ज्योत्सना कपिल का उपन्यास ‘ उर्वशी’ भाग -43

43-

” यहाँ से तो सेट पर पहुँचने में भी काफ़ी देर लगती होगी। “
” जी “
” खाना पीना ठीक है ?”
” जी “
” जी कहने के अलावा कुछ नहीं कहेंगी आप ?”
” क्या कहूँ ?”
” इतनी नाराज़गी ?”
” अगर आप भी इस तरह की बातें करने लगेंगे तो मेरे लिए कहने को बचता ही क्या है ? मैं दुनिया की परवाह नहीं करती, पर जब कोई अपना ही मुझपर विश्वास न करके अफ़वाहों पर ज्यादा गौर करे, तो क्या करूँ ? “
” आप जानती हैं, कि जब आप शौर्य के साथ भी होती थीं तो हमें बर्दाश्त नहीं होता था। फिर एक अनजान आदमी के साथ, इतने इंटिमेट सीन , हमें अच्छा नहीं लगा। “
” वो मेरे काम का हिस्सा है। वह सिर्फ एक्टिंग है, सच नहीं। अफ़ेयर की रयूमर्स यहाँ उड़ाई जाती हैं, शो में पब्लिक की दिलचस्पी जगाने के लिए। क्योंकि पब्लिक स्टार्स की ज़िंदगी के भीतर झाँकना चाहती है। ऐसा कीजिये, अब आप मेरा कोई भी शो देखना बन्द कर दीजिए । “
” आप मना भी कर सकती हैं ऐसे सीन करने के लिए। “
” नहीं कर सकती, अभी मैं नई आयी हूँ, नखरे करूँगी तो मुझे बाहर का रास्ता दिखा दिया जाएगा। अपने पैरों पर खड़े होने की कोशिश कर रही हूँ, प्लीज़ मेरी उलझनें और मत बढाइये। ” कहते हुए उसने सचमुच हाथ जोड़ दिए। शिखर ने उसे तसल्ली देते हुए उसका सिर थपथपा दिया। थोड़ी देर बाद बातों का रुख दूसरी ओर मोड़ते हुए बोले
” अब आपको अकेले नहीं रहना चाहिए, आपकी कंडीशन इस लायक नहीं कि अकेले रहा जाए। “
” पहले अपने रहने का ठीकठाक इंतज़ाम कर लूँ, उसके बाद मम्मी को बुला लूँगी। “
” ह्म्म्म , चलते हैं, टेक केयर ” कहते हुए उन्होंने उसके मस्तक पर स्नेह चिह्न अंकित किया और बाहर निकल गये।

* * * * * * * *

उनके जाने के बाद वह कपड़े बदलकर लेट गई और सोच में गुम हो गई। आज उसे शिखर से मिलकर बिल्कुल भी खुशी महसूस नहीं हुई बल्कि वह उनके व्यंग्य बाणों से आहत हो गई थी। एक स्त्री को आत्मसम्मान बनाए रखने की बड़ी कीमत चुकानी ही होती है। गैरों को तो छोड़ो, अपने भी कदम कदम पर रोड़ा अटकाने में कसर नहीं छोड़ते। जबसे उसने वह प्रणय दृश्य किया था, मम्मी उससे बेतरह नाराज़ थीं। इधर शिखर की प्रतिक्रिया… हर कोई बेमतलब की नाराजगी दिखा रहा है। कोई उसे समझने को तैयार ही नहीं। वह परिपक्व है, अपना भला बुरा सोच सकती है। लेकिन हर एक कि यही कोशिश है कि वह बस सबके इशारों पर नाचती रहे। स्त्री होना गुनाह है क्या ? जहाँ सब कहें विवाह कर लो, अपना आत्मसम्मान कुचलकर बस दायित्व निर्वहन करते रहो। पुरूष जब चाहे तब उसकी अंकशायिनी बन जाओ, जब दुत्कारे तो मौन रहो। फिर पुचकार ले तो फिर सब भूलकर उसकी सेवा में तत्पर हो जाओ। गोया वह हाड़ माँस की बनी इंसान नहीं कोई पुतली है।
जिसका जैसे चाहे दिल करे नचाता रहे। कभी फ़र्ज़ के नाम पर तो कभी प्रेम के नाम पर। क्या उसकी हस्ती एक खिलौने से बढ़कर कुछ नहीं ? अगर थोड़ा अपनी इच्छा से जीना चाहो, तो आप अच्छे नहीं , घमंडी हो, जिद्दी हो। यदि उसके नसीब में यही था तो ईश्वर ने उसे सोचने समझने की शक्ति क्यों दी ? उसे भावनाएं क्यों दीं ? बनाना था न हृदयविहीन। पर ईश्वर भी क्या और क्यों समझे ? शायद वह भी तो पुरूष ही है। शौर्य को पूरे मन से अपनाया तो उसने उसकी कद्र न की। शिखर के लिए अपना अच्छा बुरा सब भूल गई थी, पर उन्होंने क्या किया ? हमेशा बस यही चाहा कि वह उनके निर्देश पर उठे बैठे। उनके सिवा कुछ और न चाहे, न देखे न सोचे। अपने अरमान क्या होते हैं, भूल जाए। उनसे प्रेम, शायद उसके जीवन की सबसे बड़ी भूल थी। यदि वह उनके प्रति इतनी आसक्त न हुई होती, तो आज सुखी होती। न उसका विवाह हुआ होता, न जीवनयापन के लिए संघर्ष कर रही होती। शान से सर उठाकर, अपनी इच्छानुसार जी रही होती। कैसा पागलपन सवार हुए था उसपर, जो शौर्य से विवाह को तैयार हो गई, सिर्फ इसलिए कि यह रिश्ता वह लेकर आये थे। मूर्खता की भी हद है, उसे अपनी मूर्खताओं का दंड भुगतना ही चाहिए। बस बहुत हुआ, उसके जीवन में दो पुरूष आये, पर दोनों बार निराशा ही हाथ लगी। अब वह हर पुरूष से दूर रहेगी।
उसका तनाव बढ़ता जा रहा था। उसने बिल्कुल मौन धारण कर लिया। अब बस वह शूटिंग के लिए जाती, अपने काम से काम रखती और काम समाप्त होने पर वापस आ जाती। उसका पात्र बहुत चर्चित हो गया था और खूब सराहा जा रहा था। उसके अभिनय की भी खूब चर्चा हो रही थी। अब दो और धारावाहिकों के प्रस्ताव उसके पास आ गए थे। जो कुछ माह में शुरू होने वाले थे। एक में खूबसूरत सी प्रेम कहानी थी जिसमें मुख्य नायिका का क़िरदार उसे मिला था। जबकि दूसरा एक कॉमेडी शो था। उसमें भी महत्वपूर्ण भूमिका मिली थी। कुल मिलाकर उसके केरियर का ग्राफ तेजी से ऊपर जा रहा था। समय की भी कमी होती जा रही थी और उसने अपनी फीस भी बढ़ा दी थी। रोहित उसके प्रति अतिरिक्त सम्वेदनशील हो चुका था। हर समय उसका ध्यान रखता। उसे तनाव में देखकर वह भी चिंतित हो उठा था। एक दिन जब वह अस्वस्थ होने कारण घर पर ही थी तो शाम को वह उसके पास आ गया
” हाय जानेमन। ” वह शरारत से बोला।
” हाय, तुम इस समय यहाँ कैसे ?”
” आज सोचा कि सेट पर तो खूब रोमांस कर लिया, अब तुम्हारे घर पर भी हो जाए। ” जवाब में वह मुस्कुरा दी।
” शुरू हो जाओ। “
” प्रियतमे, आजकल इतनी नाराज़ सी क्यों रहती हो ? क्या फिक्र है तुम्हें ? कुछ हमें बताएं तो शायद हम कोई समाधान निकाल पाएं। ” उसने नाटकीय अंदाज में कहा।
” कुछ नहीं रोहित, बस यूँ ही “
” बताएं मोहतरमा, ख़ादिम पर आप पूरा यकीन कर सकती हैं। शायद हम दर्दे दिल बन सकें। “
” एक लड़की के लिए ज़िंदगी कितनी मुश्किलें लेकर आती है न। “
” कौन सी लड़की, कहाँ है लड़की ?” उसने मजाकिया अंदाज में इधर उधर देखा। “
” तुम पिट जाओगे मुझसे। “
” ओह, सॉरी -सॉरी ” उसने जल्दी से कान पकड़ लिए।
” जबसे यह सीरियल करना शुरू किया है, जान आफ़त में आ गयी है। हर तरफ़ आलोचना हो रही है। मम्मी नाराज़, पापा खामोश, भाई भी नॉर्मल नहीं है। “
” कोई बात नहीं, उन्हें धीरे धीरे आदत हो जाएगी। वह समझ जाएंगे कि यह तुम्हारे काम का ही हिस्सा है। नथिंग पर्सनल। “
” उसपर अब हमारे अफ़ेयर की रयूमर । किस किस को समझाऊँ।”

क्रमशः

WhatsApp Image 2026-06-16 at 13.30.59 — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment