33-
कभी कभी शिखर के फोन आ जाते थे। वह सदैव उसकी आवश्यकताओं को लेकर प्रश्न करते। वह चिंतित थे कि वह उनसे कुछ स्वीकार नहीं करती। भाई से भी उसे कुछ लेने में संकोच होने लगा था। हमेशा यही लगता कि अब उसका अधिकार समाप्त हो गया। हर कोई कह रहा था कि वह मूर्खता कर रही है, पर यह उसने अपने मान अपमान का प्रश्न बना लिया था। उसे शौर्य के शब्द अब भी ख़ंजर की तरह चुभ रहे थे। उन बातों को याद करके वह तिलमिला उठती । उसका जी चाहता कि अपने जीवन में से उस सारे समय को खरोंच कर मिटा दे, जो उसने शौर्य को दिया । काश कोई ऐसी दवा होती जो उसकी स्मृतियाँ ही मिटा देती। उधर शिखर के साथ उत्पन्न हुए, रिश्ते के नए समीकरण ने भी उसे उलझा दिया था।
* * * * *
उस समय तो शौर्य ने जो मुँह में आया कह दिया, पर गुस्सा शांत होते ही उसे अहसास हो गया था कि सिर्फ गलती ही नही बल्कि वह गुनाह कर बैठा है। उसके माफी माँगने पर उर्वशी ने कोई ध्यान नहीं दिया। बल्कि जब उसने बात करने की कोशिश की और बात नहीं हो पाई तो वह समझ गया कि क्रोध में उर्वशी ने उसे ब्लॉक कर दिया था। इसके बाद उसने बात करने का प्रयत्न छोड़ दिया। माँ और भाई को बात पता लगने पर, भाई ने कहा तो कुछ नहीं, पर अबोला रखकर अपनी नाराजगी दिखा दी थी। उसे उनकी नाराज़गी से बहुत डर लगता था, इससे बेहतर तो वह उसे डांट डपट लेते। हाँ माँ ने उसे सूखा नहीं छोड़ा और कसकर उसकी लानत मलामत की। उन्होंने कहा कि अपनी पत्नी का अपमान करके, उसकी आहें लेकर वह कभी सुखी नहीं रह पाएगा। उसने खानदान की प्रतिष्ठा को गहरी ठेस लगाई है। जब भी यह बात फैलेगी, की उसकी पत्नी उससे नाराज़ होकर, घर छोड़कर चली गई है, तो वह लोग किसी को मुँह दिखाने लायक नहीं रहेंगे।
जब उसे पता लगा कि उर्वशी अपने घर जा रही है तो वह तड़प उठा। जी चाहा कि उसे रोक ले, पर वह साहस नहीं जुटा पाया। इतनी बड़ी बात कहकर वह किस मुँह से उसके सामने जाए। उसके जाते समय वह चुपके से खिड़की के पीछे से देखता रहा। वह आशा कर रहा था कि शायद कोई उसे मनाकर, डपटकर, अधिकार जताकर रोक ले, पर कोई कुछ करता हुआ नजर नहीं आया। बस उस पर अपनी नाराजगी दिखाकर जैसे उनका कर्तव्य पूरा हो गया। कैसे लोग हैं ? कोई उसे कुछ कहता क्यों नहीं? किसी को तो अपना अधिकार दिखाकर उसे रोकना चाहिए था न।
उर्वशी के जाने के बाद वह एकदम उद्विग्न हो उठा, उसका वहाँ ज़रा भी मन नहीं लगा। लगा जैसे वह उसकी हर खुशी सोखकर चली गई । उसने उस क्षण को भी कोसा, जब ग्रेसी से उसकी मुलाकात हुई। उस समय वह कितनी अच्छी लगती थी। लगता था उससे बेहतर लड़की दुनिया में कोई नहीं। वह बहुत आकर्षक, स्मार्ट और सुंदर लगी थी शौर्य को। उसकी एक एक अदा पर वह मर मिटा था। इससे पहले उसने कभी लड़कियों पर इतना ध्यान नहीं दिया था। हमेशा हॉस्टल में रहकर पढ़ा, उच्च शिक्षा के लिए विदेश भी गया। उसके मित्रो में बहुत सी लड़कियाँ थीं, जिनके साथ उसके सम्बन्ध मित्रतापूर्ण थे। किसी के साथ वह कभी गम्भीर नहीं हुआ था। प्रारम्भ से ही उसके विचार थे, कि वह जिस लड़की के प्रति जुड़ाव महसूस करेगा, उसे ही अपना जीवनसाथी बनाएगा।
जब शौर्य ने ऑफिस जॉइन किया, तो ग्रेसी उसकी सेक्रेटरी थी। अपने कार्य में वह बहुत कुशल थी, परिश्रमी थी। हर काम को उसकी अपेक्षानुसार बिल्कुल सही ढंग से निबटा लेती थी। कुछ ही दिनों में वह उसकी कार्य कुशलता से बहुत प्रभावित हुआ था। कई महीने तक उसके साथ काम कर लेने के उपरांत, उन दोनों की आपस में बहुत बनने लगी थी। तब वह महसूस करने लगा कि पत्नी हो तो ग्रेसी जैसी। जो उसे इतनी अच्छी तरह समझती हो कि बिन कहे सब समझ जाए, कि वह क्या चाहता है। उसने ध्यान दिया कि ग्रेसी भी उसकी हर बात को बहुत मान देती थी। उसकी आँखों में शौर्य को अपने लिए बहुत प्रेम नज़र आया। ऐसी लड़की साथ हो, तो जीवन गुज़ारना कितना आसान हो जाए। ग्रेसी अक्सर उसके लिए उसकी पसन्द की कोई डिश बनाकर लाती और प्रेम से उसे खिलाती।
अन्ततः उनके मध्य प्रेम सम्बन्ध बन गए। एक बार जब किसी मीटिंग के सिलसिले में वह दोनों दूसरे शहर गए हुए थे, तो दोनो के मध्य अंतरंगता भी हो गई। भावनाओं का ज्वार उतरने के पश्चात, वह काफी शर्मिंदा भी हुआ। इसपर ग्रेसी ने यह कहकर उसके मन का बोझ उतार दिया , की जब प्यार बहुत ज्यादा होता है तो यह सब क्रियाएं बहुत स्वाभाविक हैं। शौर्य ने सोच लिया, कि वह उसके साथ ही विवाह करेगा। ऐसी समर्पित लड़की भला उसे कौन मिलेगी। सब कुछ अच्छा भला चल रहा था कि एक दिन शिखर ने पूरे परिवार को एक साथ डिनर करने के लिए कहा। डिनर के समय उन्होंने शौर्य के विवाह का प्रसंग छेड़ा। शौर्य बहुत खुश हुआ। वह अपने और ग्रेसी के विषय में सबको बताना चाहता था, पर तभी शिखर ने कहा कि उन्होंने एक बहुत सुंदर, सजातीय लड़की, छोटे भाई के लिए पसन्द कर ली है। उन्होंने बताया कि लड़की मध्यम वर्गीय है, पर इतनी सुंदर व गुणवान है, कि उसे देखकर हर कोई वाह कर उठेगा.
शौर्य ने तुरंत ग्रेसी के जिक्र के साथ कहा कि वह उसको पसन्द करता है और उससे ही विवाह करना चाहता है। पर माँ ने दूसरे सम्प्रदाय की लड़की को वधु के रूप में स्वीकार करने से साफ इंकार कर दिया। उन्होंने कहा कि यदि कोई हिन्दू लड़की होती, तो वह ऐतराज़ नहीं करतीं , पर दूसरे धर्म की लड़की को स्वीकार नहीं किया जा सकता। वह उनके घर की मान -मर्यादा, संस्कार व रीति रिवाज नहीं समझ पाएगी। शौर्य ने बड़ी आशा से अग्रज की ओर देखा, तो वह भी माँ के पक्ष में ही नज़र आये। उसने काफी विरोध किया, पर कोई भी उसके पक्ष में नहीं था। अंत मे उसने गृह त्यागने का निश्चय किया। जब उसका निर्णय ग्रेसी ने सुनाको बताया, तो वह इस निर्णय से सहमत न हुई। उसने शौर्य को समझाया, कि वह घर वालों की बात मान ले और जहां वे सभी कह रहे हैं, वहीं शादी कर ले। ग्रेसी तो उसको समर्पित है ही, वह उससे रिश्ता कभी नहीं तोड़ेगी। वह हैरान रह गया और मन मार कर उर्वशी से विवाह कर लिया।
क्रमशः