पारुल अग्रवाल मित्तल का उपन्यास ‘कहानी एक रात की’ भाग -10

कहानी एक रात की
भाग 10
“माँ क्या करना चाहिए? इसको देखकर तो लगा रहा है सच ही बोल रही है, और इसके जख़्म वो भी असली है… क्या करें अब? सरिता ने सास से पूछा।
” मेरे जीवन का अनुभव कहता है ये लड़की सच बोल रही है, रात को दोनों भाई होंगे तब डिसाइड करते है क्या करना है आगे…. मांजी ने कहा।
रात को सभी ने खाना खाया। अनिमेष और उसका भाई केतन दोनों ने माँ की बात ध्यान से सुनी और मिली जुली सहमती से एक फैसला हुआ, विद्या को हाल में बुलाया गया।
” विद्या, अगले महीने भैया जी की शादी है, घर में खूब चहल पहल होंगी, तब तक तुम यही रहो, पीछे बगीचे में एक कमरा बना है, वहां तुम्हारे रुकने का इंतजार हो जाएगा। जरुरी सभी समान वहां है। कपडे मै दे दूंगी। तब तक सोच लिया जाएगा कि आगे क्या करना है….. सरिता नव बात पूरी करते हुए कहा।
” ठीक है जीजी….. मै पूरे घर का काम कर दिया करुँगी, बस आप बता दिया करना मुझे सब आता है… विद्या नव संकोच से कहा।
” नहीं विद्या, तुम यहाँ कामवाली बाई नहीं हो, हाँ थोड़ी मदद कर सकती हो जिससे तुम्हारा समय भी कट जाए। वरना खाली दिमाग़ तो शैतान का घर होता है.कहकर सरिता धीरे से मुस्कुराई।
विद्या ने धीरे धीरे उस घर के तौर तरीके सीख लिए। वो सारे काम सहजता से कर लेती। सरिता को बड़ा आराम हो गया विद्या के होने से। लेकिन वो जानती थी विद्या बहुत दिन इस घर में नहीं रह सकती। अनिमेष और विद्या की भी अच्छी दोस्ती हो गई थी। लेकिन विद्या अपनी हदे जानती थी। अनिमेष की शादी में घर में बहुत हलचल रही। सरिता सबसे कहती की विद्या उसकी चचेरी बहन है। विद्या पूरी शादी में भाग भागकर काम करती। शादी वाले दिन आसमानी साड़ी में जिसमे गुलाबी रंग का बॉर्डर था विद्या बहुत सुन्दर लग रही थी। विद्या को सरिता ने अपने आर्टिफिशल गहने पहनने को दिए थे। विद्या ने सबकुछ सलीके से पहन रखा था।अनिमेष के एक दोस्त जयंत को विद्या पसंद आ गई थी। भला लड़का था, सरकारी स्कूल में अध्यापक था। उसे विद्या के बारे में सब बता दिया गया। फिर भी वो तैयार था।विद्या से बात की तो उसने भी हाँ कर दी। वो जानती थी अनिमेष की शादी के बाद अब उसका यहाँ रहना उचित नहीं हालांकि अनिमेष की पत्नी विद्या के बारे में सब जानती थी।
अगले दिन सरिता की बहन के यहाँ से फ़ोन आया। सरिता चककर खाकर बेहोश हो गई। सरिता के पति ने ज़मीन पर गिरा फ़ोन उठाकर बात की।वो भी धम्म से सोफे पर बैठ गया। थोड़ा सम्भलकर उसने बताया कि सरिता की छोटी बहन ने एक बेटे को जन्म दिया है लेकिन ब्लडिंग अधिक होने से उसकी अस्पताल में ही मृत्यु हो गई….. बहुत ही दुखद घटना थी। सरिता आनन फानन में अपनी बहन के अन्तिम संस्कार में पहुंची।उसने विद्या को सब अगले दिन जब वो लौटी तब उसके साथ वही नवजात शिशु था। सरिता खुद को नहीं संभाल पा रही थी…. बच्चे का रोना उसे और बेचैन कर देता। इसी कारण बच्चे को विद्या संभालने लगी। हफ्ते भर में ही बच्चा विद्या से घुल मिल गया। विद्या की गोद में वो खुश रहता। विद्या उसका पूरा ध्यान रखती। इधर जयंत सगाई करना चाहता था।अनिमेष के विवाह को महीना होने आया था। सरिता के बहनोई अपने बच्चे को लेने आए, लेकिन बच्चा विद्या की गोद से उतरते ही रोने लगता। उसका रोना विद्या को बेचैन कर देता वो फिर से उसे गोद में ले लेती और चुप करा देती। विद्या ने गिरीश को बच्चे से सम्बन्धित सारी बातें बता दी….. मसलन वो कब जागता है, कब दूध पीता है…. उसके रोने की वजह क्या क्या होती है। कैसे वो सीने से लगकर सोता है। गिरीश की आँखे भर आई सब सुनकर। उसको लग रहा था अब पत्नी के बिना वो कैसे पालेगा इस नन्ही सी जान को। सरिता सब समझ रही थी। उसने अपनी सास से कुछ बातचीत करके विद्या से बात की।
” विद्या, क्या तुम जयंत से प्रेम?
” नहीं जीजी, जयंत जी अच्छे है, और मै कितने दिन यहाँ रह सकती हूं, एक दिन तो जाना ही है। बस इसीलिए हाँ कर दी…. विद्या ने ज़मीन की ओर देखते हुए कहा।
” विद्या, सुनो, देखो जो मै कहने जा रही हूं उसे ध्यान से सुनना, मेरी बात मानना तुम्हारी मज़बूरी नहीं है। सही लगे तो मानना।वरना मंना कर देना, मुझे बुरा नहीं लगेगा ना ही हमारे रिश्ते पर कोई असर पड़ेगा….. सरिता ने विद्या का हाथ पकड़कर कहा।
” भाभी ऐसा भी क्या कहना है आपको विद्या से, आप इतना परेशान क्यों है? अनिमेष की पत्नी सुगंधा ने कहा।
” विद्या, तुम बहुत समझदार हो, प्यारी हो, भावुक हो। तुम देख रही हो ना सुनिधि के जाने के बाद गिरीश की क्या हालत हो गई है। एक मकान को घर एक स्त्री ही बनाती है, छोटा बच्चा भी तुम्हे पहचानने लगा है। यदि तुम्हे उचित लगे तो तुम सच में मेरी बहन बनोगी? क्या तुम सच में उसकी माँ बनोगी?…. सरिता ने झिझकते हुए कहा।
” भाभी, लेकिन विद्या का रिश्ता जयंत से हो गया है… सुगंधा ने कहा।
” जानती हूं छोटी, लेकिन मै इस समय मुन्ना के बारे में सोच रही हूं, जो विद्या में अपनी माँ देख रहा है। कहो विद्या तुम क्या चाहती हो? यदि तुम्हारी ना हो तो मुझे बुरा नहीं लगेगा… सरिता ने कहा।
” जीजी, ये जीवन अनिमेष जी का बचाया है और आपने जीने का हौसला दिया है, लेकिन……
पारुल अग्रवाल मित्तल
Agarwalmittalparul@gmail.com
@highlight

WhatsApp Image 2026-05-29 at 19.02.32 — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment