9.
दोपहर को हम सब एक साथ खाना खाने बैठे। मैं पापा के साथ वाली कुर्सी पर बैठी थी। वह बार-बार मेरी ओर देख रहे थे। शायद उन्हें यह ही आशंका थी कि मैं टेबल पर ठीक से खाना नहीं खा पाऊँगी। मैं सोच रही थी कि यदि पापा ऐसा सोच रहे हैं तो कितनी गलत धारणा है मेरे प्रति। यह ठीक है कि मम्मी कम पढ़ी-लिखी हैं, नाना-नानी भी छोटे शहर में रहते हैं। लेकिन मम्मी का बनाया खाना लाजबाब होता है। वे बहुत सफाई से कई प्रकार के व्यंजन बना लेती हैं, सभी उनके खाना बनाने की तारीफ करते हैं। उनका खाना खाने का सलीका भी बहुत अच्छा है। उन्होंने मुझे सभी तौर-तरीके और सलीके सिखाए हैं। दादीमाँ तो इस मामले में और भी तेज़ और जागरूक थीं, क्योंकि वे माँ की परिणति देख रही थीं।
कनु और आंटी ने मुझसे कोई बात नहीं की। आंटी की बात तो मैं समझ सकती थी, लेकिन कनु को मेरे प्रति क्यों द्वेष था? हम पहली बार मिल रहे थे और दुबारा मिलने की सम्भावना भी बहुत कम थी। वैसे भी अनचाहे रिश्तों को ढोना बेमज़ा और बेमायने होता है। आवश्यक नहीं कि खून के सम्बन्ध और रिश्ते ही अपने होते हैं, पापा मेरे अपने थे, फिर भी अपने नहीं हो पाए, फिर भला अंकल, आंटी, दिव्यांश और कनु मेरे कैसे हो सकते थे। हालांकि अंकल ने वहाँ रहते हुए मेरा पूरा ध्यान रखा था। खाना खाते हुए ही अंकल ने दिव्यांश भैया से कहा था- “आज शाम को मुक्ता को घुमा लाना।”
‘ठीक है पापा” दिव्यांश भैया ने कहा।
मैं अपनी ओर से अब भी यह दिखा रही थी कि मैंने कनु की बातों का बुरा नहीं माना है। इसलिए शाम को साथ जाने से पहले मैंने कनु से पूछा- “तुम मेरे साथ चलोगी कनु!” क्यों?” उसकी आवाज़ में अब भी सुबह वाली झुंझलाहट भरी हुई थी।
“तुम भी मेरी साथ रहोगी तो मुझे बहुत अच्छा लगेगा।” मैंने कहा था। “लेकिन मुझे तुम्हारे साथ रहना अच्छा नहीं लगेगा।” उसका बेझिझक जवाब था। मैं अपना-सा मुंह लेकर रह गई। शायद मैंने पापा के साथ आने में भूल की। मैं यहाँ किसके लिए और क्या करने आई थी। अपनत्व के बिना रहना बोझ सा लगता है। लेकिन मुझे तो ढोना ही पड़ेगा, क्योंकि पापा इतनी जल्दी तो मुझे वापस छोड़कर नहीं आयेंगे।
मैं अपमान का घूट पीकर उस दिन दिव्यांश भैया के साथ अकेली चली गई। “कहाँ चलोगी मुक्ता।” भैया ने पूछा।
“कहीं भी, मैंने तो आज तक घर और स्कूल के अलावा कुछ देखा ही नहीं, मेरे लिए सब कुछ नया है।” मैंने कहा।
“तुम कहीं भी नहीं जाती हो?” भैया ने पूछा।
“नहीं, कहीं भी नहीं। पापा कभी-कभी एक दिन के लिए जाते हैं, उनके पास कभी समय नहीं होता मुझे घुमाने के लिए, मम्मी खुद ही बहुत कम बाहर निकलती हैं, दादीमाँ के बाद अब बाज़ार का काम तो करने लगी हैं, लेकिन यूँ घूमने-फिरने हम कहीं नहीं जाते और वैसे भी हमें पापा की मनाही है। हाँ, कभी-कभी मैं और मम्मी नानी के घर चले जाते हैं।”
जब छोटे थे तब तुम्हारे पापा तो हमें खूब घुमाने ले जाते थे। तुम्हें क्यों नही ले जाते?” दिव्यांश ने कहा।
“मैं बड़ी हो गई हूँ न।” मैंने हँसकर कहा।
हम रोज़-गार्डन गए, फिर लेक में बोटिंग की। पहले तो मुझे डर लगा, लेकिन दूर-दूर तक फैले पानी पर फिसलती हुई बोट में मुझे आनन्द आने लगा। नीचे पानी ही पानी और ऊपर साफ़ खुला आसमान। लहरों से उठती पानी की बूँदें ठंडी हवा से मिलकर भिगो रही थीं। मुझे लगा जैसे मेरे मन का अवसाद घुलने लगा है। मेरे लिए यह एक नई अनुभूति थी।
लौटते हुए हम एक मंदिर में गए। विश्वास में कितनी शक्ति होती है। पत्थर की बेजान मूर्तियों से भी हम आत्मबल, आत्मविश्वास और अपार शांति की कामना करते हैं। तभी तो मंदिरों में भक्तों की भीड़ लगी रहती है। उस दिन छुट्टी होने के कारण लोग कुछ ज़्यादा ही थे। हम पंक्ति में खड़े हो गए। सोचती हूँ, कुछ तो होता है जो सुख देता है, मन को भावनाओं से भर देता है। किसी विश्वास के साथ ही लोग यहाँ आते हैं।
त्रिलोकीनाथ की उस अलौकिक प्रतिमा के सामने सिर झुकाकर पूर्ण श्रद्धा के साथ मैंने माँगा था कि मेरे पापा मेरी मम्मी के साथ रहने लगें। यह माँगते हुए मेरा मन भर आया और आँखें भीग गईं। मंदिर से बाहर आते हुए भैया ने पूछा- “आँखें बंद करके क्या माँग रही थी मुक्ता!”
“तुम कैसे कह सकते हो कि मैं कुछ माँग रही थी?” मैंने पूछा।
“तुम्हारे चेहरे से लग रहा था जैसे तुम कुछ कह रही हो।” भैया ने सफाई दी।
“तुम ठीक कहते हो, मैंने ईश्वर से मम्मी का सुख-सौभाग्य माँगा है, पापा की मम्मी के पास वापसी माँगी है।” मैंने बेझिझक कहा।
मैंने देखा, दिव्यांश की आँखों में कुतूहल था।
रात को सोने के समय फिर समस्या आ गई। मैं घर में कभी अकेली नहीं सोई थी। पहले दादीमाँ के पास सोती थी, फिर माँ के साथ। कनु मुझे अपने साथ सुलाना नहीं चाहती थी, यही उसका दम्भ था। आंटी के कहने पर वह मान तो गई थी, पर भन्नाती ही रही। मैं सोने से पहले पढ़ती हूँ। पढ़ते-पढ़ते ही नींद आती है। यों भी पढ़ने की आदत कुछ ज़्यादा ही हो गई थी। घर में कुछ और साधन न हो तो समय तो काटना ही होता है। अपने पाठ्यक्रम के अलावा भी मैं किताबें पढ़ती रहती हूँ। उस दिन थकी हुई थी, और नींद भी आ रही थी, फिर भी पढ़ने की आदत के कारण इच्छा हो रही थी। मेज़ पर कनु की पुस्तकें पड़ी थीं- सुबह से उसका व्यवहार देखते हुए मैंने पूछकर ही एक पुस्तक उठाना उचित समझा-
“यह पुस्तक ले लूँ।” मैंने पूछा।
“क्यों?”
“मुझे पढ़नी है।” “तुम्हें पढ़ना आता है?” कनु ने कटाक्ष किया था।
“तुम समझती हो, तुम ही पढ़ सकती हो। तुमसे अच्छा पढ़ती हूँ।” वह सीमाएँ लाँघ रही थी और मैं अपमान का घूँट नहीं, प्याला पी रही थी।
मेरे उत्तर से वह सकपका गई। शायद उसे मुझसे ऐसे उत्तर की आशा नहीं थी। मैं पुस्तक उठाकर पढ़ने लगी। मेरे भीतर विद्रोह की भावना अंकुरित होने लगी थी। दो-तीन पृष्ठ पढ़कर मैं पुस्तक एक ओर रखते हुए बोली- “हूँ, बेकार पुस्तक है, इसे तो बेकार लोग ही पढ़ेंगे।” यह कहकर मैं करवट लेकर सो गई।
कनु आगबगूला हो गई। उस समय तो मुझसे कुछ नहीं बोली लेकिन सुबह उठते ही उसने तूफान मचा दिया था। मेरे जागने से पहले ही उसने मेरी शिकायत कर दी थी। क्या-क्या कहा, मैं नहीं जानती। मेरे उठते ही पापा ने मुझे बुलाया। मैं सोच रही थी कि पापा मुझसे बात करेंगे, प्यार करेंगे और पूछेंगे कि तुम्हें कैसा लग रहा है। लेकिन मेरी कल्पनाओं का महल तब ढह गया जब उन्होंने मेरे गाल पर एक तमाचा जड़ दिया। बोले- “कुछ तमीज़ नहीं तुम्हें, बस लड़ाई करना ही सीखा है।”
मैं पीड़ा से तिलमिला उठी लेकिन जड़ हो गई भी, रोई भी नहीं, न कुछ बोली। बस कातर दृष्टि से पापा की ओर देखते हुए अन्दर चली गई। मेरा मन विद्रोह से भर उठा। मैंने कनु की चीज़ों को इधर-उधर फेंकना शुरू कर दिया। मैंने सोचा कि जब पापा बिना किसी दोष के मेरी पिटाई कर सकते हैं तो क्यों न मैं कोई गलत काम ही करूँ। एक तमाचा तो पहले मार ही लिया है, दो और मार लेंगे। बस इतना भर… पर मैं कनु को मज़ा चखाना चाहती थी। अपने-आपको समझती क्या है?
मुझे पापा पर भी गुस्सा आ रहा था। वे मुझे प्यार नहीं करते, न सही, लेकिन मेरे खिलाफ कनु की बात पर उन्होंने विश्वास कैसे कर लिया, मुझसे कुछ पूछा ही नहीं। कनु के मम्मी-पापा उसको कितना प्यार करते हैं और यहाँ तक कि मेरे पापा भी कनु को ही प्यार करते हैं, तभी तो वह इतनी अकड़ी रहती है। पापा को मुझमें अवगुण ही अवगुण दिखाई देते थे। उनकी नज़र में मैं उजड्ड और गँवार थी। लेकिन कनु की बदतमीज़ियों की ओर कोई ध्यान ही नहीं देता। अंकल और दिव्यांश भैया के मेरे प्रति प्यार में अपनापन कम, दया की भावना अधिक थी। पर मुझे दया नहीं, प्यार चाहिए था जो मुझे नहीं मिल रहा था। मुझे मम्मी की याद आने लगी और उनकी याद आते ही मैं रोने लगी। पता नहीं कितनी देर रात तक मैं रोती रही, मेरे पास कमरे में कोई नहीं आया, किसी ने मेरे आँसू नहीं पोंछे।
मैं उस अरण्य-कुंज में अकेली छटपटाती रही, जिसमें मेरे चारों ओर खूंखार जानवर थे और अपने नुकीले पैने पंजों को मेरी ओर बढ़ाए चले आ रहे थे। मुझ पर छाया करने वाला, कोई प्यार का आँचल नहीं था। रोते-रोते ही मैं न-जाने कब सो गई। जब उठी तो दोपहर होने को थी। पापा, अंकल, भैया सब अपने-अपने काम पर जा चुके थे। आंटी और कनु ही घर में थीं। मैं भी दोनों से नहीं बोली। नहा-धोकर तैयार हुई और चुपचाप ड्राइंग रूम में पुस्तक लेकर बैठ गई। खाना भी नहीं खाया। किसी ने पूछा भी नहीं। शाम को पापा घर लौटे तो मैं उसी तरह बैठी रही। वे भी चुपचाप अंदर चले गए। कैसे पापा हैं, एक बार भी मेरी ओर आँख उठाकर नहीं देखा। मेरे फिर आँसू निकल आए। एक तो भूख से बुरा हाल था, उस पर यह मानसिक पीड़ा, घुटनभरा वातावरण। प्रत्येक सुख-सुविधा होने पर भी हर कोई एक तनाव लेकर जी रहा है। किसी के चेहरे पर भी खुशी के चिह्न नहीं। इससे तो हमारा अपना छोटा घर अच्छा था, वहाँ मेरी मम्मी हैं जो मुझसे और केवल मुझसे ही प्यार करती हैं, मेरा हर तरह से ध्यान रखती हैं। पापा बुरे हैं, बहुत बुरे। उनके प्रति मेरा मन वितृष्णा से भर गया। मैं जितनी पापा के पास आने और रहने की कामना करती थी, पापा उतने ही मुझसे दूर होते जा रहे थे।
क्रमशः
सुदर्शन रत्नाकर