39-
” निश्चिंत रहिये, मैं उसे वो सब कुछ उपलब्ध करवाउंगी , जो उसे अपने पिता के घर में मिलता। ” अब उसका स्वर दृढ़ हो गया था.
” आपको हो क्या गया है ?” शिखर हैरान रह गए।
” कुछ नहीं, बस अब अपेक्षाऐं रखनी बन्द कर दी हैं. वही तो दुःख का मूल होती हैं न । ” वह कुछ आहत स्वर में बोली.
” आपको कुछ बुरा लगा क्या ?”
” नहीं, बस थक गई हूँ, घर जाऊँगी। ” कहते हुए वह उखड़ी सी उठ खड़ी हुई। उन्होंने उसका हाथ पकड़कर अपनी ओर खींचा और सीने से लगा लिया। शिखर के हाथ उसकी पीठ को सहलाने लगे। उनके भीतर की आदिम भूख सर उठाने लगी। जकड़न दृढ़ होने लगी। उनके स्पर्श से उसका मन भी तरल होने लगा। तभी वह उसके चेहरे की झुकने लगे, और उसकी चेतना जैसे जाग्रत हो गई। उसने अपनी हथेली का अवरोध , दोनों के चेहरों के बीच खड़ा कर दिया। उन्होंने कुछ अचरज से उसकी ओर देखा तो उसने असहमति व्यक्त करते हुए स्वयं को उनके बाहुपाश से मुक्त कर लिया। वह कुछ पल उसे न समझने के भाव से देखते रहे
” क्या हुआ ?”
” अब नहीं। “
उसकी असहमति देख कर उनके चेहरे पर थोड़ा झुँझलाने के भाव आये। फिर कुछ पल स्वयं को संयत करने के बाद, ड्राइवर से उसे वापस छोड़ आने को कहा। वह गाड़ी में बैठकर थोड़ी देर अपनी असहजता पर काबू पाने का प्रयास करने लगी, फिर विचारों में गुम हो गई थी। वह कितने उत्साह से शिखर से मिलने गई थी। उसे आशा थी, कि वह उसके माँ बनने की बात पर खुश होंगे। उसके प्रति अपना प्रेम जताएंगे, पर उनकी प्रतिक्रिया ने उसे आहत कर दिया था। माना कि वह पिता बनने का सुख पहले ही ले चुके हैं, इसलिए उन्हें कुछ खास महसूस नहीं हुआ, पर वह तो पहली बार मातृत्व सुख ले रही है। उसके लिए तो यह अहसास बिल्कुल नया है, अद्भुत है। वह एकदम से मायूस हो गई। उसे प्रतीत हुआ, जैसे उसके मन में प्रतिष्ठित, एक सुंदर प्रतिमा के कोने झड़ गए हैं और अब वह उतनी दिव्य नहीं रही । उसके सुकोमल भाव कुम्हला गए । उसका मन अशांत हो गया और उसे फिर वहाँ रुकना मुश्किल लगने लगा था। बेशक उन्होंने बहुत सम्हलकर बात की थी, पर वह न जाने क्यों मायूस हुई थी। यह सब सोचते हुए उसकी आँख डबडबा आयी।
उधर शिखर हैरान बैठे थे, उन्हें समझ ही न आया कि अचानक उर्वशी को हुआ क्या ? अच्छी भली आयी थी, बहुत खुश भी लग रही थी, फिर ऐसा क्या हुआ कि इतनी उखड़ गई ? उन्होंने तो कोई गलत बात उससे नहीं कि थी। उसकी चिंता ही कि थी, उसकी मुश्किलें आसान करने का प्रयास ही किया था। पहले तो उसने बड़ी सरलता से समर्पण कर दिया था, पर आज ऐसे दूर हो गई जैसे वह कोई संक्रामक रोगी हों।
* * * * *
सप्ताह भर बाद शिखर का फोन आया, कि शौर्य उसके पास आ रहा है। यह सुनते ही उसका दिमाग खराब हो गया। उसे लगा कि शिखर ने ही उसे दबाव डालकर भेजा होगा, ताकि वह माफ़ी माँगकर उसे वापस ले जाए, और वे अपराधी भाव से मुक्त हो जाएं। उन्होंने सफ़ाई दी कि शौर्य अपनी इच्छा से उसके पास आ रहा है। उन्होंने उसे यह भी बताया, कि वह अपनी गलती पर बहुत पछता रहा है। बस उसके पास आने की हिम्मत ही अब जाकर जुटा पाया है। उन्होंने शौर्य के विषय में उसे सब बता दिया, कि किस तरह ग्रेसी उस पर भावात्मक दबाव बना रही थी। वह कितना परेशान था, उसके चले जाने के बाद से वह कितना पश्चाताप कर रहा है। सुनकर उसका क्रोध कुछ हद तक शांत हो गया। उसने उमंग को फोन करके शौर्य के आने की सूचना दी।
शौर्य पहुँचा तो उसका उस दिन का काम समाप्त हो गया था। वह घर जाने के लिए ऑटो देख ही रही थी, कि स्लेटी रंग की लैंड रोवर उसके पास रुकी। उसमें से उतरकर शौर्य उसके पास आया और उसे गाड़ी में बैठने को बोला, वह पल भर सोचती रही। उसके पुनः कहने पर वह गाड़ी में बैठ गई।
” आप कैसी हैं उर्वशी ?”
” बहुत अच्छी, एकदम भली चंगी। ” उसने रूखे स्वर में कहा। इसके बाद दोनों के मध्य खामोशी पसरी रही। शौर्य बात शुरू करने के लिए शब्द ढूँढता सा प्रतीत हुआ, जबकि उर्वशी तनाव में लग रही थी। वह बार बार उसकी ओर देख रहा था, पर उर्वशी ने एक बार भी उसकी ओर न देखा। गाड़ी दौड़ती रही, ड्राइवर और गार्ड के सम्मुख कोई भी व्यक्तिगत बात करना सही न था। वह लोग घर पहुँचे तो उमंग आ चुका था। दुआ सलाम के बाद उमंग ने कॉफी बनाई और उर्वशी की मदद से कई तरह के नाश्ते लगा दिए। थोड़ी देर वह दोनों आपस में बात करते रहे, उर्वशी चुपचाप कॉफी के घूँट भरती रही। कुछ देर बाद उमंग उठकर कहीं चला गया, ताकि वह दोनो अकेले में बात कर सकें। शौर्य उसे अपलक देखता रहा।
” हम अपनी गलती के लिए बेहद शर्मिंदा हैं उर्वशी, प्लीज़ हमें माफ़ कर दीजिये। “
” नहीं कुँवर सा, यह सब मत कहिये । मैं हूँ ही क्या, मेरी औक़ात क्या है ?” स्वर में तल्ख़ी उभर आयी थी ।
” जो बीत गया उसे भूल जाइए उर्वशी, एक नई शुरुआत करते हैं। हम आपको वापस ले जाने आये हैं। “
“आपके लिए भूलना आसान होगा, पर मेरे लिए नहीं। काश आप समझ पाते कि लफ़्ज़ों के घाव कितनी टीस देते हैं। “
” हम बार बार आपसे माफी माँगते हैं, जो चाहे सज़ा दे लीजिये, पर वापस चलिए, अपने घर।”
उसने कोई जवाब न दिया, उठकर अलमारी खोली और उसमें से कुछ निकाल कर शौर्य की हथेली पर रख दिया
” उस दिन जब चली थी, तो खाली हाथ ही आयी थी। आपका दिया हुआ कुछ साथ नहीं लाई थी, पर बाद में याद आया कि इंगेजमेंट रिंग उतारना भूल गई थी। अपनी अमानत सम्हालिये। “
शौर्य अपनी हथेली में रखी इंगेजमेंट रिंग को देखता रहा। उसका चेहरा कुछ बुझ गया था।
” आप हमें कभी माफ नहीं करेंगी ?”
” अगर आपकी जगह मैं होती, तो क्या आप मुझे माफ़ करते ? “
उसके प्रश्न पर वह सोच में पड़ गया।
” चलिए मैंने आपको माफ़ किया, पर वापस नहीं लौटूँगी। “
” जब माफ़ कर दिया, तो क्या उलझन है ? क्या आपको लगता है कि हम फ़िर वही गलती करेंगे ?”
” नहीं, आप पर यकीन है, पर अब मेरी वापसी सम्भव नहीं। “
” क्यों सम्भव नहीं ? बल्कि अब आपको हमारी, देखभाल की ज्यादा ज़रूरत है। ” शौर्य के जवाब पर उसने प्रश्नवाचक दृष्टि से उसकी ओर देखा।
क्रमशः