भलोल
भाग -37
फूफा जी ने पूछा, “वह सब तो ठीक है लेकिन तुम शादी कब कर
रहे हो?”
“जब संयोग होंगे, शादी भी हो जाएगी।”
मैं ये सब बातें नहीं करना चाहता था। मैं उठने लगा तो बुआ जी के जेठ की लड़की शन्नो आ गई। मैंने उसे बुआजी की ननद की शादी में देखा था। अब काफी बड़ी हो गई थी, लेकिन उसका कद लंबा नहीं था। सुंदर थी, लेकिन कद से मार खा रही थी।
मैंने सबको नमस्कार किया और वहाँ से निकल आया। पीछे से बुआ जी की आवाज आई थी, “निन्दी, आते रहा करो।”
मैं काफी दूर निकल आया था इसलिए बुआजी की बात का उत्तर नहीं दिया था। देता भी तो वे सुन नहीं पाते। मैं वहाँ से पैदल ही ‘भरावां दा ढाबा’ से ‘हालबाजार’ में घुसा। किताबों की दुकान ‘सुंदर दास एंड सन्स’ से एम.ए. हिंदी की किताबों के बारे पूछा। गद्दी पर बैठे आदमी ने पूछा, “एम.ए. फर्स्ट ईयर न?”
“जी।”
“सिर्फ अमृतलाल नागर का उपन्यास ‘बूंद और समुद्र’ आया है।”
“वह बदल तो नहीं जाएगा और किताबें कब तक आएँगी?”
“नहीं, बदलेगा नहीं। बदलेगा तो यहीं वापस कर देना। अगले महीने सब किताबें आ जाएँगी।”
“ठीक है, अभी आप ‘बूंद और समुद्र’ दे दें।”
किताब के पैसे देकर मैं जाने लगा तो मैंने पूछा, “मुझे अंबाला में किताबें भेजी जा सकेंगी?
उत्तर में उन्होंने कहा, “यहाँ से किताबें मंगवाने की जरूरत नहीं है। अंबाला कैंट के सदरबाजार की इस दुकान से किताबें मिल जाएँगी, कहते हुए उन्होंने वहाँ का कार्ड दे दिया। मैं ‘धन्यवाद’, कहकर आगे बढ़ गया था।
मन के भीतर ‘अब कहाँ’ का प्रश्न जरूर था लेकिन मैं निरुद्देश्य आगे बढ़ता रहा। पेट तो भरा हुआ था। घर जाने का इरादा भी नहीं था। देखूँ, रिजेंट टॉकी में कौनसी पिक्चर लगी है? अगर अच्छी हुई तो देख लूँगा।
रिजेंट पहुँचा तो वहाँ पंजाबी फिल्म ‘जुगनी’ लगी हुई थी। सुंदर हीरो था। मैं अभी टिकट लेने की सोच ही रहा था कि किसी ने मेरी पीठ पर हाथ मार कर कहा, “ओए, निन्दी! की हाल ए? पिक्चर देखने आए हो?”
पीछे मुड़ कर देखा तो मेरा क्लासफेलो जग्गी खड़ा था। मन बड़ा खुश हुआ। पूछा, “जग्गी, तू यहाँ कैसे?”
“यह मेरे मामू का थेटर है। मैंने यहाँ नौकरी कर ली है। तुसीं अजकल किथ्थे हो?”
“मैं फौज च भर्ती हो गया हां।”
“तुहानू तां कंशेसन है। दो रुपए च बालकनी दी टिकट है। मैं टिकट लाकर देता हूँ।”
मैंने फार्म भरकर दो रुपए दे दिए। तीन घंटे टाहम पास होगा। टिकट लेकर बालकनी में बैठ गया। पिक्चर शुरू हुई। पहला गाना बैकग्राऊंड में था। “दड़ वट जमाना खट, भले दिन आवनगे।”
मोहम्मद रफी साहब के इस गाने ने तो जान ही निकाल कर रख दी थी। जीवन में चुपचाप रहकर जमाने को अपनी तरफ कर लो। भले दिन जरूर आएँगे। और भी बहुत शानदार गीत थे।
फिल्म से अधिक मेरा ध्यान उनके गानों पर था। मैं उनमें खो गया था। परमा के साथ बिताए दिन याद आने लगे थे। मैं अगले गाने में खो गया था।
“शिखर दोपहरे पीपली दे थल्ले, मैं छनकानियाँ वंगाँ”
गर्मी की दोपहर को जब सूर्य सिर पर होता, वह अपनी प्रखर तपस बिखेर रहा होता था, एक प्रेमिका अपने प्रेमी को आकर्षित करने के लिए पीपल की छाया में खड़े होकर अपनी चूड़ियों की आवाज करती है लेकिन वह आकर्षित नहीं होता और इंतजार बना रहता है। इंतजार कभी खत्म नहीं होता था। मन दर्द से भर उठा था। इंतजार परमा नहीं, मैं करता रहा था और जानता था कि यह इंतजार कभी खत्म नहीं होगा। जाने कैसे मेरी आँखों के कोर नम हो गए थे। उसी समय जो गाना आया, उसने मेरे दिल की हालत ब्यान कर दी थी।
“दुपट्टा पतला गंडे दी छिल वरगा विच दो पंछी रो-रो सो गए।”
कई बार कहकर भी परमा नहीं आती थी। मेरी हालत इस गाने के भावों जैसी हो जाती थी। मैं भी प्याज के छिलके की तरह पतली चादर लेकर सो जाता था पर रो नहीं पाता था। बहुत देर सोया रहता तो माँ मुझे जगाती थी।
“उठो, खाना खा लो।”
मैं भूख न होने पर भी थोड़ा-बहुत खाना खा लेता था। माँ पूछती थी, “तेरी तबियत तो ठीक है? खाना ठीक से नहीं खाया?”
“हाँ माँ, ठीक है।”
मैं माँ से अपने मन की बात कर नहीं सकता था। सब पराए हो गए थे। केवल बाऊजी अपने थे, वे दुनिया छोड़ कर चले गए थे। मैं किसी को याद नहीं करना चाहता था। मैं फिल्म में खो गया था। अगला गाना मन को तड़पा गया था।
“ओ वेला याद कर, ओ वेला जद गली च झाती मार के मैंनू बारी च खलाड़ के रोज बुलांदां सैं”
वह समय कभी नहीं आया, जब मैंने खिड़की में खड़ा करके उसे बुलाया हो। वह तो मुझे ‘यूज’ कर रही थी। पता चलने पर बहुत निराशा हुई थी। मन के भीतर यह दर्द उबर आया था कि जब मेरे अपने, मेरे नहीं रहे तो औरों पर क्या विश्वास किया जा सकता था। मैं अनायास ही रोने लगा था।
“दड़ वट जमाना खट भले दिन आवनगे।”
फिल्म के इस गाने ने मुझे हौंसला दिया था। चुपचाप रहकर जमाने को अपनी ओर कर लो। भले दिन जरूर आएँगे। मैं हमेशा भले दिन आने का इंतजार करता रहा था पर भीतर के बिखराव को कभी समेट नहीं पाया था।
क्रमशः
राघवेंद्र सैनी