बात एक रात की
*************
भाग चार
***********
लंच रिसेस में बात फिर से शुरू हुई थी दोनो सहेलियों के बीच। विजया उत्सुक भी तो कितनी थी, आखिर वो भी तो
इस मुआमले से अनचाहे जुड़ चुकी थी, और सुबह से उसके
मन में कितने अनसुलझे सवार तैर रहे थे।
“हां,अब बताओ.. कौन है यह विजय घाटगे.. ” अपना टिफिन खोला और तुरंत बात शुरू कर दी थी विजया ने,”अरे ! बड़े बाप की बिगड़ी औलाद था,और कौन था, गुन्डा था पूरा.. कई मुआमलों में फंसते फंसते बचा था..बाप था न पीछे..हर बार साफ बच गया,बलात्कार तक के केसों से…कभी तू नैट
खोल कर देखना,कम से कम दर्जन भर कोर्ट केसेस दर्ज होंगे उसके खिलाफ़..हेर फेर करके कोर्ट पोलिस से तो बचा रहा.. पर उसकी बदनामी बहुत फैल गयी..तब एक नया ही तरीका ढूंढ निकाला है बाप ने अपने बेटे को प्रतिष्ठित करने का, तीन चार सालों में एक युवा नेता करार दे दिया गया उसको.. सुना
है इलैक्शन में भी खड़ा हो रहा था, आवारा बेरोजगार लड़कों की अपने पीछे पूरी की पूरी फौज लिये फिरता रहता था आज कल अपने पीछे…सब भाड़े के टट्टू…।”
” फिर तो उसके मारे जाने के पीछे जरूर कोई ठोस कारण रहा होगा,हो सकता है कोई उसी के हाथों सताया गया ही कोई आदमी हो…”
” हो सकता है… और अच्छा है न जो जल्दी मर गया, अगर कहीं चुनाव जीत जाता तो और भी बड़ा गुंडा साबित होता,वो भी सरकारी लाईसेंस के साथ….”
मानसी ने यह बात कुछ कही ही ऐसे तरीके से था कि हंसी निकल गयी थी विजया की….”खैर छोड़ यह सब..यह
बता मौशी ने भेजी उस लड़के की कोई ख़बर…।”
“अरे नहीं रे…और सच कहूं तो मैंने पूछा भी नहीं… और यार मौशी तो बस ऐसे ही कहती रहती हैं ,जिससे लगता रहे कि वो मेरे लिए कितनी परेशान है, वरना तो वो उसी दिन
से खफ़ा हैं मुझ से जब से मैंने उनके ससुराल की तरफ़ वाले लड़के से मिलने से इन्कार कर दिया था,क्या बताऊं कभी
कभी अंदर से बहुत घबराहट होती है शादी के नाम से,और
अब तो कोई है भी नहीं पीछे जो संभाल ले अगर कुछ गलत
हो जाए…मन तो मेरा यही करता है अकेले ही रहना चाहिए अब तो नौकरी है , घर है और क्या चाहिए होता है किसी को इस मुंबई में, खामाख्वाह क्यों अपना चैन दांव पर लगाना है , शादी करके..शादी कहीं बाहर हुई तो कहेगा अपनी नौकरी छोड़ दो,घर भी बंद करना पड़ेगा,पता नहीं क्या क्या मानने
को कहेगा… और कहीं कुछ गलत हो गया तो …।”
“अरे ठीक है, तो छोड़ दे..जब कुछ होगा तभी देखा जायेगा।” मानसी को लगा गलत विषय पर बात शुरू कर दी उसने… विजया अब कहीं रोने ही न लगे.. बहुत ही सेंसेटिव लड़की है विजया, और सचमुच बड़ी ही अजीब सी परिस्थिति थी उसकी सहेली की…कुछ सालों पहले सब कुछ था उसके भाग्य में सब था..उसको अपनी पलकों पर रखने वाला पिता खरे सोने सी और ममत्व से भरी उस की मां..और एक प्यारा सा भाई । जिस स्कूल में टीचर है, उसी स्कूल के हैड मास्टर
थे कभी उसके पिता प्रभाकर देशपांडे । एक दुर्घटना क्या हुई और जैसे उसके भाग्य पर एक काजल सा फिर गया..आज उसकी प्यारी सहेली इस भरी दुनिया में लग भग अकेली है कहने को मामा हैं ,मौसी हैं , पर उनकी भी अपनी कहानी है इसीलिए बस अकेले रहना मंजूर कर लिया है.विजया ने,और वक्त ने एक नाजुक सी घरेलू लड़की को देखते देखते पत्थर
की तरह कठोर बना दिया है, जो स्कूल और घर को ही सारा जीवन समझने लगी है….
मानसी चाहे कुछ भी सोचे पर आज विजया इस बात
चीत से अप्रभावित रही,बात खत्म हो जाने पर चुपचाप खाना खाती रही…कल रात की उस रोमांचक घटना ने जैसे उसकी हर दूसरी परे शानी को पीछ धकेल दिया था..उसकी उदास
सी तन्हा जिंदगी में जैसे कल एक बिजली सी कड़की थी, जिसने उसके मन को जैसे चौंधिया दिया था,कल तो वह डर बहुत गयी थी…पर सुबह उसने महसूस किया कि वह उतनी
भी डरी हुई नहीं थी .. बल्कि उत्सुक ज्यादा थी यह जानने
को कि क्या हत्यारे का उसके फ्लैट में आना संयोग भर था ,
या कि उसकी कोई पूर्व निश्चित योजना।
” मुझे लग रहा है…तू आज किसी और ही उलझन में
पड़ी है..जब से स्कूल आई है पता नहीं क्या सोचे जा रही है।” कहते कहते एकदम चुप हो गयी थी मानसी,अपनी बात को कहते कहते मानसी अचानक दरवाजे की तरफ देखने लगी थी..” देख ! विजया ! नये मास्टर जी आज फिर हमारी तरफ
ही चले आ रहे हैं..।” मानसी के कहते ही विजया की निगाह
भी अनायास दरवाजे की तरफ गयी,उनकी तरफ आने वाला हेमन्त ही था..स्कूल में आया नया टीचर… चार छः महीने
पहले ही उसने यह स्कूल ज्वाईन किया था….अहमदनगर
के आस पास ही किसी गांव का था हेमन्त और फिलहाल
इस स्कूल में फिजिक्स के टीचर के तौर पर आया था, स्कूल
के स्टूडैंट्स बहुत खुश थे इस नये टीचर के आने से ,जिससे
भी पूछा उसने यही कहा, हेमन्त टीचर कमाल का पढ़ाते हैं।
***********************************************
(शेष आगे…)
अजय कुमार