उस पार
भाग -4
गुफा के अंदर आगे हल्की – हल्की चढ़ाई थी। हम तेज कदमों से आगे की ओर बढ़ने लगे। हॉलनुमा कक्ष धीरे -धीरे संकरा होता जा रहा था और चढ़ाई भी कठिन होती जा रही थी। अभी हम तीस फुट के करीब चले होंगे कि आगे का रास्ता संकरा होता हुआ कोई छः फुट व्यास का गोलाकार सुरंग के मुहाने जैसा हो गया था। मुहाने के पास पहुंचे तो अंदर से किसी झरने की मद्धम ध्वनि सुनाई पड़ रही थी और अंदर एकदम घुप्प अंधेरा था।
” क्या आगे जाना ठीक रहेगा ? …….या यहीं से वापस लौट चलें? ” – विनोद विस्फारित नेत्रों से मुझे देखता हुआ भयाक्रांत स्वर में बोला।
” जब ओखली में सिर दे ही दिया है तो मूसलों से क्या डरना ! जब आ ही गए हैं तो पूरी तहकीकात करके ही जायेंगे।” – आत्मविश्वास भरे स्वर में मैंने विनोद से कहा। जासूसी उपन्यास पढ़कर मेरे दिमाग में तहकीकात का कीड़ा कुलबुलाने लगा।
” ठीक है जब तुमने निश्चय कर ही लिया है तो यही सही .. …और मैं जानता हूं तुम कितने बड़े जिद्दी हो,एकबार जब ठान लिया तो फिर अपने आप की भी नहीं सुनते।”
हम दोनों ने एक दूसरे का हाथ मजबूती से थामा और उस सुरंगनुमा मुहाने के अंदर कदम बढ़ा दिए। मैनें पॉकेट से टॉर्च निकाल ली और उसके साथ बंधी डोरी को गले में डालकर हाथ में पकड़ लिया और स्विच ऑन किया तो पीले प्रकाश का एक दायरा फैल गया। मुहाने से अंदर की ओर चौड़ाई और ऊंचाई अपेक्षाकृत अधिक नुमायां हो रही थी। हमने ज्यों ही मुहाना पार कर अंदर प्रवेश किया तो अचानक किसी मरे हुए जानवर की बदबू का एक तेज भभका नासिका से होता हुआ मस्तिष्क तक दस्तक दे गया। मुझे उबकाई होने को हुई और मैं रुकना चाहता था परंतु ज्योंहि मैं रुकने को हुआ विनोद मेरा हाथ थामे आगे की ओर तेजी से बढ़ गया।
आगे ढलवां रास्ता था। मेरे यकायक रुकने से विनोद का संतुलन गड़बड़ा गया और वो नीचे गिर कर ढलवां रास्ते पर फिसलने लगा। मेरा हाथ उसने मजबूती के साथ पकड़ रखा था, सो मैं भी उस गीले और ढलवां चट्टानी रास्ते पर उसके साथ तेजी से नीचे की ओर फिसलने लगा। अंधेरे में कुछ दिखाई नहीं दे रहा था मेरी टॉर्च बुझ गई थी पर मैंने उसे मजबूती के साथ पकड़ रखा था। हमारे फिसलने की गति निरंतर बढ़ती जा रही थी। पता नही इन चट्टानों पर कहां से पानी आ रहा था जिससे ये एकदम चिकनी हो गई थी। हमें कोई ऐसी वस्तु का आभास नहीं हुआ कि जिसे पकड़कर रुका जा सके।
काफी देर फिसलने के बाद एक समतल जगह पर जाकर हम रुक गए। एक बारगी तो हमारे हवास गुम हो चुके थे। थोड़ी देर बाद मेरी चेतना जागृत हुई तो चारों ओर दीदे फाड़कर देखने लगा। वो एक पचास -साठ फुट व्यास का एक गोल समतल मैदान जैसा था जिसमें बीच में गहराई थी जो किनारों की ओर धीरे -धीरे कम होती जा रही थी। हमारे घुटनों तक पानी भरा था। मैदान के बीच -बीच में बड़े – बड़े अंडाकार पत्थर थे। उस गोलाकार मैदान के किनारे की ओर चट्टाने थोड़ी ऊंचाई पर थी और सूखी दिख रही थी।
मैं सोचने लगा कि जिस स्थान से हम फिसले थे वहां तो घुप्प अंधेरा था पर यहां सब साफ नजर आ रहा है। आखिर ये रोशनी आ कहां से रही है। ज्यों ही मैंने ऊपर की ओर देखा तो मारे आश्चर्य के मेरा मुंह खुला का खुला रह गया। उस पहाड़ी कंदरा की छत कोई चालीस – पचास फुट ऊंची लग रही थी और ऊपर अनेक दरारें नज़र आ रही थी। इन्हीं दरारों से सूर्य की रश्मियां वहां आ रही थी जिससे ये पूरा स्थान आलोकित हो रहा था। रोशनी का राज अब खुल गया था।
मैंने अपनी बाईं ओर देखा तो विनोद बेसुध सा पड़ा था। मैंने उसे टहोक कर उठाया तो वो अचकचकर उठा और बोला – ” क- क्या हुआ? त- तुम ठीक तो हो? …..और ये हम कहां आ गए हैं?”
मैंने उसे पूरी बात बताई तो उसके चेहरे पर गहन चिंता के भाव छा गए। वो पुनः बोला – ” अब इस स्थान से हम कभी नहीं निकल पाएंगे। ये जगह हमारी कब्रगाह बनेगी। मैंने तुम्हे पहले ही कहा था कि वापस लौट चलें। ….पर तुम्हारे दुस्साहस ने हमारी जिंदगी संकट में डाल दी। …देख लो ! यहां से वापस जाने का कोई रास्ता नहीं है। जिस रास्ते से फिसलकर यहां तक आए हैं, वहां इतनी फिसलन है कि दो कदम भी नहीं चढ़ सकते। …अब क्या करोगे? बोलो ?… …बोलते क्यों नहीं… …?” कहते – कहते उसकी रुलाई फूट पड़ी।
विनोद की तल्ख़ और निराशा भरी बातें सुनकर मैं विषाद से भर उठा। लगा जैसे मेरे सोचने – समझने की शक्ति चली गई हो। घोर निराशा से भर उठा मैं। साक्षात मौत दिखाई देने लगी। संकट की इस घड़ी में अपने इष्टदेव हनुमानजी को याद किया और प्रार्थना कि की हे बजरंगबली! अब हमारी प्राणरक्षा तुम्हारे ही हाथ है। मुझे लगा मानो हनुमानजी कह रहे हों। क्यों चिंता करता है। मैं हूं ना!
मेरे मस्तिष्क में अचानक एक बिजली सी कौंधी मानो बिजली का झटका लगा हो। इससे मेरा आत्मविश्वास कुछ लौटा तो सोचा कि कोई न कोई निकलने का रास्ता भी जरूर होगा। यूं हिम्मत हारने सेकुछ नहीं होगा। जब तक जान है तब तक आशा का दामन नहीं छोड़ना चाहिए। ये सोचकर मैं उठ खड़ा हुआ और विनोद को हाथ का सहारा देकर खड़ा किया।
विनोद ने मेरे चेहरे पर आत्मविश्वास देखा तो उसमें भी थोड़ी हिम्मत आई। जिस स्थान पर हम गिरे थे वहां पानी था। हमारे कपड़े गीले हो चुके थे। वहां से हम घूमकर थोड़ा बांई ओर चले जहां अपेक्षाकृत ऊंचाई थी और चट्टाने एकदम सूखी थीं। वहां बैठकर हमने गीले कपड़े उतारकर एक बड़े पत्थर पर सूखने के लिए डाल दिए।
हमारी कोहनियां और घुटने थोड़े छिल गए थे। विनोद ने अपने बैग से फर्स्ट एड बॉक्स निकाला और घावों को डेटॉल से धोकर मरहम लगा दी। फिर उसने बैग से थर्मस निकाला और दो कपों में गर्मागर्म चाय डालकर एक कप मुझे थमाकर बोला – ” मैं जानता हूं चाय पीने के बाद तुम्हारे आल्हा दिमाग में यहां से बचने या निकलने का कोई न कोई आइडिया जरूर निकलेगा!” – कहकर वो मेरी ओर देख संकट की इस घड़ी में भी मुस्कुराने लगा। मैं भी अपने होठों पर एक स्मित मुस्कान लाए बिना न रह सका।
चाय पीने के बाद हम दोनों में ही चुस्ती – फुर्ती आ गई थी। गीले कपड़ों को हाथ लगाकर देखा तो पूरी तरह सूख चुके थे। पुनः कपड़े आदि पहनकर आई हुई मुसीबत से दो – दो हाथ करने को हम तत्पर थे।