ज्योत्सना कपिल का उपन्यास ‘ उर्वशी’ भाग -35

35-

जब शिखर उर्वशी को छोड़कर चले तो लगा, कि बस उनका शरीर जा रहा है, वह अपने प्राण तो वहीं छोड़ आये। अब राणा पैलेस सूना हो गया। उसकी सारी रौनक चली गई। वह श्रीहीन हो गया। दुनिया में अब कुछ नहीं रहा , वह बस यंत्रचालित सी चल रहा है। उसमें स्पंदन नहीं। घर आये तो इतना सन्नाटा, जैसे किसी श्मशान में आ गए हों। दो दिन बाद पूरा परिवार स्विट्जरलैंड से लौट आया, पर कोई खुशी महसूस नहीं हुई। बच्चे शांत, ऐश्वर्या अपनी धुन में, माँ सा चिंतित, शौर्य बहुत उदास, बेकल। एक बार उन्हें उसका कुम्हलाया हुआ चेहरा देखकर तरस आ गया, पर फिर कुछ जाहिर न होने दिया।
ग्रेसी के विषय में उन्हें सारी रिपोर्ट मिल गई थी, की वह कैसे शौर्य को परेशान कर रही थी, उसके दाम्पत्य में ज़हर घोल रही थी और धन की उगाही भी कर रही थी। सुनकर उन्हें इतना क्रोध आया कि उसकी गर्दन मरोड़ दें। उसे दंड देने का उन्होंने फैसला कर लिया। दो दिन बाद ही उसे इस्तीफा देने के लिए विवश कर दिया गया। उसे यह भी कहा गया कि यदि वह उस शहर में या शौर्य की ज़िंदगी में वापस आयी, तो किसी को भी पता नहीं लगेगा कि वह गायब कहाँ हो गई।
वह जब एकांत में बैठते, मुम्बई प्रवास के वे दो दिन उन्हें सबसे ज्यादा सुकून देते। हर वो क्षण जब वह उनके साथ थी, अनमोल था। उसका प्रेम, उसका समर्पण, उनके लिए सबसे सुखद था। उन्हें प्रेम के वे क्षण याद आते, जब वह दोनों बेहद करीब थे। वे मदिर क्षण, हर लम्हा, उनके ज़हन में हलचल मचाते थे। उनके भीतर गहरी तृप्ति भर जाते थे। वे लम्हें उनकी ज़िंदगी की सबसे बड़ी धरोहर थे। उसकी बेचैनी , उसका ख्याल, कि वह भी उन्हें बहुत चाहती है, एकदम से सुकून दे गई थी। उसे उन्हें हर सुख देना है। पर कैसे दें ? वह तो कुछ स्वीकार ही नहीं करती। काश वह उसके लिए कुछ कर पाते। उनके वश में होता तो अपनी सारी दौलत उसके कदमों में डाल देते। उसे उन्होंने क्या दिया ? अपने स्वार्थ के लिए, उसे उस व्यक्ति को सौंप दिया, जो उसके लायक नहीं था। उससे सब कुछ तो छीन लिया। वह सचमुच बहुत स्वार्थी हैं, बस अपनी खुशी सोची, पर उसका क्या ? अगर वह उसके जीवन में न आये होते, तो आज शायद उसकी फ़िल्म शुरू हो गई होती। वह प्रसिद्धि के शिखर पर होती। एक से बढ़कर एक युवा उससे विवाह को लालायित होता। पर उन्होंने उसे एक दोराहे पर लाकर खड़ा कर दिया। वह सर थाम कर बैठ गए। अब क्या करें वह। उसका सारा जीवन अभी सामने पड़ा है। वह अकेले कैसे रहेगी ? क्या वह ऐश्वर्या से तलाक ले लें ? पर तलाक का कारण क्या बताएंगे ? अगर वह बताएंगे कि वह उर्वशी को चाहते हैं तो कितनी बदनामी होगी उनकी। शौर्य, माँ सा, ऐश्वर्या, उनके बच्चे, सभी उनसे घृणा करेंगे। समाज में थू थू होगी। यह किस उलझन में फँस गए हैं वह। उनका जी चाह रहा था कि वह उर्वशी को लेकर कहीं गुमशुदा हो जाएं, और कहीं बाहर जाकर उसके साथ गृहस्थी बसा लें। बहुत मन करता कि उससे बात करें, फोन उठाते, फिर रख देते। उनका हर समय उसे फोन करना उसके लिए परेशानी का सबब बन सकता है। वह अपने परिवार के साथ है। जब कोई पूछेगा कि हम उसे रोज फोन क्यों करते हैं तो वह क्या जवाब देगी ? जब मन बहुत बेचैन हो जाता तो उसकी कुशलता पूछ लेते।

* * * * *

उमंग ने उर्वशी को सुझाव दिया कि वह एविएशन का कोर्स कर ले और एयरहोस्टेस बन जाए। जबकि नील ने कहा की वह मास कॉम का कोर्स कर ले, उसमें उसकी रुचि भी रहेगी, व सम्भावनाएं भी बढ़िया हैं। उसने लखनऊ में एक नाट्य समूह की गतिविधियां देखी थीं, पर दिल्ली की तुलना में वह उसे कम पसन्द आया था। उमंग उसे बार बार प्रोत्साहित कर रहा था, कि वह हर हालात में उसके साथ है। अगर मुम्बई जाना चाहे, तो वह उसका साथ देगा, पर वह उसपर आर्थिक बोझ डालना नहीं चाहती थी। नील उसमें खासी रुचि ले रहा था, उसके माता पिता भी उससे बहुत अच्छी तरह बात करते थे। जब भी उसके पास खाली समय होता, वह उससे बात करने लगता। उर्वशी को भी उसका साथ अच्छा लगता था, क्योंकि वह जितनी देर रहता माहौल हल्का रहता। उसे उमंग से उर्वशी के विषय सब मालूम हो चुका था, इसलिए वह उससे और भी बात करता था। वह भी हैरान था कि शौर्य ऐसा कैसे कर पाया। उसे उर्वशी की सोच पर भी हैरानी होती, कि वह क्यों उन लोगों से कुछ भी स्वीकार करने को तैयार नहीं है ?
एक दिन जब उमंग नहीं था तब उर्वशी से बात करते हुए नील ने उसे सुझाव दिया कि इस बार वह अपने लिए ऐसे साथी का चुनाव करे जो बहुत परवाह करने वाला हो, और उसे प्रेम भी करता हो। इस पर उर्वशी ने उत्तर दिया, कि अब वह अपना जीवन अकेले ही बिताएगी। उसे किसी के साथ की आवश्यकता नहीं। यह सुनकर नील का चेहरा उतर गया। वह समझ गई थी कि नील उसके प्रति आकर्षित है, और घुमा फिराकर अपने विषय में ही बात कर रहा था। पर वह अब किसी को अपने जीवन में लाने को उत्सुक नहीं थी। उसने सर्वश्रेष्ठ पुरूष का चयन किया था, पर यदि वह उसके भाग्य में नहीं तो कोई बात नहीं। वह अकेले ही जीवन काट लेगी।
अब वह अपने दिल्ली के साथियों व निर्देशकों के सम्पर्क में भी आ गई थी। एक दिन आशुतोष ने उसे फोन करके कहा कि उनके पास दूरदर्शन के लिए एक टेलीफिल्म के निर्देशन का प्रस्ताव है, जिसे उन्हें तुरंत शुरू करना है। नायिका का चयन वह कर चुके हैं, पर यदि वह चाहे तो सहायक अभिनेत्री का, एक सशक्त चरित्र, वह उसे देना चाहते हैं। पैसा भी ठीकठाक मिल जाएगा। उसने उमंग व नील से मशवरा किया, तो दोनो ने उसे तुरंत प्रस्ताव स्वीकार कर लेने को कहा। सोच विचार कर वह ऑडिशन के लिए दिल्ली रवाना हो गई। उसके ठहरने का इंतजाम आशुतोष ने नाट्य समूह की ही एक लड़की के साथ कर दिया था। ऑडिशन में उसे चरित्र में बिल्कुल फिट पाया गया और टेलीफिल्म में उसे कास्ट कर लिया गया।
इस फ़िल्म की सबसे अच्छी बात यह थी, कि वह कहानी लखनऊ की ही पृष्ठभूमि की थी। अतः सारी शूटिंग लखनऊ में ही होनी थी। वह कॉन्ट्रेक्ट साइन करके लखनऊ वापस लौट आयी। अब वह काफ़ी खुश थी। बस एक बार शुरुआत हो जाए, फिर वह पलटकर नहीं देखेगी।

क्रमशः

WhatsApp Image 2026-06-16 at 13.30.59 — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment