राघवेंद्र सैनी का उपन्यास ‘भलोल ‘ भाग -38

भलोल
भाग -38


फिल्म खत्म हुई तो मन बहुत भारी-भारी था। घर जाने की इच्छा न होने पर भी मैंने ‘रामबाग तांगा-स्टैंड’ से घर के लिए तांगा पकड़ा। मैं घर पहुँचा तो माँ, बहन, जीजा और विकेश भाई ने मुझे घेरने और फँसाने के लिए बहुत शानदार प्लान बनाया हुआ था। उन्होंने एक एंग्रीमेंट बनाया हुआ था, जिसमें लिखा हुआ था कि सभी घर में माँ को पैसा देंगे, जिससे घर का खर्चा और छोटे की पढ़ाई चलेगी।

मैं जानता था, ऐसा पहले भी हुआ था। केवल मैं पैसे भेजता रहा था, विकेश भाई ने कुछ नहीं दिया था। अब मैं फँसने वाला नहीं था। मैंने कहा, “मैं तब इस ऐग्रीमेंट पर साइन करूंगा जब कल जीजा जी मेरे साथ कचहरी
जाकर यह जमीन हम चारों भाइयों के नाम रजिस्ट्री करवाएँगे।”

नानाजी ने भी कहा, “निन्दी ने बड़ी व्यावहारिक बात कही है। तभी सभी का इंटरेस्ट बनेगा कि यह जमीन हमारी है।”

बहन ने कहा, “यह कैसे हो सकता है? हमारा 10 हजार कौन देगा?”

मैंने कहा, “हमारा 74 हजार भी तो लगा हुआ है। फिर अगर आपको शक है कि 10 हजार नहीं मिलेगा, इसमें से 100 गज का प्लॉट आप अपने नाम रखें बाकी चारों के नाम कर दें। इसकी रजिस्ट्री का खर्चा मैं दूँगा।”

“वाह, निन्दी, तुमने बहुत पते की बात कही,” नानाजी ने कहा।

विकेश भाई, जो बहन और जीजे का चमचा बना रहता था, उसने भी मेरी बात का समर्थन किया। माँ ने भी इसके लिए हामी भरी लेकिन बहन और जीजे का चेहरा उस समय देखने लायक था। हमारे नाम करने के लिए तो जमीन अपने नाम नहीं करवाई थी?

मैंने कहा था, “आप कहते थे न कि परिवार बड़े होने हैं। हमें इकट्ठे रहना चाहिए। मुझे या आपके किसी भी भाई को यह रहेगा कि इतने गज का प्लॉट हमारा है। हम अपना-अपना पोर्शन बनाकर इकट्ठे रहेंगे। अगर ऐसा नहीं होता है तो माँ, तुम रानी से भिखारन बन ही चुकी हो।”

बहुत देर चुप्पी छाई रही। नाना जी ने इस चुप्पी को तोड़ा। कहा, “तुम अपने 100 गज रख कर सारी जमीन रमा के नाम करवा दो। उसमें यह लिख दिया जाएगा कि उनके मरने के बाद यह जमीन उनके चारों बेटों में बराबर बाँट दी जाए।”

फिर चुप्पी छा गई। बहन और जीजा को लूट की सारी प्लैनिंग फेल होती लगी थी। उनके चेहरे ‘फक’ हो गए थे। उन्हें यकीन नहीं हो रहा था कि यह ‘भलोल’ उनके मनसूबे फेल कर देगा।

जीजा तो चुप रहे लेकिन बहन ने कहा, “हम अगले हफ्ते बताएँगे।”

मैंने बहन और जीजे को कुछ नहीं कहा लेकिन माँ को कहा, “माँ, यह कुछ भी कहें, अगला हफ्ता कभी नहीं आएगा। अगर इन्होंने हमारे नाम करना होता तो यह पहले ही हमारे नाम कर देते। इन्होंने लूटना था, लूट लिया।”

बहन और जीजे की तड़पन को मैं समझ रहा था। बातें बहुत तीखी थीं लेकिन सच्ची थीं। जीजे ने कहा, “हमने 10 हजार का जो लोन आप लोगों के लिए लिया था, उसका क्या?”
“21सौ गज़ का प्लॉट भी तो आपने अपने नाम कर लिया था। चलिए मान लिया कि आपने हमारे लिए लोन लिया। जिस बैंक से लोन लिया था, अगले हफ्ते जब आएँ तो लोन के वे पेपर लेकर आएँ।”

“मैंने अपने बड़े भाई से लोन लिया था।”

“आपने किसी से भी लोन नहीं लिया था। कितना झूठ बोलेंगे जीजा जी? अगर ऐसा है तो मेरे पास आपके भाई साहब का फोन नंबर है। मैं अभी आपके भाई साहब से बात करके आता हूँ। सारी बात खुल जाएगी। चल, विकेश भाई, मेरे साथ। आप इनके सबसे बड़े चमचे हैं न। आज इनके चेहरों का घिनौना रूप भी देख लो।”

विकेश भाई और मैं चलने लगे तो बहन फूट पड़ी, “निन्दी, तुम ठीक कहते हो। इन्होंने कोई लोन नहीं लिया था। अपने पास से पैसे दिए थे। प्लॉट अपने नाम करवाने के लिए।”

माँ बोल पड़ी, “दुर फिट्टे मुंह तेरा। तेरा आदमी तो हमारे परिवार का नहीं था, तुम तो मेरे घर की थी। तूने सब सत्यानाश कर दिया। जिस निन्दी को हम ‘भलोल’ कहते थे, उसकी बात हमें समझ ही नहीं आई थी।” माँ कुछ देर के लिए रुकी फिर कहा, “अगर तुमने अगले हफ्ते आकर रजिस्ट्री नहीं करवाई तो हम यहाँ से चले जाएँगे, गाँव के मकान में।”

पूरे कमरे में सन्नाटा छा गया। बहन और जीजे ने स्कूटर स्टार्ट किया और वापिस चले गए। मैं जानता था, वे कभी नहीं आएँगे। बहन और जीजे ने नहीं आना था। मैं उनकी बेईमानी को बहुत पहले से जान गया था। समय-समय पर मैं माँ को बताता भी रहा था लेकिन मेरी बात को किसी ने नहीं माना था। ‘भलोल’ की बात को भला मानता भी कौन?

छुट्टी खत्म होने पर मैं यूनिट में लौट आया था। मैं माँ को लिखता रहा कि आप बहनजी को लिखती रहें, वे सब भाइयों के नाम जमीन कर दे, परिवार जुड़ा रहेगा। मैं यह भी लिखता रहा था कि ऐसा होना संभव नहीं है अगर वे ईमानदार होते तो पहले ही उन्होंने जमीन हमारे नाम कर देनी थी।

माँ जवाब में लिखती, “तुम तो उन सबके दुश्मन हो। वे कोई बेईमान नहीं हैं, तुम देख लेना।”

चाहे माँ को बुरा लगता, मैं फिर भी उन्हें लिखता। धीरे-धीरे उन्हें भी पता चल गया था कि बहन और जीजे ने बेईमानी की है और धोखे से सब लूट लिया है, पर अब कुछ नहीं कर सकते थे।

इस बीच कई रिश्ते आने लगे। हम सभी भाई मंदिर-गुरुद्वारों में शादी करना चाहते थे। अच्छी शादी करने की हमारी हैसियत नहीं थी। यह भी साथ लगा दिया जाता कि हमें दहेज नहीं चाहिए।

हर माँ-बाप की यह इच्छा होती है कि वे अपनी बेटी का ब्याह धूमधाम से करें। लाडों से पली अपनी बेटी को वे इतना कुछ दें कि जीवन-भर उसे किसी से मांगने की जरूरत न पड़े। उसे फुलकारी से लेकर नाड़े तक दिए जाते थे। लड़की के माँ-बाप किसी ऐसे घर में क्यों ब्याहना चाहेंगे जो इस तरह की बेतुकी मांग रखते हों। कोई अपनी बेटी को खाली हाथ कैसे ब्याह सकता था? मानता हूँ, दहेज लेना और मांगना गुनाह है, फिर भी मन से दहेज के लालच से कोई मुक्त नहीं था। दहेज के कारण कई लड़कियाँ बली चढ़ गई थीं और अब भी चढ़ रही हैं। दहेज वे न लें जिनके घर भरे हों। जो कंगाल हों, उनके मुख से यह बात शोभा नहीं देती थी। यह बात समझदारी की होती कि यह कहा जाता, आप अपनी बेटी को जो मन से देना चाहें, वे दें। हमारी कोई डिमांड नहीं है। बैंक की नौकरी के अलावा विकेश भाई या हम सब भाइयों के पास और कुछ नहीं था। मैं फौज में था।

दूसरी, विकेश भाई की डिमांड थी कि उन्हें बी.ए. पास लड़की चाहिए। खुद मैट्रिक पास होने पर भी उनकी यह मांग बड़ी अटपटी थी पर वे अपना दिमाग अधिक ‘यूज’ करते थे, उन्हें कोई समझा नहीं सकता था। कई रिश्ते आए और चले गए। मेरे रिश्ते आते लेकिन फौज में होने के कारण टूट जाते। फौजी को कोई लड़की देना ही नहीं चाहता था।

विकेश भाई को बी.ए. पास लड़की मिली, लेकिन गाँव की, वह भी बाऊजी की रेपुटेशन के कारण। लड़की के माँ-बाप बाऊजी को बहुत अच्छी तरह जानते थे। उन्होंने विकेश भाई की सारी बातें मान लीं। मंदिर में शादी करना मान लिया लेकिन विकेश भाई को इस बात के लिए मना लिया कि वे अपनी लड़की को एक बड़ी अटैची देंगे जिसमें लड़की के सगनों के कपड़े होंगे। शादी हो गई। मैं अंबाला से शादी में आया था। विकेश भाई की बदली पठानकोट में हो गई। वे अपनी बीवी को लेकर गाँव के मकान में चले गए थे। गाँव से पठानकोट 20 किलोमिटर था। बड़े आराम से घर से बैंक आया-जाया जा सकता था। मुझे पता चला तो मन में तसल्ली हुई कि चलो, माँ अपने घर में चली गई। बाद में पता चला कि विकेश भाई बीवी के साथ अकेला गाँव गया था। छोटा पढ़ रहा था, उसके लिए अमृतसर रहना जरूरी था।

मेरे रिश्ते में मेरी सबसे बड़ी अड़चन, मेरा फौज में होना था। मैंने सब ईश्वर पर छोड़ दिया था। संयोग होंगे तो शादी हो जाएगी, नहीं तो ऐसे ही सही।

मैंने एम.ए. हिंदी में पास कर लिया था। मेरी दो कहानियाँ भी प्रकाशित हो गई थीं। मैं अपने लेखन की ओर बढ़ रहा था। यह मार्च 1974 की बात है। मन के भीतर स्थिरता थी कि ईश्वर ने मुझे एक ऐसा रास्ता दिया है जिससे मैं किसी को बात कहने की बजाय लिख दूँ और मैंने यही किया।

मैं अंबाला से शकूरबस्ती दिल्ली के डिपो में पोस्ट होकर आ गया था। अगस्त 1974 की बात है। यूनिट में जन्माष्टमी की छुट्टी थी। मुझे दिल्ली यूनिर्वसिटी में मामू के लड़के डॉक्टर सुरेश की ससुराल में रम की बोतले देने जाना था। मैं अपनी स्टोरकीपर प्लाटून में अपने साथी को बता कर निकल गया था। मैं शाम को आया तो मेरे दोस्त ने मुझे बताया कि मुझे देखने के लिए आए थे। उन्हें ठीक से अटैंड किया और खाना खिला कर भेजा गया था। मैंने उसका धन्यवाद किया था।

दोस्त ने बताया कि पहले गेट के संतरी ने उन्हें डरा दिया था, “अच्छा, वह मोटा-सा आदमी, लाल-लाल।” वह संतरी उन्हें मेरे पास ले आया था।

मैंने उन्हें कहा और तसल्ली कराई थी, कि ‘आप उसे मोटा नहीं कह सकते हैं। हाँ, वह हेल्दी जरूर है। यह नहीं है कि उसका पेट निकला हुआ है या चल फिर नहीं सकता है। वह एक्टिव है, सुबह पी.टी. में वह सबसे आगे होता है। सबसे बड़ी बात है कि उसे किसी तरह की आदत नहीं है। वह सिगरेट, शराब और मीट नहीं खाता है। यहाँ तक कि उसे फ्री मिलने वाली रम भी हम पी जाते हैं।’

उन्हें पूरी यूनिट घुमाई और कल आने के लिए कहकर वापिस भेज दिया। मिलिट्री एरिया बहुत शानदार होता है। वे खुश हो कर गए थे। मेरे दोस्त ने कहा था कि उसने उन्हें फोन दे दिया था। वे पहले आपसे बात करेंगे।

निश्चित ही मेरी माँ और भाइयों से मिले होंगे। तभी वे मुझ तक पहुँचे थे, लेकिन उन्होंने मुझे कुछ नहीं बताया था। दूसरे रोज उनका टेलिफोन आया तो मैंने कहा, “कल आप आए थे, मैं नहीं मिला था, यह बात अलग है। आप दोबारा यहाँ आने की तकलीफ न करें। मैं लंच के बाद आपके पास आऊँगा। मेरे साथ वही मेरा दोस्त होगा जिसने कल आपको अटैंड किया था ताकि आप मुझे पहचान सकें।”

भीतर थोडा-सा अफसोस था कि माँ ने मुझे कुछ नहीं लिखा था।

वे दिल्ली कृष्णानगर लाल क्वार्टर से आए थे। मुझे लाल क्वार्टर पहुँचने में 4.30 बज गए थे। मेरे होने वाले ससुरजी लाल क्वार्टर में ही मिल गए थे। उन्होंने देखते ही मुझे गले लगा लिया था। मन से उन्होंने मुझे पसंद कर लिया था।

जहाँ मुझे छोटा-सा शगुन दिया गया था, वह राजी की बुआ का घर था।

राजी मेरी अमृतसर की बुआजी के जेठ की लडकी शन्नो की सहेली थी। वे इकट्ठी थरमामीटर फैक्टी में काम करती थी। राजी भसीन परिवार से थी और उनकी सबसे बड़ी बेटी थी। मैंने कहा, “वह सब ठीक है। मुझे अपने बारे आपसे बात करनी है।”

मैंने अपने बारे सब बताया कि मुझे ही सब करना है। मैं स्टोरकीपर हैं लेकिन फौजी हूँ। मैं सारी जिंदगी स्टोर में रहूँगा। हर तीन साल में मेरी बदलौ होती रहेगी, यह नहीं कि सारी जिंदगी मुझे दिल्ली में रहना है। राजी अपनी ससुराल में तब तक रहेगी, जब तक मुझे यहाँ क्वार्टर नहीं मिलता।

उन्हें मेरी सारी बातें मंजूर थीं। उन्होंने मुझे रोक दिया था और बताया था कि 25 सितंबर 1974 की शादी है। उन्होंने मुझसे पूछा था कि मेरी कोई डिमांड है तो बताएँ। मैंने कहा था, “मेरी कोई डिमांड नहीं है। आप चाय का कप भी पिला कर विदा कर देंगे तो मुझे मंजूर होगा।” मैंने उनसे गुजारिश की, “मुझे राजी की अच्छी सी फोटो भेज दें। पता तो चले, मेरी होने वाली जीवनसाथी दिखती कैसी है?”

क्रमशः

राघवेंद्र सैनी

 

 

WhatsApp Image 2026-06-14 at 20.06.06 — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment