मेघा राठी का उपन्यास ‘वहाँ कौन है ‘ भाग -43

वहाँ कौन है? (भाग 43)

भोजन समाप्त हो चुका था लेकिन उन सबके मन में उठ रहे प्रश्नों का भोजन से कोई संबंध नहीं था।रैवेनोर ने जब देखा कि सभी लगभग एक साथ अपने-अपने पात्र नीचे रख चुके हैं तो वह मुस्कुराया।

“अब खाने के बाद तुम्हारे प्रश्नों की बारी है।”

सुक्खी ने धीरे से प्रभात के कान में कहा, “मैंने कहा था न, यह आदमी हमारे चेहरे पढ़ लेता है।” प्रभात सिर्फ थोड़ा सा मुस्कुराया

” हम लोग एल्वारा से मिल सकते हैं क्या?”, उदय ने पूछा।

” हाँ पर उसके लिए पहले अनुमति लेनी होगी। कल तक मिल जाएगी शायद अगर आज आवेदन देंगे। “,रैवेनोर उठ खड़ा हुआ। “चलो। चलते-चलते बात करेंगे। इस संसार को एक जगह बैठकर समझना संभव नहीं।”

सभी उसके पीछे चल पड़े।जैसे ही वे घर से बाहर निकले, फिर वही अद्भुत मार्ग उनके सामने था।वह सड़क नहीं थी, फिर भी सड़क का काम कर रही थी।चौड़ी, चिकनी और हल्की चमक लिए वह पट्टी दूर तक फैली थी। उस पर खड़े होते ही शरीर अपने आप आगे की ओर सरकने लगता। गति इतनी सहज थी कि पैरों को चलने की आवश्यकता ही नहीं पड़ती थी। कोई व्यक्ति यदि रास्ते की दिशा बदलना चाहता तो केवल एक कदम उस ओर रख देता और गतिमान पट्टी उसकी दिशा बदल देती।

प्रभा काफी देर तक नीचे देखती रही, “यह सड़क चल रही है या हम?”

रैवेनोर ने कहा, “तुम्हारे दृष्टिकोण से दोनों।”

“और अगर कोई गिर जाए?”

“तो मार्ग उसे पकड़ लेता है, गिरने नहीं देता।”, रैवनोर ने बताया।

“यह तो बहुत सुविधाजनक है।”, प्रभा ने प्रभावित होते हुए कहा।

सुक्खी तुरंत बोला, “हमारे यहाँ ऐसी सड़क होती तो ट्रैफिक पुलिस बेरोजगार हो जाती।”

” बात तो सही है।”, उसकी बात से सहमत होते हुए सब हँस पड़े।

आगे एक चौराहा आया। वहाँ से तीन अलग-अलग प्रकाश-पट्टियाँ तीन दिशाओं में जा रही थीं। लोग उनमें खड़े थे और पट्टियाँ उन्हें अपने साथ लिए जा रही थीं।

ऊपर आकाश में भी यातायात था।कुछ लोग अपने पैरों के नीचे गोलाकार चक्र लगाए हुए हवा में आगे बढ़ रहे थे। उन चक्रों से कोई आवाज नहीं निकल रही थी। वे शरीर के वजन के साथ ऊपर उठते और इच्छित दिशा में तेजी से सरक जाते।

प्रभात ने ऊपर देखते हुए पूछा,“क्या इन्हें नियंत्रित करने के लिए कोई चालक होता है?”

“नहीं। उन्हें चलाने वाला व्यक्ति ही है। तुम्हारे लिए नियंत्रण का अर्थ हाथ में कोई उपकरण होना है। हमारे लिए नियंत्रण चेतना का विस्तार है।”

उदय ने कुछ कहना चाहा, लेकिन रैवेनोर आगे बढ़ गया।कुछ दूरी तक चलने के बाद प्रभात ने आखिर वही प्रश्न उठा दिया जो पिछले कुछ समय से सबके भीतर था।

“रैवेनोर।”

“हाँ?”

“एल्वारा।”

रैवेनोर के कदम धीमे हुए,“ हाँ बताया तो तुम लोगों को उस बारे में । अब क्या जानना चाहते हो?”

“आपने कहा कि वह आपकी प्राचीन चेतना है। ऐसी शक्ति जो इस पूरे संसार को प्रभावित करती है। फिर उसने हमें सीधे यहाँ क्यों नहीं बुलाया?”

