37-
” पापा प्लीज़ , ऐसे मत कहिये, ये मेरा बच्चा है, और मैं इसे जीवन दूँगी। ” उसने कहा तो पापा खामोश रह गए। उन्हें चुप देखकर मम्मी समझ गईं, की अब उनकी कोई दलील उसका फ़ैसला नहीं बदलेगी।
” तो फिर उन लोगों को यह खुशखबरी दे देनी चाहिए। शायद यह खबर सब ठीक कर दे। “
” बिल्कुल नहीं, जब मैं वह घर ही छोड़ आयी, तो अब उनका मेरी किसी भी बात से कोई वास्ता नहीं। ” उसने दृढ़ स्वर में कहा।
” पर बेटा, यह उनके खानदान का वारिस है। “
” यह सिर्फ मेरा बच्चा है। “
” उफ़, तुम इतनी जिद पर क्यों अड़ी हुई हो ? तुम्हारे न मानने से कोई फ़र्क नहीं पड़ने वाला। आँखें मूँद लेने से सच बदल नहीं जाता। “
” आप लोगों को समस्या किस बात से है मम्मा , मेरी शुरुआत हो चुकी है। उनके जितना पैसा न सही, पर इतना ज़रूर कमा लूँगी की उसे ठीकठाक ज़िंदगी दे पाऊँ। मेरा या मेरे बच्चे का बोझ आपलोगों को नहीं उठाना पड़ेगा। “
” तुम इतनी छोटी बात कैसे कर सकती हो बेटा ? तुम्हें ऐसा क्यों लगता है कि हम तुम्हें बोझ समझ रहे हैं ? ” पापा गुस्से में आ गए।
” फिर आप लोग बार बार वहाँ का जिक्र क्यों करते हैं ? जब मैं कह चुकी हूँ कि मैं वहाँ किसी कीमत पर वापस नहीं जाऊँगी, तो फिर यही बात क्यों उठती है ? जब मेरा उनसे ताल्लुक नहीं ,तो मेरे बच्चे का भी कोई सम्बन्ध नहीं।”
” बच्चे पर उनका अधिकार है, तुम मानो या न मानो। तुम्हारे बारे में हम नहीं सोचेंगे तो और कौन सोचेगा ? तुम औलाद हो हमारी। “
” जब आप यह खबर उन लोगों को देंगे, तो सब मुझपर वापस लौटने का दबाव डालने लगेंगे। बस इसीलिए मैं नहीं चाहती कि उन्हें कुछ भी बताया जाए। “
मम्मी यह सुनकर बहुत मायूस हो गईं। उन्हें तो खुशी हुई थी कि बच्चे का जन्म बेटी के जीवन में छाए ग्रहण को समाप्त कर देगा। शौर्य दौड़ा आएगा और उर्वशी को अपने साथ मान सम्मान से ले जाएगा। पर यह मूर्ख लड़की बनती बात को बिगाड़ने पर तुली हुई है। बाप और भाई ने इसे बहुत सिर पर चढ़ा रखा है। खामखाह अपना जीवन बर्बाद करने पर तुली हुई है। स्त्री को तो धरती की तरह क्षमाशील होना चाहिए। हर उतार चढ़ाव का सामना धैर्य से करना चाहिए। ठीक है माना शौर्य ने बहुत गलत बात कह दी, पर पुरूष है, पता नहीं किस मूड में होगा। अगर कोई गलत बात मुँह से निकल भी गई, तो मिट्टी डालो उसपर।
शिखर उस घर का बड़ा होकर कितनी मिन्नतें कर रहा था। सब कुछ करने को तैयार है, पर महारानी जी का दिमाग कुछ ज्यादा ही खराब हो रहा है। ऐसी भी क्या जिद ? और चलो वहाँ वापस नहीं जाना, कोई बात नहीं। तो किसी और का तो हाथ थामना ही होगा। अगर बच्चा हो गया तो फिर कौन अपनाएगा इसे ? अभी तो सुंदरता देखकर दस लोग तैयार हो जाएंगे, पर बच्चा हो जाने के बाद कितनी मुश्किल हो जाएगी। हमलोग क्या सारी जिंदगी बैठे रहेंगे ? और कौन सा भाई सारी उम्र साथ निभा पाता है। कल को उसका परिवार होगा तो क्या उन्हें भूलकर बहन के साथ ही हमेशा खड़ा रहेगा ?
मम्मी पापा सप्ताह भर के लिए लखनऊ आये थे। उर्वशी का स्वास्थ्य देखकर उन्होंने कहा कि वे उसे अपने साथ आगरा ले जाएंगे, पर वह जाने को तैयार न हुई। टेलीफिल्म में उसका काम अभी बाकी था। उसे छोड़कर वह कैसे जा सकती थी। फिर आगरा जाकर बैठने से क्या होगा ? अब, जबकि एक नया जीवन उसमें अस्तित्व पा चुका है तो अब उसका भविष्य भी सोचना पड़ेगा। अब वह आराम से नहीं बैठ सकती। उसे पैसा कमाना है, अपने बच्चे के लिए। ढेर सारा पैसा, और वह भी जल्दी। अब उसे हाथ पाँव मारकर और भी काम ढूँढना पड़ेगा। उसे घर पर थोड़ा आराम मिल सके, इसलिए चटपट एक काम वाली का इंतज़ाम किया गया। उमंग ने भी कहा कि वह उसका पूरा ध्यान रखेगा, वे लोग निश्चिंत होकर जाएं। नील की माँ ने भी सबको विश्वास दिलाया कि वह उसका ध्यान रखेंगी। उमंग ने कहा कि जब उर्वशी का काम पूरा हो जाएगा तो वह स्वयं उसे आगरा पहुँचा जाएगा। आखिर सप्ताह भर बाद उसके माता पिता वापस लौट गए, वह कह गए थे कि वे समय समय पर वहाँ आते रहेंगे।
* * * * *
टेलीफिल्म में उसका काम समाप्त हो गया था। इस बीच लखनऊ दूरदर्शन के एक डेली सोप में , जो उस समय प्रसारित हो रहा था, उसे महत्वपूर्ण भूमिका मिल गई थी, जिसे उसने बिना किसी से सलाह लिए, तुरंत स्वीकर कर लिया था। अब उसे शीघ्रतिशीघ्र ठीकठाक मात्रा में धन इकट्ठा करना था, ताकि अपना और अपने होने वाले बच्चे के खर्चे स्वयं कर सके। उमंग ने उसे ज्यादा मेहनत करने से रोकना चाहा, पर वह नहीं मानी। उसे इतना पैसा चाहिए था कि जब वह काम करने की स्थिति में न हो तो चार पाँच महीने बिना किसी की मदद लिए, अपनी मदों में खर्च कर सके। अब उसे अपनी राह खुद बनानी है, अब जब उसका अंश आने वाला है तो वह विश्राम नहीं कर सकती। बेशक वह उसे वह सारी सुविधाएं न दे पाए, जो उसे उसके पिता के घर में मिलतीं, पर फिर भी एक आरामदायक जीवन अवश्य देना है। ताकि कोई यह न कह पाए कि माँ के अहम की वजह से उसका बच्चा अभावों में पला। इस बीच उसे दो एड भी मिल गए , जिन्हें करके उसने ठीकठाक रकम हासिल कर ली। अब वह बहुत सन्तुष्टि अनुभव कर रही थी।
उस दिन वह धारावाहिक की शूटिंग कर ही रही थी, कि शिखर का फोन आ गया। स्क्रीन पर उनका नाम देखकर उसकी धड़कनों की गति दुगुनी हो गई। उसने कॉल रिसीव की तो उन्होंने बताया कि वह लखनऊ आये हुए हैं और उससे मिलना चाहते हैं। उसने आ सकने में अपनी असमर्थता जताई, तो उन्होंने कहा कि उनकी गाड़ी आ चुकी है और वह तुरन्त पैकअप करके आ जाए। यह कहकर उन्होंने फोन काट दिया । वह सोच में पड़ गई की शूटिंग अधूरी छोड़कर कैसे जाए, निर्देशक से क्या कहे ? तभी धारावाहिक के निर्देशक ने उससे कहा कि वह उस समय जा सकती है और अपनी बची हुई शूटिंग अगले दिन कर ले। वह आश्चर्य से उनका मुँह देखती रह गई। शिखर के स्रोतों ने फिर उसे आश्चर्य में डाल दिया।
बाहर आई तो उनकी मर्सडीज़ खड़ी थी। उनके गनर संजीव ने उसका अभिवादन किया और सम्मान से पिछला दरवाजा खोल दिया। उसके बैठते ही गाड़ी दौड़ने लगी।
क्रमशः