3.
मेरे बार बार मना करने पर भी पापा मुझे स्टेशन पर छोड़ने आते हैं।
धीरे-धीरे गाड़ी सरकने लगती है, पापा पीछे छूट जाते हैं। मैं देखती हूँ. अब वे बूढ़े हो चले हैं, बाल तो बहुत पहले ही सफेद हो गए थे, अब आँखें भी अन्दर को धंस गई हैं। वे नम आँखों से हाथ हिलाते रहते हैं। मैंने आज पहली बार महसूस किया है कि उनके दिल में मेरे लिए प्यार उमड़ रहा है। काश! पापा ऐसा प्यार पहले से करते… जब मैं इसके लिए तरसती थी।
गाड़ी प्लेटफार्म छोड़कर आगे बढ़ गई। मैं कभी यहाँ वापस भी आऊँगी, नहीं जानती। पापा मकान बेचकर चले जाएँगे, फिर किससे मिलने आऊँगी। न भी बेचें, तो भी सम्बन्ध इस मकान से नहीं, माँ से था. जो अब छूट गया। माँ के कारण ही मैं नरेन अंकल और पापा से जुड़ी हुई थी। गाड़ी तेज़ गति पकड़ लेती है। दूर-दूर तक मैदान फैला है, बंजर ज़मीन पर केवल झाड़ियाँ उगी हुई हैं, निरर्थकता लिए हुए। ये झाड़ियाँ कई-कई चेहरे बनते जा रहे हैं… मम्मी का चेहरा, पापा, दादी माँ, नरेन अंकल, दिव्यांश भैया और उनके बीच में मैं स्वयं।
मैं कई वर्ष पीछे अतीत में लौट जाती हूँ दादीमाँ मेरे और मम्मी के साथ एक छोटे से मकान में रहती थीं। ज़रूरत भर का थोड़ा सा सामान। जब कुछ समझने लगी तो देखा कि पापा महीनों बाद कभी-कभी आते थे, एक-दो दिन रहकर वापस चले जाते। दादीमाँ मुझे और मम्मी को बहुत प्यार करती थीं। लेकिन पापा का प्यार उनके साथ खेलना-खाना, घूमने-फिरने जाना कैसा होता है, यह नहीं जान पाई। दूसरे बच्चे अपने अपने पापा की उँगली पकड़कर बाहर निकलते तो मैं मम्मी से पूछती, ‘पापा कब आएँगे मम्मी!” माँ का छोटा-सा उत्तर होता ‘जब उन्हें फुर्सत होगी।’
यह फुर्सत क्या होती है, मैं भोलेपन से यह पूछती तो दादी माँ हँस देती। लेकिन, पापा जब भी आते, मेरे लिए चॉकलेट अवश्य लाते थे। आते ही मेरे हाथों में चॉकलेट थमाकर गाल थपथपाते और इसी में अपने प्यार की इतिश्री समझ लेते। कभी मैं उनकी गोद में जाने के लिए मचलती तो माँ को डाँट पड़ती “तुम इसे सँभाल नहीं सकती, देखती नहीं मैं थककर आया हूँ, आराम करूं या इसे गोद में उठाकर इधर-उधर घुमाता फिरूं।”
मम्मी अपना गुस्सा मुझ पर उतारतीं। उनसे थप्पड़ खाकर मैं दादीमाँ की गोद में दुबक जाती। वह पुचकारतीं तो पापा उनपर भी बिगड़ते-‘आप इसको बिगाड़ रही हो।’
“मैं बिगाड़ रही हूँ, तू इसे सुधार विमल! अपने पास क्यों नहीं रखता इसको’।’ दादी कहतीं।
“जो बात नहीं हो सकती, उसे बार-बार क्यों कहती हो। ऐसी गँवार पत्नी और उजड्ड बेटी को साथ ले जाकर कहाँ रखूँगा। इनके लिए जितना करता हूँ, उतना कम तो नहीं है।” पापा कहते।
“तुम इतना भी मत करो बेटा! मैं वह भी कर लूँगी। तुम्हारे देने से ही यह गृहस्थी चलती है, मैं यह समझती हूँ। लेकिन अपनी माँ, पत्नी और बेटी के लिए ही तो करते हो, हम तुम्हारे दुश्मन तो नहीं।!” दादीमाँ कहतीं।
‘तुम कब दुश्मन हो मेरी।’
‘तो फिर नीरा तुम्हारी दुश्मन है, मुक्ता दुश्मन है, फिर मैं भी तो हैं। महीने दो महीने में भी एक बार आना तुम्हें क्यों अखरता है बेटे!’
‘तुम इसे घर कहती हो माँ।’
‘नहीं तो, क्या गेस्ट हाउस है, जहाँ तुम रात बिताने आते हो।’
बात बढ़ती जाती। मम्मी कमरे के साथ लगी किचन में खाना बनाते हुए यह सब सुनती रहतीं। दादी माँ के रहते उन्हें पापा से कुछ भी कहने का अधिकार नहीं था। महीने में एकाध बार आ जाएँ और मम्मी के हाथ का बना खाना खा लें, मम्मी के लिए यही सब कुछ था। दादीमाँ भी मम्मी के लिए दुखी रहतीं, उनके लिए पापा से हमेशा झगड़ती रहतीं। मुझे और मम्मी को अकेला छोड़कर पापा के साथ रहने को तैयार न होतीं। मम्मी के साथ ही रहती थीं। पापा को यह सब अच्छा नहीं लगता था। जिस बहू को दादीमाँ अपने बेटे के लिए लाई थी, उसे अकेला कैसे छोड़ दें, उसकी हिमायत क्यों न करें।
क्रमशः
सुधाकर रत्नाकर
Lorem ipsum dolor sit amet, consectetur adipiscing elit. Ut elit tellus, luctus nec ullamcorper mattis, pulvinar dapibus leo.