46-
” बस कीजिये शौर्य, अगर वह किसी और से दिल लगा चुकी हैं तो वापस नहीं आएंगी। आप भी उन्हें भूल जाइए। हम आपके लिए उनसे भी अच्छी लड़की ढूँढ लाएंगे। वैसे भी किसी और के करीब जाने के बाद, अब वह आपके लायक नहीं रही। “
” हम ही उनके लायक नहीं थे, तभी उन्हें कोई और पसन्द आ गया। ” वह बुदबुदाया और शिखर का मन उन्हें कचोटने लगा। वह उसे छोड़कर अपने कमरे में आ गए।
आज उनकी अंतरात्मा पहली बार उन्हें उनके किये पर प्रताड़ित कर रही थी। वह क्यों उन पलों में इतने कमजोर पड़ गए ? क्यों वह उर्वशी के अंतरंग हुए ? आखिर वह उनके छोटे भाई की पत्नी थी, उनका यह कृत्य बेहद शर्मनाक था। उन्होंने अपने भाई का जीवन ही तबाह कर दिया। अब कुछ ठीक नहीं हो सकता। इस पाप का प्रायश्चित वह कैसे करेंगे ? उधर उर्वशी भी हद दर्जे की मूर्ख है। क्या ज़रूरत थी उसे यह सब शौर्य से कहने की ? क्या मिल गया यह कहकर ? बहुत सत्यवादी बन रही है। अगर शौर्य ने घर मे किसी से भी यह कह दिया तो क्या होगा। उनका अब तक का कमाया सब मान सम्मान मिट्टी में मिल जाएगा। वह किसी से नज़रें मिलाने लायक नहीं रहेंगे। अगर ऐश्वर्या को पता लग गया तो वह तूफ़ान खड़ा कर देगी। बच्चों को पता लगा तो वह क्या सोचेंगे अपने पिता के विषय में ? कैसी मुसीबत में फँस गए वह। क्यों वह उर्वशी को पाने के लिए इतने बेचैन हो गए थे ? पर उसका लावण्य, अंग प्रत्यंग की कमनीयता, वह कैसे आतुर हो उठे थे ! उनकी आँखों के समक्ष मुंबई में उसके साथ गुज़ारे पल सजीव हो उठे। फिर से जी चाहने लगा कि वह उनके पास आ जाए और वह उसे अपनी बाजूओं में जकड़ लें।
* * * * * * * *
उस दिन शिखर बिना बताए उसके सेट पर पहुँच गए, तो देखा वहाँ कैमरामैन, निर्देशक व दो चार लोगों की उपस्थिति में उर्वशी व रोहित के बीच रूमानी दृश्य चल रहा था। जिसमें रोहित को उर्वशी को आलिंगन ले लेकर चुम्बन लेते हुए दिखाना था. जैसे ही रोहित उसे आलिंगन करता, कैमरा घूमकर उसकी रोहित की पीठ पर जाना था और दोनों को अपना चेहरा इस तरह घुमाना था कि पीछे से दोनों के चुम्बन का अहसास होता. परन्तु रोहित को न जाने क्या हुआ. वह स्वयं पर से नियंत्रण खो बैठा और उर्वशी अपने बहुपाश में बाँधकर सचमुच चुम्बन करने लगा. उर्वशी हतप्रभ रह गई. उसने अपने भावों को तो नियंत्रित कर लिया पर उसे अच्छा नहीं लग रहा था. तभी निर्देशक ने कट बोला पर रोहित जैसे नशे में था। उसने उसे छोड़ा नहीं, और चुंबन करता रहा। कुछ क्षण गुज़र गए, निर्देशक ने दोबारा कट बोला पर वह जैसे सुन ही नहीं रहा था। सभी लोग खमोशी से देख रहे थे। तभी उर्वशी ने उसे जोर से धक्का दिया और क्रोधपूर्ण दृष्टि से घूरा।
” रोहित…हैव यू गोन मैड ?”
” सॉरी, सॉरी .. ” अब वह जैसे होश में आया, उसने मनाने के लिए अपने कान पकड़ लिए। अब वह काफ़ी शर्मिंदा लग रहा था।
यह देखकर शिखर का चेहरा क्रोध से लाल हो गया । उनका जी चाह रहा था कि रोहित को पकड़ कर तब तक पीटें जब तक कि वह दम न तोड़ दे. तभी उर्वशी की दृष्टि उनपर पड़ी और वह सकपका गई
” आप ?”
” पैकअप करिये, आपको हमारे साथ चलना है। ” उन्होने अपने स्वर को शांत रखने का असफ़ल प्रयास करते हुए कहा।
” कहाँ ?”
” पता चल जाएगा। “
” ओके ” उसने जवाब दिया और कह सुनकर छुट्टी ली व वहाँ से बाहर निकल गई।
गाड़ी तेजी से दौड़ी जा रही थी, और शिखर स्वयं को नियंत्रित करने की कोशिश कर रहे थे। उर्वशी उनकी भावनाओं को समझ रही थी और खामोश थी।
” आइंदा आप सेट पर मत आया करिये, जब भी आयें मुझे खबर दे दिया करिये। ” उसने धीरे से कहा।
” आईल किल दैट बास्टर्ड ” उन्होंने दाँत पीसते हुए कहा।
” कूल डाउन ” उसने उनके हाथ पर हाथ रख दिया।
” इसीलिए हमें … ” कहते कहते वह चुप हो गए। फिर निगाह फ़ेरकर दूसरी ओर देखने लगे।
” मुझे भूख लगी है, बहुत ज़ोर की ” उसने उनका ध्यान हटाने के लिए कहा।
” क्या खाना है ?”
” पानीपुरी “
” अनहाईजीनिक ” उन्होंने मुँह बनाया।
” मुझे वही खाना है।” उन्होंने उसे घूरा, फिर एक चाट कि दुकान के पास गाड़ी रुकवा दी औऱ ड्राइवर को पानीपुरी लाने को बोला । ड्राइवर के लेकर आने पर उसने पानीपुरी खाई और फिर गाड़ी बढ़ गई। तब तक शिखर सामान्य नज़र आने लगे थे।
” हम जा कहाँ रहे हैं ?”
” अंधेरी वेस्ट “
” क्यों ?”
” हैव पेशेंस ” उन्होंने उसका हाथ थपथपाया तो वह चुप रह गई।
काफ़ी देर बाद अँधेरी वेस्ट का इलाका शुरू हो गया। थोड़ी देर बाद कोई सोसायटी आ गई और शानदार अपार्टमेंट्स नज़र आने लगे। वह उत्सुकता से चारों ओर देखने लगी। रोशनी से जगमगाता वह इलाका हरे भरे लॉन से घिरा हुआ था। बीचोंबीच रंग बदलता हुआ फव्वारा, साफ सुथरी सड़क। पार्किंग एरिया में जाकर गाड़ी रुकी और संजीव ने उनदोनों की ओर का दरवाजा खोला। वह हैरानी से चारों ओर देख रही थी। शिखर ने उसे चलने का इशारा किया और लिफ़्ट की ओर चल दिये। लिफ़्ट में जाकर अटेंडेंट को सेकेंड फ्लोर में जाने के लिए बोला। वह हैरान थी कि कहाँ चले जा रहे हैं। लिफ़्ट का दरवाजा खुला, तो उसे लेकर चल दिये और एक फ़्लैट के सामने जाकर रुके। चाभी निकालकर उसका लॉक खोला और उर्वशी को आगे बढ़ने के लिए कहा। वह हैरान सी आगे बढ़ती रही। दरवाजा खोलकर वह दोनों एक छोटी सी लॉबी में आ गए. जिससे गुजरने के बाद लिविंग एरिया आ गया । खुला खुला सा कमरा था और अच्छी तरह से सजा हुआ था। इसके बाद डाइनिंग एरिया, मॉड्यूलर किचन, तीन बैडरूम विद अटैच्ड बाथरूम, लम्बी सी बालकनी। पूरा फ्लैट फर्निश्ड था और बहुत करीने से सजा हुआ था।
” किसका घर है यह, और हम यहाँ क्या कर रहे हैं ? “
” कैसा लगा ?”
” बहुत अच्छा, शानदार “
” यह आपका घर है, अब आप यहाँ रहेंगी । ” वह मोहक ढंग से मुस्कुरा दिए।
” मेरा घर ? यह तो बहुत कीमती होगा। “
” ज्यादा नहीं। “
” कैसे नहीं, प्राइम लोकेशन पर फर्निश्ड फ्लैट “
” इसकी फ़िक्र आपको नहीं करनी है। “
” आप फ़िर वही बात करने लगे, मैं यहाँ नहीं रहूँगी। ” उसके चेहरे पर अप्रिय भाव या गए थे।
” पहले आप शांति से यहाँ बैठिये ” उन्होंने उसे सोफ़े पर बैठाते हुए कहा। ” यह तो तय है न कि आप शौर्य के पास वापस नहीं लौटेंगी। “
” नहीं ।”
” ये डिवोर्स पेपर्स हैं, पहले तो आप इन पर साइन कीजिये। ” कहते हुए उन्होंने कुछ पेपर्स उसके सामने रख दिये, फिर हाथ में पैन थमा दिया।
क्रमशः