अनिल पुरोहित का उपन्यास ‘उस पार ‘ भाग -12

उस पार
भाग -12
” साहब … उठ जाइए! साढ़े तीन बज चुके हैं। मैं चाय ले आया हूं। … फिर हमें निकलना भी है।”                        किरती की आवाज मुझे नींद में सुनाई पड़ी। मैं झटपट उठ बैठा, घड़ी की ओर नज़र डाली तो सचमुच साढ़े तीन बज चुके थे। भोर का उजाला फैलने वाला था। तिपाई पर रखे लोटे से मैंने पानी पिया और केतली से चाय कप में भर ली। मैंने देखा लाल चाय न होकर दूधवाली थी।                       किरती ने बताया कि वो घर से याक का थोड़ा दूध ले आया था। उसी से चाय बनाई है। चाय के साथ मैंने कुछ बिस्कुट खाए और किरती को भी दिए। चाय पीकर मैं फ्रेश होने के लिए चल दिया। वापस आया तब तक नाश्ता तैयार था। किरती नाश्ता कर चुका था और सारा सामान भी पैक था सो हमने डोलम से जाने की अनुमति मांगी और वहां से रवाना हो गए। मेरे पास अपना स्लीपिंग बैग था ही और वीरेन डेका अपना स्लीपिंग बैग यहीं छोड़कर गया था जिसे मैंने किरती को दे दिया।                     आगे का सफर अब हमें  पैदल ही तय करना था। मैंने यूं ही कलाई घड़ी पर नज़र दौड़ाई तो घड़ी चार बजा रही थी। भोर होने को थी। मैंने किरती से पूछा – ” तवांग का मतलब क्या है और ये कितनी दूर है? हमें पहुंचने में कितना टाइम लगेगा?”                    मेरे एकसाथ इतने सवालों को सुनकर किरती एकबार के लिए हड़बड़ा गया पर मुस्कुराकर बोला – ” साहब! यहां से तवांग का जो शॉर्टकट रास्ता है वो कम से कम अस्सी मील है। अगर हम आराम से दिन में दस मील चलें तो और रास्ते में कोई बाधा न आए तो आठ – नौ दिन में तवांग पहुंच जायेंगे। अब आपको तवांग का अर्थ बताता हूं।”                   कहकर किरती एक पल सांस लेने के लिए रुका फिर बोला – ” … तिब्बती में घोड़े को ‘ ता ‘ कहते हैं और ‘ वाङ ‘ का अर्थ है चुना गया ” । उसने व्याख्या करते हुए आगे बताया – ” आज तावाङ  बोलचाल की भाषा में घिसते – घिसते तवाङ और तवाङ से तवांग हो गया है। ”                 मैंने पहली बार ध्यान दिया कि जनजातीय बोलियों में आनुनासिक और प्लुत स्वर का प्रयोग ज्यादा होता है। भाषा के विकासक्रम में ये ध्वनियां परिवर्तित होती जाती हैं।                  चलते – चलते मैंने चारों ओर दृष्टि दौड़ाई तो प्रकृति के सौंदर्य का अद्भुत नजारा था। पूरा नेफा प्रदेश आर्किड फूलों की विविध प्रजातियों के कारण जाना जाता है। नवंबर से शुरू होकर मार्च तक इन फूलों की बहार पूरी घाटी में रहती है। सम्पूर्ण कामेंग घाटी ने मानो रंगबिरंगे फूलों से शृंगार कर रखा हो। कामेंग नदी किसी बलखाई नागिन की तरह पहाड़ों से नीचे उतर रही थी। हमारे दाहिनी ओर झाग उगलती फेनील कामेंग के चौड़े पाट में कलकल करता पानी दूध जैसा बह रहा था।                    ज्यों – ज्यों हम आगे बढते जा रहे थे कामेंग धीरे – धीरे हमसे दूर होती जा रही थी। रास्ते के किनारे कहीं – कहीं बौद्ध धर्म के चिह्न नजर आ रहे थे। कहीं – कहीं छोटे- छोटे स्तूप बने थे। बहुत सी चट्टानों पर सफेद रंग से सूर्य की आकृति बनी थी जिनके नीचे  लिखा था -”  आतुरतो आने दोन्यी” अर्थात् हे सूर्य! हमें शक्ति दो।  इसे  देखकर  मैंने  अनुमान  लगाया कि  कामेंग  में ” दोन्यी पोलो” ( सूर्य – चन्द्र) को माननेवाले रहते हैं।                      रास्ते में कहीं – कहीं छोटे शिवाले और देवल भी बने थे। किरती ने मुझे बताया कि अभी हम जिस क्षेत्र से गुजर रहे हैं वहां अका जनजाति के लोग रहते हैं। मैंने उत्सुकतावश पूछा कि अका जनजाति के बारे में थोड़ा और बताओ।                      किरती ने मेरी ओर देखा फिर जोश भरे स्वर में बोला – ” इनका मानना है कि पहाड़ , नदी, हवा इन सबमें आत्मा होती है। इसलिए ये इन्हें भगवान मानते हैं। इनका सम्बंध असम के अहोम राजाओं से था।”                      किरती मुझे अका जनजाति की बातें बताता रहा और मैं बड़े मनोयोग से उसकी बातें सुन रहा था। पीछे छूट चुके रास्ते की ओर मैंने देखा तो ऊपर से देखने का आनंद किसी नदी घाटी से कम नहीं था। पर्वतों के चक्रव्यूह को भेदते हुए हम तेज गति से आगे बढ़ते जा रहे थे। धीरे – धीरे हम विश्व के दूसरे सबसे ऊंचे सेला दर्रे की ओर बढ़े जा रहे थे। मेरे मन में एक अनजाना भय पैदा हो रहा था। किरती ने बताया था कि चौदह हजार फुट की ऊंचाई पर ऑक्सीजन का स्तर कम हो जाता है और सांस लेने में तकलीफ होती है। कभी – कभी नाक – कान में खून बहने लगता है। ये सोचकर मैं थोड़ा सशंकित था।                      चलते चलते जब काफी देर हो गई तो मैंने किरती से पूछा – ” हम अंदाजन कितने मील आ गए हैं? अब थोड़ी भूख भी लग गई है।”                      किरती ने सामने दिख रही बस्ती को देखा और बोला – ” अ -उम्मीद से कहीं तेज हम चल रहे हैं। ये बस्ती आ रही है, वहीं कुछ खाना पीना कर लेंगे। फिर थोड़ा सा रुककर आगे चल पड़ेंगे।”                      शीघ्र ही एक छोटी बस्ती हमारे सामने थी। पीछे हमने बांस और काठ के बने घर ही देखे थे पर अब एक – डेढ़ फुट लंबे पत्थरों को माटी – गारे से ईंटों की तरह जोड़कर कुछ पक्के बने घर नज़र आए। मकानों के नीचे छोटी – छोटी दुकानें थीं। एक दुकान के आगे हम रुककर और अंदर चले गए। इसे कोई नेपाली महिला चला रही थी।                     किरती ने उससे खाने की बात की तो उसने कहा कि चावल तरकारी अभी बना देती हूं, तब तक आप चाय पी सकते हैं। मेरी भी इच्छा चाय पीने की हो रही थी। पांच मिनट में ही उसने पीतल के दो गिलासों में लाल चाय बनाकर दे दी। ये नमकीन चाय थी जिसमें चीनी की जगह नमक डाला गया था और कुछ जंगली जड़ी बूटियां। मुझे इसका स्वाद अच्छा लगा।                      चाय पीकर  मैंने हाथ- मुंह धोना चाहा तो किरती ने अंगुली से इशारा कर मुझे बताया। ऊपर कहीं झरने का पानी नीचे आ रहा था। मोटे बांस को चीरकर और एक दूसरे से जोड़कर दुकान तक लाया गया था। इसमें चौबीस घंटे ताजा और शुद्ध पानी आता रहता था। मैंने हाथ – मुंह धोया और थोड़ा पानी पीया। पानी बर्फ की तरह ठंडा था।                       मैं वापस आया तब तक खाना बन चुका था। किसी पेड़ के बड़े पत्तों को धोकर उसी के ऊपर चावल और तरकारी परोस दी गई। उन मोटे चावलों में मुझे एक मिठास का आभास हुआ और हम दोनों ने भरपेट खाना खा लिया। पैसे चुकाकर हम पुनः आगे की यात्रा हेतु चल पड़े।§§§§§§§§                     सर्दी के मौसम के कारण हमें थकान बिलकुल नहीं थी। चारों ओर फैले प्राकृतिक सौंदर्य को निहारते हुए बिना किसी बाधा के हम चले जा रहे थे।                     आखिर सूर्य भगवान अस्ताचल की ओर अग्रसर हुए तो मैंने किरती से पूछा – ” रात को रुकना कहां है? जल्द ही अंधेरा हो जायेगा तो खासी दिक्कत होगी।”                     ” आप चिंता मत करो। ढलान से उतरते ही एक बस्ती है। हर बस्ती में मेहमानों के लिए एक विश्राम घर बना होता है, वहीं रात गुजार लेंगे।”                     ” ठीक है, तब कोई चिंता नहीं।” – मैंने आश्वस्त होते हुए कहा।                      ढलान से उतरते ही बस्ती का आभास हुआ। घरों से धुंए की पतली लकीरें आसमान की ओर जाती दिख रही थी। कुछ घरों से ढिबरी की टिमटिमाती रोशनी छनकर बाहर आ रही थी। बस्ती में पहुंचकर किरती ने किसी से बात की तो उसने एक चांगघर की और इशारा किया। किरती ने मुझे बताया कि खाने को भी कह दिया है और सोने की जगह मिल ही गई है।                       बांस की सीढ़ियों से चढ़कर हम ऊपर पहुंचे तो लकड़ी के फट्टों पर पुआल बिछी हुई थी। किरती ने दोनों के बिस्तर लगाए और हम आपस में बतियाने लगे। किरती ने बताया की आज हम अंदाजन बारह -तेरह मील चल चुके हैं। मुझे मन ही मन खुशी हुई कि हमारी चलने की रफ्तार तेज थी।                       हम बातें कर ही रहे थे कि एक गोरा – चिट्टा चौड़े मुंह वाला पहाड़ी युवक आया जिसके हाथ में बांस की एक टोकरी थी। टोकरी में चावल ,भाजी ,मिथुन का मांस और अपांग लेकर आया था। किरती ने अपनी भाषा में उससे बात की फिर मुझसे बोला – ” साहब … इसे कुछ पैसे दे दीजिए। मैंने बटुए से एक रुपए का नोट निकाला और उसे दे दिया। उस युवक ने डरते – डरते नोट हाथ में लिया और बोला – ” साहब ! म…मेरे पास छुट्टे नहीं है।”                        उसने शायद एक का नोट पहली बार हाथ में लिया था। मैंने उससे कहा – ” छुट्टे की कोई जरूरत नहीं, तुम अपने पास रखो ! …और हां … हो सके तो सुबह चाय ले आना और हमें जल्दी उठा देना।”                       पूरा एक रुपया पाकर खुशी से उसका मुंह दमकने लगा और हामी भरता हुआ वो ये जा वो जा झूमता सा चला गया। किरती ने पहले थोड़ी अपांग पी फिर पत्तों पर मेरा खाना परोस दिया। उसे मालूम था मैं सामिष नहीं खाता। खाना खाकर हम दोनों अपने- अपने स्लीपिंग बैग में घुस गए और निद्रामग्न हो गए।

WhatsApp Image 2026-07-20 at 15.13.50 (1) — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment