वहां कौन है? ( भाग 24)
” क्या हुआ? कुछ याद नहीं आया तुम्हें? कोई तस्वीर है तुम्हारी? चलो छोड़ो, कोई खिलौना ? बचपन से जुड़ी कोई निशानी?”, मत्स्य कन्या ने चुनौती सी देते हुए बोला और फिर मुस्कुरा दी जैसे वह जानती हो कि बाजी उसके हाथ में है। देखा जाय तो यह सच भी था क्योंकि मायरा सोच में पड़ गई थी।
” आज से 18 साल पहले की ही कोई निशानी हो तो वही बता दो तुम !”, मत्स्य कुमार ने उसके नजदीक आकर बोला।
मायरा चुप रही फिर धीरे से बोली, ” मै कैसे मान लूं कि तुम लोग जो कह रहे हो वह सच है?”
” तुम्हारा यहां इस जल में , इस रूप में में होना ही सबसे बड़ा प्रमाण है।” मत्स्य कुमार ने कहा।” यह कंगन ऐसे ही तुम्हारी कलाई में नहीं आया नीलवलया !”
” नीलवलया!”, मायरा ने दोहराया और उसे लगा जैसे यह नाम दूर कहीं जल की तरंगो को चीरता हुआ उस तक आ रहा है। उसने फिर से इस नाम को दोहराया, ” नील वलया! ..नीलवलया !!”
उस फिर वही अनुभव हुआ जैसे कई अलग– अलग स्वर इस नाम को पुकार रहे हों। उसने पलट कर अपने चारों ओर देखा मगर कहीं भी कोई नहीं था।
” ऐसे क्या सोच रही हो! तुम्हारा ही नाम है यह।”, मत्स्य कुमार ने होंठ तिरछे कर लिए। अस्पष्ट आकृति के बाद भी मायरा उसके हाव भाव देख सकती थी।
अचानक मत्स्य कन्या ने उसके हाथ की त्वचा अपने लंबे नाखून से काट दी। हल्के दर्द के अहसास से मायरा चिहुंक उठी कि तुरंत ही हैरान होकर हाथ से निकले खून को देखने लगी। उसका खून लाल न होकर चमकते हुए गहरे नीले रंग का था।
” नहीं, मै तुम लोगों की चाल में नहीं आऊंगी। तुम लोगों ने मुझे हिप्नोटाइज किया है… सम्मोहित किया है इसी कारण लाल रंग मुझे नीला दिख रहा है।पहले के हो यह नीला क्यों नहीं दिखा वरना?”,मायरा ने घबराते हुए कहा जैसे कहीं वे लोग उसका उत्तर न दे दें।
“इंसानो के बीच में इंसानों की तरह ही रहोगी न। बताया तो तुम्हारे साथ यह सब बदलाव किए गए हैं। सच्चाई यही है कि तुम मत्स्य कन्या नीलवलया हो ,इस जललोक की छोटी राजकुमारी।”, मत्स्य कन्या ने भेद की पहली कड़ी खोली और एक दीवार की ओर इशारा किया।
मोतियों और रत्नों की झालरें उस दिशा की दीवार से हट गईं।वहां एक बड़ा आईना लगा था। मत्स्य कन्या ने उस आईने के सामने जाकर हाथ हिलाये। तुरंत ही वहां एक के बाद एक कई छवियाँ दिखने लगीं।
मायरा हैरानी से उनको देख रही थी। कहीं वह राजा रानी के साथ बैठी थी तो कहीं अपनी उम्र से कुछ ही वर्ष बड़ी एक लड़की के संग खेल रही थी। उसका निचला हिस्सा मछली का था।
“उफ्फ, यह तो मै हूं। … ए आई से बनाई है क्या यह तस्वीर? देखो,बहुत हो गया। मुझे मेरे साथियों के पास छोड़कर आओ।,”, मायरा तिलमिला गई जब उसने देखा कि उसकी बात का उन पर कोई असर नहीं हो रहा।
” यह तुम ही हो नीलवलया और ये हमारे माया पिता हैं, यह देखो, तुम मेरे साथ खेल रही हो।” मत्स्य कन्या ने तस्वीरों में दिखाया।
” जानती हो तुम्हारा नाम नीलवलया क्यों पड़ा?”, मत्स्यकन्या की आंखों में दुलार उतर आया।” अपनी कमर देखो।”
मायरा ने अपनी कमर देखी। वहां उसे नीले छल्ले दिखे जो वह शुरू से देखती आ रही किंतु इनका सत्य उसे आज ही ज्ञात हुआ था।
उसकी मुख मुद्रा देखने के बाद मत्स्य कुमार और कुमारी समझ गए कि वह अब उनके तथ्य अस्वीकार नहीं कर पा रही।
मायरा देर तक उन छवियों को देखती रही। उसके भीतर जैसे दो दुनियाएँ आपस में टकरा रही थीं। एक ओर वह मायरा थी, जिसने धरती पर अपना पूरा जीवन जिया था, और दूसरी ओर यह नीलवलया… जिसके बारे में ये दोनों इतने विश्वास से बातें कर रहे थे।
उसने गहरी साँस ली।
“अगर… अगर मैं सचमुच नीलवलया हूँ… तो तुम दोनों कौन हो? क्या नाम हैं तुम्हारें?”
मत्स्य कन्या के चेहरे पर पहली बार क्रोध की जगह हल्की मुस्कान आई।
“अच्छा है… कम-से-कम तुमने पहली बार यह नहीं कहा कि हम झूठ बोल रहे हैं।” उसने अपना दाहिना हाथ अपने हृदय पर रखा।
मत्स्य कन्या की आँखों में इस बार कठोरता कुछ कम हो गई, “इतनी देर बाद तुम्हें यह पूछने की सूझी?”
“जब तक नाम नहीं जानूँगी, बार-बार ‘तुम’ कहकर ही बुलाऊँगी।”, पहली बार उसके चेहरे पर हल्की मुस्कान उभरी।
“मैं नीलांबरी हूँ।”
“नीलांबरी…” मायरा ने नाम दोहराया। न जाने क्यों यह नाम सुनते ही उसके भीतर एक हल्की-सी कंपन दौड़ गई।
मत्स्य कुमार आगे बढ़ा।
“और मैं आर्यकेतु।”
मायरा ने दोनों को देखा, “अब तो बताओ… तुम लोग मेरे कौन लगते हो?”
नीलांबरी कुछ क्षण मौन रही। उसके बाद उसने धीरे से कहा,
“मैं तुम्हारी बड़ी बहन हूँ, नीलवलया।”
मायरा जैसे पत्थर की हो गई, “क्या…?”
“हाँ। तुम मेरी छोटी बहन हो।”
“नहीं…” मायरा ने सिर हिलाया, “यह असंभव है। मेरे माता-पिता…”
“धरती वाले माता-पिता ने तुम्हें पाला है, इसमें कोई संदेह नहीं।” नीलांबरी ने शांत स्वर में कहा, “उन्होंने तुम्हें प्रेम भी बहुत दिया। लेकिन जन्म…”,उसकी आवाज भर्रा गई,”…जन्म तुमने मत्स्यलोक में लिया था।”
मायरा के लिए यह स्वीकार करना असंभव था।
नीलांबरी ने हाथ उठाया। सामने दीवार पर फिर एक दृश्य उभर आया।
दो छोटी मत्स्य कन्याएँ मूंगे के बगीचे में एक-दूसरे का पीछा कर रही थीं। बड़ी वाली बार-बार छोटी को पकड़कर अपनी पीठ के पीछे कर देती, क्योंकि कुछ विशाल समुद्री जीव उनके पास से निकल रहे थे।
“डर मत, मैं हूँ न।”,बड़ी बच्ची ने कहा।
छोटी खिलखिलाकर हँस पड़ी। दृश्य बदल गया।
दोनों बहनें मोतियों की मालाएँ बना रही थीं। छोटी वाली बार-बार मोती गिरा देती और बड़ी झुँझलाकर उन्हें फिर पिरोती।
“तुमसे कुछ नहीं होगा।”
“तो तुम ही बना दो।”
“हर बार मैं ही क्यों?”, फिर दोनों हँसने लगतीं।
दृश्य फिर बदला। एक दिन छोटी नीलवलया रो रही थी। उसकी पूँछ पर हल्की-सी चोट लगी थी। नीलांबरी उसके घाव पर कोई समुद्री औषधि लगा रही थी और उसे चुप करा रही थी।
मायरा की आँखें उन दृश्यों से हट नहीं रही थीं। उसके भीतर कुछ टूट रहा था… या शायद कुछ जुड़ रहा था।
“ये… ये सब…”, उसकी आवाज काँप गई।, “क्या सचमुच…?”
नीलांबरी ने उसके सिर पर हाथ फेरना चाहा, लेकिन फिर अपना हाथ रोक लिया, “काश तुम मुझे पहचान पाती।” उसकी आँखें भर आईं।
आर्यकेतु अब तक शांत खड़ा था।, “स्मृतियाँ लौट सकती हैं,” उसने कहा, “लेकिन उन्हें बलपूर्वक नहीं जगाया जा सकता।”
उसने समुद्री अश्व की प्रतिमा की ओर देखा, “एक ही उपाय है।”
मायरा ने भी उधर देखा, “नागमणि?”
“हाँ।”
“लेकिन तुमने तो कहा था कि उसे छूते ही मैं भस्म हो जाऊँगी।”
“अभी भी यही होगा… यदि तुम स्वयं उसे छुओगी।”
आर्यकेतु ने दोनों हथेलियाँ आगे बढ़ाईं। उसके चारों ओर हल्का नीला प्रकाश फैलने लगा।
“पर यदि मैं उसकी शक्ति को नियंत्रित करूँ… और नीलांबरी तुम्हारे प्राणों की रक्षा करे… तब नागमणि तुम्हें जलाएगी नहीं।”
“वह केवल तुम्हारी स्मृतियों के द्वार पर पहली दस्तक देगी।”
मायरा ने घबराकर नीलांबरी की ओर देखा,”और… अगर कुछ गलत हो गया तो?”
नीलांबरी ने पहली बार बहन की तरह मुस्कुराकर कहा, “जब तक मैं हूँ, तुम्हें कुछ नहीं होने दूँगी।”
उस एक वाक्य में ऐसा अपनापन था कि मायरा का मन अनायास पिघल गया।वह धीरे-धीरे नागमणि के सामने जाकर खड़ी हो गई।उसका हाथ काँप रहा था।
आर्यकेतु ने समुद्र अश्व के माथे पर रखी नागमणि पर अपनी हथेली रखी। उसका मुलायम सफेद प्रकाश कुछ पल के लिए थम सा गया पर उसके बाद दोगुना प्रकाशित होने लगा। मायरा ने देखा कि समुद्री अश्व की आँखें नील आभायुक्त हो गई थीं।
नीलांबरी ने मायरा का हाथ थाम लिया, “डरो मत…सिर्फ़ अपनी उँगलियों से आर्यकेतु के हाथ का स्पर्श करना…बाकी काम यह स्वयं करेगी।”
मायरा ने गहरी साँस ली और नीलांबरी की ओर देखा। नीलांबरी का चेहरा कठोर हो गया था और अब उसकी दृष्टि पूरी तरह नागमणि और आर्यकेतु की हथेली पर थी। इसके दोनों हाथों की उंगलियाँ किसी विशेष मुद्रा को निर्मित करते हेतु तत्पर दिख रही थीं।
केवल बड़ी बहन शब्द ने ही मायरा के मन में विश्वास भर दिया था। वह साहसी तो थी किंतु इस समय वह जिन परिस्थितियों में थी ,वहां अच्छे अच्छों का साहस हिल जाता। मायरा ने काँपती हुई अपनी सीधे हाथ की उंगलियों से आर्यकेतु के हाथ को स्पर्श किया। तुरंत ही नागमणि का सफेद प्रकाश उसके पूरे शरीर के चारों ओर आलोकित हो गया।
Megha
( काश आप लोगों को भी नागमणि का यह प्रकाश घेर ले और तब तक न छोड़े जब तक आप पढ़ने के बाद कमेंट नहीं करो, वो भी प्यारे प्यारे।)