कारगिल एक प्रेम कथा
भाग -3
संगीत प्रोग्राम पूरे शबाब पर था, ऑकेस्ट्रा वालों की प्रस्तुति के बाद दोनों ही पक्षों के गायन का शौक रखने वाले भी जोश में आकर अपनी प्रस्तुति देने लगे थे।
तभी उस प्रोग्राम में जो अगली प्रस्तुति… हुई उस दिलकश आवाज़ ने सहसा सभी को स्तब्ध कर दिया।
वही युवक हाथ में माइक लिए हूबहू कुमार शानू की आवाज़ में फ़िल्म “आशिकी” का प्रसिद्ध गीत गा रहा था।
तू मेरी ज़िन्दगी है तू मेरी हर खुशी है तू ही प्यार, तू ही चाहत तू ही आशिकी है तू मेरी ज़िन्दगी है…
पहली मोहब्बत का एहसास है तू… बुझके जो बुझ ना पाई, वो प्यास है तू… तू ही मेरी पहली ख्वाहिश, तू ही आखिरी है.. तू मेरी ज़िन्दगी है…
उर्वशी को लगा कि इसका एक एक शब्द वह युवक उसी के लिए गा रहा था। इतनी मधुर अवाज़ तो उर्वशी तो क्या उस मंडप में मौजूद किसी भी शख्स ने सुनी भी न थी। सभी खाने की प्लेट का खाना हाथों में ही लिये संगीत खत्म होने तक रुके हुए थे।
उर्वशी के दिल की धड़कनें बढ़ती जा रही थीं। उसे लगा कि वह स्टेज पर दौड़कर उस युवक का साथ देते हुये अनुराधा पोडवाल की आवाज़ में सुर से सुर मिलाते हुए गाना पूर्ण कर दे.. परन्तु वह लोकलाज़ के डर से वह ऐसा कर न सकी।
उर्वशी निश्चय कर चुकी थी कि संगीत प्रोग्राम खत्म होते ही वह उस युवक से मिलकर उसे उसके इस बेहतरीन गायन के लिये शुभकामनायें देगी, और इसी बहाने उसकी उस युवक से जान पहचान भी बढ़ सकती है… मगर वहाँ उपस्थित लोगों का जमावड़ा उस युवक को बधाइयां देने के लिए इतना आतुर था कि, वह सब उस युवक को उसी गीत को पुनः सुनाने के लिए अनुरोध कर रहे थे। उन सबके शोर के बीच में संकोचवश उर्वशी उस युवक से मिलकर बात करने के लिए हिम्मत ही न कर सकी।
देर रात तक चले प्रोग्राम के कारण उर्वशी को सोने में देर हो गई, आज उसे आखिरी बार अपनी बहन वंदना के साथ गप्पे लड़ाते हुये सोने जाना था, क्योंकि सुबह ही तो उसकी विदाई थी.. उर्वशी बहुत भावुक हुए जा रही थी।
उन दोनों बहनों ने भावनाओं में बहते हुए सारी रात बात की, शादी के बाद ऐसा करना, ऐसा नहीं करना, रोज़ फ़ोन करना मत भूलना, जीजू से झगड़ा मत करना, ससुराल वालों को इज्जत देना… उम्र में दो वर्ष छोटी उर्वशी आज वंदना को यूँ समझा रही थी जैसे कि वह उसकी बड़ी बहन या माँ हो।
अगले दिन जल्दी सुबह उठते ही विदाई का कार्यक्रम प्रारंभ हो चुका था, वंदना अपने पिता और बहन उर्वशी से लिपट लिपट कर रो रही थी।
उसके साथ साथ उर्वशी भी आँसू बहाए जा रही थी, बड़ा ही भावुक दृश्य था।
बहन की विदाई के पलों में उर्वशी को उस युवक से बात करने की बात भूल ही गई। जब वंदना दीदी और पंकज जीजाजी की बारात वाली बस उस गाँव से रवाना होने लगी, तब उर्वशी ने आखिरी बार उस युवक को भी देखा, जो बस की खिड़की से टकटकी लगाये उसे ही देख रहा था, मानो उसकी मौन आँखें कुछ कहना चाहती हों।
क्रमशः
अविनाश स आठल्ये