भलोल
भाग -36
शाम को विकेश भाई आए तो मैंने उनसे पूछा, “सब कुछ तो बहन और जीजा लूट कर ले गए! अब क्या होगा? कैसे घर के खर्चे चलेंगे? कैसे सभी की ब्याह-शादियाँ होंगी? छोटा कैसे पढ़ेगा?”
वे कुछ नहीं बोले, बोले तो ऐसा कि मन किया उसी समय घर छोड़कर चला जाऊँ पर मैं 20 दिन की छुट्टी आया था। यूँ ही घर छोड़कर जा भी नहीं सकता था और कहीं ठिकाना भी नहीं था।
“मुझे नहीं पता, घर का खर्चा कैसे चलेगा और ब्याह-शादियाँ कैसे होंगी? या छोटा कैसे पढ़ेगा? मैं केवल माँ को दाल-रोटी दे दूँगा। बाकी सब अपना दिमाग इस्तेमाल करें और अपना जीवन जिएँ।”
“सुन लिया, माँ। मैंने 11 साल घर में पैसा देकर अपना दिमाग इस्तेमाल नहीं किया था। विपिन ने घर के लिए ग्रैफ की सरकारी छोड़ दी तो उसे भी अपना दिमाग इस्तेमाल करना चाहिए था। खुद इन्होंने कितनी जगह नौकरी की, छोड़ी, क्या सुंदर दिमाग इस्तेमाल किया था? वही कह रहा है कि हमें अपना दिमाग इस्तेमाल करना चाहिए था।”
थोड़ी देर मैं साँस लेने के लिए रुका था, “ठीक कहते हो, भाई। हमें अपना दिमाग इस्तेमाल करना चाहिए था। अब से करेंगे। मैं तो बिल्कुल निस्वार्थ भाव से पैसा देता रहा था। आगे से मैं अपना स्वार्थ देखूँगा। मेरी 20 दिन की छुट्टी है। यह जरूर में यहाँ रहूँगा। फिर नहीं आऊँगा।
वे 20 दिन काटने मुश्किल हो गए थे। मैं सुबह घर से निकल जाता।
अमृतसर की सड़कों गलियों में
आवारागर्दी करता। लंच कभी ‘भरावां दा ढाबा’ में करता, कभी अमृत टॉकी के कुल्चे-छोले खा लेता। शाम को घर आकर सो जाता। इस बीच किसी से कोई बात नहीं होती। माँ या भाई पूछते भी नहीं कि मैं सारा दिन कहाँ रहता हूँ। मन के भीतर के संताप को कोई समझने वाला नहीं था। मैं अपने में घुटता रहता था। बहन-जीजा हर हफ्ते आ जाते थे। वे माँ को देखने नहीं आते थे बल्कि अपने प्लॉट को देखने आते थे। मुझसे बहुत कम बात होती। वे जान गए थे कि मैं उनकी बेईमानियों को जान गया हूँ।
आज जब मैं घर से निकलने लगा तो बहन ने पूछ लिया, “कहाँ की तैयारी है?”
“बस यूँ ही घूमूँगा।”
“यूँ ही घूमोगे तो घर में बैठो न माँ के पास।”
“माँ के पास बैठने के लिए आप हैं न। मुझे बैठने की जरूरत नहीं है। वैसे भी माँ को मेरी जरूरत नहीं है।”
बहन जी ज्यादा लेक्चर देने लगी तो मैंने कहा, “प्लीज, मुझसे न उलझें। आपने जो करना था, कर दिया। अब कुछ नहीं बचा है। यह बात आप भी जानती हैं और मैं भी।”
मैंने जी.टी. रोड से तांगा पकड़ा और अपने कालेज आ गया। अपने प्रोफेसरों से मिला। बी.ए. कर चुका था। उन्होंने आगे पढ़ने के बारे पूछा और पूछा कि अब कहाँ पोस्ट हो। मैंने कहा, “सर, मैं हिंदी से एम.ए. करना चाहता हूँ। मैं इस समय अंबाला कैंट में पोस्ट हूँ।”
“गुड, अंबाला कैंट में सरस्वती कालेज है। वहाँ के प्रिंसिपल मेरे जानकार हैं। हिंदी के बहुत अच्छे लेखक हैं। वहाँ चले जाओ। मेरा नाम लेना। एडमिशन मिल जाएगा। वे एम.ए. करने में मदद करेंगे।”
मैंने कॉलेज का पता लिया और प्रोफेसर साहब का धन्यवाद करके कॉलेज से नीचे उतरा। मन के भीतर अब ‘कहाँ’ का प्रश्न था? पास ही दरबार साहिब था। सोचा, पहले दरबार साहिब में मत्था टेकते हैं फिर लंगर खाकर बुआ जी के घर चला जाऊँगा। दरबार साहिब से पहले जलियांवाला बाग आता है। शहीदों को मैंने नमन किया और दरबार साहिब की ओर आगे बढ़ा। दरबार साहिब में काफी संगत थी। शब्द चल रहे थे, “लख खुशियाँ पातशाहियाँ, जे सतगुरु नजर करे।”
मत्था टेकने में काफी समय लगा था। मैं मन से चाहता भी था जितना टाइम यहाँ बीत जाए, अच्छा है। जब में मत्था टेकने के लिए गुरुग्रंथ साहिब के सामने झुका तो 12 बज चुके थे।
मत्था टेककर मैं सीधे लंगर घर गया था। वहाँ वही पुराने सेवादार मिले। मैंने उन्हें ‘सत श्री अकाल’ किया। उन्होंने मुझे ‘जी आयां नू’ कहकर स्वागत किया। लंगर गले-गले तक खाकर मैं वहाँ से निकला। गुरु-घर का लंगर खाकर मन और आत्मा तृप्त हो गई थी।
मैंने जूताघर से अपने बूट लिए और जलियांवाला बाग से पहले ही चौक परागदास के लिए रास्ता जाता है। उसी चौक के पास गली मंगलसिंह में बुआ जी का घर है। मैं चौक परागदास की ओर मुड़ गया।
जब बुआ जी के घर पहुँचा तो वे मुझे देख कर बहुत खुश हुए। दिल्ली से फूफा जी भी आए हुए थे। वे भी खुश हुए, पूछा, “आजकल कहाँ हो?”
“अंबाला की एक आर्ड वर्कशॉप में हूँ।”
फूफा जी मेरे विभाग में ही अपर डिविजन क्लर्क थे। सिविलयन थे।
आगरा से दिल्ली के ‘औरडनेंस डिपो’ में बदल कर आए थे। बुआजी बच्चों की पढ़ाई के कारण अमृतसर में अपने पुश्तैनी मकान में थे। फूफा जी अकेले दिल्ली में रहते थे। उनकी 3 बेटियाँ और 2 बेटे थे।
मुझे खाने के लिए पूछा लेकिन मैंने कहा, “मैं दरबार साहिब गया था।
वहाँ लंगर खाकर आया हूँ।”
फूफा जी ने पूछा, “अब वैसे तुम क्या कर रहे हो?”
“फूफाजी, मैं बी.ए. कर चुका हूँ। एम.ए. करूँगा।”
“भैया, एम.ए. किस विषय में करोगे?”
पास बैठी बुआजी की बेटी विभा ने पूछा था। मैंने कहा, “हिंदी में?”
“हिंदी में क्यों?” फूफा जी ने पूछा था।
“देश की ‘राष्ट्रीय भाषा’ है। दूसरे, मन के भीतर बहुत से विचार घुमड़ते रहते हैं। उन्हें लिखने के लिए भाषा जानने की जरूरत रहती है,” मैंने कहा था।
“तो भैया, लेखक बनोगे?”
“देखो, विभा, क्या बनता हूँ? किस्मत मुझे कहाँ ले जाएगी?” कहकर मैं विचारों में खो गया था।
क्रमशः
राघवेंद्र सैनी