राघवेंद्र सैनी का उपन्यास ‘भलोल ‘ भाग -34

भलोल

भाग -34

“

“हाँ सर, यही ठीक है।”

“उसे बोले कि वह आगे आ जाए।”

वह मेरे साथ आकर बैठा तो सर्दी से कांप रहा था। टांगों में सर्दी न लगे, मैंने लेह से ही अपने लिए कंबल निकाल कर सीट पर रख लिया था। मैंने उसे कंबल दे दिया। गाड़ी के इंजन की गर्मी और किसी तरह की हवा अंदर न आने से उसकी सर्दी थोड़ी कम हुई थी।

मैंने सर्दी से ध्यान हटाने के लिए बातचीत शुरू की। आर्मी सप्लाई कोर का जवान था। पूछा, “क्या नाम है, आपका?”

“सर, सिपाही रामकुमार।”

“कहाँ के रहने वाले हो?”

“राजस्थान के झुनझुनू जिले से।”

“क्या ट्रेड है?”

“सर, जी.डी. में भरती हुआ हूँ।”

“आगे नहीं पढ़ पाए?”

“कहाँ सर, गरीबी इतनी है कि दाल-रोटी के लाले हैं। मुझे यहाँ दाल-रोटी मिल रही है। मुझे चिंता है कि मेरे माँ-बाप को दाल रोटी भी मिलती है या नहीं? ट्रेनिंग में मुझे जो पैसे मिले थे, मैं उन्हें दे आया था। अब वेतन मिलेगा तो उन्हें भेजूंगा,” और वह दूर कहीं खो गया था।

मैंने कहा, “सबका यही हाल है। चारों तरफ गरीबी पसरी पड़ी है।”

“हाँ, सर।” ड्राइवर ने कहा।

“मैं, सर, 18वें साल में आते ही भर्ती हो गया था। पेट-भर खाना मिला तो सेहत भी अच्छी हो गई थी। पीस में पोस्टिंग मिलेगी तो क्वार्टर लेकर माँ-बाप को साथ रखूँगा।” सिपाही रामकुमार ने आगे कहा।

“तेरी शादी हो गई?”

“हाँ, सर, शादी तो बचपन में ही हो गई थी। अब गौना करना है।”

“अच्छा है।”

मैं भी दूर कहीं खो गया था। मेरे घर में तो सब लूटने वाले थे। शादी-ब्याह का तो कुछ पता नहीं था। शाम को 6 बजे मैं अपनी यूनिट में पहुँचा था। मैंने उसी टेंट में अपना बिस्तर लगाया, जिसमें छुट्टी जाने से पहले था। मैंने हवलदारमेजर को अपना लीव-सर्टिफिकेट दिया। उन्होंने कहा, “चलो, अपनी क्वार्टर-मास्टर की ड्यूटी संभालो। शिव के साथ जवानों को रम बाँटो।” मैं मेस में रम बांटने आया तो शिव बोतलें लेकर बैठा हुआ था। उसने उठकर मेरा स्वागत किया और हाथ मिलाया, “आइए, सर, आपका इंतजार हो रहा था।”

मैं उसके पास बैठ गया। अभी जवान रम के लिए नहीं आ रहे थे। मैंने उससे पूछा, “शिव, मक्खन का डिब्बा होगा?”

“हाँ सर, मिल जाएगा। मैं रम की खाली बोतलें रखने जाऊँगा तो डिब्बा ले आऊँगा। खाना तो आप टेंट में खाएँगे?”

“हाँ, बुखरी में गर्म हो जाएगा। यहाँ मेस में तो ठंडा खाना खाया ही नहीं जाएगा।”

“मैं आपको डिब्बा खोलकर टेंट में दे जाऊँगा।”

रम बाँटते हमें 9 बज गए थे। खाना मैं टेंट ले आया था। बाँटने वालों को रम के एक की बजाय दो पेग मिल जाते हैं। बाँटने में रम बच जाती है। मैंने पानी डालकर रम पीना शुरू किया। इतनी भयंकर सर्दी में रम ही रामबाण थी। जैसे-जैसे रम गटकता गया, शरीर में गर्मी आती गई। शिव मक्खन दे गया था। बुखारी पर दाल उबलने लगी थी। मैंने उसमें दो चम्मच मक्खन डाला, गर्म-गर्म रोटी के साथ खाई तो खाने का मजा आ गया था। पता नहीं, मैं कितनी रोटियाँ खा गया था। रात को मैं चावल नहीं खाता था।

दूसरे रोज मैं क्वार्टर-मास्टर स्टोर में चला गया। मैंने बाऊजी को लेटर लिख दिया कि मैं ठीक-ठाक यूनिट में पहुँच गया हूँ। दो दिन बाद मेरे ओ. सी. साहब ने मुझे बुलाया। मैं उन्हें सैल्यूट करके आदेश का इंतजार करने लगा। पूछा, “आपने कभी बताया नहीं कि आपके भाई भी औरडनेंस में अफसर हैं।”

मैं समझ गया था, लै. दीपक साहब ने सर से बात कर ली है।

“सर, कभी मौका नहीं मिला बताने का। मैं दो दिन पहले ही लंबी छुट्टी काट कर आया हूँ।”

“हूँ, आपने घर में चिट्ठी लिखी?”

“हाँ सर दूसरे रोज ही लिख दी थी।”

“मेरे सामने एक और चिट्ठी लिखो।”
“क्यों सर, कोई खास बात, सर?”

“जिस रोज आप चण्डीगढ़ से फ्लाई हुए थे, आपके बाद एक रैजिमेंट के जवानों को लेकर उड़ा ए.एन. 12 लद्दाख की पहाड़ियों में क्रैश हो गया था। उसमें 29 जवान और प्लेन का पूरा क्रू शहीद हो गया था। आपके पिता जी को चिंता हो रही थी कि आप उस प्लेन में तो नहीं थे? उन्होंने मुझे लेटर लिखा था कि मैं आपके बारे में बताऊँ। उनकी चिंता वाजिब है। मैं उन्हें तार देकर सूचित कर रहा हूँ कि आप यूनिट में ठीक पहुँच गए हैं। “

“सर, शहीदों के लिए अफसोस है।”

मैंने चिट्ठी लिख दी। उन्होंने पढ़ी और सेंसर वाली जगह पर साइन करके हेडक्लर्क साहब को पोस्ट करने के लिए दे दी। मुझे कहा, “आप अच्छी इंग्लिश लिखते हैं।”

“थैंक्स, सर। मैं अपनी ग्रैजुएशन पूरी कर रहा हूँ। अगले साल बी.ए. (पार्ट टू) की परीक्षा है।”

“गुड, कोरसपोडेंस से?”

“हाँ, सर।”

“आप स्टोर में भी बैठ कर पढ़ सकते हैं।”

“थैंक्स, सर।”

मैंने सैल्यूट किया और अपने स्टोर में आ गया। कोई 6 महीने बाद बाऊजी का लेटर आया था, “विकेश ने फूड सप्लाई विभाग की नौकरी भी छोड़ दी है। कहता है, खाऊ-पीऊ और बेईमानों का महकमा है।’ तुम ठीक कहते थे, पता नहीं वह वहाँ कब-तक टिकेगा, टिकेगा भी या नहीं?”

मैंने बाऊजी को लिखा था, “बाऊजी, आप इस पर धेले का विश्वास नहीं कर सकते हैं। खुद बेईमान और धोखेबाज आदमी पूरे महकमे को बेईमान कह रहा है।”

“मैंने भी उसे कहा था- पूरी नगरपालिका बेईमान थी लेकिन मैंने बेईमानी नहीं की। वह चुप रहा था।”

“बाऊजी, तीनों बड़ों ने परिवार का सत्यानाश कर के रख दिया है।”

“तुम ठीक कहते हो। अगर ये तीनों ठीक होते, मेरी कुछ मदद करते तो तुम्हें इस तरह फौज में न जाना पड़ता। मैं तुम्हें रेगुलर कालेज में पढ़ाता। छोटे दोनों भी पढ़ जाते लेकिन मैं कुछ नहीं कर सका था।”

“बाऊजी, आप दुखी न हों। अपनी सेहत का ख्याल रखें। मैं आगे पढ़ ही रहा हूँ। छोटे दोनों भी पढ़ जाएँगे, अगर वे पढ़ने वाले होंगे तो।”

बाऊजी के इस तरह के पत्रों की एक लंबी श्रंखला मेरी फाइलों में बंद है। वे पत्र मेरे जीवन की धरोहर हैं। सात्विक प्रेरणा हैं। उनमें व्यक्त उनकी पीड़ा को आगे चल कर मैंने अपनी अनेक कहानियों में दिया था। मैंने बाऊजी को बहुत बार लिखा था कि आपको किसी से उम्मीद रखनी ही नहीं चाहिए पर वे भावुक थे, हर बात को दिल पर लगा लेते थे। मैं इसमें कुछ नहीं कर सकता था।

क्रमशः

राघवेंद्र सैनी

WhatsApp Image 2026-06-14 at 20.06.06 — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment