मेघा राठी का उपन्यास ‘वहाँ कौन है ‘ भाग -27

वहां कौन है? (भाग 27)

नीलवलया अम्भोर को पुकारती हुई रो रही थी कि तभी चारों ओर फैला जल फिर से काँपने लगा। नीली तरंगें धीरे-धीरे गोलाकार घूमने लगीं और देखते ही देखते पूरा दृश्य धुँधला पड़ गया। ऐसा लगा मानो किसी ने जल के भीतर एक विशाल दर्पण हिलाकर सारी छवियाँ बदल दी हों।

कुछ ही क्षणों में सब स्पष्ट होने लगा।इस बार पूरा जललोक उत्सव में डूबा हुआ था।जहाँ तक दृष्टि जाती, रंगों और प्रकाश का ऐसा अद्भुत संसार था जिसे देखकर स्वर्ग भी ईर्ष्या कर उठे।

राजधानी के चारों ओर फैली मूंगे की विशाल शिलाओं को गुलाबी, श्वेत और रक्तिम मूंगों की लताओं से इस प्रकार सजाया गया था कि वे प्राकृतिक तोरणद्वार प्रतीत हो रही थीं। प्रत्येक मेहराब पर हजारों छोटे-बड़े मोती जड़े थे। जल की हल्की-हल्की धार जब उनके ऊपर से गुजरती तो वे इंद्रधनुषी प्रकाश बिखेर देते।

सड़कों के दोनों ओर समुद्री लिली (Sea Lily), नील कमल, प्रवाल पुष्प और रंग-बिरंगे एनीमोनी झूम रहे थे। उनके बीच-बीच में चमकीले समुद्री शैवालों की लम्बी लड़ियाँ लटकाई गई थीं जो स्वयं प्रकाश छोड़ रही थीं। ऐसा लगता था जैसे हजारों दीप बिना लौ के जल रहे हों।

सबसे अद्भुत दृश्य राजमहल के सामने था। महल के ऊपर जादुई जल-कवच बना हुआ था। शक्तिशाली मंत्रों द्वारा जल को अनेक स्थानों पर रोककर पारदर्शी गुंबदों का रूप दे दिया गया था। उन गुंबदों के भीतर सुनहरी, बैंगनी और चाँदी जैसी चमक वाली छोटी-छोटी मछलियाँ निरंतर तैर रही थीं। वे जहाँ से गुजरतीं, वहीं फूलों जैसी आकृतियाँ बन जातीं।

महल की सीढ़ियों पर शंखों को इस प्रकार सजाया गया था कि प्रत्येक सीढ़ी किसी वीणा के स्वर जैसी मधुर ध्वनि उत्पन्न करती। कोई ऊपर चढ़ता तो शंख स्वयं गुनगुनाने लगते।

राजमहल के आँगन में मत्स्य कुमार और मत्स्य कन्याएँ अपनी-अपनी जिम्मेदारियों में व्यस्त थे।कोई मोतियों की झालरें बाँध रहा था।कोई विशाल सीपों को चमका रहा था। कुछ युवक समुद्री घोड़ों को रंगीन शैवालों की मालाएँ पहना रहे थे।कई कन्याएँ दुर्लभ समुद्री पुष्पों की वेणियाँ गूँथ रही थीं।

चारों ओर हँसी, गीत और उत्साह था।केवल एक हृदय ऐसा था जो इस उत्सव के बीच भी भारी था।नीलवलया का…उसके कक्ष में भी दासियाँ लगी हुई थीं।

कोई उसके विवाह के वस्त्र सजा रही थी।कोई मोतियों के आभूषण व्यवस्थित कर रही थी।कोई गुलाबी मूंगे के कंगन चमका रही थी।पर नीलवलया की आँखें कहीं और थीं।उसकी दृष्टि बार-बार उसी खिड़की की ओर चली जाती जहाँ से दूर समुद्र का अथाह विस्तार दिखाई देता था।

‘अम्भोर… तुम आओगे न?’,उसने मन ही मन कहा।

इतने में कक्ष का पर्दा हटाकर अर्णवेश भीतर घुस आया।”नील!”

उसकी आवाज़ सुनते ही नीलवलया मुस्कुरा दी,”इतनी सुबह?”

अर्णवेश ने आते ही उसके सामने रखे मोतियों के डिब्बे में हाथ डाल दिया”अरे… इन्हें मत छुओ।”

“क्यों?”

“ये विवाह के लिए हैं।”

“तो?”

“तो बिगड़ जाएँगे।”

“फिर नया बना लेना।”

नीलवलया हँस पड़ी, “तुम कभी बड़े नहीं होगे!”

“नहीं होना मुझे।”,वह उसकी गोद में सिर रखकर लेट गया।

“नील… सच बताना…”

“हूँ?”

“विवाह के बाद तुम चली जाओगी?”

नीलवलया का हृदय कस गया,”शायद…”

“तो फिर मेरे साथ कौन खेलेगा?”,उसने मासूमियत से पूछा।

नीलवलया ने उसका माथा चूम लिया,”तुम इतने बड़े राजकुमार हो गए हो। अब भी खेलोगे?”

“हाँ।”

“और युद्धाभ्यास?”

“वो भी।”

“और पढ़ाई?”

“वो भी।”

“फिर?”

“पर शाम को तो तुम चाहिए।”नीलवलया की आँखें नम हो गईं।वह कुछ बोल नहीं सकी।अर्णवेश ने उसकी आँखों में आँसू देख लिये,”तुम रो रही हो?”

“नहीं।”

“झूठ।”

उसने अपने छोटे-छोटे हाथों से उसके आँसू पोंछ दिए,”जिसने तुम्हें रुलाया है न… मैं उसे अपने त्रिशूल से मार दूँगा।”

नीलवलया की हँसी छूट गई,”अच्छा! पहले त्रिशूल ठीक से पकड़ना सीख लो।”

“सीख जाऊँगा।”

“और अगर वह बहुत शक्तिशाली हुआ तो?”

“तो पिताश्री को बुला लूँगा।”,इतना कहकर वह स्वयं ही हँस पड़ा।

उसी समय बाहर से शंखध्वनि सुनाई दी।एक दासी भीतर आई। , “राजकुमारी, नीरवंदन संस्कार का समय हो गया है।”

नीलवलया उठ खड़ी हुई।यह विवाह से पूर्व होने वाली अत्यंत पवित्र रस्म थी।इसमें वधू अकेले जलदेव, समुद्र माता और अपने पूर्वजों को दुर्लभ जलपुष्प अर्पित करती थी ताकि वैवाहिक जीवन मंगलमय रहे।

नीलवलया ने हल्के गुलाबी रंग का रेशमी जलवस्त्र धारण किया।
उसके बालों में श्वेत समुद्री लिली और नीले प्रवाल पुष्प सजाए गए।हाथों में शंख की चूड़ियाँ थीं।वह धीरे-धीरे राजमहल के पीछे स्थित प्राचीन जलवेदी की ओर बढ़ी।मार्ग के दोनों ओर हजारों दीपशंख स्वयं प्रकाश बिखेर रहे थे।वेदी पर पहुँचकर उसने आँखें बंद कीं।दोनों हथेलियों में जलपुष्प लेकर उसने उन्हें धीरे-धीरे पवित्र जलधारा में प्रवाहित कर दिया।

“हे समुद्र माता… यदि मेरे मन में कोई भ्रम हो तो उसे दूर कर देना…”,उसकी आवाज़ काँप गई।रस्म पूरी होने के बाद दासियाँ लौट गईं।

नीलवलया ने कहा था कि वह कुछ देर अकेली रहना चाहती है।
अब वह अकेली थी।जल की मंद धाराएँ उसके वस्त्रों को छू रही थीं।

तभी…पीछे किसी शैवाल की झाड़ी हल्के से हिली।नीलवलया तुरंत चौकन्नी हो गई,”कौन है?”

किंतु कोई उत्तर नहीं आया।

“सामने आओ।”

धीरे-धीरे एक साधारण जल-व्यापारी सा दिखाई देने वाला व्यक्ति बाहर आया।उसने अपना सिर ढँक रखा था।नीलवलया ने उसे गौर से देखा।अगले ही क्षण उसकी आँखें फैल गईं,”अम्भोर!”

उसने आश्चर्य और क्रोध दोनों से कहा।अम्भोर मुस्कुराया।

“पहचान लिया।”

“पहचानूँगी नहीं?”

“वेश अच्छा था न?”

“मुझे छलने के लिए?”,नीलवलया का स्वर भर्रा गया।”तीन दिन बाद मेरा विवाह है और आज तुम्हें आने की याद आई?”

अम्भोर चुप रहा।

“जब पिताश्री ने मेरे विवाह की घोषणा की थी तब कहाँ थे तुम?एक बार… केवल एक बार उनसे मेरा हाथ माँग लेते…”, उसकी आँखों से आँसू बह निकले। “मैं तुम्हारे साथ चलने को तैयार थी।”

अम्भोर ने धीरे से उसका हाथ पकड़ लिया।”नील…”

उसने हाथ झटक दिया, “मत छुओ मुझे।”

“मेरी बात सुनो।”, अम्भोर ने फिर से हाथ पकड़ने का प्रयास किया।

“क्या सुनूँ?…कि तुम व्यस्त थे?…या डर गए थे?..या तुम्हारा प्रेम इतना ही था?”

अम्भोर ने गहरी साँस ली।उसकी आँखों में पहली बार पीड़ा दिखाई दी, “यदि केवल मेरे जीवन का प्रश्न होता तो मैं उसी दिन तुम्हारे पिता के सामने खड़ा हो जाता।”

“फिर?”

“मेरी माता…”, वह चुप हो गया।

नीलवलया का क्रोध थोड़ा कम हुआ,”क्या हुआ उन्हें?”

अम्भोर ने धीमे स्वर में कहा”वे मृत्युशय्या पर हैं…”,अम्भोर के स्वर में ऐसी थकान थी कि नीलवलया का क्रोध कुछ पल के लिए जैसे जल में घुल गया। उसने पहली बार गौर से उसे देखा।

आज उसका चेहरा पहले जैसा नहीं था। आँखों के नीचे गहरे साये थे। वस्त्र भी सामान्य थे। उसके कंधे पर हल्का-सा घाव भी दिखाई दे रहा था जिस पर समुद्री शैवालों का लेप लगा था।

“यह… यह चोट कैसे लगी?” नीलवलया अनायास उसके समीप आ गई।

अम्भोर ने एक क्षीण मुस्कान दी, “कुछ नहीं… यात्रा की थकान है।”

“मुझसे असत्य मत कहो।”

“सच में कुछ नहीं।”

“अम्भोर!” उसके स्वर में इतना अपनापन था कि अम्भोर ने धीरे से उसकी हथेली अपने हाथों में ले ली।

“जब वैद्य हार मान जाएँ तो पुत्र क्या करे, नील?”

नीलवलया की आँखें भर आईं, “क्या हुआ है महारानी को?”

अम्भोर कुछ क्षण मौन रहा। जैसे शब्द चुन रहा हो फिर नीलवल्या का हाथ सहलाते हुए बोला, “लगभग एक वर्ष पहले हमारी सीमाओं के बाहर एक विषधारा फूट पड़ी। उसके जल में ऐसा विष था जो शरीर को नहीं, जीवनशक्ति को नष्ट करता है। उसी विष ने मेरी माता को ग्रसित कर लिया।”

“पर तुम्हारे लोक के वैद्य?”

“उन्होंने जितनी औषधियाँ थीं, सब आज़मा लीं। दुर्लभ समुद्री वनस्पतियाँ, शंखरस, मोतियों का चूर्ण, यहाँ तक कि चन्द्रप्रभा शैवाल भी… किंतु कोई लाभ नहीं हुआ।”

नीलवलया अब पूरी तरह चिंतित हो चुकी थी,”फिर?”

अम्भोर ने उसकी आँखों में देखते हुए कहा,”उन्होंने कहा… यदि तक्षक नागवंश की नागमणि का प्रकाश कुछ समय के लिए भी उन्हें मिल जाए… तो शायद उनके प्राण बच सकते हैं।”

नीलवलया का हृदय जैसे एक पल को रुक गया,”नागमणि…”

“हाँ।”

“पर…”

“जानता हूँ।”

अम्भोर ने सिर झुका लिया,”वह केवल तुम्हारे राजपरिवार के पास है।”

कुछ क्षण दोनों मौन रहे।दूर विवाह की तैयारियों की मधुर ध्वनियाँ सुनाई दे रही थीं। कहीं शंख बज रहे थे, कहीं गीत गाए जा रहे थे पर उन दोनों के मध्य जैसे समय ठहर गया था।

नीलवलया ने धीरे से पूछा,”तो… तुम मेरे पिताश्री के पास इसी कारण नहीं गए ?”

अम्भोर ने एक लंबी साँस ली, ” हाँ,वैसे भी हमारे लोक के बारेमें बहुत गलत भ्रम फैले हुए हैं। यदि मैं जाता और वे मना कर देते… तब?”

“तो?”

“तो तुम्हारा विवाह भी नहीं हो पाता… और मेरी माता भी चली जातीं।” उसने धीरे से कहा,”मैंने सोचा… पहले उन्हें बचा लूँ… फिर पूरे सम्मान के साथ तुम्हारा हाथ माँगूँगा।”

नीलवलया के भीतर जैसे वर्षों का विश्वास फिर जाग उठा, “तो… तुम विवाह करना चाहते हो मुझसे?”

अम्भोर ने उसकी आँखों में देखते हुए कहा, “इस संसार में यदि किसी को अपनी रानी बनाना चाहता हूँ… तो केवल तुम्हें।”

नीलवलया की पलकों पर ठहरे आँसू ढुलक पड़े, “तो फिर देर किस बात की है?”

अम्भोर ने कड़वी मुस्कान दी, “देर भाग्य कर रहा है… मैं नहीं।”

“यदि… यदि तुम्हारी माता स्वस्थ हो जाएँ…”

“तो उसी दिन मैं तुम्हारे पिता के सामने आकर खड़ा हो जाऊँगा। चाहे वे मुझे स्वीकार करें या दंड दें।”

“मै नागमणि तुम्हें लाकर दूंगी।”, नीलवल्या ने कुछ सोचते हुए कहा। यह सुनते ही अम्भोर की आंखों में चमक आई किंतु प्रकट में उसने चौंकने का अभिनय किया।

“नहीं…”,वह तुरंत पीछे हट गया, “नहीं नील… मैं तुमसे ऐसा नहीं कह सकता।”

“क्यों?”

“क्योंकि वह तुम्हारे राज्य की धरोहर है।”

“तो क्या हुआ?”

“मैं तुम्हें अपराधिनी नहीं बनाना चाहता।”

नीलवलया ने दृढ़ स्वर में कहा,”यदि किसी के प्राण बचाने के लिए उसे कुछ समय के लिए ले जाया जाए तो वह चोरी नहीं होती।”

अम्भोर ने कोई उत्तर नहीं दिया।यही तो वह चाहता था।वह चाहता था कि यह प्रस्ताव उसके मुख से नहीं, नीलवलया के मुख से निकले।

कुछ क्षण बाद नीलवलया स्वयं बोली,”यदि… मैं नागमणि तुम्हें कुछ समय के लिए दे दूँ… तो?”

अम्भोर ने सिर उठाया,”क्या?”

“तुम उसे अपनी माता के पास ले जाओ… उनके स्वस्थ होते ही वापस लौटा देना।”

अम्भोर की आँखें भर आईं।कम से कम देखने वालों को तो यही लगा होता। “तुम… मेरे लिए इतना बड़ा त्याग करोगी? मैं जीवन भर तुम्हारा ऋणी रहूँगा।”

“मुझे ऋण नहीं चाहिए।”

“फिर?”

“तुम्हारा साथ चाहिए।”, नीलवलया कुछ क्षण मौन रही। फिर उसकी आँखें भर आईं।, “लेकिन… तीन दिन बाद मेरा विवाह है। तब तक तो सब समाप्त हो जाएगा, अम्भोर।”

अम्भोर ने उसकी ओर देखा। इस बार उसके स्वर में घबराहट नहीं, बल्कि अजीब-सी दृढ़ता थी, “समाप्त? नहीं नील… अभी कुछ भी समाप्त नहीं हुआ।”

“कैसे नहीं? राजपुरोहित मुहूर्त घोषित कर चुके हैं। सारी तैयारियाँ हो चुकी हैं।”

“राजाओं के निर्णय अंतिम होते हैं… पर बदले भी जा सकते हैं।”

“क्या?”

“यदि दो राज्यों के बीच कोई महत्वपूर्ण संधि हो, यदि उससे दोनों लोकों का हित जुड़ा हो यदि कोई ऐसा कारण उपस्थित हो जो पहले ज्ञात न हो… तो विवाह की घोषणा भी रोकी जा सकती है। यह केवल तुम्हारे लोक में नहीं, हमारे लोक में भी होता है।”

नीलवलया ध्यान से उसकी बातें सुन रही थी।अम्भोर ने आगे कहा, “मुझे तुम्हारे पिता से भय नहीं है, नील… मैं उनके सामने सिर झुकाकर तुम्हारा हाथ माँगने को तैयार हूँ पर मैं उनके सामने एक असहाय पुत्र बनकर नहीं जाना चाहता, जिसकी अपनी माता मृत्यु के द्वार पर खड़ी हो।”

वह कुछ क्षण रुका, फिर बोला,”यदि नागमणि का प्रकाश एक ही रात के लिए मिल जाए… तो सब बदल सकता है। मेरी माता बच सकती हैं… और मैं अपने पिता तथा राजसभा के साथ स्वयं तुम्हारे महल आऊँगा।”

“पर तब भी केवल दो दिन बचेंगे…”

“दो दिन बहुत होते हैं, नील।”, उसने उसकी आँखों में देखते हुए कहा,”यदि तुम्हारे पिताश्री देखेंगे कि दो जललोकों के बीच मैत्री और वैवाहिक संबंध बनने जा रहे हैं तो वे पुनर्विचार अवश्य करेंगे। मैं भागकर तुम्हें ले जाने वालों में नहीं हूँ। मैं तुम्हें सम्मानपूर्वक माँगूँगा।”

नीलवलया की धड़कन तेज हो गई।

“सच?”

अम्भोर मुस्कराया, “विश्वास नहीं है मुझ पर?”

नीलवलया ने तुरंत सिर हिला दिया,”है… स्वयं से भी अधिक।”

अम्भोर ने उसके माथे को धीरे से स्पर्श किया,”तो फिर मुझे केवल एक रात दे दो… केवल एक रात। उसके बाद भाग्य स्वयं अपना मार्ग चुन लेगा।”

नीलवलया ने उसी क्षण मन ही मन निर्णय ले लिया,”मैं नागमणि लेकर आऊँगी।”

तभी अम्भोर ने धीरे से पूछा,”पर… नागमणि तक पहुँचना आसान होगा क्या?”

“कल प्रातः विवाहपूर्व ‘मणि-आशीर्वाद’ की परंपरा है।”

“वह क्या होती है?”, अम्भोर ने नीलवलया को अपने कंधे से लगा लिया।

“हमारे कुल की प्रत्येक राजकुमारी विवाह से पहले नागमणि के दर्शन करती है। उसके प्रकाश का आशीर्वाद लेकर ही वैवाहिक जीवन प्रारम्भ करती है।”, नीलवल्या ने अपना सिर उसके कंधे पर टिकाते हुए बताया।

अम्भोर का हृदय भीतर ही भीतर प्रसन्न हो उठा पर उसके चेहरे पर चिंता ही बनी रही,”क्या वहाँ और लोग भी होंगे?”

“प्रारम्भ में हाँ।”

“फिर?”

“कुछ देर बाद मैं अकेली रह जाती हूँ।”

अम्भोर ने आँखें झुका लीं, “नील… यदि तुम्हें तनिक भी भय लगे तो यह मत करना।”

नीलवलया ने दृढ़ स्वर में कहा,”प्रेम यदि केवल सुख में साथ दे तो वह प्रेम नहीं, सुविधा है।”उसने अपना हाथ अम्भोर की हथेली पर रख दिया,”मैं कल नागमणि लेकर आऊँगी।”

अम्भोर ने उसका हाथ चूम लिया,”मैं तुम्हारी प्रतीक्षा करूँगा।”

उसी क्षण दूर से शंखनाद गूँजा।महल की दिशा से दासियों की आवाजें आने लगीं, “राजकुमारी नीलवलया!…”राजकुमारी… आप कहाँ हैं?”

नीलवलया चौंक गई, “मुझे जाना होगा।” वह मुड़ी और तेज़ी से राजमहल की ओर तैर गई।

अम्भोर बहुत देर तक उसे जाता हुआ देखता रहा।जब वह पूरी तरह दृष्टि से ओझल हो गई…तब उसके चेहरे की सारी कोमलता एक क्षण में गायब हो गई।उसके होंठों पर एक ठंडी, विजयी मुस्कान फैल गई।

“प्रेम…”,वह धीमे से हँसा, “संसार की सबसे सरल कुंजी।”उसने अपनी मुट्ठी भींच ली।

“कल…”,उसकी आँखों में एक विचित्र चमक उभरी,”कल केवल नागमणि ही नहीं… पूरे मत्स्यलोक का भाग्य मेरे हाथ में होगा।”

जल की गहराइयों में उसकी आवाज देर तक गूंजती रही और उसी के साथ वह दृश्य धीरे-धीरे धुँधला पड़ने लगा।
Megha

( आप लोगों से न …कहना पड़ता है बार बार कि कमेंट तो करो। कभी कमेंट्स खूब आते हैं तो कभी इतने कम कि मुझे लगता है, मै भी कहीं अंतर्ध्यान हो जाऊं इस सीरीज के संग। अब तो विवाह भी होने जा रहा है नीलवल्या का , आइए कुछ संगीत वगैरह तो करें।)

WhatsApp Image 2026-06-26 at 18.05.06 (1) — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment