ज्योत्सना कपिल का उपन्यास ‘ उर्वशी’ भाग -30

30-

जितना उन्हें वह जानती है उसके हिसाब से तो वह उन लोगों में से हैं, जो घर को बचाये रखने के लिए हर समझौता करने को तत्पर रहती हैं। पर अब किसी समझौते की वह आगे क्या करेगी ? दिल्ली जाना ठीक होगा या नहीं ? उसे तो बस एक काम आता है, अभिनय , वह करने पर शिखर को अच्छा नहीं लगेगा। हालाँकि अब वह उस परिवार से नाता तोड़ आयी है, उस हिसाब से तो वह जो चाहे करे, उसे अधिकार है। पर गृह त्याग का निर्णय तो उसका है। अभी उसे कोई भी उस घर से अलग नहीं मानेगा। फिर क्या करे वह ? कोई नौकरी ? पर नौकरी हासिल करना इतना आसान कहाँ। उसके लिए कोई व्यवसायिक योग्यता चाहिए। इससे पहले उसने इस विषय में सोचा ही कहाँ था, उसे तो बस रंगमंच पर छाना था। यही सब सोच विचार करते हुए उसकी आँख लग गई।
जाने कितनी देर वह सोती रहती, तभी मोबाइल की आवाज़ से उसकी आँख खुल गई। शिखर का फोन था, उन्होंने बताया कि वह होटल आ चुके हैं और वह फ़टाफ़ट तैयार हो जाए, ताकि वे लोग समुद्र तट तक घूम कर आ सकें । उसने जल्दी से जीन्स, टॉप डाला और तैयार हो गई । थोड़ी देर में वह लोग अक्सा बीच पहुंच गए। मुम्बई का अपेक्षाकृत कम भीड़भाड़ वाला समुद्र तट। जहाँ गन्दगी का पहाड़ नहीं था, और सुकून से कुछ पल गुज़ारे जा सकते थे। दूर तक फैली निःसीम जलराशि, जो तूफ़ान के समय विकराल रूप ले लेती है, इस समय एकदम शांत थी। सूर्यास्त होने वाला था। क्षितिज पर नारंगी रंग घुलने लगा था। एक चट्टान पर शिखर के साथ बैठी, वह देर तक क्षितिज व लहरों की अठखेलियाँ देखती और मुग्ध होती रही। लहरें आकर उसके पाँव चूमती रहीं, उत्साह उसके चेहरे पर साफ नजर आ रहा था और शिखर उसे निर्निमेष, सम्मोहित से देखते रहे । फिर कुछ दूर से, मोबाइल में उसकी कितनी ही छवियाँ कैद कर लीं। उसका ध्यान गया तो अपनी स्वलीनता पर वह झेंप गई। उसने और तस्वीर लेने से मना किया ,तो उन्होंने मोबाइल रख दिया।
करीब आये तो उसने अपनी तस्वीर देखने की इच्छा व्यक्त की। वह कुछ हिचकिचाते से नज़र आये। उसने पुनः आग्रह किया तो उन्होंने गैलरी खोलकर मोबाइल उसे पकड़ा दिया। अभी की आठ दस तस्वीरें थीं। पानी में पैर डुबाए , उछाह के साथ पानी देखती हुई। कन्धे पर बिखरे, हवा से अठखेलियाँ करते केश, उड़कर चेहरे को चूमती हुई एक लट, बालों को उंगलियों से सँवारती हुई वह, डूबते हुए सूरज के साथ, और भी कितनी ही छवियाँ। तभी उसका ध्यान गया, कि पूरी गैलरी अधिकतर उसकी ही तस्वीरों से भरी हुई है। कहीं वह अपने विभिन्न रंगमंचीय अवतार में तो कहीं दुल्हन की वेशभूषा में। कहीं किसी पार्टी के अवसर पर तो कहीं स्विट्जरलैंड की विभिन्न झाँकियाँ। उसने तस्वीरें देखते हुए उनकी ओर देखा, तो वह दूसरी ओर देखने लगे। वह समझ गई कि इसी वजह से वह उसके हाथ में अपना मोबाइल देते हुए झिझके थे।
” इतनी सारी तस्वीरें ?”
” इनके सिवा और था ही क्या हमारे पास ?”
उनके गम्भीर स्वर ने उसे भावुक कर दिया , वह उनकी आँखों में देखती रह गई, और उसे मालूम ही न हुआ कि कब शिखर की उँगलियों ने उसकी उँगलियों को जकड़ लिया। उसने एक बार उनकी ओर देखा फिर पलकें बन्द करके भावात्मक आवेग को पलकों में ही रोक लिया। शिखर उसे देखते रहे
” समझ नहीं आ रहा , कि शौर्य कैसे किसी और पर ध्यान दे पाया। ” बहुत देर बाद उनका स्वर सुनाई दिया।
” प्लीज़ लीव दिस टॉपिक ।”
वह मौन रह गए, उन स्नेहिल क्षणों में इस बात का जिक्र करना ठीक नहीं था।
” चलें, अब यहाँ सिक्योरिटी बढ़ने लगी है, शाम के बाद समुद्र तट खतरनाक होने लगता है। “
” जी ” वह तुरंत उठ खड़ी हुई। वे सभी होटल की ओर वापस चल दिये। शिखर ने उसका हाथ थाम रखा था। गाड़ी में मौन छाया रहा। बात भी क्या करते, ड्राइवर के अलावा दो व्यक्ति और भी थे। कोई व्यक्तिगत बात कर नहीं सकते थे, कुछ और बात करने का मन नहीं था। होटल पहुँचकर थोड़ी देर बाद दोनों डिनर करने लगे। कुछ देर बातें होती रहीं, फिर वह अपने कमरे में जाने लगी तो शिखर ने बहुत मनुहार करके उसे अपने सुइट में ही रोक लिया। वक़्त तेजी से उड़ता जा रहा था। वह एक पल को भी उसे खुद से दूर नहीं होने देना चाहते थे। वह हर – एक लम्हें को जी लेना चाहते थे, अपने भीतर उतार लेना चाहते थे। अब वह उनसे दूर हो जाएगी, फिर न जाने ऐसे लम्हे मिले न मिलें। उनके वश में होता तो घड़ी की सुइयों को रोक देते। अलस्सुबह ही दिल्ली के लिए फ्लाइट थी। सारी रात एक दूसरे की बाहों में लिपटे हुए, आँखों में ही कट गई। अंततः निकलने का समय आ ही गया। एयरपोर्ट की ओर जाते हुए, फिर दिल्ली के रास्ते में वह बहुत विचलित लग रहे थे। यह अहसास, की अब उनका साथ छूटने ही वाला है, उन्हें बेचैन कर रहा था। थोड़ी देर रास्ते में सो लिये।

* * * * *

दिल्ली एयरपोर्ट से, कार में बैठकर वह लोग आगरा चल दिये। अब बस थोड़ी देर का साथ बाकी था। शिखर बहुत व्याकुल थे। पर कुछ कर नहीं सकते थे। उनके वश में होता तो उसे कभी जाने नहीं देते। वह खामोश थी, क्या कहे ? कहने का न माहौल था, न परिस्थिति, न कोई अधिकार। जीवन एक प्रश्नचिन्ह बनकर सामने था।
” उर्वशी, अब तक आपको सोचने समझने का पर्याप्त समय मिल गया है। क्या सोचा है आपने ?
” पता नहीं।”
” हम आपको परेशान नहीं देख सकते, आपके लिए कुछ करना चाहते हैं। “
” प्लीज़, फ़ॉर गॉड सेक …..”
” अच्छा एक बात कहें ?”
” जी “
” थोड़े दिन मम्मी, पापा के पास रह लो, फिर हम आपको एक घर खरीदकर दे देंगे, जहाँ भी आप चाहें। देश में, विदेश में। आप आराम से रहिये, सफिशिएंट अमाउंट आपके खाते में आ जाएगी। जब भी हमें फ़ुर्सत मिलेगी, तो कुछ दिन आपके पास आ जाया करेंगे। “
” नहीं, अव्वल तो आपसे मुझे कुछ चाहिए नहीं, दूसरे भाभी सा का हक़ छीनने का कोई इरादा भी नहीं है मेरा। “
” ऐश्वर्या का हक़ छिनने की बात कहाँ से आ गई। उनके ऐशो आराम या रुतबे में कोई फ़र्क कहाँ पड़ रहा है। “
” प्लीज़ बुरा मत मानियेगा, पर ऐसे रिश्तों को समाज में अच्छी निगाह से नहीं देखा जाता। अब जो हुआ सो हुआ, उसे सही गलत के नज़रिये से नहीं देख सकती मैं. क्रोध, कुंठा, कुछ कमजोर पल, पर अब मैं हमेशा एक सम्मानजनक जीवन जीना चाहती हूँ, बिना किसी पर डिपेंड हुए। “
” लेकिन उर्वशी, इसका अर्थ तो यह है कि आपको मलाल है उन लम्हों का, जो साथ गुज़रे। “

क्रमशः

WhatsApp Image 2026-06-16 at 13.30.59 — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment