38-
वह सोच में पड़ गई की शूटिंग अधूरी छोड़कर कैसे जाए, निर्देशक से क्या कहे ? तभी धारावाहिक के निर्देशक ने उससे कहा कि वह उस समय जा सकती है और अपनी बची हुई शूटिंग अगले दिन कर ले। वह आश्चर्य से उनका मुँह देखती रह गई। शिखर के स्रोतों ने फिर उसे आश्चर्य में डाल दिया।
बाहर आई तो उनकी मर्सडीज़ खड़ी थी। उनके गनर संजीव ने उसका अभिवादन किया और सम्मान से पिछला दरवाजा खोल दिया। उसके बैठते ही गाड़ी दौड़ने लगी। वह अपने विचारों में गुम हो गई। शिखर अचानक ही लखनऊ में ? उसकी हर बात की खबर रखते हैं ! कहीं मम्मी पापा ने तो कुछ नहीं बता दिया उन्हें ? उसकी गर्भावस्था के विषय में ? क्या वह किसी काम से आये हैं, या सिर्फ उससे मिलने के लिए आये हैं ? यह सब सोच ही रही थी, कि गाड़ी होटल क्लार्क अवध में रुक गई। उसे कमरे तक पहुँचा कर संजीव बाहर ही रुक गया।
अंदर पहुँची तो शिखर ने बाहें फैला कर उसका स्वागत किया। वह भी बिना कुछ सोचे समझे उनकी बाहों में समा गई। आज लम्बे समय बाद उसे सुकून मिला था। ऐसा लगा जैसे वीरान, तपते मरुस्थल में भटकते किसी पथिक को शीतल छाँव मिल जाए , और वह सुस्ताने को थोड़ी देर ठहर जाए। वह देर तक उसके बालों को सहलाते रहे और वह उनके स्नेह को अपने भीतर जज़्ब करती रही। उसे लगा मानो वह लम्बे समय से एकाकी और क्लान्त है, इस स्नेह स्पर्श के लिए वह कितनी आकुल थी।
” कितना सुखद है आपके करीब होने का अहसास । ” शिखर का भावुक स्वर उभरा। ” हमारी बेचैनी को क़रार मिल गया। आज आपको देखकर भीतर तक मन तृप्त हो गया। “
” मैं भी बहुत अकेलापन महसूस करती रही। आज आपको देखकर इतना अच्छा लग रहा है कि बता नहीं सकती। ” उसकी आँखें भर आयीं, उसका दिल किया कि वह फूट फूट कर रो पड़े।
” आप बहुत जिद्दी हैं उर्वशी, न अपना ख्याल और न हमारा। खुद भी तड़प रही हैं और हमें भी तोड़ रही हैं। “
” आप जानते हैं कि यह सच नहीं है। आपकी खुशी के लिए तो मैंने खुद को मिटा दिया। ” उसका स्वर भीग गया।
” सचमुच हमने बहुत गलत किया। हम बेहद शर्मिंदा हैं। ” उन्होंने सर झुका लिया।
” आपको शर्मिंदा करने का मेरा इरादा बिल्कुल नहीं था। न गलत आप हैं, न गलत मैं हूँ। परिस्थितियाँ ही गलत हैं। हमने तो बस प्रेम किया है। “
” आप अपना चेहरा देखिये, कैसा पीला पड़ गया है। आपकी तबियत तो सही है ?”
” जी, मैं बिल्कुल ठीक हूँ। ” उसने जल्दी से कहा।
” सच कह रही हैं आप ?”
” हाँ “
” लगता तो नहीं है। कहीं आप किसी परेशानी में तो नहीं हैं ?” उन्होंने अपनी दृष्टि उसके चेहरे पर गड़ा दी। कुछ पल असमंजस की स्थिति में रहने के बाद, उसने उन्हें अपनी गर्भावस्था के विषय में बता दिया
” क्या ? ” वह उसका मुँह देखते रह गए, उनके चेहरे पर परेशानी के भाव आकर चले गए। ” कितना समय हो गया ?”
” साढ़े पाँच महीने। “
” आपने इतनी बड़ी बात हमसे छुपा ली ? ” वह कुछ आहत से लगे।
” आपको डिस्टर्ब करना नहीं चाहती थी। “
” यह बच्चा …” ?
” उन खूबसूरत लम्हों की निशानी है। ” वह उत्साहित स्वर में बोली। सुनकर शिखर के चेहरे पर चिंता की रेखाएं उभर आयीं। वह किसी सोच में पड़ गए। उर्वशी एकटक उनके चेहरे पर आते जाते भावों को देख रही थी। उसे लगा जैसे कोई बहुत नाज़ुक सा अहसास टूट गया।
” आप किस सोच में पड़ गए ?” उसने हतोत्साहित होते हुए प्रश्न किया।
” नहीं … मतलब हम ये सोच रहे थे कि आपने इतनी बड़ी बात हमसे छुपा ली।” अब वह चिंतित दिख रहे थे।
” बताइये न, क्या उलझन है ? “
” एक काम करिये, आप घर वापस आ जाइये। ” उनके इस वाक्य को सुनकर उसे आघात सा लगा।
” सवाल ही नहीं उठता ” स्वयं को सम्हालकर, वह दृढ़ स्वर में बोली।
” तो फिर आपको यह बच्चा नहीं रखना चाहिए था। ” शिखर के शब्द, जैसे उसके हृदय को वेधते चले गए
” यह आप कह रहे हैं !” वह उन्हें हैरानी व पीड़ा भरी दृष्टि से देखती रही। उसे महसूस हुआ कि कि प्रेम के जिस खूबसूरत अहसास का जादुई महल, उसके दिलोदिमाग में गर्व से सर उठाए खड़ा था वह एकदम से भरभराकर ढह गया। उसके भीतर कुछ दरकता सा चला गया.
” यह बच्चा सौ दिक्कतें खड़ी करेगा। “
” मैं सब कुछ खुशी से बर्दाश्त कर लूँगी। आपको बेशक मलाल हो, पर मेरे लिए यह मेरे प्रेम का प्रतीक, एक सुंदर उपहार है। परेशान मत होइए, मुझे आपसे कुछ भी नहीं चाहिए । ” उसका स्वर भीग गया।
” आप ग़लत समझ रही हैं। हमें भला क्यों मलाल होगा। आपकी ही परेशानियाँ बढ़ने वाली हैं। “
” परवाह नहीं, मेरा उससे नेह का नाता जुड़ चुका है। ” उसने दृढ़ स्वर में कहा। इसके पश्चात वह काफ़ी देर सोच विचार में डूबे रहे। उर्वशी अब बहुत आहत नज़र आ रही थी।
” अब आप हमारी जिम्मेदारी बन गई हैं। छोड़िए ये सब जद्दोजहद, आप आराम से रहिये। हम आपको घर पैसा, और अपना समय, सब कुछ देंगे। “
” मैं इतनी सक्षम हूँ,कि अपना दायित्व स्वयं उठा सकती हूँ। ” उसके स्वर में दृढ़ता थी।
” इस हालत में आप इतनी मेहनत कर रही हैं ? किसलिए उर्वशी ? आपके एक्टिंग के पागलपन के लिए, या पैसे के लिए ? “
” दोनों के लिए, मुझे अपने बच्चे को वो सब उपलब्ध करवाना है जो उसका अधिकार है। “
” आपके लिए किस चीज़ की कमी है ? यह बच्चा सोने का चम्मच मुँह में लेकर जन्म लेगा। “
” हमें जो चाहिए, वो मै खुद हासिल करूँगी, अपने दम पर। मुझे और मेरे बच्चे को न किसी की हमदर्दी चाहिए और न ख़ैरात। ” उसने आहिस्ता से कहा।
” आप हमारा अपमान कर रही हैं। ” उन्होंने भी आवेश में कहा।
” आपके अपमान की बात मैं सोच भी नहीं सकती। बस इतना बताइये कि आप मेरी खुशी चाहते हैं या नहीं ?”
” आपकी खुशी का ख्याल हमने कब नहीं रखा ?”
” तो मुझे मेरे हाल पर छोड़ दीजिये। औऱ प्लीज़ घर में मेरी प्रेगनेंसी की बात मत बताइयेगा। आपको मेरी सौगन्ध ।”
” उर्वशी, क्या इस बच्चे के लिए हम कुछ नहीं कर सकते ? “
” शायद नहीं…क्या आप उसे अपना नाम दे पाएंगे? ” उसके उत्तर पर वह सोच में पड़ गए। उसे एक क्षीण आशा थी, कि शायद वह कहेंगे कि उन्हें किसी की परवाह नहीं। पर वह खामोश थे। यह देखकर उसे पुनः झटका लगा। ” रही बाकी चीज़ें, तो वो देने के लिए उसकी माँ ही काफ़ी है। ” वह कुछ उखड़े स्वर में बोली.
” हम उसे अभाव में नहीं पलने देंगे। ” शिखर ने जिरह की.
” निश्चिंत रहिये, मैं उसे वो सब कुछ उपलब्ध करवाउंगी , जो उसे अपने पिता के घर में मिलता। ” अब उसका स्वर दृढ़ हो गया था.
” आपको हो क्या गया है ?” शिखर हैरान रह गए।
” कुछ नहीं, बस अब अपेक्षाऐं रखनी बन्द कर दी हैं. वही तो दुःख का मूल होती हैं न । ” वह कुछ आहत स्वर में बोली.
” आपको कुछ बुरा लगा क्या ?”
” नहीं, बस थक गई हूँ, घर जाऊँगी। ” कहते हुए वह उखड़ी सी उठ खड़ी हुई। उन्होंने उसका हाथ पकड़कर अपनी ओर खींचा और सीने से लगा लिया। शिखर के हाथ उसकी पीठ को सहलाने लगे।
क्रमशः