अजय कुमार का उपन्यास – ‘बात एक रात की’ – भाग -10

बात एक रात की
**************
भाग दस
***********
प्रेस कॉन्फ्रेंस अपने टी.वी. सैट पर विजय घाट्गे के बाबा नारायण घाट्गे ने भी देखी थी और उनका दिल कह रहा था कि पोलिस ऑफिसर मनोहर जोशी के जो कुछ भी ऑब् जर्वेशन्स थे, वो बहुत दमदार थे । जरूर ऐसा ही कुछ हुआ होगा,किसी ऐसे आदमी ने जिसे उनके बेटे ने , कभी न कभी अपने किसी कर्म से गहरा दुख पहुंचाया होगा,उसी ने उनके
बेटे का अपनी पूरी सूझ बूझ और पूरी तैयारी के साथ यह
कत्ल किया होगा उनके बेटे का।
अच्छे से जानते थे वो अपने बेटे को , कितना खुद सर, क्रूर और विलासी प्रकृति का था विजय और कमोबेश वो उसके हर कारनामे से वाकिफ भी थे , उन्हीं ने तो संभाला था उसे हर मौके पर बदनामी और कानूनी खाई में गिरने  से,वैसे तो वो खुद भी अपनी राजनैतिक जिन्दगी में बहुत कुछ काला सफेद कर चुके थे,पर उनका एक तरीका था, ऐसा तरीका जो आमतौर पर नेताओं के लिए जायज माना जाता है,वो तरीके जो सब ही कभी न कभी आजमाते हैं और जो इस राजनीति
के धंधें में एक आम बात है, मगर उन्होंने कभी अति नहीं की थी,अपने वफ़ादारों के उन्होंने बहुतेरे छोटे बड़े काम कराए थे व्यवसायिओं और उद्यमियों से पैसे खाए थे पर उनके काम भी खूब निकाले थे।
दूसरे राजनैतिक दलों के नेताओं ,व्यवसायिओं और मीडिया में उनकी एक मजबूत इमेज थी, वो सत्ता में रहे हों या विपक्ष में हर पार्टी के नामचीन नेता के साथ उठना बैठना था उनका, वो यह जानते थे कि पॉलिटिक्स का उसूल ही यही है कि मिल बांट कर खाया जाए, और जो भी खाया जाए उसे अच्छे से हजम करना भी एक नेता को आना चाहिए, यह न
हो कि पहले अपने मैदे गुर्दे से अधिक कोई आदमी खा ले,
और फिर रात दिन उल्टियां करता फिरे।
उनका बेटा मगर यह सब नहीं समझता था, उसने सत्ता और और उससे जुड़े उसूलों की बारीकियां सीखने की कभी
जरूरत समझी ही नहीं थी, वो तो अपनी एक नयी ही रवायत बनाने में लगा था , उसके जेहन में डर और खौफ़ का तो नामो निशान नहीं था, दूसरे आदमियों को वो जमीन पर रेंगते कीड़े मकोड़े समझा करता था।उसने हमेशा वही किया जैसा उसने चाहा,और नारायण घाट्गे बस उसके छोड़े गन्दे निशानों को हमेशा अपने प्रतिष्ठित घर की गीली फर्श से मिटाने में ही लगे रहे। जिसके लिए उन्हें अपनी सारी पहुंच,और अपने सारे के सारे वसीले इस्तेमाल करने पड़ते थे ,अपनी और अपनी पत्नी की दुआओं और मिन्नतों के साथ साथ,तब कहीं वह अदालतों जेलों और अंडर वर्ल्ड की सायों से दूर रह पाया था,और आज जबकि उसकी शादी हो चुकी थी। उसकी पत्नी छः माह की गर्भवती थी किसी मामूली आदमी ने उसे अपनी पिस्तौल की गोली का निशाना बना लिया था,किसी ऐसे आदमी ने जिसने जरूर विजय के हाथों कभी न कभी कोई गहरा जख्म खाया होगा।
” क्या हुआ है,आपको,क्यों बैठे हैं ऐसे अपने माथे पर हाथ रख कर,पर सच है अब यही तो तकदीर है हमारी,ऐसे ही बैठना होगा अब तो जनम भर हम लोगों को, एक ही बेटा जो दो चार महीनों में बाप बनने वाला था,अब ईश्वर के पास जा चुका है और कैसी किस्मत पाई है ,हम बदकिस्मतों ने कि पेट
में जो अबोध पल रहा है,उसको अब बिना बाप के इस बेरहम दुनिया से अकेला सामना करना  है.. हाय देवा..यह कैसा दिन दिखाया है तूने मुझे…और आप से तो क्या ही कहूं… बेटा तो खो ही चुके हैं और हत्यारे पकड़े जाएं उसके लिए पुलिस पर भरोसा किए बैठे हैं चैन से..अरे आज तक पकड़ पाई है कभी पुलिस ऐसे हत्यारों को..और आपको तो वो लोग पकड़े जाएं
न पकड़े जाएं कुछ फर्क ही नहीं पड़ता,लगता है, लोहखन्ड
से भी मजबूत है दिल आपका… “
अपनी पत्नी माधवी का प्रलाप सुनते ही गुस्सा आने लगा था नारायण बाबू को…मुश्किल से वो खुद पर काबू रख पाए थे , मौजूदा हालातों के चलते…धीरे से बोले..”देखो ! तुम यह रोना पीटना बाद में कर लेना..पहले नेहा को यहां बुलाओ, कुछ जरूरी बात करनी है मुझे उससे…।”
उनकी पत्नी माधवी को शॉक लगा…” माधवी को क्यूं…..अब उसका क्या लेना देना है इन सब बातों से…वो तो किसी लेने देने में ही नहीं है,उसे तो आप रहने ही दे,पहले ही अपने भाग्य पर रो रही है वो बेचारी तो…।”
” देखो मेरा माथा और गरम मत करो,फौरन उसे  नीचे बुलाओ और ले कर आओ मेरे कमरे में..बस पांच मिनिट बात करनी है उससे…और साथ साथ तुम से भी….।”
इस बार अपने पति के तीखे तेवर से सहम गयी थी माधवी,तुरंत ही अपने पति के कमरे के बाहर चली गयी,और कुछ देर बाद अपनी बहू नेहा के साथ फिर से लौटी थीं अपने पति के कमरे में, “लीजिए , ले आई हूं,कहिए, अब क्या कहना है , आपको इस बेचारी से….”
“आओ बैठो बेटा ! और मेरी बात को जरा ध्यान से सुनो…आज कल हम विपक्ष में है…चाह कर भी बहुत कुछ
नहीं कर सकते और चुनावों का समय नजदीक है.. तुम्हें भी
यह पता होगा पोलिस तफ्तीश चालू हो गयी है,वो लोग हमारे यहां भी आयेंगे, तरह तरह के सवाल पूछेंगे और पुराने मुआ मलों को.उखड़ने की कोशिश करेंगे यह सिद्ध करने के लिए हमारे बेटे का ही कोई अपराध बना है , उसकी इस निर्मम
हत्या की वज़ह..और इस तरह इस पूरे मुआमले को हमारे ही गले में लटका देंगे..हमें बस इतना करना है कि हमारे मुंह से ऐसी कोई बात न निकले जिससे इस मुआमले को ऐसा कोई रंग दिया जा सके,तुम्हें हर सवाल के जवाब में यही कहना है कि मुझे इस विषय में कोई जानकारी नहीं है,न तो अपने पति की दोस्तियों की और न ही दुश्मनियों की…वो यह चाहते ही नहीं थे कि मैं राजनीति से जुड़े किसी भी मुआमले से कोई
भी ताल्लुक रखूं,मतलब तुम्हें विजय के किसी सार्वजनिक या व्यक्तिगत मुआमले से पल्ला झाड़ लेना है,तुम्हें इन सबके बारों
में कुछ नहीं पता, समझ गयी न , बेटे…”
नेहा ने…जो पहले ही काफी अस्त व्यस्त सी नजर आ रही थी , अपना सिर सहमति में धीरे से हिलाया… “और यही बात मैं तुमसे भी कहना चाहता हूं..बेटा तो दुनिया से चला ही गया है ,अब कम से कम कुछ और तो न जाए..और यह भी
कि किसी के भी सामने शुरू मत हो जाया करो, बहुत बोलने
से कुछ गलत सलत भी बाहर निकल आता है..ख्याल रहे इस बात का..।” माधवी ने जवाब में अपने आंचल से आंखें पोंछी, और बिना कोई भी जवाब  दिए धीरे धीरे अपनी बहू नेहा को
ले कर कमरे से बाहर चली गयी।
**************************
(शेष आगे…)

अजय कुमार
 

WhatsApp Image 2026-07-19 at 17.37.20 — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment