उनका, उसके जन्मदिन की पार्टी देना, शौर्य के नाम से गुलदस्ता भिजवाना, तोहफ़े में कार देना। फिर शौर्य से झगड़े के बाद पूरी तरह से उसका साथ देना, उसकी ज़रूरत का हर सामान लेकर आना। इतनी व्यस्तता के बावजूद दिन भर उसका ख्याल रखना।

क्रमशः

WhatsApp Image 2026-06-16 at 13.30.59 — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment