वहां कौन है? (भाग 23)
मायरा ने उनको ध्यान से देखने की कोशिश की मगर मत्स्य कुमार का चेहर अब भी अस्पष्ट थे पर छवि वैसी की वैसी ही थी।
” मै इसे पाना चाहती थी? क्या कह रहे हो तुम? और तुम लोग कौन हो, मुझे इस तरह यहां लाने का क्या मकसद है?”, मायरा हैरानी में एक के बाद एक सवाल करती चली गई।
मत्स्य कन्या इस बार उसके समीप आ गई। मायरा ने देखा अब भी उसकी आंखों में क्रोध था। मायरा ने धीरे से कहा,” तुम इस तरह क्यों देख रही हो? मै तो तुम्हें जानती भी नहीं।”
” सचमुच तुम नहीं जानती।”, मत्स्य कन्या ने ठंडे स्वर में कहा।” फिर तुम हमारी भाषा समझ और बोल कैसे पा रही हो, यह विचार किया?”
मायरा कुछ बोलने का रही थी लेकिन चुप हो गई
यह बात सही थी। वह कैसे उनके रूप में आ गई और किस प्रकार उनकी भाषा को बोल समझ रही थी। तभी उस मत्स्य कन्या ने उसके हाथ में पहने नीले कंगन की ओर इशारा किया,” तुम्हें तो यह भी याद नहीं होगा पर यह तुम्हें भुला नहीं। इसी कारण यह फिर से तुम्हारी कलाई में है।”
” तुम पहेलियाँ बुझाने की जगह मुझे साफ– साफ बताओ। क्या है यह सब?”, मायरा के चेहरे पर सब कुछ जान लेने की बैचेनी थी।
मत्स्य कन्या ने मत्स्य कुमार की ओर देखा। इनके बीच इशारो में कोई बात हुई फिर मत्स्य कुमार भी उनके पास आ गया।
“अवश्य, तुम्हें सब जानना भी चाहिए क्योंकि यह सब शुरू भी तुमने ही किया था तो अब खत्म भी तुमको ही करना होगा।”
” क्या बोल रहे हो?”, मायरा को अब खीझ आ गई थी। ” ऐसा है, ये गोलमोल बातें करने की जगह तुम मुझे सारी बात बताओगे तो ज्यादा अच्छा है वरना मै वापिस जा रही हूं।” मायरा लौटने के लिए उद्यत हुई।
” अच्छा, अगर तुम जा सकती हो तो प्रयास करके देख लो।”, मत्स्य कुमार नेअपने दोनों हाथ बाँधते हुए कहा। ” न तुम अपनी मर्जी से यहां आई हो और न ही यहां से जा सकती हो।”
मायरा ने उसे घुरा और पलट कर पीछे की बढ़ने लगी तभी उसके आगे का जल पारदर्शी दीवार बनकर उसके सामने आ गया। वह जिस दिशा में भी जाती वहां यही होता।
” व्यर्थ प्रयास मत करो। तुम अपनी इच्छा से नहीं का सकती।”, मत्स्य कुमारी ने उसके प्रयास निष्फल होते देख कर बोला। ” अगर सब जानना चाहती हो तो शांत होकर बैठो। अन्यथा यहीं कैद रहोगी… जब तक अधूरा कार्य पूरा करने का निर्णय स्वयं नहीं लेती।”
” क्या? यह तो जबरदस्ती हो गई।”, मायरा ने अपने हाथों से जल की दीवार को टटोलते हुए कहा।
” तुम जो चाहो, समझ लो।”, मत्स्य कुमार ने धुंधली सी मुस्कान दी।
” तुम्हारा चेहरा क्यों नहीं दिख रहा है?ऐसा लग रहा है जैसे टीवी में सिग्नल न आ रहे हो। सही करो इसे पहले..”,मायरा ने निर्देश देते हुए अंदाज़ में कहा।
” टीवी? …सिग्नल?…क्या है यह?”, अब चकित होने की बारी मत्स्य कुमार और कुमारी की थी।
मायरा उनके भाव देखकर मन ही मन प्रसन्न हो गई। ” छोड़ो वो तुम्हारी समझ नहीं आएगा। यह सब हमारी दुनिया की बातें हैं। तुम बताओ ,क्या कहना चाहते हो और प्लीज़ मुंह सही करो अपना।”
” अभी तुम मुझे देख सको, वह समय नहीं आया।प्रतीक्षा करो।”,मत्स्य कुमार ने उत्तर दिया।
” इस समुद्री अश्व के सिर पर स्थापित मणि को पहचाना तुमने?”,मत्स्य कुमारी ने प्रश्न किया।
” नहीं, क्या है यह?”
” यह नागमणि है। सर्पो के महाराज तक्षक की नागमणि जो सदियों से विरासत के रूप में हमारे लोक में है।”,मत्स्य कन्या ने बताया।
” नागमणि, कमाल है…यह सच में होती है क्या? मै इसे छू सकती हूं?”, मायरा को जिज्ञासा हुई।
” प्रयास भी मत करना अन्यथा जलकर भस्म हो जाओगी। यह अनेक शक्तियों से सुरक्षित है।”,मत्स्य कन्या ने हाथ के इशारे से चैतावनी देते हुए बोला।
” पर कुछ देर पहले ही तुमने बोला था कि मै इसे पाना चाहती थी! फिर अब क्यों नहीं छू सकती?”,मायरा ने चालाकी दिखाते हुए सवाल किया।
” क्योंकि तुम प्रदूषित हो, तुम केवल नागमणि नहीं चाहती थीं… उसके लिए तुमने पूरे मत्स्यलोक की सुरक्षा दाँव पर लगा दी थी।”, मत्स्य कन्या रोष में थी।
” यह क्या कहानी बना रहे हो तुम दोनों। ऐसा कुछ होता तो मुझे याद नहीं होता क्या?, मायरा ने पलटकर सवाल किया।
” क्योंकि इन यादों को मिटाया गया है और मिटाया भी उसने है जिसके लिए तुम इसे चुराना चाहती थीं।”, मत्स्य कुमार ने बोला तो बहुत शांति से था पर उसका क्रोध मायरा को साफ महसूस हो रहा था।
” तुम लोग कुछ भी कहोगे और मै मान जाऊंगी , वाह! मै बचपन से धरती पर रही हूं ,मेरे माता पिता के संग।”
” अच्छा तो बताओ कि बचपन की कोई तस्वीर है तुम पर?”, मत्स्य कन्या के प्रश्न ने मायरा को अजीब ही सोच में डाल दिया। वह कुछ कहने वाली थी पर उसके होंठ खुलकर फिर बंद हो गए।
उसके पास उसके बचपन के किस्से थे या यूं कहें कि वे यादें थी जिनमें से उसे कुछ याद नहीं था। यह सब उसके मम्मी–पापा ने उसे सुनाए थे लेकिन सच था कि उसकी बचपन की एक भी तस्वीर नहीं थी। जब उसने पूछा इस बारे में तो उसे बताया गया कि घर में आग लग जाने के कारण सब कुछ नष्ट हो गया था । मायरा छोटी थी। उस पर इस घटना का ऐसा असर पड़ा था कि वह अपनी याददाश्त खो बैठी थी। पर अब वह सोच में पड़ गई थी कि वास्तव में उसे सच पता भी था या नहीं!”
Megha