5
अभी घर से छुट्टी बिताकर लौटे दस-बारह दिन ही बीते थे कि तार मिला। दिवा ने लिखा था,
“जल्द आओ, विश्वास की बात है।”
‘विश्वास के बारे में? तार में इससे ज्यादा क्या लिखा जा सकता था। लेकिन तार करने की जरूरत क्योंकर?’
नीलिमा के मन में थोड़ा संशय भी उठा, उसने दबा दिया। छोटे से टेबल पर एकदम छोटे से खूबसूरत बुद्ध गौर से नीलिमा की व्यग्रता देखते रहे। वह बैग तैयार करने को उठी। एक भी कपड़ा प्रेस किया हुआ नहीं मिला।
“चलो पारुली, अब तेरे कपड़े ही। अभी तो लाइन भी नहीं है।”
वह बुदबुदाई और पारुल की लकड़ी की अलमारी खोलने से पूर्व मेज की बेतरतीब किताबों को उठाया और ठीक से जमा दिया। वक्त बहुत कम है। थोड़ा बहुत सब बिखरी चीजों को समेट कर जाना होगा। नहीं तो, हॉस्टल को पारुली सर पर उठा लेगी। पारुल के सुनहरे सैंडिल को भी उसने किनारे रख दिया, यही पहनना है।
बाथरूम के बाहर से उसने आवाज लगाई।
“आती हूँ भई, आती हूँ।”
भीगे बालों को समेटती पारुल निकल आई। ठीक से चेहरा भी नहीं पोंछ सकी थी। बाहर से नीलिमा ने हड़बड़ जो मचा रखी थी। उसे तार की बात बताकर वह तैयार होने चल दी।
“दो बजे गाड़ी है। एक बज चला। बस से ही निकल जाऊँगी।”
“कल चली जाना। सुबह की बस ठीक रहती।”
“नहीं! शाम तक पहुँच जाऊँगी। डर मत।”
“ठीक है। लौटेगी कब?”
“अभी कैसे कहूँ।”
अपने शहर का बस पड़ाव। अपना शहर। कैसे अपना। वह तो बहुत पहले से ही हॉस्टल और उस शहर को अपना घर समझने लगी थी, जहाँ पढ़ती थी। यहाँ तो उस लम्बे-चौड़े मकान में वह अतिथि हुआ करती है। वह मात्र पड़ाव था, नीलिमा का घर नहीं।
पहुँचते ही दिवा दौड़ती बाहर निकली। मम्मी कहीं नजर नहीं आई।
“मम्मी कहाँ है दिवा?”
“पूजा वाले कमरे में।”
लाल पाड़ की सिल्क साड़ी में लिपटी मम्मी का साज-सिंगार माँ शब्द से मेल खाता था, मम्मी से नहीं। पर सभ्य समाज में रहने के लिए शब्दों को आभिजात्य के रंग में रंगना पड़ा। अपने पॉश मुहल्ले में मम्मियाँ थीं, माएँ नहीं।
लाल साड़ी में लिपटी उस दिन की गठरी और आज की मम्मी में ज्यादा अंतर नहीं।
वहीं चवन्नी साइज की टिकुली, पान में रंगे होंठ, साइड से पिक की लाली संग, हाथ में भर-भर कर पहनी गई मोटी चूड़ियाँ, बिछिया, चौड़े पायल, तेल चुपड़े बाल, आँखों में मोटा काजल, सब तो वही।
“हुँह! मम्मी!”
पापा को भी क्या सूझी थी कि माँ को जबरन मम्मी कहलवाने लगें। पिताजी से वे भी पापा में कब तब्दील हुए थे, उसे याद भी नहीं।
थोड़ी देर में बेल के शरबत का गिलास थामे दिवा के कमरे में, नेवाड़ के पलंग पर निश्चिंत होकर बैठते ही उसने पूछा,
“दिवा! अब बता, तार क्यों…?”
दिवा निर्वाक, विस्फारित आँखें।
“अरे! मेरी आँखों में क्या खोज रही है?”
दिवा ने सर झुका लिया।
“कुछ नहीं दीदी!… Lकुछ भी तो नहीं।”
“क्या बात है, बोल न?”
नीलिमा की मुस्कराहट फूट पड़ी।
“विश्वास आया था? आया था न?”
“नहीं!”
“फिर? तुमने तो उसी के बारे में।”
“लिखा तो उन्हीं के बारे में। पर आने-जाने की बात से परे है यह बात।”
दिवा झिझक रही थी।
“पहेलियाँ ही बुझाती रहेगी?”
दिवा ने एक लिफाफा मेज की दराज से निकालकर उसकी ओर बढ़ा दिया।
“ओह।”
तरंग में अपनी मुस्कुराहट छिपाए बिना नीलिमा पढ़ने लगी,
“प्रिय बेटी नीली,
“अरे! यह किसका पत्र है। विश्वास का तो नहीं।”
पत्र उसके चाचा का था। लड़खड़ाती लिखावट! उन्होंने लिखा था,
पयारी बेटी नीली,
राम जी किरपा करें।
तुम्हारे साथ कभी विसवास आया था। कितना भोला लगता था, पर क्या सच में वह भोला था।
पिछली गर्मियों में तुम दोंनो यहाँ आम ले जाने के लिए आए थे। वह तो हमरी इज्जत ले गया। शांति छोटी है, अक्ल नहीं उसे। पर तेरा वह भोला साथी?… बेटी, यह कैसा अभिसाप लेकर आई थी तू? कैसे लेते आई थी?
दुबारा भेजा था उसे? अब जो कुछ है, तेरे हाथ ही है। शांति को बर्बादी से बचाने के लिए तू ही उसे समझा सकती है।
हम तेरा हक छीन रहे हैं पर बेटी की इज्जत की बात है। बेटी, तू उसे समझा। शांति को बदनामी से बचा ले। कम में ज्यादा समझना बेटी और…।
तेरा अभागा चाचा
पत्र की लाइनें नहीं थी, आँखों में घुसती हुई सलाखें थीं। वह समझ नहीं पाई, पत्र देखती रहे या, खुद को सँभाले। दिवा की आँखों में झाँके या दर्पण के सम्मुख खड़ी हो अपनी हास्यास्पद स्थिति पर हँसे। रोए।
“कैसा अभिसाप लाई थी, बेटी?” कमरा गूंज रहा है, उसे लगा।
तेरा अभागा चाचा
कमरा मानो करुणा विगलित था।
“हमरी इज्जत ले गया।”
कितना कष्ट!
“नहीं!…नहीं!!”
वह चीखना चाहती है।
“चीखो दिवा!..चीखो तुम भी।”
“यह कैसा अभिसाप?”
“हाँ, यह अभिशाप मैं नीली ही ले गई थी।”
सारी धरती घूमने लगी।
“विश्वास मेरा कहा नहीं टालेगा। वह दिवा के बारे में समझाएगी, तो जरूर मान जाएगा।”
गुलमोहर तले पारुल से कहा था उसने। पारुल का जवाब था,
“देख लूँगी, तेरा विश्वास दिवा को अपना ही लेगा। तेरे सिवा वह किसी की ओर नजर भी फेरता है।”
‘अविश्वसनीय! ओह! सब कुछ कितना…। ठीक है, मैं जाऊँगी। शांति की खातिर जाऊँगी।’