प्रभा ने तुरंत बात आगे बढ़ाई,“हमें जंगल में क्यों भेजा गया? गुफा क्यों खोजनी पड़ी? वह धातु की पट्टिका, वह अजीब लिपि, बंद द्वार, सिंहासन और मुखौटा…”

उदय ने कहा,“बिल्कुल..अगर एल्वारा चाहती तो हमें सीधे इस लोक में पहुँचा सकती थी।”

रैवेनोर मुस्कुराया,“हाँ,कर सकती थी लेकिन फिर तुम्हारी बुद्धि की, धैर्य की परीक्षा कैसे होती?…और सबसे अधिक ,तुम लोगों की उस प्रवृत्ति की, जिसमें तुम किसी अनजानी शक्ति के सामने घबराकर निर्णय खो देते हो।”

“और अगर हम असफल हो जाते?”, उदय ने आँखें सिकोड़ लीं।

“तो रास्ता वहीं समाप्त हो जाता।”, रैवेनोर ने बहुत शांति से कहा। ” हम फिर योग्य पात्रों का इंतजार करते।”

मायरा चुपचाप सुन रही थी।उसे अचानक सफेद साँप याद आया,“अच्छा तो फिर वह सफेद साँप भी…”

रैवेनोर ने उसकी बात पूरी कर दी, “एल्वारा का दूत था। तुम रास्ते से भटको तो तुम्हें सही दिशा बताने के लिए वहां उपस्थित था वह।”
मायरा की आँखों में वह दृश्य फिर उभर आया…सफेद साँप, उसकी नीली आँखें और फिर जमीन पर चमकती हुई वह रुपहली पट्टी।

“अगर हम उसे समझ नहीं पाते?”, प्रभात ने पूछा।

“तो वह किसी दूसरे रूप में संकेत देता।”, रैवेनोर ने कहा।

“क्या वह हर बार किसी जीव का रूप लेता है?”, उनकी जिज्ञासा बढ़ती जा रही थी।

“नहीं। वह सिर्फ दूत है।”,रैवेनोर का उत्तर छोटा था।

लेकिन मायरा को लगा जैसे उसके पीछे बहुत बड़ी कहानी छिपी है।तभी सुक्खी ने कहा,“अच्छा, अब दूसरी दूत की बात भी तो बताओ।”

रैवेनोर ने उसे देखा, “दूसरी?”

“वही गुलाबी चिड़िया।”

एक पल के लिए रैवेनोर चुप रहा फिर उसके चेहरे पर ऐसी हँसी फैल गई कि बाकी लोग हैरान रह गए।

“क्या हुआ?” प्रभात ने पूछा।

“तुम लोग उससे मिलना चाहोगे?”

“हाँ!” प्रभा ने तुरंत कहा।

“तो चलो।”, रैवनोर ने दिशा बदल दी।

मुख्य मार्ग से अलग एक संकरी प्रकाश-पट्टी उन्हें दूसरी ओर ले गई।कुछ ही देर में सामने एक ऐसा घर दिखाई दिया जिसे देखकर प्रभा की आँखें फैल गईं।

वह रैवेनोर के घर जैसा बिल्कुल नहीं था।पूरा भवन ऊपर से देखने पर किसी विशाल चम्मच की आकृति जैसा था।

उसकी बाहरी सतह पर गुलाबी और हल्के बैंगनी प्रकाश की धारियाँ बह रही थीं। कभी वे गोलाकार होकर घूमतीं, कभी किसी फूल की पंखुड़ी जैसी आकृति बनातीं और फिर पूरी सतह में विलीन हो जातीं।

प्रभा के होंठों से हँसी निकल गई, “यह घर है?”

रैवेनोर ने गंभीरता से कहा,“हाँ।”

“चम्मच जैसा!”,सुक्खी ने तुरंत कहा,

“मैंने तो पहले ही कहा था कि यहाँ वास्तुशास्त्र अलग है।”

“तुमने कुछ नहीं कहा था।”

“मन में कहा था।”, रैवेनोर की बात सुनकर सब हँस पड़े।

रैवेनोर ने प्रवेश-द्वार की ओर संकेत किया,“अंदर चलो उसके बाद हँसना।”

अंदर कदम रखते ही प्रभा की हँसी थम गई।बाहर से विचित्र दिखाई देने वाला वह घर भीतर से अद्भुत था।दीवारें पारदर्शी नहीं थीं फिर भी उनके भीतर कुछ दिखाई देता था। जैसे दीवार के दूसरी ओर कोई दूसरी जगह नहीं बल्कि प्रकाश की कोई गहरी परत हो।

गुलाबी प्रकाश वहाँ स्थिर नहीं था।वह बहुत धीमी लय में बह रहा था।कहीं वह महीन धुंध की तरह था, कहीं प्रकाश के छोटे-छोटे कणों में बिखर रहा था।हवा में बहुत हल्का संगीत तैर रहा था।

कोई वाद्ययंत्र दिखाई नहीं दे रहा था फिर भी संगीत सुनाई दे रहा था…इतना मधुर और धीमा कि लगता था जैसे वह कानों से नहीं, साँसों से महसूस हो रहा हो।

और तभी सामने से एक युवती चली आई।उसकी त्वचा सुनहरी थी। लंबे काले बाल पीठ पर बिखरे हुए थे और उसकी आँखें गहरी नीली थीं।

वह उन्हें देखकर मुस्कुराई,“तुम लोग आ गए।”

मायरा ने उसे देखा,“आप हमें जानती हैं?”

युवती खिलखिलाई,“तुम्हें क्या लगता है?”

प्रभा ने धीरे से उदय की ओर देखा, “ सर, हमने इन्हें पहले कहीं देखा है?”

उदय ने सिर हिलाया,“नहीं।”

रैवेनोर ने हँसते हुए पूछा,“अच्छी तरह देखो।”

सभी ने युवती को ध्यान से देखा।कुछ याद नहीं आया।युवती ने अपना सिर थोड़ा झुकाया“नहीं पहचान पाए?”

सबने एक साथ सिर हिलाया।उसने अचानक अपनी उँगलियाँ हवा में घुमाईं।गुलाबी प्रकाश का एक छोटा-सा घेरा उसके चारों ओर बना।क्षण भर में उसका शरीर प्रकाश में बदल गया।अगले ही पल वहाँ वही गुलाबी चिड़िया थी।

“अरे!”,प्रभा की आँखें फैल गईं।

चिड़िया उड़कर सीधे मायरा के कंधे पर आ बैठी।उसने अपनी गर्दन टेढ़ी की।मायरा के चेहरे पर अनायास मुस्कान आ गई,“तो तुम थीं!”

चिड़िया ने चहककर जैसे उत्तर दिया फिर वह उड़कर उदय के सामने गई और उसकी गाल पर हल्की-सी चोंच मार दी।

“ओह!”,उदय पीछे हट गया।

अगले ही क्षण चिड़िया फिर गुलाबी प्रकाश में बदल गई और उसी युवती का रूप ले लिया।वह खिलखिलाकर हँस रही थी।उदय अपने गाल को सहलाते हुए मुस्कुराया।

“क्या यह भी एल्वारा की दूत है?”

रैवेनोर ने सिर हिलाया,“नहीं।”

सबकी आँखें उसकी ओर उठ गईं।

“तो?”

“मेरी बहन है।”

युवती ने हल्का-सा झुककर कहा,“लैविरा।”

सुक्खी ने नाम दोहराया,“लैविरा…और आपको पक्षी बनना क्यों पसंद है?”

लैविरा ने मुस्कुराकर कहा,“क्योंकि उसमें उड़ने की स्वतंत्रता है।”

“आप इंसान होकर भी उड़ सकती हैं?”

“तुम्हारे लिए मैं इंसान हूँ।”लैविरा की आँखों में चमक आ गई, “लेकिन अपने लिए मैं केवल लैविरा हूँ।”

अचानक प्रभा ने उत्सुकता से ऐसा प्रश्न पूछ लिया जिसकी किसी को उम्मीद नहीं थी,“आपके यहाँ बच्चे नहीं होते हैं क्या?रास्ते में तो कोई बच्चा दिखाई नहीं दिया।”

लैविरा हँसी,“क्योंकि हमारे बच्चे लंबे समय तक बच्चे नहीं रहते।”

“कितने समय तक?”

“बस कुछ दिन।”

प्रभा को लगा उसने शायद गलत सुना है,“कुछ… दिन?”

“हाँ। फिर वे वयस्क हो जाते हैं। हैरान मत हो…क्योंकि हमारे शरीर की वृद्धि तुम्हारे शरीर जैसी नहीं।”

उदय ने पूछा,“तो वृद्धावस्था?”

लैविरा ने सिर हिलाया,“हमारी आयु का अर्थ भी अलग है।”

“और परिवार?”

“परिवार रहता है। लेकिन एक ही घर में जीवन भर साथ रहना आवश्यक नहीं।”,रैवेनोर ने कहा।“हमारे यहाँ वयस्क होने के बाद प्रत्येक व्यक्ति अपना घर बनाता है।”

“तो आप दोनों भी अलग रहते हैं?”

“हाँ।”,लैविरा ने भाई की ओर देखकर मुस्कुराया। “लेकिन अलग घर होने का अर्थ यह नहीं कि संबंध समाप्त हो जाए।”

मायरा ने पहली बार महसूस किया कि इस संसार में परिवार की अवधारणा पृथ्वी से अलग होकर भी कहीं गहरी थी।यहाँ दूरी को संबंध का अंत नहीं माना जाता था।

रैवेनोर ने लैविरा की ओर देखा,“हम चलते हैं , कल फिर आएँगे।”

वे बाहर निकल आए। मायरा ने पीछे मुड़कर देखा तो लैविरा द्वार पर खड़ी उन्हें देख रही थी।

लैविरा के घर से बाहर निकलने के बाद कुछ दूर तक कोई कुछ नहीं बोला।सभी के मन में अभी-अभी हुई मुलाकात घूम रही थी।
एक ऐसी युवती, जो पलक झपकते ही उसी गुलाबी चिड़िया में बदल गई थी, जो इतने दिनों से उनके साथ थी।

इस बार सुक्खी ने ने पीछे मुड़कर देखा। दूर वह विचित्र-सा घर अब भी गुलाबी प्रकाश की धीमी लहरों में डूबा हुआ था। द्वार पर लैविरा अब भी खड़ी थी।अगले ही क्षण वह दिखाई देना बंद हो गई।

“रैवेनोर,” प्रभात ने चलते-चलते पूछा, “आपकी बहन की तरह क्या इस संसार के दूसरे लोग भी अपना रूप बदल सकते है?”

“हर कोई नहीं।”, रेवनोर ने कहा।

“तो फिर वह?”

“लैविरा को रूप बदलना पसंद है।”वह मुस्कुरा दिया।

“क्या यह कोई विशेष क्षमता है?”, सुखाने सवाल किया

“हाँ। हर व्यक्ति की क्षमता अलग हो, यह आवश्यक नहीं। लेकिन हर व्यक्ति की चेतना की बनावट अलग होती है। उसी के अनुसार उसकी क्षमताएँ विकसित होती हैं।”

मायरा ने एक और बात पूछी, “आपने कहा था कि एल्वारा सब देखती है। क्या वह हमारी हर बात भी जानती है?”

रैवेनोर ने सिर हिलाया।“हाँ।”

“हम यहाँ कब आए, किससे मिले, क्या पूछा—सब?”

“हाँ।”

“तो फिर उसे यह भी पता है कि हम उससे मिलने वाले हैं?”

“उसे पहले से पता है।”

“और फिर भी हमें अनुमति लेनी होगी?”

“हाँ।”

मायरा को यह बात विचित्र लगी,“अगर उसे पता है कि हम आएँगे, तो अनुमति किससे?”

रैवेनोर कुछ क्षण चुप रहा “यह प्रश्न तुम्हें कल पूछना चाहिए क्योंकि कुछ उत्तर रास्ते में सुनने के लिए नहीं होते।”

उसके स्वर में ऐसी गंभीरता थी कि मायरा ने आगे प्रश्न नहीं किया।वे वापस उसी विस्तृत मार्ग पर आ गए।

इस बार मायरा ने आसपास को पहले से अधिक ध्यान से देखा।
दूर-दूर तक फैली संरचनाएँ केवल मकान नहीं थीं। कुछ ऐसे थे जिनका आकार वृत्ताकार था, कुछ ऊर्ध्वाधर स्तंभों की तरह आसमान में उठे हुए थे। कहीं कोई भवन जमीन से शुरू होकर ऊपर जाकर कई शाखाओं में बँट रहा था। कुछ संरचनाएँ हवा में स्थिर थीं और नीचे की ओर कोई आधार दिखाई नहीं देता था।

कहीं दीवार नहीं थी, फिर भी दो क्षेत्रों के बीच स्पष्ट सीमा थी।
कहीं प्रकाश की महीन धाराएँ ऊपर उठकर एक छत जैसा बना रही थीं।

और सबसे विचित्र बात—कहीं भी भीड़ नहीं थी।इतनी विकसित सभ्यता, इतनी विशाल संरचनाएँ, इतने लोग…फिर भी शोर नहीं।
कोई हॉर्न नहीं,कोई पुकार नहीं,कोई बाजार नहीं।

अचानक प्रभात ने पूछा ,“ आपके यहां बाजार नहीं, आप अपनी आवश्यकताएं स्वयं पूर्ण कर लेते हैं फिर आप लोग काम क्यों करते है?”

रैवेनोर मुस्कुराया,“क्योंकि हमें वह काम करना आता है और वह हमारे लिए आवश्यक है। हम अपनी इच्छा और आवश्यकता को समझते हैं यदि वह किसी दूसरे के अस्तित्व को नुकसान नहीं पहुँचाती तो उसे पूरा करने में कोई बाधा नहीं।”

“आपने कहा था कि हमारे लिए भोजन की व्यवस्था की गई। लेकिन आपने यह भी कहा कि आप लोग अपनी ऊर्जा स्वयं बनाते हैं। कैसे?”

रैवेनोर ने कहा,“हमारी देह प्रकाश और पदार्थ के बीच एक अलग संतुलन पर काम करती है। हमें तुम्हारी तरह लगातार भोजन की आवश्यकता नहीं।”

“तो आप भूख महसूस नहीं करते?”

“करते हैं।”

“फिर?”

“लेकिन हमारी भूख ऊर्जा की कमी का संकेत होती है, स्वाद की इच्छा का नहीं।”

कुछ देर बाद वे एक खुले क्षेत्र में पहुँचे।वहाँ जमीन नहीं थी।कम से कम पृथ्वी जैसी जमीन नहीं।एक विशाल पारदर्शी सतह थी जिसके नीचे धीमी गति से प्रकाश की धाराएँ बह रही थीं। ऐसा लगता था जैसे उनके पैरों के नीचे कोई शांत नदी बह रही हो।

मायरा नीचे देखने लगी,“यह क्या है?”

“ऊर्जा प्रवाह।”

“और इसके ऊपर हम चल रहे हैं?”

“हाँ।”

“गिरेंगे नहीं?”

“नहीं।”

“क्यों?”

“क्योंकि तुम्हें गिरने की अनुमति नहीं है।”सुक्खी ने तुरंत कहा,“यहाँ बहुत सारी चीजों की अनुमति किसी और के हाथ में है।”

रैवेनोर ने उसकी ओर देखा,“ सही कहा…अनुमति नहीं है और तुम्हें इसकी आदत डालनी होगी।”

कुछ क्षण बाद प्रभात ने फिर वही विषय उठाया जिसे सभी टाल रहे थे,“एल्वारा।”

इस बार रैवेनोर रुक गया,“क्या?”

“हम उससे मिलना चाहते हैं मगर आप बार-बार कल क्यों कह रहे हैं?”

“क्योंकि आज वहाँ जाना संभव नहीं।क्योंकि अनुमति चाहिए। पहले भी बताया था।”

प्रभात हँस पड़ा,“हमारे यहाँ तो लोग अपने ईश्वर से कभी भी मिल सकते हैं।”

रैवेनोर ने उसकी ओर देखा,“सच?कैसे?”

“मंदिर चले जाओ और वह वहीं मिलते हैं?”

रैवेनोर के चेहरे पर अचानक मुस्कान आई,“क्या उनका कोई निश्चित स्थान है?”

“मंदिर, मस्जिद, चर्च गुरद्वारा और भी कई स्थान हैं । नाम अलग मगर ऊर्जा एक ही.. ईश्वर की। बल्कि उनकी मूर्ति या चित्र घर में रखकर हम वहां भी उनका स्थान बना लेते हैं।”

 

रैवेनोर अचानक जोर से हँस पड़ा।

“इसमें हँसने की क्या बात है?” प्रभात ने पूछा।

रैवेनोर ने हँसी रोकते हुए कहा,“तुम लोग वास्तव में अद्भुत हो।तुमने अपने ईश्वर को भी अपनी सुविधा के अनुसार व्यवस्थित कर लिया।”

प्रभात कुछ कहने ही वाला था कि रैवेनोर ने हाथ उठाकर उसे रोक दिया।“मैं तुम्हारी श्रद्धा का अपमान नहीं कर रहा।”उसका स्वर अब गंभीर था।“मैं केवल अंतर बता रहा हूँ।”

“कौन-सा अंतर?”

“तुम्हारे ईश्वर को तुमने अपने पास रखने का प्रयास किया।”वह कुछ क्षण रुका।“तस्वीर में, मूर्ति में, पूजाघर में, समय में…तुमने ईश्वर तक पहुँचने के नियम बनाए।”

प्रभात ने कहा,“लेकिन यह सब तो मनुष्य की श्रद्धा के रूप हैं।”

“हो सकते हैं।”रैवेनोर ने सिर हिलाया।“लेकिन एल्वारा के लिए हम कोई रूप निर्धारित नहीं करते।”

मायरा ने पूछा,“तो फिर आप उसकी पूजा कैसे करते हैं?”

रैवेनोर ने बहुत शांत स्वर में कहा,“हम उसकी पूजा नहीं करते।हम उसके अस्तित्व को स्वीकार करते हैं।उसके द्वारा दिए गए नियमों के भीतर जीवन जीते हैं।”

उदय ने पूछा,“और अगर कोई उन नियमों को तोड़ दे?”

“उसे कोई दंड देने नहीं आता।उसके कर्म का परिणाम उसे स्वयं प्राप्त होता है।”

सब अपने–अपने मन में कुछ सोचने लगे।

“कल जब तुम एल्वारा के क्षेत्र में प्रवेश करोगे तो ध्यान रखना—तुम्हें वहाँ वह नहीं मिलेगा जिसकी तुम कल्पना कर रहे हो।” ,
रैवेनोर ने बताया।

मायरा ने पूछा,“तो क्या मिलेगा?”

रैवेनोर ने उसकी ओर देखा,“शायद वही, जिसकी तुम सबसे कम अपेक्षा कर रही हो।”

वे वापस रैवेनोर के घर की ओर लौटने लगे।रास्ते में अब कोई मजाक नहीं कर रहा था।सब अपने-अपने विचारों में डूबे थे।घर के पास पहुँचते ही रैवेनोर ने कहा,“आज रात आराम करो। हम कल सुबह चलेंगे।”

प्रभात ने पूछा,“कितने बजे?”

रैवेनोर मुस्कुराया।“तुम्हारी घड़ी के अनुसार नहीं।”

“फिर?”

“जब यहाँ का पहला प्रकाश बदलता है।”

सुक्खी ने उदय की ओर देखा।“सर, अब घड़ी भी बेकार।”

लेकिन जैसे ही वे घर के भीतर जाने लगे, मायरा ने पीछे मुड़कर देखा।दूर आकाश में एक बहुत ऊँची संरचना के ऊपर प्रकाश अचानक एक क्षण के लिए ठहर गया।

उस प्रकाश में उसे क्षण भर के लिए एक आकृति दिखाई दी।शायद कोई व्यक्ति..शायद कोई प्रतीक..या शायद केवल उसकी कल्पना।वह कुछ क्षण तक उसे देखती रही।फिर प्रकाश सामान्य हो गया।

“क्या हुआ?” प्रभा ने पूछा।

मायरा ने सिर हिला दिया,“कुछ नहीं।”

लेकिन उसके भीतर न जाने क्यों ,एक अनजाना विश्वास जन्म ले चुका था, कल जब वे एल्वारा के सामने खड़े होंगे, तब केवल इस लोक का रहस्य नहीं खुलेगा।

शायद उन्हें यह भी पता चलेगा कि कुमार इस संसार में कौन था।

और क्यों…पृथ्वी पर रहते हुए भी उसका एक हिस्सा हमेशा से यहाँ मौजूद था।

Megha
( आह…अब इस बारे में लिखना कठिन होता जाता है मेरे लिए। आप जानते हैं इसके पिछले भाग को लिखने में छ: घंटे से अधिक समय लगा था और आज इस भाग को लिखना भी चैलेंजिंग था ,मै रुक–रुक कर लिख रही थी तब भी 24 घंटे से अधिक समय हो गया। अब आप सोचिए कि मेरी इतनी मेहनत के बदले आप लोग इसे पढ़कर बिना कमेंट किए निकल जाते हो तो मुझे कैसा लगता होगा।)

WhatsApp Image 2026-06-26 at 18.05.06 (1) — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment