वहां कौन है? ( भाग 26)
” सुना नहीं? कौन है? सामने आओ!”, नीलवलया ने आदेश दिया।
झाड़ियों में पुनः हलचल हुई और एक छोटा सा मत्स्य कुमार सामने आ गया।, ” नील…तुम यहां किसके संग हो? क्या तुम खेल रही थीं?”
यह अर्णवेश था, नीलवलया का छोटा भाई। उसे देखते ही नीलवलया की मुख मुद्रा बदल गई। उसके चेहरे पर वात्सल्य से भरी मुस्कान आ गई। वह अम्भोर के पास से हटकर कुछ दूर खड़ी हो गई।
” तुम यहाँ कैसे आ गए अर्णवेश? तुम्हें तो इस समय अपने अभ्यास की कक्षाओं में होना चाहिए था।”, उसने अम्भोर की ओर कनखियों से देखते हुए पूछा। अम्भोर का चेहरा एकदम सपाट था इस कारण उसके मन में क्या चल रहा है ,यह नीलवलया समझ नहीं पाई।
” मै अभ्यास ही कर रहा था किंतु मेरा अस्त्र जल के साथ कहीं चला गया। मै उसे खोजते हुए यहां तक पहुंच गया।” ,अर्णवेश ने भोलेपन से कहा।
” देखो, कहीं यह तो नहीं?, अम्भोर ने एक भालेनुमा अस्त्र को दिखाते हुए पूछा।
” हाँ “, अर्णवेश खुशी से उछल पड़ा। ” तुम्हें कैसे और कहाँ मिला यह?”
” यहीं इन्हीं चट्टानों पर ,नन्हीं– नन्ही रंग बिरंगी मछलियों के मध्य।”, अम्भोर ने इशारा किया।
” वाह ये तो बहुत सुंदर हैं।”, अचानक उसके मुख पर बहुत जिम्मेदारी वाले भाव आए।” मुझे जाना होगा, अभ्यास राजकुमार के लिए आवश्यक है। नील, तुम मुझे बातों में लगा देती हो।”
“मै लगाती हूं!”, नीलवलया की बात पूरी भी नहीं हुई थी कि अर्णवेश तेजी से वहां से तैरता हुआ चला गया।
” यह मत्स्यकुमार भी न!”, वह लाड़ से अपने छोटे भाई को निहारती हुई बोली।
” वो चला गया, अब इस दास पर भी कृपा बरसा दो जो इतनी दूर से केवल अपनी आराध्या के दर्शन हेतु चला आ रहा है।”, अम्भोर ने उसके दोनों हाथों को थामते हुए कहा।
उसकी बात सुनकर नीलवलया ने शर्मा कर अपनी आँखें झुका कर मौन समर्पण कर दिया।
फिर जल की लहरों के तेज गति में पूरा दृश्य धुंधलाते हुए समाप्त हो गया और अब एक नया दृश्य सामने आया।
नीलवलया अपने कक्ष में उदास बैठी थी। नीलांबरी उसके पास बैठी हुई थी। वह एक दिन पहले ही अपने पति गृह से आई थी। वह नीलवलया को अपने ससुराल के बारे में, अपने लोक के बारे में बता रही थी किंतु नील वलया का ध्यान उसकी बातों में नहीं था न ही वह उसके वस्त्र आभूषणों में रुचि दिखा रही थी।
” इस मुद्रिका का गुलाबी मोती देखो, यह दुर्लभ है।”, तभी नीलांबरी ने अपना हाथ उसके सामने करते हुए कहा।
नीलवलया के मुख से उसे देखते ही निकल गया,” ऐसे मोतियों की एक माला है मेरे पास।”, किंतु कहते ही तत्क्षण उसने अपनी जीभ काट ली।
नीलांबरी ने विस्मय से उसे देखा,” माला, जहाँ तक मुझे ज्ञात है ,हमारे माता–पिता के पास इस प्रकार की कोई माला नहीं और पहले तो यह मोती ही मिलना आसान नहीं फिर तुम्हें इन मोतियों की पूरी माला किसने दी?”
नीलवलया को कोई बहाना याद नहीं आया। वह अपनी नजरें चुराने लगी।
” सच कहो, तुम क्या छिपा रही हो?”, नीलांबरी ने उसका कंधा पकड़ते हुए कहा।
” कुछ भी नहीं..मैने तो यूँ ही कहा था। …मेरे पास ऐसी माला कहां से आएगी भला!”
” तुम असत्य नहीं कह पाती! तुम्हारे नेत्र बता देते हैं।स्पष्ट कहो अन्यथा मैं पिताजी के पास जा रही हूं।”
यह सुनते ही नीलवलया घबरा गई। ” नहीं दीदी, मै बताती हूं ।…मुझे…मुझे अम्भोर ने उपहार में दी थी।”
” और यह अम्भोर कौन है? हमारे लोक में तो ऐसा नाम मैने कभी नहीं सुना।”
” अम्भोर हमारे लोक का नहीं। वह अम्भोनिधि का राजकुमार है। एक दिन जब मै तट पर विचरण कर रही थी वह भी घूमता हुआ आ गया था।इसे सुदूर स्थानों पर जाने का बहुत शौक है। …फिर हम वहां रोज मिलने लगे और… और…”
” बस..बस ,मै समझ गई! कब से चल रहा है यह? तुमने किसी को बताना उचित भी नहीं समझा। माँ मना करती हैं न , अनजान लोक के लोगों से मिलने के लिए और तुम तो इतना आगे बढ़ गई!”, नीलांबरी के चेहरे पर आश्चर्य और क्रोध दोनों ही थे।” बताओ तुम!”
नीलवलया की आँखें झुक गई।” प्रेम सोच समझ कर नहीं होता दीदी…बस हो गया।मै विवाह भी उसी से करूंगी। तुम पिताश्री माता श्री से कह दो कि जहां वे मेरे संबंध की बात कर रहे हैं, वहां न करें।”
नीलवलया की आंखों में आँसू भर गए। नीलांबरी उसे एकटक देख रही थी कि तभी फिर से लहरों में कम्पन हुआ और फिर से दृश्य बदल गया।
इस बार नीलवलया एक विशाल सभाकक्ष के मध्य खड़ी थी। चारों ओर नीले और श्वेत मूंगों से बने ऊँचे स्तंभ थे। छत से मोतियों की लंबी झालरें झूल रही थीं और उनके बीच तैरते प्रकाश-कण पूरे कक्ष को मृदु आभा से भर रहे थे।
सभाकक्ष के अग्रभाग में विशाल शंख से निर्मित सिंहासन पर मत्स्यराज सलिलेन्द्र विराजमान थे। उनके समीप महारानी मृणालिनी बैठी थीं। दोनों के चेहरे गंभीर थे। नीलांबरी कुछ दूरी पर मौन खड़ी थी।
नीलवलया ने एक बार अपनी बहन की ओर देखा। उसे समझते देर नहीं लगी कि सारी बात पिताश्री तक पहुँच चुकी है।
कुछ क्षण तक गहरा मौन छाया रहा।अंततः मत्स्यराज ने गंभीर स्वर में कहा,”नीलवलया, जो कुछ नीलांबरी ने बताया… क्या वह सत्य है?”
नीलवलया ने आँखें झुका लीं।
“उत्तर दो पुत्री।”
“हाँ पिताश्री… सब सत्य है।”, कक्ष का वातावरण और भारी हो गया।मत्स्यराज ने आँखें बंद कर गहरी साँस ली।, “उस युवक का नाम?”
“अम्भोर।”
यह नाम सुनते ही मत्स्यराज की भौंहें तन गईं।महारानी के मुख से भी अनायास निकल पड़ा,”अम्भोर…?”
मत्स्यराज धीरे-धीरे सिंहासन से उठे। उनके चेहरे पर चिंता स्पष्ट दिखाई दे रही थी।, “क्या तुम्हें ज्ञात भी है कि वह किस लोक का निवासी है?”
“हाँ पिताश्री।”
“किस लोक का?”
“अम्भोनिधि।”
यह सुनते ही कक्ष में उपस्थित सभी मंत्री और सैनिक एक-दूसरे का मुँह देखने लगे।मत्स्यराज कुछ पल तक नीलवलया को देखते रहे, फिर धीमे किंतु कठोर स्वर में बोले,
“यही भय था मुझे।”
नीलवलया चौंक गई, “भय?”
“हाँ।”
वे धीरे-धीरे उसके समीप आए।, “अम्भोनिधि का नाम सुनते ही जललोक का कोई भी शासक निश्चिंत नहीं रह सकता।”
“लेकिन क्यों पिताश्री?”
“क्योंकि वह लोक वर्षों से अपने आचरण के कारण बदनाम है।”, मत्स्यराज की आवाज़ अब कठोर हो गई।, “वे समुद्री व्यापारियों पर आक्रमण करते हैं। दूसरे जललोकों की सीमाओं में घुसकर दुर्लभ रत्न लूट लेते हैं। कई बार उन्होंने यात्रियों को बंदी बनाया है। उनके सैनिक युद्ध में छल को वीरता समझते हैं।”
नीलवलया विस्मित होकर सुनती रही।, “नहीं… अम्भोर ऐसा नहीं है।”
“तुम उसे कितना जानती हो?”
“वह दयालु है, साहसी है। उसने कभी मेरे साथ…”
“यही तो चिंता है।”,मत्स्यराज ने उसकी बात बीच में ही रोक दी।
,”यदि वह सचमुच वैसा है जैसा तुम कह रही हो, तब भी वह ऐसे लोक का युवराज है जहाँ छल नीति मानी जाती है।”
“प्राणियों का मूल्य उसके जन्म से नहीं, उसके कर्मों से होता है पिताश्री।”
मत्स्यराज ने पहली बार कठोर दृष्टि से पुत्री को देखा।,”यह बात सामान्य परिस्थितियों में उचित होती, नीलवलया पर जब किसी राज्य की सुरक्षा का प्रश्न हो तब केवल प्रेम से निर्णय नहीं लिए जाते।”
वे कुछ क्षण रुके फिर बोले,”क्या तुमने कभी विचार किया कि वह तुमसे पहली बार कहाँ मिला था?”
“तट पर।”
“और वही तट हमारे राज्य की सीमा भी है।”
नीलवलया का चेहरा बदलने लगा।,”क्या यह संभव नहीं कि वह संयोग हो?”
“संयोग एक बार होता है।”मत्स्यराज का स्वर और गंभीर हो गया।, “प्रतिदिन उसी समय उसी स्थान पर मिलना संयोग नहीं होता।” कक्ष में सन्नाटा छा गया।
“तुम्हें क्या लगता है, वह बिना उद्देश्य के हमारे राज्य की सीमा तक आता रहा?”
“वह मुझसे मिलने आता था।”
“या तुम्हारे माध्यम से हमारे राज्य के विषय में जानने।”
नीलवलया ने तुरंत सिर हिला दिया।, “नहीं! उसने कभी कुछ नहीं पूछा।”
मत्स्यराज मुस्कुराए पर वह मुस्कान पीड़ा से भरी थी, “जो सबसे अधिक छिपाना चाहता है, वही सबसे कम प्रश्न पूछता है।”
फिर उन्होंने नीलवलया की आँखों में देखते हुए कहा,”क्या उसने कभी हमारे राजमहल, सुरक्षा व्यवस्था, राजपरिवार या नागमणि के विषय में कोई बात नहीं की?”
नीलवलया अचानक सोच में पड़ गई। कुछ प्रश्न… कुछ सामान्य जिज्ञासाएँ… सचमुच अम्भोर ने पूछी थीं।तब उसे वे बिल्कुल सामान्य लगी थीं।उसने उत्तर नहीं दिया।
मत्स्यराज उसकी चुप्पी समझ चुके थे, “देखा?”उन्होंने धीमे स्वर में कहा,”संदेह यूँ ही उत्पन्न नहीं हुआ।”
“पिताश्री!” नीलवलया लगभग रो पड़ी,”आप अम्भोर को बिना जाने दोष दे रहे हैं। वह ऐसा नहीं है, बिल्कुल भी नहीं।”
“प्रेम आँखों पर सबसे सुंदर पट्टी बाँध देता है पुत्री।”महारानी मृणालिनी पहली बार बोलीं।”तुम जिस अम्भोर को देख रही हो, संभव है वह उसका केवल एक रूप हो।”
“नहीं माताश्री।”
नीलवलया की आँखों से आँसू बहने लगे।, “यदि वह छल करता तो मेरे लिए अपने प्राण जोखिम में क्यों डालता? उसने मेरे लिए…”
वह रुक गई।गुलाबी मोतियों की माला उसे याद आ गई।
मत्स्यराज ने दृढ़ स्वर में कहा,”मैं इस विवाह की अनुमति कभी नहीं दूँगा।”
“तो मैं भी किसी और से विवाह नहीं करूँगी।”यह सुनकर पूरा सभाकक्ष स्तब्ध रह गया।मत्स्यराज का चेहरा कठोर हो गया।
“तुम यह निर्णय एक युवती के रूप में नहीं, इस राज्य की राजकुमारी के रूप में सोचो।”
“आज मैं केवल एक स्त्री हूँ… जो अपने प्रेम का अपमान होते नहीं देख सकती।”
मत्स्यराज ने गहरी साँस ली,”तो मेरा अंतिम निर्णय सुन लो।”, उनकी आवाज़ पूरे सभाकक्ष में गूँज उठी, “इस पूर्णिमा को तुम्हारा स्वयंवर नहीं प्रत्यक्ष राजकीय विवाह होगा। तुम्हारा विवाह शंखपुरी जलसंघ के युवराज आर्यकेतु से निश्चित किया जाएगा।”
“नहीं!”, नीलवलया चीख उठी, “मैं यह विवाह नहीं करूँगी।”
“यह तुम्हारी इच्छा का विषय नहीं रहा।”,मत्स्यराज ने कठोर स्वर में कहा,”अब यह पूरे जललोक की सुरक्षा का विषय है।”
नीलवलया की आँखों से आँसू झरने लगे।वह एक क्षण वहाँ खड़ी रही फिर बिना किसी की ओर देखे मुड़ी और तेजी से तैरती हुई अपने कक्ष की ओर चली गई।
उसके जाते ही महारानी ने धीमे स्वर में कहा,”महाराज… कहीं हम बहुत कठोर तो नहीं हो गए?”
मत्स्यराज की आँखें दूर शून्य में टिक गईं, “काश मैं केवल पिता होता… राजा न होता।”
पुनः दृश्य परिवर्तित हुआ।नीलवलया अपने कक्ष में पहुँचते ही फूट-फूटकर रोने लगी।वह अपने श्वेत सीप के पलंग पर मुँह छिपाकर लेट गई।कुछ समय बाद कक्ष का द्वार धीरे से खुला।महारानी मृणालिनी भीतर आईं।उन्होंने बिना कुछ कहे पुत्री के सिर पर हाथ फेरना शुरू किया।
“रो लेने दो स्वयं को… कभी-कभी आँसू भी निर्णय लेने में सहायता करते हैं।”
नीलवलया उठ बैठी,”माताश्री… आप तो मुझे समझिए। अम्भोर वैसा नहीं है जैसा पिताश्री सोच रहे हैं।”
महारानी ने स्नेह से उसका चेहरा अपने हाथों में लिया, “पुत्री, प्रेम केवल हृदय से नहीं निभाया जाता। कभी-कभी उसे बुद्धि की अग्नि से भी गुजरना पड़ता है।”
“मैं उसके बिना नहीं रह सकती।”
“आज यही लगता है।”
“नहीं… यह सत्य है।”
महारानी ने धीमे स्वर में कहा,”यदि वह सचमुच तुमसे प्रेम करता है तो वह स्वयं तुम्हें किसी संकट में नहीं डालेगा।”
“वह ऐसा कभी नहीं करेगा।”
“तो उसे यहीं आने दो। वह विधिपूर्वक तुम्हारा हाथ माँगे।”
नीलवलया चुप हो गई।वह जानती थी कि अम्भोर कभी राजदरबार नहीं आएगा।
महारानी ने उसकी आँखों में झाँका।”देखा? तुम्हारे मन में भी कहीं न कहीं संदेह है।”
नीलवलया ने तुरंत सिर हिलाया।”नहीं… ऐसा नहीं है।”
महारानी अब कठोर हो उठीं।,”यदि ऐसा नहीं है, तो मेरा निर्णय भी सुन लो।”उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा,”आने वाली पूर्णिमा को तुम्हारा विवाह वहीं होगा जहाँ तुम्हारे पिताश्री ने निश्चित किया है। वही तुम्हारे योग्य है, वही तुम्हारे लिए सुरक्षित है।”
यह कहकर महारानी मुड़ गईं।कक्ष का द्वार धीरे से बंद हुआ।नीलवलया अकेली रह गई। उसने काँपते हाथों से संदूक में सहज कर रखी गुलाबी मोतियों की माला को हाथों में पकड़ लिया।उसकी आँखों से आँसू लगातार बह रहे थे।धीरे से उसके होंठों से केवल एक नाम निकला, “अम्भोर…”
Megha
( अगर सब सही है तो अम्भोर दरबार आकर नीलवलया का हाथ क्यों नहीं मांग लेता? कुछ तो बात है, मत्स्य राज यूं ही नहीं कह रहे हैं। और आप भी बताइए कि अगर सब सही है तो आप कहानी के भाग पढ़कर कमेंट किए बिना क्यों निकलना चाहते हैं? जो लोग कमेंट कर रहे हैं उन सभी को उनका सच्चा प्रेम जरूर मिलेगा यह नागमणि का आशीर्वाद है।)