भलोल
भाग -33
हवलदार मेजर आए तो मैं उनके साथ हो लिया। कैप्टन श्रीनिवास साहब के आदेशानुसार मुझे एल.आर.सी. दे दी गई। मैं अपनी बैरक में आया। मैंने अपनी यूनिफार्म ठीक की और वर्कशॉप की गाड़ी का इंतजार करने लगा। गाड़ी आई, उसके साथ एक हेल्पर भी आया। उसने मेरा सामान गाड़ी में रखवाया और मुझे फ्रंट सीट पर बैठने के लिए कहा।
वर्कशॉप आई तो मुझे ड्राइवर ने कहा, “सर, आप सीधे लै. दीपक साहब के पास जाएँ। सामान उनके कमरे में पहुँच जाएगा।”
मैं कुछ नहीं बोला था। मैं दीपक साहब के ऑफिस की ओर बढ़ा। “मे आई कम इन, सर?”
उनके ‘यस’ कहने पर अंदर गया और स्मार्ट सैल्यूट किया। चाहे वे मेरे भाई थे और मैं एक जवान था। पहले हम सैनिक थे, सैल्यूट करना बनता था। वे बहुत खुश हुए। वे उठे और उन्होंने मुझे गले लगाकर प्यार किया। अपने सामने कुर्सी पर बैठाया। मुझे गौर से देखा, “निन्दी, तुम्हारी सेहत तो बहुत सोहनी हो गई है लेकिन तुम्हारे पास गर्म कपड़ों की कमी है।”
“हाँ, सर। छुट्टी में सारा ‘स्नो क्लोदिंग’ जमा हो जाता है सिर्फ एक्स्ट्रा क्लोदिंग ले जाया जा सकता था। इसलिए मुझे कैप-बलकलावा, कोट-पारका और स्लीपिंग बैग की सख्त जरूर है। कंबलों में सर्दी जाती ही नहीं है।”
“जानता हूँ।”
उन्होंने इंटरकॉम उठाया और क्वार्टर-मास्टर से बात की। आगे से उत्तर आया, “सर, अपने भाई को भेज दें। अगर तीनों आइटमें वापिस नहीं आएँगी तो हम उसकी यूनिट को इश्यू वाउचर कर देंगे।” दीपक साहब ने इंटरकॉम रख दिया।
“वह सामने क्वार्टर-मास्टर का कमरा है। वहाँ सूबेदार रवि हैं। उन्हें बताएँ। आपको आइटमें मिल जाएँगी। मेरा हेल्पर आइटमें मेरे कमरे में पहुँचा देगा। वहाँ पलंग लगा दिया गया है। बिस्तर लगाकर आराम करो। एल.आर.सी. मुझे दे दो। मैं हवलदारमेजर को दे दूंगा। तुम्हारी बेड टी, ब्रेकफास्ट, लंच, डिनर कमरे में ही पहुँच जाया करेगा।”
मैंने ‘थैंक्स, सर।’ कहा।
“ओए, निन्दी। किसी फॉरमेलिटी में न पड़। शानिवार तक तुम यहाँ हो। भाई बनकर रहो। हाँ, दिन में तुम यहाँ के स्टोर में बैठ सकते हो। 10 बजे चाय मेरे साथ यहाँ पिया करोगे।”
मैं फिर थैंक्स कहने लगा तो उन्होंने मुझे रोक दिया।। मैंने क्वार्टर-मास्टर से तीनों आइटमें ली। ‘इश्यू वाउचर’ पर साइन किए और हेल्पर के साथ दीपक साहब के कमरे में आ गया।
उनके हेल्पर ने मेरा बिस्तर लगा दिया। मैंने स्लीपिंग बैग लिया और सोने लगा। हेल्पर ने कहा, “अभी थोडा रुकें। मैं आपके लिए चाय लेकर आ रहा फिर आप आराम से लंच तक सोते रहें। मैं रुक गया। चाय और पकौडे आए। में खाकर सो गया।
लंच के समय दीपक साहब ने जगाया। उनका लंच अफसर मेस से आया था। उन्होने कहा, “तुम मेरे मेस का लंच करो, मैं तुम्हारे मेस का लंच करता हूँ।”
“सर, हम दोनों मेसों का लंच मिला कर करते हैं।”
“कोई सर-वर नहीं, तुम मुझे बचपन से क्या कहते आए हो, वही कहो। निन्दी, मैं अफसर हूँ औरों के लिए, तुम्हारे लिए मैं तुम्हारा भाई हूँ। तुम मुझे ‘भाजी’ कहते थे न। तुम वही कहो।” लंच करके वे चले गए।
मैं उनके इस स्नेह से आत्मविभोर हो गया था। वे क्लास वन गजेटिड अफसर थे। मैं उनके सामने कुछ भी नहीं था। वे बचपन से मुझे बहुत प्यार करते रहे हैं। वे मुझसे 4 साल बड़े थे। छोटे होते हुए जब सभी ‘भलोल’ या ‘दोमुँही’ कहकर चिढ़ाते थे, दीपक भाजी सदा मेरे पक्ष में रहते थे। वे कहा करते थे, “न तुम ‘भलोल’ हो और न तुम ‘दोमुँही’ हो। तुम्हारे नाक का बहना भी थोड़ी देर का है। जैसे-जैसे बड़े होगे, ठीक होता जाएगा।”
दीपक साहब की मम्मी जी को टी.बी. थी। बाद में इसी बीमारी से उनकी मौत भी हो गई थी। तब मैं 7वीं में पढ़ता था। मामी जी को घर का खाना बहुत पसंद था। तब वे अमृतसर के टी.बी. अस्पताल में दाखिल थीं। मम्मी मुझे उनके लिए खाना देकर अस्पताल भेजा करती थी। मामी जी खाना लेकर तुरंत मुझे भगा देती कि कहीं यह जानलेवा बीमारी मुझे न हो जाए।
मैं मामी जी को कहता, “कुछ नहीं होता मुझे। आप बताएँ कि कल मैं आपके लिए खाने में क्या लाऊँ?”
मामी जी मुझे ढेरों आशीर्वाद देते। कहते, “अपनी मम्मी को कहना मेरा कढ़ी खाने को बहुत मन करता है।”
मम्मी कढ़ी बना कर देती और दूसरे रोज मैं उनके पास कढ़ी लेकर पहुँच जाता था। गरमी हो या सरदी हो, मेरी यह सेवा चलती रही थी। मरने से पहले मामी जी ने दीपक साहब को सब बताया था। वे मुझे पहले से भी ज्यादा स्नेह करने लगे थे। वह स्नेह आज भी दिखता है।
मैं उनके पास शनिवार सुबह तक रहा। शुक्रवार शाम को मैसेज आ गया था कि सुबह गाड़ियाँ दुरबक जाएँगी। मुझे सुबह 6 बजे ट्रांजिट कैंप में रिपोर्ट करनी थी। शाम को ही सुबह मुझे कैंप में छोड़ने के लिए गाड़ी डिटेल कर दी गई थी। सुबह मुझे ब्रेकफास्ट और लंच पैक करके दे दिया था। मैंने दीपक साहब को सैल्यूट किया।। उन्होंने मुझे गले लगा कर प्यार किया। कहा, “दुरबुक में मैं तुम्हारे ओ.सी. से बात कर लूँगा।”
गाड़ी मुझे ट्रांजिट कैंप छोड़कर चली गई। मुझे फ्रंट सीट पर बैठने की जगह दी गई।
दुरबुक के लिए गाड़ियाँ चलीं तो मौसम बिल्कुल साफ था। जैसे-जैसे हम चढ़ाई चढ़ते गए मौसम खराब होता गया। एक जगह गाड़ियों को रोक कर टायरों पर ‘एंटी-स्किड’ चेन चढ़ा ली गई, जिससे सड़क पर जमी बर्फ के कारण गाड़ियाँ फिसलकर हजारों फीट नीचे खाइयों में न चली जाएँ। जमी हुई बर्फ ताजी पड़ी बर्फ से कहीं ज्यादा खतरनाक होती है।
आदेश ऐसे थे कि अगर ड्राइवर गाड़ी को किसी भी तरह फिसलन से रोक न पाए तो वह खाई में गिरने की बजाय पहाड़ के साथ टक्कर मार कर रोक दे। गाड़ी का नुकसान तो होगा लेकिन जान-माल का नुकसान नहीं होगा। दुनिया की सबसे ऊंची सड़क ‘चांगला टॉप’ क्रॉस करने के बीच कई बार मौत को सामने देखा लेकिन हम आगे बढ़ते रहे। ड्राइवर इन खतरनाक रास्तों के अभ्यस्त थे। वे बिना डरे गाड़ी चलाते रहते।
‘चांगला टॉप’ क्रॉस करने के बाद गाड़ियाँ लंच के लिए रुकीं। मौसम बहुत खराब हो गया था। ठंडी हवाएँ चलने लगीं थी। सारे गर्म कपड़े और कोट-पारका पहनने पर भी सर्दी लग रही थी। कहा गया, “जल्दी से लंच कर लें, हमें यहाँ से तुरंत निकलना होगा।”
मैंने गाड़ी में ही लंच कर लिया। सब खाना एक तरह से जम गया था। जैसे-तैसे खा लिया। गाड़ी के पीछे मेरी यूनिट का ही सामान था। एक जवान उसकी सुरक्षा के लिए सामान के साथ बैठा था। मैंने ड्राइवर से कहा, “सर्दी बहुत है। पीछे बैठे जवान को मैं अपने साथ बैठा लेता हूँ। वह कहीं बीमार न हो जाये।
क्रमशः
राघवेंद्र सैनी