कारगिल एक प्रेम कथा
भाग -4
वंदना दीदी की विदाई के बाद तो उर्वशी को घर काटने को दौड़ रहा था.. वंदना दीदी का कमरा, कॉपी पुस्तकें, कपड़े, घर की वस्तुओं को देखकर उर्वशी को वंदना दीदी का अस्तित्व उस घर मे अब भी नज़र आ रहा था, इधर घर पर विवाह में आये हुये मेहमानों की विदाई का दौर चल रहा था, इसलिए पिताजी उन सबकी विदाई में व्यस्त थे।
दो दिन बाद ही उर्वशी को भी शिमला के लिए वापस निकलना था, लिहाजा घर में सबकी विदाई के बाद उसने भी अपने जाने की तैयारी शुरू कर दी थी।
अगले दिन वंदना दीदी का फ़ोन सुनकर उर्वशी चहक उठी उन दोनों ने बहुत देर तक बात की, उसके बाद जब पंकज जीजाजी ने वंदना दीदी से कहा कि वह भी अपनी साली साहिबा और ससुर जी से बात करना चाहते हैं, तब जाकर वंदना दीदी ने झेंपते हुए फ़ोन पंकज जीजाजी को दिया।
बहुत खुश थी वंदना दीदी.. पंकज जीजाजी और अपने ससुराल वालों के साथ, इसलिए उर्वशी उसकी तरफ से निश्चिंत होकर अपने गंतव्य स्थान शिमला जाने की तैयारी में लग गई।
भले ही माँ को गुजरे लगभग 15 वर्ष हो चुके थे मगर तिवारी जी अपनी बेटियों की तैयारी जिस तरह से करते थे, शायद ही कोई माँ अपनी बेटी की विदाई के समय ऐसा तैयारी कर पाती।
खाना बनाने वाली “महाराजिन” से बेटियों के आने से पहले ही तरह तरह के अचार- मुरब्बे, बड़ी-पापड़ आदि बनवाकर रख लेते थे, जब बेटियों के जाने का वक्त होता तो वही बरनी में भर-भरकर दे देते.. साथ ही घर की दाल है …यह कहकर उड़द, मूंग, सत्तू, घर का घी आदि न जाने कितनी तैयारी करके विदा करते थे तिवारी जी।
दो बैग तो तिवारी जी के पैक कराये सामान से ही भर जाता था।
उर्वशी को पता था कि इसमें से अधिकतर सामान तो उसे शिमला के लोकल मार्केट से ही मिल जाता, फिर स्टेशन पर कुली का दोनों तरफ़ का खर्चा और ऑटो वाले का सामान देखकर अतिरिक्त किराया माँगने का खर्चा मिला लें तो यह दो बैग के सामान से ज्यादा मूल्य का ही होगा, मगर पिताजी का वह सामान कोई सामान नहीं था.. वह तो प्यार था उनका अपनी बेटियों के लिए.. फिर उर्वशी भला कैसे मना कर सकती थी अपने पिताजी को।
उस दिन पिपरिया से दिल्ली के लिए ट्रेन नियत समय ही चल रही थी। उर्वशी को ट्रेन में बिठाते वक्त पिताजी की आँखें भर आईं थीं.. ट्रेन में बैठते ही उर्वशी खिड़की से पीछे दौड़ते पेड़ों, ज़मीन, नदी नाले को देखकर अपने अतीत की यादों में खो जाती है।
उर्वशी के अंतर्मन में “बीते दिनों की यादों की दौड़” उस ट्रेन की गति से भी तेज़ चल रही थी…
पंचमढ़ी के उस झिरपा गाँव में महज़ चार वर्ष की बालिका, जब अपनी माँ की उंगलियों को थामे खेतों पर जाया करती तो गाँव के लोग उसके पैर पड़कर उससे आशीर्वाद लेते थे, माँ कितना मना करती थी उन सबको मगर वह कभी उर्वशी को कन्या कहकर कभी मालिक जी की बेटी कहकर पूजते थे।
वंदना अभी क्लास 1 में जाने लगी थी उसकी देखादेखी उर्वशी भी स्कूल जाने की ज़िद करने लगी इसलिए उर्वशी को पंचमढ़ी के एक नर्सरी स्कूल में दाखिला करवाना पड़ा।
रोज़ ही उनके खेत में काम करने वाले युवक “भोले” की सायकिल पर पीछे बैठकर उर्वशी को स्कूल जानें में जो आनन्द आता था, वह तो आज प्लेन में बैठकर भी नहीं आता।
उर्वशी को स्कूल पर जब पिताजी मिलने आते थे तो स्कूल के प्रिंसिपल भी उनके सम्मान में खड़े हो जाते थे, आखिर क्यों न हों… पिताजी उस स्कूल के ट्रस्टी भी थे। वह प्रतिवर्ष हज़ारों रुपये स्कूल के छात्रों की किताबों, पुस्तकों, यूनिफॉर्म और दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति हेतु दान किया करते थे। पिताजी का रुतबा देखकर उर्वशी बहुत इठलाया करती थी