वहां कौन है? ( भाग 32)
आर्यकेतु को शीतल जल में राहत अनुभव होने लगी थी। उनके चेहरे पर सुकून के भाव उभरे और आर्यकेतु ने प्रसन्नता से कहा, ” राजवैद्य जी , यहां आकर जलन से बहुत आराम मिल रहा है किंतु इस जलन का कारण समझ नहीं आया। जैसे ही इस शीतल धारा से थोड़ा भी बाहर आ रहा हूं तो जलन पुनः आरम्भ हो जाती है।”
राजवैद्य स्वयं भी इस समस्या के निराकरण के विषय में चिंतित थे। शीतल धारा अस्थायी उपचार था। उन्होंने राजपुरोहित की ओर याचना भरी दृष्टि से देखते हुए कहा,” अचानक युवराज के शरीर में इस प्रकार की जलन उठने का कारण ज्ञात नहीं हो रहा। बिना कारण जाने उपचार तलाशना कठिन है। क्या आप कुछ सहायता कर सकते हैं?”
वे आपस में बात कर ही रहे थे कि अचानक आर्यकेतु के की चीख सुनाई दी।” यह क्या है?’
सभी का ध्यान उस तरफ गया। धारा के प्रवाह में एक भंवर बन चुका था और आर्यकेतु को खींच रहा था।
सैन्य अधिकारी और सैनिक हरकत में आ गए और तेजी से उस तरफ बढ़ने लगे। राजपुरोहित और राजवैद्य भी उनके साथ ही उस और तैरते हुए जाने लगे कि तभी सैन्य अधिकारी ने सबको रोक दिया।
” रुको ,कोई भी नीचे नहीं जाएगा! यह साधारण शीतधारा नहीं है।”, उसकी आवाज भय और विस्मय से काँप उठी।” इसके नीचे अग्निगर्भ प्रवाह बह रहा है…लावे की नदी…सभी जल कर नष्ट हो जायेंगे।”
” लेकिन युवराज को इस प्रकार कैसे छोड़ सकते हैं?”, राजवैद्य ने कहा।
सैन्य अधिकारी ने एक क्षण के लिए आँखें बंद कीं। उसके चेहरे पर सैनिक का कठोर कर्तव्य और असहाय दुःख एक साथ दिखाई दे रहे थे।
“मैं उन्हें छोड़ने की बात नहीं कर रहा, राजवैद्य पर यदि हम सब बिना सोचे इस अग्निगर्भ प्रवाह में उतर गए तो शंखपुरी जलसंघ अपने युवराज के साथ अपने सर्वश्रेष्ठ सैनिक भी खो देगा।”
उसने तुरंत आदेश दिया,”जलरज्जुएँ लाओ। चारों दिशाओं में सुरक्षा वलय बनाओ। कोई भी सैनिक बिना संकेत के धारा में प्रवेश नहीं करेगा।”
कुछ ही क्षणों में विशाल शंखों से बनी दिव्य रस्सियाँ उस भँवर की ओर फेंकी गईं। जलयोद्धा एक-दूसरे से बँधकर आगे बढ़े, पर जैसे ही रस्सियाँ भँवर के मध्य पहुँचीं, वे स्वयं जलकर राख जैसी काली होकर टूट गईं।
सभी के मुख पर भय उतर आया।राजवैद्य ने काँपते स्वर में कहा,
“ऐसा तो केवल तब होता है जब नीचे अग्निगर्भ सचमुच सक्रिय हो…”
तभी भँवर ने एक अंतिम प्रचण्ड घुमाव लिया।आर्यकेतु का शरीर एक क्षण के लिए दिखाई दिया…उन्होंने बाहर निकलने का प्रयास किया…पर अगले ही पल पूरा भँवर भीतर धँस गया और…सब कुछ शांत हो गया।मानो वहाँ कभी कोई था ही नहीं।
चारों ओर ऐसा मौन छा गया कि केवल जलधाराओं की मद्धिम ध्वनि सुनाई दे रही थी।राजपुरोहित ने अपनी आँखें बंद कर लीं,”युवराज…” उनके होंठों से केवल इतना ही निकला।
“दृश्य पुनः बदल गया”
जललोक के राजमहल में पहले से ही चिंता का वातावरण था।
राजपुरोहित नागमणि के क्षीण होते तेज को देख रहे थे।सुरक्षा-चक्र की क्रिस्टलीय रेखाएँ एक-एक कर धुँधली पड़ रही थीं।कुछ स्थानों पर प्रवाल वन मुरझाने लगे थे।समुद्र की स्वच्छ धाराओं में पहली बार हल्की धूसरता दिखाई देने लगी थी।
राजपुरोहित गंभीर स्वर में बोले,”यदि यही स्थिति रही तो कुछ ही समय में विषाणु-शैवाल उत्पन्न होंगे। जलज्वर फैलने लगेगा। दुर्लभ जलवनस्पतियाँ नष्ट होंगी और सुरक्षा-चक्र इतना दुर्बल हो जाएगा कि अंधगर्त की शक्तियाँ भी हमारी सीमा तक पहुँच सकेंगी।”
महाराज के चेहरे पर चिंता की रेखाएँ और गहरी हो गईं।उसी समय…
एक सैनिक हाँफता हुआ सभा में पहुँचा,”म… महाराज…”।वह ठीक से बोल भी नहीं पा रहा था।
“कहो!”
“युवराज… आर्यकेतु…”। सभा में उपस्थित शंखपुरी जलसंघ के महाराज, महारानी और समस्त जन उसकी ओर देखने लगे।
“अग्निगर्भ शीतधारा के भँवर में विलीन हो गए हैं…”
यह सुनते ही जैसे समय थम गया।
“नहीं…”,आर्यकेतु की माता जो जल लोक में हो रहे बदलावों के विषय में प्रश्न करने के लिए अभी– अभी दरबार में आई थी, यह सुनते ही चिल्ला पड़ी और उनका चेहरा एकदम सफेद पड़ गया।
वे कुछ कदम बढ़ीं, पुत्र का नाम पुकारना चाहा..पर शब्द बाहर ही नहीं निकले।अगले ही क्षण उनका शरीर लड़खड़ा गया।यदि उनकी दासियों ने उन्हें संभाला न होता तो वे वहीं गिर पड़तीं।
शंखपुरी के महाराज स्तब्ध खड़े रह गए।दो राज्यों के बीच गहरा मौन फैल गया।एक ओर नागमणि का तेज क्षीण हो चुका था।दूसरी ओर भावी युवराज स्वयं लापता थे। ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो दोनों राज्यों का भविष्य एक साथ किसी अदृश्य संकट में फँस गया हो।
” दृश्य पुनः परिवर्तित हो गया।”
दोनों राज्यों के राजपुरोहित आमने-सामने बैठे।ऐसी संयुक्त साधना सदियों बाद होने जा रही थी।उनके मध्य किसी प्रकार का मंत्रोच्चार नहीं था।केवल ध्यान…और दिव्य चेतना।
उन्होंने जलमाता श्वेताम्बिका का स्मरण किया।समुद्र का जल धीरे-धीरे पूर्णतः स्थिर होने लगा।महल के ऊपर फैली नीली आभा दूधिया प्रकाश में बदलने लगी।दोनों राजपुरोहितों के मस्तकों के मध्य प्रकाश की एक पतली रेखा बनी।कुछ ही क्षणों बाद…उनके सामने जल स्वयं दर्पण बन गया।
उसमें अनेक दृश्य प्रकट होने लगे।पहले…नीलवलया,फिर…उसका धूमिल पड़ा नीला कंगन।
फिर…आर्यकेतु और अचानक…लावे की लाल नदी।
सभा में उपस्थित प्रत्येक व्यक्ति साँस रोके वह दृश्य देख रहा था।
लावे की भीषण धारा के नीचे संकीर्ण शीतजल-गुफा थी।उसी गुफा के भीतर…आर्यकेतु अचेत पड़े थे।और उनके चारों ओर…
नीले कंगन का प्रकाश एक सुरक्षाकवच बनाकर घूम रहा था।कंगन से निकलती नील आभा लावे की तपन को उस सीमा तक पहुँचने ही नहीं दे रही थी।
राजपुरोहित ने धीरे से आँखें खोलीं, “युवराज जीवित हैं।”पूरे सभाकक्ष में आशा की एक लहर दौड़ गई।
महारानी की आँखों में आँसू छलक पड़े।किन्तु दूसरे ही क्षण राजपुरोहित का चेहरा फिर गंभीर हो गया।”परंतु…”सबकी दृष्टि फिर उनकी ओर उठ गई।
“वे वहाँ से बाहर नहीं आ सकते।”,उन्होंने जल-दर्पण की ओर संकेत किया। “विवाह-कंगन ने उनका प्राण बचा लिया क्योंकि भाग्य-सूत्र पूर्णतः टूटा नहीं है। नीलवलया और आर्यकेतु के मध्य अभी भी नियति का संबंध विद्यमान है।”
“किन्तु…”उन्होंने गहरी साँस ली।”उनका शरीर अग्निगर्भ और दिव्य रक्षण-ऊर्जा के मध्य अटक गया है।”
” कोई उपाय तो होगा मेरे बेटे को वहां से लाने का। मै उसे इस प्रकार असहाय नहीं देख सकती।”, आर्यकेतु की माँ का बिलखता स्वर आया।
जललोक के राजपुरोहित ने गम्भीर दृष्टि से उन्हें देखा।’ उनके राज्य ,परिवार पर आया यह संकट उनके जललोक की राजकुमारी नीलवलया के कारण आया लेकिन वे लोग उन पर कोई आरोप या क्रोध नहीं दिखा रहे थे। इसके विपरीत आर्यकेतु के पिता जललोक के महाराज को ,’ मिलकर सब सही कर लेंगे।’, जैसा आश्वासन देकर धीरज बंधा रहे थे। ऐसे में अब उनका कर्तव्य है कि अपनी पूर्ण शक्ति का प्रयोग कर युवराज की रक्षा करें।’
उन्होंने अपने गुरु का स्मरण किया और ध्यान लगाया। उसके बाद शंखपुरी जलसंघ के राजपुरोहित से कुछ विचारविमर्श किया।
वे दोनों अपने–अपने दण्ड सामने एक दूसरे की तरफ मुंह करके बैठ गए। रखकर तीव्र मंत्रोच्चारण करने लगे। बीच– बीच में वे कभी अपना शल्क जल में प्रवाहित करते ,कभी अपने बाल। यह कोई गहन साधना थी जहां वे सिर्फ एक दूसरे की आंखों से संपर्क बनाए हुए थे। काफी समय बाद उनकी आंखों से एक संयुक्त शक्ति निकली और कहीं चली गई।
ठीक उसी समय जल-दर्पण में एक विचित्र दृश्य दिखाई दिया।आर्यकेतु के शरीर से धीरे-धीरे एक धुँधली नीली छाया अलग होने लगी।दोनों राजपुरोहितों ने संयुक्त शक्ति से उस छाया को अपनी ओर खींचना आरम्भ किया।पूरे सभाकक्ष में जल तीव्र गति से घूमने लगा।प्रवाल-स्तम्भ काँप उठे।
सभी की दृष्टि उसी दृश्य पर टिकी थी।धीरे-धीरे…वह छाया बाहर आ गई।किन्तु…आर्यकेतु का वास्तविक शरीर वहीं गुफा में अचल पड़ा रहा। राजपुरोहितों ने एक साथ अपनी साधना रोक दी।
उनके मुख पर थकान स्पष्ट थी।शंखपुरी के महाराज व्याकुल होकर बोले,”क्या हुआ?”
जललोक के राजपुरोहित ने अत्यंत गंभीर स्वर में कहा,”हम केवल युवराज की जीवच्छाया को ही बाहर ला सके हैं।जब तक नागमणि का दिव्य तेज पुनः जाग्रत नहीं होगा…और नीलवलया अपने अपराध का प्रायश्चित पूर्ण नहीं करेगी…तब तक युवराज का शरीर अपनी जीवच्छाया से पुनः नहीं जुड़ सकेगा।”
सभा में फिर मौन छा गया।अब किसी के मन में संदेह नहीं रह गया था।इस पूरे संकट का केंद्र…नीलवलया थी और पहली बार…जललोक की प्रजा के मन में अपनी प्रिय राजकुमारी के प्रति करुणा से अधिक आक्रोश जन्म लेने लगा।
दोनों राजपुरोहितों ने अपने दण्ड समुद्र की भूमि पर एक साथ स्थापित किए। उनके मध्य नीले और श्वेत प्रकाश का एक विशाल मंडल बनने लगा।उस प्रकाश से धीरे-धीरे एक धुँधली आकृति आकार लेने लगी।सभा में उपस्थित सभी लोग विस्मय से खड़े हो गए।
कुछ ही क्षणों में वह आकृति स्पष्ट हुई।वह आर्यकेतु थे…किन्तु पूर्ण नहीं। उनका शरीर धुंधला था। मुख पर तेज था पर देह मानो धुएँ और चाँदनी से बनी हो।
“युवराज!” उनकी माता रो पड़ीं और उनकी ओर दौड़ीं। किन्तु जैसे ही उन्होंने पुत्र को स्पर्श करना चाहा, उनका हाथ उस धुँधली आकृति के आर-पार निकल गया।वे वहीं फूट-फूटकर रोने लगीं।
आर्यकेतु स्वयं भी स्तब्ध थे।उन्होंने अपने हाथों को देखा फिर अपने शरीर को फिर सबकी ओर।
“यह… मेरे साथ क्या हुआ?”
दोनों राजपुरोहितों ने संक्षेप मेंउन्हें पूरी घटना बताई…नीलवलया द्वारा नागमणि ले जाना, अम्भोर का छल, निषिद्ध मायावी जलविद्या, रक्त का स्पर्श, नागमणि की शक्तियों का क्षीण होना, नीले कंगन का उनसे जा मिलना और उसी के कारण लावे की नदी के भीतर उनका सुरक्षित रह जाना।
आर्यकेतु निःशब्द सुनते रहे।कुछ देर बाद उन्होंने धीरे से आँखें बंद कर लीं।अब उन्हें अपनी असहनीय जलन का कारण भी समझ में आ चुका था और यह भी कि उनका शरीर अभी भी अग्निगर्भ की गुफा में पड़ा हुआ है।
उन्होंने शांत स्वर में पूछा,”तो… मेरा वास्तविक शरीर अभी भी वहीं है?”
शंखपुरी के राजपुरोहित ने सिर झुका दिया, “हाँ, युवराज। यह आपके प्राणों की जीवच्छाया है। जब तक जललोक का संतुलन पुनः स्थापित नहीं होगा और राजकुमारी नीलवलया अपना प्रायश्चित पूर्ण नहीं करेंगी,नागमणि की शक्तियां पुनःस्थापित नहीं होगीं, तब तक आपका शरीर और आपकी जीवच्छाया पुनः एक नहीं हो सकेंगे।”
सभा में पुनः गहरा मौन छा गया।अब किसी को संदेह नहीं रहा कि दोनों राज्यों का भाग्य एक ही सूत्र में बँध चुका था।
“महाराज, दंड और न्याय का निर्णय बाद में होगा। इस समय प्रथम कर्तव्य सम्पूर्ण जललोक की रक्षा है। नागमणि का तेज क्षीण हो चुका है। सुरक्षा-चक्र टूटता रहा तो संकट केवल राजपरिवार पर नहीं, समस्त प्रजा पर आएगा।”, तभी जल लोक के राजपुरोहित ने मौन भंग किया।
उनकी बात पर सभी ने सहमत होते हुए उनके इस हेतु उपाय करने के लिए कहा।
शंखपुरी के राजपुरोहित के साथ वे एक साथ महाअनुष्ठान कर रहे थे।उनकी संयुक्त साधना से समुद्र का जल स्थिर होने लगा।ऊपर तैरते प्रवालों से श्वेत प्रकाश बरसने लगा।मोती स्वयं प्रकाशमान हो उठे।धीरे-धीरे वह प्रकाश एक विशाल जलस्तंभ का रूप लेने लगा।
वह जलस्तंभ राजमहल से निकलकर जललोक के मुख्य प्रवेशद्वार तक पहुँचा।अचानक…समुद्र की चट्टान फट गई।उसके भीतर से अत्यंत निर्मल, शीतल और उज्ज्वल जल का एक दिव्य झरना फूट पड़ा।
उसका जल नीचे नहीं गिर रहा था, बल्कि प्रकाश की धारा की भाँति ऊपर उठते हुए एक विशाल जल-परदे का रूप ले रहा था।
राजपुरोहित ने घोषणा की,”आज से यह अभिमंत्रित शीतधारा जललोक का नवीन सुरक्षा-द्वार होगी।जिसके रक्त में जललोक का संस्कार नहीं होगा… वह इस धारा को पार नहीं कर सकेगा।और जिसे राजवंश अथवा राजपुरोहित की अनुमति प्राप्त नहीं होगी, उसके लिए यह जल स्वयं अभेद्य दीवार बन जाएगा।”
श्वेत झरने के भीतर असंख्य नीले मंत्रचिह्न चमकने लगे।पूरा प्रवेशद्वार अब एक दिव्य नीलम जैसी आभा वाले जलपर्दे में परिवर्तित हो चुका था।
यह वही झरना था जिसे पार कर मायरा ने जल लोक में प्रवेश किया था। ( भाग 8, भाग 22)
Megha
( यह लावे की नदी क्रोध से भी उत्पन्न हो जाती है जब अपेक्षा के अनुसार कमेंट नहीं दिखते। मै बिना टिकिट जल लोक की सैर करवा रही हूं और आप लोग चुपचाप घूम रहे हो संग में, ऐसा भी क्या)