4.
मैं थोड़ी बड़ी हुई तो बच्चों के साथ खेलने लगी। फिर स्कूल भी जाने लगी थी। दूसरे बच्चों के पापा उन्हें स्कूल छोड़ने लेने जाते थे, मेरे साथ दादी जाती थी। दुखती टाँगों से वे धीरे-धीरे चल पाती थीं, अतः मैं प्रायः देर से स्कूल पहुँचती। लेट होने वाले बच्चों की पंक्ति में मुझे भी खड़ा होना पड़ता। टीचर ने लिखकर शिकायत भेजी, तब मम्मी मुझे छोड़ने-लेने जाने लगीं। जब पापा आए और उन्हें पता चला कि मम्मी मुझे स्कूल छोड़ने-लेने जाती हैं, तो उन्हें बहुत डाँटा। मैंने पापा को बात-बात पर मम्मी को डाँटते ही देखा था। यदि दादीमाँ पापा से भी कुछ कहतीं तो डाँट मम्मी को ही पड़ती थी। मैंने गोद में उठाने की जिद्द की तब भी मम्मी को ही डाँट पड़ती थी, लेकिन मम्मी में गजब की सहनशक्ति थी, वे वे हमेशा चुप रहती थीं।
हमारे घर में आधुनिक युग की भौतिक सुविधाओं के नाम पर कुछ भी नहीं था। मम्मी स्टोव पर खाना बनाती थीं। फ्रिज और टीवी. होने का तो सवाल ही नहीं था। रविवार को टीवी. पर बच्चों के लिए कार्यक्रम आते, नई-नई पिक्चरें आतीं तो सभी अपने-अपने घरों में टीवी. के पास सिमटकर बैठ जाते। हम अकेले ही अपने घर में शामें चुपचाप बैठकर गुज़ारते। मम्मी घर के छोटे-मोटे कामों में लगी रहतीं और मैं बोर होती रहती। अकेली आँगन में खेलती रहती। एक दिन मैंने दादीमाँ से टीवी. लाने के लिए ज़िद्द की। जब पापा आए तो दादीमाँ ने उनसे कहा-‘विमल, अबकी बार जब आओ तो एक टीवी. लेते आना, नीरा और मुक्ता का दिल लगा रहेगा।’
“क्यों? टीवी, के बिना दिल नहीं लगता क्या? और भी तो काम हैं
करने के लिए।’
‘बच्ची है, औरों को टीवी. देखते हुए देखती है तो उसकी भी इच्छा होती है।”
‘उसकी इच्छा है या नहीं, लेकिन उसकी माँ की इच्छा जरूर रहती
होगी, पापा ने इस बार बड़े क्रोध से कहा।’
‘मैंने कभी कोई अपनी इच्छा तुम्हारे सामने नहीं रखी, टीवी. के लिए ही क्यों रखूँगी। मैंने माताजी से भी कुछ नहीं कहा, उन्होंने स्वयं कुछ अनुभव किया होगा, सो तुम से कह दिया।’ मम्मी को ऐसा तल्ख उत्तर देते हुए मैंने पहली बार सुना।
इसके बावजूद दादीमाँ हर बार पापा को टीवी. लाने के लिए कहती रहीं, पापा सुनते रहते लेकिन उन्होंने कभी टीवी. लाकर नहीं दिया।
एक बार दादीमाँ बहुत बीमार पड़ीं। दवाई लेती रहीं किन्तु आराम नहीं आ रहा था। पापा भी बहुत दिनों से नहीं आए थे। मम्मी ने उन्हें एक पत्र लिखा। लेकिन आए अंकल। वे बहुत कम आते थे। साल में एक बार। दादीमाँ ही उनके पास चली जाती थीं और एक-दो महीने रह आती थीं। मम्मी अकेली रह जाती थीं। दादीमाँ ने कई बार कोशिश की, यदि पापा यहाँ ज़्यादा दिन नहीं रह पाते तो मम्मी को लेकर वे स्वयं उनके पास जाकर रहने लगें। लेकिन पापा को मम्मी के साथ रहना ही पसन्द नहीं था. वह कैसे सहमत होते। वह वहाँ बड़े पापा के साथ रहते थे और उन्हीं के साथ काम करते थे। आंटी मम्मी को हर दृष्टि से छोटा समझती थीं। अपने सामने वह किसी को कुछ समझती ही नहीं थीं, फिर मम्मी तो बेचारी वैसे भी उपेक्षित थीं इस घर में। यह तो दादीमाँ थीं जो सदैव उनका सहारा बनी रहीं। आंटी उन्हें कभी अपने साथ रखना पसन्द नहीं करती थीं और पापा अपना काम छोडकर आना नहीं चाहते थे और न ही अलग मकान लेकर रहने की उनमें हिम्मत थी। इसलिए दादीमाँ तो उनके पास कभी-कभार चली जाती थीं. लेकिन मम्मी हमेशा यहीं रहती थीं।
उस बार अंकल आए तो वे दादीमाँ को अपने साथ ले जाना चाहते थे। लेकिन उन्होंने मना कर दिया। दादीमाँ ने अंकल से कहा था ‘कमल, मेरे चले जाने से नीरा बिलकुल अकेली रह जाती ह और मुक्ता भी उसे परेशान करती है। मैं इन दोनों के पास यहीं ठीक हूँ। तुम बस इतना कर दो कि मुझे किसी और डॉक्टर को दिखा दो।’
लेकिन अंकल को यहाँ रुकने की इतनी फुर्सत नहीं थी। डॉक्टर को उन्होंने घर ही बुला लिया। उसने सारी दवाइयाँ बदल दी और पूरी तरह से आराम करने को कहा। अंकल उसी दिन रात की गाड़ी से लौट गए। दो-तीन दिन तक तो लगा कि दादीमाँ की हालत में सुधार हो रहा है. लेकिन चौथे दिन अचानक ही उनकी तबियत और ज्यादा बिगड़ गई। उन्हें साँस लेने में कठिनाई हो रही थी। मम्मी ने डॉक्टर को बुलवा लिया, उसने देखकर कहा कि अच्छा रहेगा यदि आप इन्हें नर्सिंग होम में दाखिल करा दें। पड़ोसियों की सहायता से मम्मी उन्हें नर्सिंग होम ले गई। पापा को भी फोन पर इस स्थिति से अवगत करा दिया था। लेकिन वहाँ से कोई नहीं आया। मम्मी दिन भर दादीमाँ के पास बैठी रहतीं। दादीमाँ अपनी बीमारी के साथ-साथ मम्मी के लिए परेशान रहतीं। उनकी परेशानी भी ठीक ही थी, दादीमाँ हमेशा यही सोचतीं कि बरसों से वे मम्मी को सहारा देती आ रही हैं, उनके बाद मम्मी का क्या होगा। और इसी चिन्ता ने दादीमाँ को इस हाल में पहुँचा दिया।
मैं जब दादीमाँ के कमरे में गई तो मुझे अपने पास बिठाकर मेरे सिर पर हाथ फेरते हुए रोने लगीं। मैंने अपने छोटे छोटे हाथों से उनके आँसू पोंछे और कहा- ‘दादीमाँ, आप जल्दी ही ठीक हो जाएँगी।’ यह सुनकर उनके आँसू और तेज़ी से बहने लगे और मम्मी के धीरज का भी बाँध टूट गया, वे भी रोने लगीं।
दादीमाँ ने मम्मी से कहा- “मत रो नीरा। मैं तुम्हारा दुःख जानती हूँ। मुझे अफसोस है कि मैं तुम्हारे लिए कुछ कर नहीं सकी।’
‘ऐसा मत कहिए माँजी, आपने तो हमेशा मेरा साथ दिया है, आपके
सहारे पर ही तो हम जिन्दा हैं।’
‘नहीं नीरा, दोष मेरा भी है, मुझे उसी का पश्चात्ताप है। उसका प्रायश्चित भी तो करना है। लेकिन अब मेरा समय आ गया है। सोचती हूँ, तुम अकेली रह जाओगी, बस यही सबसे बड़ी मेरी चिंता है। तुम मुक्ता का ध्यान रखना और याद रखना, अपने स्वाभिमान को कभी आँच नहीं आने देना, तुम एक दिन अपना हक जरूर पाओगी।’
यह एक पारम्परिक विचारों वाली अशिक्षित नारी की दूसरी उपेक्षित और परित्यक्ता नारी को सीख थी। मम्मी ने इसी विश्वास को अपनी गाँठ में बाँध लिया था।
क्रमशः
सुधाकर रत्नाकर