उस पार
भाग -10
सुबह वीरेन ने मुझे उठा दिया। मैंने अपनी कलाई पर बंधी हेनरी सैंडोज घड़ी पर नज़र डाली तो सुबह के चार बजे थे। भोर का उजाला फैल चुका था। वीरेन ने मुझसे कहा – ” साहब! फ्रेश हो लें! फिर यहीं से नाश्ता कर आगे चलते हैं।”
” ठीक है!” – कहकर मैं कमरे के बाहर बने टॉयलेट में घुस गया। स्नानादि से फ्रेश होकर आया तब तक वीरेन नाश्ते का ऑर्डर कर चुका था। भरपेट नाश्ता कर सामान जीप में रखा और हम रवाना हो गए।
तेजपुर से ब्रह्मपुत्र नदी की एक धारा नेफा की ओर जाती है जिसे वहां कामेंग नदी के नाम से जाना जाता है। कामेंग के किनारे – किनारे चलते हुए हम बोकागांव से भालूकपोंग होते हुए बोमडिला की ओर बढ़ गए। ये पहाड़ी रास्ता घने वन से आच्छादित था। सड़क भी टूटी – फूटी हालत में थी जो कभी अंग्रेजों द्वारा बनवाई गई थी।
करीब घंटे भर के सफर के बाद भालूकपोंग आया तो एक जगह हमने चाय पी और आगे की यात्रा के लिए चल पड़े। बारिश के कारण सड़क पर बने गड्ढों में पानी भरा हुआ था। वीरेन एक कुशल ड्राइवर था और बड़ी सावधानी से गाड़ी चला रहा था। वो गाड़ी चलाते हुए असमिया गीत गुनगुना रहा था। मुझे वो बड़ा अच्छा लगा। मैंने आखिर पूछ ही लिया – ” वीरेन … बड़ा सुंदर गाना है और तुम्हारा गला भी सुरीला भी है। “
” साहब! आपने शायद नाम सुना हो … ये भूपेन हजारिका का गाया गीत है जिसमें संगीत भी उन्हीं का है, और मैं उनका इतना बड़ा फैन हूं कि मुझे उनके सारे गीत याद हैं। घर में रेडियो पर मैं उनके गीत सुनता हूं।”
” बहुत अच्छा वीरेन! मुझे भी संगीत सुनने का शौक है। हिंदी फिल्मों के गाने मुझे बहुत अच्छे लगते हैं। रफी साहब, हेमंत कुमार, गीता दत्त, शमशाद बेगम के गाने मैं ग्रामोफोन पर सुनता हूं।मेरे पास इनके बहुत सारे रिकॉर्ड्स का संग्रह है।”
हमारी बातों का सिलसिला चला तो समय का पता ही नहीं चला कि कब बोमडिला आ गया। बोकागांव से हमें चले लगभग आठ घंटे हो गए थे। मैंने घड़ी पर नज़र डाली तो दिन के दो बज रहे थे। लंबे और थकाऊ सफ़र के कारण भूख लग आई थी और गड्ढों भरी टूटी -फूटी सड़क पर चलने के कारण पूरा शरीर अकड़ गया था।
बोमडिला शहर का नाम यहां के प्रसिद्ध दर्रे बोमडी ला के कारण पड़ा है। कामेंग नदी के किनारे बसा हुआ है ये कस्बा। यहां अनेक प्राचीन बौद्ध मठ जिन्हें गोम्पा कहा जाता है, बने हुए हैं। कस्बे के चारों ओर हरी – भरी वादियां और सघन वन से आच्छादित पर्वत हैं जिनमें अनेक वन्य – जीव स्वच्छंद रूप से विचरण करते हैं।
पहाड़ों के बीच छोटे -छोटे अनेक नदी नाले थे जिन पर बांस के पुल बने हुए थे। लोगों के घर परंपरागत रूप से बांस और लकड़ी के बने थे और उन पर टिन की छत थी। कस्बे की सीमा में प्रवेश करते ही एक ठीक -ठाक होटल दिख गया। जोरों की भूख लगी हुई थी, सो फटाफट खाने का ऑर्डर दिया।
होटल का मालिक एक आदिवासी बुजुर्ग व्यक्ति था। मैं बतियाने के लिए उसके पास चला गया। मैंने बुजुर्गवार का अभिवादन किया तो उसने हिंदी में स्वागत किया और अपने होटल की सुविधाओं के बारे में बताने लगा। उसकी हिंदी बहुत अच्छी थी। उसका नाम डोलम निर्गोम था और वो परंपरागत वस्त्र पहने हुए था। उसके गले में दाव ( एक प्रकार की तलवार) लटकी हुई थी। वो मुझे उस क्षेत्र और वहां की संस्कृति के बारे में बताने लगा।
यहां की यात्रा से पूर्व तारापद महाशय की बताई बातें मुझे याद आ गई। उन्होंने कहा था कि स्थानीय आदिवासी किसी भी मेहमान का स्वागत स्थानीय शराब जिसे अपांग कहा जाता है, से करते हैं। इसे न लेने पर ये अपमान समझते हैं । मुझे उनकी कही सभी बातें याद थी। मैं ऐसे परिवार से ताल्लुक रखता था जहां शराब को छूना भी पाप समझा जाता है। अतः मैंने शराब की गिलास को सिर से ऊपर उठाकर उसमें उंगलियां डाली और सिर पर छींटे लगाकर आदर के साथ मेज पर वापस रख दिया। ये ऐसा तरीका था जिससे मेजबान नाराज नहीं होता और वो समझ जाता है कि ये शराब नहीं पीता। वीरेन उनका साथ देने लगा। करीब आधे घंटे बाद खाना लग गया। मैंने दाल – चावल और जंगली पत्तों का कोई शाक खाया जो मेरे लिए सर्वथा नया था। वीरेन तो मछली वगैरह सब खाता ही था। हमने पेट भर खाना खाया फिर थके होने के कारण वहीं रुकने का तय कर लिया।
नीचे घाटी में नारंगी , कटहल,अनानास, संतरे,धान, मक्के और जंगली नींबू की भरमार थी। झूम खेती का नजारा बहुत सुंदर दिख रहा था। मौसम बहुत सुहावना था। तेजपुर में जहां हल्की -फुल्की सर्दी थी वहीं यहां सर्दी बहुत ज्यादा थी। चारों ओर जमी हुई बर्फ दृष्टिगोचर हो रही थी।
खाना खाने के बाद होटल के मालिक डोलम निर्गोम से जब मैंने तवांग जाने को कहा तो वो बोला – ” साहब, यहां से तवांग लगभग अस्सी मील है और आपकी गाड़ी तो बिलकुल न जा पाएगी। आपकी क्या, कोई भी रास्ता गाड़ी जाने के लायक है ही नहीं। पूरे रास्ते में बर्फ जमी हुई है। ये पहाड़ी रास्ता है जो जोखिम भरा है और केवल पैदल ही वहां तक जाया जा सकता है।”
गाड़ी न जा पाएगी ये सुनते ही एक बार के लिए मुझे धक्का सा लगा और मैं निराश हो गया, क्योंकि अनजान प्रदेश और खतरों से भरा हुआ। … और रास्तों की जानकारी बिलकुल नहीं। मैंने कहा – ” … त -तो फिर वहां कैसे जाना होगा? हम लोग तो यहां के लिए अनजान हैं। “
” आप चिंता न करे। गाड़ी को तो वापस भेज दें। मेरे यहां एक लड़का काम करता है। वो आपको आपके सामान सहित आराम से तवांग पहुंचा देगा। पैदल जाने में कम से कम दस दिन तो लगेंगे ही, कुछ ज्यादा भी लग सकते हैं। आप उसे उसकी मजदूरी के कुछ पैसे दे दीजिएगा।”
उसकी ये बातें सुन मुझे थोड़ी तसल्ली हुई कि समय तो लगेगा पर तवांग पहुंच ही जायेंगे। मैंने वीरेन से कहा कि रात को यहां आराम कर तुम सुबह वापस तेजपुर की ओर निकल जाना ताकि समय से चाय बागान पहुंच जाओ। … और हां, चाचाजी को कह देना कि कोई चिंता न करे। तवांग पहुंचकर मैं उन्हें खबर कर दूंगा।”
वीरेन ने सहमति में सिर हिलाया। तभी डोलम ने स्थानीय भाषा में किसी को आवाज लगाई। तत्काल एक गठे शरीर का अठारह – उन्नीस साल का लड़का वहां आया। डोलम मुझसे बोला – ” साहब ! ये किरती लोई है। तवांग के पास एक गांव है कार्बू। वहां का रहने वाला है। यहां के पूरे इलाके के चप्पे – चप्पे से वाकिफ है ये। रात को रुकने के लिए गांवों में विश्राम घर बने हुए हैं, इसलिए कोई दिक्कत नहीं होगी। आपका सारा सामान ये उठा लेगा और रास्ते में खाने – पीने और रुकने का इंतजाम भी कर देगा। इसे आप दो – चार रुपए दे देना।”
” ठीक है, दे दूंगा, इसकी आशा से कहीं अधिक ही दूंगा।” – मैंने कहा।
अब मेरी चिंता दूर हो गई थी। मुझे तब ये पता थोड़ी था कि कौनसा भयानक खतरा आने वाला है। डोलम और किरती से मैंने काफी बातें की। किरती तो मेरा दोस्त बन गया। बातें करते – करते जब थक गए तो सोने के लिए चल पड़े। वीरेन बोला – ” साहब, सुबह चार बजे निकलना है, इसलिए थोड़ी तैयारी कर सो जाते हैं।”
” ठीक है।” – मैंने स्वीकृति में गर्दन हिलाई और कमरे में रखी खाट पर लेट गया। न जाने कौनसे अनजाने खतरे हमारा इंतजार कर रहे थे। तवांग की मरणदायिनी यात्रा शुरू होने वाली थी।
§§§§
§§§§
सुबह जल्दी उठकर हम तैयार हुए तब तक किरती ने आकर बताया कि आपका स्पेशल नाश्ता तैयार है, नीचे आ जाएं।
मैं और वीरेन नीचे पहुंचे तो डोलम ने मुस्कुराकर स्वागत किया और हाथ से कुर्सियों की ओर इशारा कर बैठने का संकेत किया।
हमारे बैठते ही डोलम नाश्ते की ओर उंगली करते हुए बोला – ” ये देखो साहब !… ये यहां का पारंपरिक खाना है!”
मैंने देखा तो एक बोड़सी में कोयले सुलग रहे थे जिस पर मोटे हरे बांस के आठ -आठ इंच लंबे दो टुकड़े रखे थे। बांस का एक सिरा पत्तों से बंधा हुआ था। डोलम ने चिमटे से बांस के टुकड़े को पकड़ा और दूसरे हाथ से पत्तों को हटाकर उसमें पके चावल को मेरी प्लेट में उड़ेल दिया और बोला – ” साहब, ये सरसों और लहसुन के साथ पकाया जाता है। आप खाकर बताओ कैसा है?”
मैंने एक चम्मच भरकर मुंह में डाला तो कुछ खट्टा – मीठा स्वाद लगा। मुझे अच्छा लगा तो मैंने कहा – ” वाकई बहुत स्वादिष्ट है ये चावल तो!”
मेरा जवाब सुनकर उसकी आंखों में खुशी की एक चमक दौड़ गई। फिर उसने एक प्याले में कढ़ी जैसी कोई चीज डाली और पुनः बोला – ” ये चुरा सब्जी है जो याक के दूध, अनेक तरह की स्थानीय जड़ी -बूटियों और पनीर के मिश्रण से बनाई जाती है। इसे चावल के साथ मिलाकर खाया जाता है।”
मुझे ये व्यंजन पनीर और मसालों का इतना बेहतरीन संयोजन लगा कि भूख से कुछ ज्यादा ही खा लिया। नाश्ते के बाद लाल चाय पीने के लिए दी गई। पूर्वोत्तर के राज्यों में दूधवाली चाय न के बराबर पी जाती है। यहां लाल चाय का ही प्रचलन है।
नाश्ता जो एक तरह से भोजन ही हो गया था, करने के बाद वीरेन ने मुझसे जाने की अनुमति मांगी तो मैंने सहर्ष दे दी। मेरे साथ किरती ने भी नाश्ता कर लिया था। अचानक डोलम मुझसे बोला – ” साहब! अगर आज रुक सकें तो आपको यहां का एक त्योहार रेह देखने को मिलेगा जिसमें नाच -गाना सब होगा। ये आपके साथ जो किरती है ,ये इदू मिश्मी समुदाय से है। इन्हीं का त्योहार आज से शुरू हो रहा है।”
“… तब तो मैं जरूर देखूंगा! मुझे यहां के आदिवासियों की संस्कृति को समझना है। तवांग के लिए कल सुबह रवाना हो जाएंगे।”
मेरे इतना कहते ही किरती ने उत्साह और खुशी भरे स्वर में कहा – ” साहब! मैं दोपहर में आपको लेने आता हूं। गांवबूढ़े (मुखिया) से बात करके आपके वहां बैठने की व्यवस्था कर दूंगा।”
मेरे हामी भरते ही मानो उसके पंख लग गए और वो वहां से रुखसत हो गया। मैंने डोलम से कहा कि मैं भी थोड़ा घूम -फिर कर बोमडिला को देख लेता हूं और ऐसा कहकर मैं वहां से बाहर निकल गया।