अनिल पुरोहित का उपन्यास ‘उस पार ‘ भाग -3

उस पार

भाग -3

डूंगर के बाईं तरफ पश्चिमी दिशा में डूंगरास गांव का कच्चा रास्ता जाता है। हम थोड़ा सा उस रास्ते पर चले फिर रास्ता छोड़कर दाहिनी ओर घूम कर पहाड़ की तलहटी तक आ गए। इस रास्ते से हमें एक पगडंडी दिखाई दे रही थी जो घूमकर ऊपर डूंगर की ओर जा रही थी। हमारे गंतव्य गुफा तक इसी रास्ते से जाना सुगम था। मैनें एक निगाह ऊपर की ओर डाली तो दूर से गुफा का मुहाना नज़र आ गया।

” मौसम तो सुहावना और गुलाबी ठंडक का है, सफर का मज़ा आ जायेगा ।” पगडंडी पर पांव बढ़ाते हुए मैंने कहा।

” जानी! हम जब साथ होते हैं…तो मजा क्यों नहीं आयेगा। बराबर आयेगा। ” -विनोद मिमिक्री के अपने चिरपरिचित अंदाज में अभिनेता राजकुमार की नकल करते हुए बोला।

पगडंडी पर मैं आगे – आगे चल रहा था और विनोद मेरे पीछे था। सर्पिलाकर पगडंडी पर छोटे – छोटे कंक्रीट जैसे पत्थर भरे पड़े थे, जिससे पांव बार – बार फिसल रहे थे। अचानक मेरा पैर फिसला और मैं मुंह के बल गिरने ही वाला था कि विनोद ने पीछे से मुझे थामा और बोला – ” प्यारे ध्यान रखो! ये जगह बहुत खतरनाक है। एक बार फिसले तो हड्डियों का सुरमा बन जायेगा सुरमा! समझे!”

एकबार तो मेरी जान हलक में फंस गई पर विनोद ने गिरने से बचा लिया तो जान में जान आई। कृतज्ञता की दृष्टि से उसे देखा पर उसकी निगाहें पगडंडी पर न जाने कहां थीं।

” ध्यान तो रखा था यार, पर पता नहीं जूता कैसे फिसल गया! अब सावधानी रखूंगा और हमें एक- एक कदम धीरे – धीरे बढ़ाना होगा ताकि सुरक्षित रूप से ऊपर पहुंच सकें। ” – मैं अपनी घबराहट पर काबू पाते हुए बोला।

” जो आज्ञा महाराज !अब ऐसा ही होगा !” – कहते हुए उसने जबरदस्ती खीसें निपोर दी ताकि माहौल कुछ हल्का – फुल्का हो सके।

हमारे हाथों में कंधे तक ऊंचाई की मजबूत बेंत की लाठियां थी जैसी अमूमन पुलिस वाले रखते हैं। पगडंडी का रास्ता फिसलन भरा था। छोटे – छोटे पत्थरों के टुकड़े पूरी पगडंडी पर फैले हुए थे। जैसे ही बढ़ने के लिए पैर आगे रखते , उन पत्थरों के कारण पैर फिसलकर नीचे की ओर आता। बड़ी मुश्किल से सावधानी के साथ हम आगे बढ़ते रहे। पूरी पहाड़ी पर कैक्टस के बड़े – बड़े झाड़ फैले हुए थे जिसे स्थानीय भाषा में ‘थोर’ कहा जाता है।

आखिर डेढ़ घंटे की दुरूह चढ़ाई को पार कर हम गुफा के मुहाने तक पहुंच गए। गुफा के सामने 20 गुणा 20 फुट का एक समतल मैदान जैसा चबूतरा बना था जो पूर्णतः प्राकृतिक था। इसी जगह किसी दानदाता ने एक पानी का कुंड बनवा दिया था और उसके चारों तरफ ‘पायतन’ बना हुआ था। बारिश का पानी ‘पायतन’ की ढलान से होता हुआ कुंड में इकट्ठा हो जाता था। पानी निकालने के लिए वहां एक बाल्टी और रस्सी रखी थी।

” जय बजरंग बली की! आखिर हम सुरक्षित पहुंच ही गए। अब फिकर नोट बाबू मोशाय! अपनी मंजिल सामने है! ” – विनोद राजेश खन्ना की नकल कर गर्दन हिलाते हुए बोला।

” हां प्यारे! पहुंच तो गए पर गला सूख गया है, पेट में भी चूहे कत्थक कर रहे हैं। यहां बैठकर थोड़ा सुस्ता लेते हैं फिर जलपान करके आगे की मंजिल की तैयारी करते हैं।”

” ओके जहांपनाह! खादिम अभी सारी चीजें हाजिर करता है! आप तशरीफ रखें, जो जहां कहीं भी वो होती है।” – हाथ से इशारा करते हुए विनोद किसी मूर्ख की भांति आंखे झपकाता हुआ बोला।

मेरे अधरों पर एक स्मित मुस्कान खेल गई। पहाड़ की खड़ी चढ़ाई चढ़ने के कारण हमारे गले शुष्क हो गए थे, सो विनोद ने वहां पहुंचते ही अपना पिट्ठू बैग नीचे रखा और कुंड से पानी निकालने के लिए चल पड़ा। हम दोनों ने हाथ – मुंह धोकर कुंड का शीतल जल पिया तो पूरे शरीर में तरावट आ गई। हमने बोतलों में भी वही पानी भर लिया और हल्का नाश्ता कर थोड़ा सुस्ताने के लिए वहां बैठ गए।

§§§§
§§§§

 

आराम करने से थकावट दूर हो गई थी और अब हम अपने आप को काफी तरोताजा महसूस कर रहे थे। मैनें यूं ही कलाई घड़ी पर नज़र डाली तो सुबह के साढ़े आठ बजे थे। आकाश में काले -भूरे बादल छाए हुए थे। मैंने सवालिया नजरों से विनोद की ओर देखा तो वो बोल पड़ा – ” काफी आराम कर लिया, अब गुफा के अंदर चलना चाहिए। “

” हां, चलना तो है ही।” – कहकर मैंने अपना पिट्ठू बैग उठाया और गुफा के अंदर जाने के लिए खड़ा हो गया।

गुफा का प्राकृतिक रूप से निर्मित अंडाकार प्रवेश द्वार दस फुट ऊंचा और चौड़ाई में आठ फुट से कम नहीं था। दरवाजे के बाहर चारों ओर सिंदूर पोता हुआ था। दरवाजे के बांई ओर एक हवन कुंड बना था जिसमें भस्म थी और बीच में एक त्रिशूल गड़ा हुआ था। हवन कुंड के पास एक नरमुंड और कुछ हड्डियां बिखरी हुई थी। नरमुंड और इंसानी हड्डियां देखकर हम सकते में आ गए। लगा किसी खतरे में न पड़ जाएं। क्या पता कोई अघोरी या कापालिक हमें आसान शिकार समझ बलि न चढ़ा दें। इस प्रकार की न जाने कितनी कल्पनाएं हमारे दिमाग में चलने लगी। मैंने विनोद की ओर देखा तो भय की छाया उसके चेहरे पर दृष्टिगोचर हुई पर मेरे देखते ही उसने बड़ी चतुराई से अपने भाव छिपा लिए। आखिर मन को कड़ा करके गुफा के अंदर की ओर कदम बढ़ा दिए।

गुफा में अंदर की ओर कुछ भी नजर नहीं आ रहा था क्योंकि हम बाहर तेज प्रकाश में थे और हमारी आंखे अभी कम रोशनी में देखने की अभ्यस्त नहीं हुई थी।इस कारण भीतर का दृश्य पता नहीं चल पा रहा था। हम दोनों ने ज्यों ही गुफा का मुहाना पार कर अंदर कदम रखा कि बदबू का एक झोंका हमारे नथुनों में प्रवेश कर दिमाग तक पहुंच गया।

हम कुछ समझ पाते उससे पहले ही हमारे बोलने की ध्वनि और जूतों की आवाज से अचानक सैंकड़ों पीले – काले चमगादड़ फड़फड़ाते हुए एक हुजूम की तरह बाहर की ओर उड़ चले। अचानक आई इस बला से बचने के लिए हम हाथों से कान ढांपकर गर्दन झुकाकर तत्क्षण नीचे बैठ गए। हमारे शरीर में मारे डर के झुरझुरी सी दौड़ गई। कुछ समय बाद माहौल थोड़ा शांत हुआ तो आंखे खोलने पर एक भी चमगादड़ नज़र नहीं आया, सभी के सभी बाहर जा चुके थे। हां, इनकी विशाल बस्ती के चिन्ह चारों ओर परिलक्षित हो रहे थे। चारों तरफ चमगादड़ की बीटें भरी पड़ी थी और भयंकर बदबू आ रही थी।अंदर से गुफा किसी विशालकाय हॉल जैसी लग रही थी।

मैंने ऊपर की तरफ नज़र डाली तो देखा कि प्राकृतिक रूप से बने हॉल की छत की ऊंचाई किसी भी तरह तीस फुट से कम नहीं थी और चौड़ाई होगी करीब पचास फुट। मैंने अंदर सामने की ओर नजरें पैन की तो देखा हॉल की चौड़ाई आगे जाकर धीरे – धीरे कम हो रही थी और फर्श भी ऊंचा होता जा रहा था। गुफा के मुहाने से छनकर जो रोशनी अंदर आ रही थी उससे पूरा हॉल प्रकाशमान था। हॉल में चारों तरफ चमगादड़ों की बीटें फैली हुई थी जिससे वहां एक अजीब तरह की दुर्गंध फैली हुई थी। मैंने विनोद की ओर देखा तो वो गठरी बना हुआ सिर घुटनों में देकर ऊंकङू बैठा था। मैंने उसे गुद्दी पकड़कर हिलाया तो उसने मेरी तरफ अचकचाकर देखा फिर हॉल में किसी मूर्ख की भांति चारों तरफ देखने लगा। कुछ आश्वस्त हुआ तो पुनः मेरी ओर सवालिया निगाहों से देखने लगा।

मुझे खड़ा पाकर वो भी एक झटके से खड़ा हो गया और बोला – ” यार ! ये जगह तो बड़ी डरावनी है। हम नीचे न बैठ गए होते चमगादड़ हमारा बहुत बुरा हाल कर देते। मैंने सुना है कि इनके शरीर में ऐसे घातक वायरस होते हैं कि आदमी को काट ले तो उसका बचना नामुमकिन है।”

” सच है यार! मैंने पहली बार इस एरिया में इतने विशालकाय ‘ फ्रूट बेट’ और काले चमगादड़ की कॉलोनी देखी है ! ये आश्चर्यजनक है। मैंने उड़ते हुए उनकी एक झलक देखी थी। खुले हुए बड़े मुंह से उनके लंबे तीखे दांत साफ नजर आ रहे थे। मुझे डर था कि कहीं ये हमें काट न लें।”

” सही है , ऊपर वाले की कृपा रही कि वे हमारे सिरों के ऊपर से हमें कोई नुकसान पहुंचाए बिना उड़ गए। अगर हम पर हमला कर देते तो पता नहीं हमारा क्या हाल होता। सुना है इसके वायरस से अनेक तरह की ‘ जानलेवा बीमारियां ‘ फैल सकती है।”

” हां…सही कहा। चलो, एक बला तो टली। अब हमें आगे बढ़ना चाहिए। ” – कहकर मैंने विनोद का हाथ पकड़ा और आगे की ओर बढ़ गया।

WhatsApp Image 2026-07-20 at 15.13.50 (1) — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment