राघवेंद्र सैनी का उपन्यास ‘भलोल ‘ भाग -43

भलोल
भाग – 43

सूबेदार मेजर साहब ने मुझे बधाई दी। मैंने उन्हें सैल्यूट किया और कर्नल दीपक साहब को सैल्यूट करके अपने ऑफिस चले गए। मुझे दीपक साहब ने कहा, “निंदी, तुम अंदर आ जाओ बैठो।”

मेरे घर का नाम ‘निंदी’ है। परिवार में मुझे निंदी नाम से जानते हैं और बुलाते हैं। कर्नल साहब ने मेरी आँखों में नमी देखकर कहा, “निंदी, तुम्हारी आँखों में नमी कैसी?”

” कुछ नहीं सर, आज परिवार का भलोल क्लास टू गजेटेड अफसर बन गया है। “

“हाँ, निंदी, यह तो कुछ भी नहीं है। तुम क्लास वन गजेटेड अफसर भी बनोगे। खैर छोड़ो, तुमने स्कूटर अप्लाई किया था। उसका क्या हुआ?”

“सर, मैंने सीएसडी डिपो से पता किया था। अभी तक आया नहीं है।”

“कोई बात नहीं, तब तक मेरा स्कूटर ले लेना। एल.पी. में बहुत काम आएगा। मैं जिला सैनिक बोर्ड से पता करवाता हूँ कि स्कूटर कब तक आएगा।”

“सर, आज घर आना चाहता हूँ। भाभी जी को मिठाई भी देनी है।”

“हम लोग मिठाई तो खाते नहीं हैं।”

“कोई बात नहीं है, सर! ड्राईफ्रूट ले आऊँगा।”

“ठीक है, स्कूटर भी ले जाना। दोनों भाई बैठकर दो-दो पैग लगाएँगे। राजी को भी ले आना। वह भाभी के साथ वाइन पिएगी।”

“मुझे नहीं लगता, सर! राजी वाइन पिएगी।”

“अरे, फिकर मत करो, तुम्हारी भाभी सब सिखा देगी।”

“जी, सर।”

“ठहरो, यह लड्डू ले जाओ। एक डिब्बा यहाँ ऑफिस में दे देना। एक कंपनी-ऑफिस में दे देना। बाकी सब घर ले जाना। कैसे जाओगे? ठहरो, मैं सुरिंदर को बुलाता हूँ।”

सुरिंदर दीपक साहब का ड्राइवर था। वह गाड़ी लेकर आ गया। तब तक मैंने एक डिब्बा दीपक साहब के ऑफिस में दे दिया था। सुरिंदर ने मुझे सैल्यूट किया, बधाई दी। मैंने उसे लड्डू दिया। कंपनी-ऑफिस में डिब्बा देकर मैं घर आ गया था। मुझे कहा गया था, एल.पी. शेड का चार्ज आज नहीं, कल लेना।
राजी ने मुझे ऐसे स्टार लगी वर्दी में नहीं देखा था। उसका चेहरा चमक उठा था। खुशी छिपाए नहीं छिप रही थी। सुरिंदर के जाने के बाद राजी ने अच्छी तरह दरवाजा बंद किया। मैंने वर्दी उतार कर हैंगर में टांग दी।

मैं अभी अंडरवियर-बनियान में था। राजी ने मुझे कुर्ता-पाजामा पहनने नहीं दिया। कहा, “इस प्रोमोशन का पहले जश्न मनाते हैं। काफी देर बाद राजी ने बड़े प्यार से कहा, “अब हटो। वाशरूम जाकर फ्रेश हो लो। चाहो तो नहा लो। फिर मैं भी फ्रेश होकर लंच लगाती हूँ।”

मैं फ्रेश होकर आया तो राजी वाशरूम में गई। वह खाना लगाकर गई थी। फ्रेश होकर आई, दोनों ने पेट भर खाना खाया। कमरे में आकर पलंग पर बैठ गए। मैंने कहा, “शाम को भाई साहब के घर जाना है। 5 बजे भाई साहब गाड़ी भेज रहे हैं। वे मिठाई तो खाते नहीं, उनके लिए ड्राइफ्रूट ले आते हैं।”

“ठीक है, मैं सब्जी भी ले आऊँगी।”

“चलो, फिर थोड़ा आराम कर लेते हैं।” दोनों आलिंगन में लेट गए। मन से दोनों अलग होना ही नहीं चाहते थे। 4:30 पर राजी मेरी बाँहों से जबरदस्ती मुक्त हो गई थी। मैं उसे छोड़ना नहीं चाहता था। याद दिलाया कि 5 बजे गाड़ी आने वाली है।

राजी तैयार हुई तो मैं भी जल्दी से तैयार हो गया। गाड़ी आई। हम रानीबाग जाकर सारा सामान ले आए। 6:30 बज चुके थे। दोनों तैयार हुए और पैदल ही भाई साहब के बंगले की ओर चल दिए। सेना में सब कुछ अरेना में होता है।

भाई साहब, भाभी जी हमारा ही इंतजार कर रहे थे। सात बज गए थे। अंधेरा घिर आया था। मैं और भाई साहब ड्रांइगरूम में बैठ गए और राजी भाभी जी के साथ अंदर चली गई थी। ड्राइफ्रूट के डिब्बे भाभी जी को दे दिए थे।

भाई साहब ने अपने हेल्पर को बुलाया। व्हिस्की, स्नैक्स, गिलास लाने को कहा। हम व्हिस्की पीने लगे। राजी और भाभी जी भी हमारे पास आकर बैठ गई। हेल्पर ने राजी और भाभी जी के लिए वाइन डाली थी।

राजी ने कहा, “भाभी जी, मैंने कभी शराब नहीं पी है।”

“यह शराब नहीं, वाइन है। सभी औरतें पीती हैं। सेहत के लिए अच्छी होती है। इसमें नशा नहीं होता, बस थोड़ा सरूर आता है। चख कर देखो, अच्छा लगे तो पीना, नहीं तो छोड़ देना।”
भाई साहब ने भी कहा तो राजी मान गई थी। वाइन का टेस्ट उसे खराब नहीं लगा था। खाना खाकर और जब स्कूटर लेकर निकले तो राजी बहुत सरूर में थी। वह मुझे कस कर पकड़े बैठी थी। क्वार्टर पर पहुँचे और जाकर पलंग पर लेट गए।

मैं और राजी पलंग पर आकर लेट तो गए लेकिन आँखों में नींद नहीं थी। मुझे व्हिस्की का नशा और राजी को वाइन का सुरूर था। मैंने कहा, “राजी, नींद तो आ नहीं रही। चलो हम नहा लेते हैं।”

“हाँ, यह ठीक रहेगा। पहले आप नहा कर आओ, फिर मैं नहाऊँगी।”

“क्यों?”

“इसलिए कि जो हम बिस्तर पर करना चाहते हैं, वह वहीं पर हो जाएगा,” राजी ने रोमांटिक होते हुए कहा था।

मैं समझ रहा था कि यह वाइन का सुरूर है। मैं वाशरूम गया और अच्छी तरह नहा कर आ गया। फिर राजी गई और नहा कर आ गई। उसका पूरा शरीर निखर गया था। वह खुशबुएँ बिखेर रही थी। वह आज सफेद रंग की शिफॉन की मैक्सी पहन कर आई थी। मैं कल की तरह उसे देखता ही रह गया था।

“बहुत खूबसूरत” मेरे मुख से अनायास ही निकल गया था। केवल आगे कढ़ाई की गई थी, बाकी सारा शरीर दिखाई दे रहा था।

“अब हटो थोड़ा पीछे। आप अपने मन की करवा कर रहते हैं।” राजी ने टांगे दबाते हुए कहा था।

…

उसने थोड़ी देर टांगें दबाई, फिर सो गई थी!

राजी सुबह जल्दी उठ गई थी। वह नहा कर किचन में चली गई थी। सात बजे मैं उठा तो वह चाय लेकर खड़ी थी। रात की खुमारी उसकी आँखों में अभी भी थी। चाय देकर और अपना कप लेकर वह मेरे पास ही बैठ गई थी। चेहरा कमल की तरह खिला हुआ था। आँखें मस्त थीं। मैं मुस्कराया और पूछा, “राजी, रात को अच्छा लगा था?”

“हाँ, लगा जैसे हम परियों के देश में घूम रहे हैं। इस प्यार में इतना मजा होता है कि रात का पता ही नहीं चलता। शन्नो अपनी एक सहेली का अनुभव बताती थी पर मैं यकीन नहीं करती थी।”
“अब रोज पता चलेगा रोज यकीन होगा। सच कहूँ, यह व्हिस्की औ वाइन का कमाल था। अगर रोज एक-एक पेग लिया करेंगे तो हम और मज ले सकेंगे, नहीं?”

“सोचेंगे, अब ड्यूटी पर जाओ। टाइम होने वाला है।”

मैं फ्रेश हुआ, नाश्ता किया, वर्दी पहनी और अपनी नई ड्यूटी का चार्ज लेने निकल पड़ा। रास्ते में मुझे जो जवान मिलते, सैल्यूट करते। यह अनुभव मुझे उत्साहित करता था। यह सम्मान केवल सेना में मिल सकता है।

मैं एल-पी शेड में पहुँचा। सूबेदार कर्म सिंह मुझे चार्ज देने के लिए तैयार बैठे थे। उन्होंने मुझे वहाँ के सीक्रेट समझाए। कार्यप्रणाली के प्रति बताया। एक घंटे के भीतर वे चार्ज देकर चले गए। आज से मुझे सब करना था। मुझे सहयोग करने के लिए चार मजदूर दिए गए थे। अपने काम में सब माहिर थे।

मैं अपनी सीट पर बैठा ही था कि कर्नल दीपक साहब का फोन आया। वे बुला रहे थे। मैं उनके ऑफिस पहुँचा। सैल्यूट किया और आदेश का इंतजार करने लगा। वे कुछ सरकारी लैटर साइन कर रहे थे। मुझे बैठने का इशारा किया।

फ्री हुए तो बोले, “निंदी, एल.पी. शेड बहुत सेंस्टिव जगह है। सबको नजर आप पर रहेगी। आपने ध्यान से काम करना है। वह कमाई वाली जगह है। 20 रुपए चलान मिलते हैं। महीने के हजारों चलान हो जाते हैं। यह सब जानते हैं। उस कमाई का क्या करोगे कि संभाला जाए?”

“जी सर, जब मैं यहाँ आ रहा था तो माँ की दी हुई सोने की दो चूड़ियों भी वापिस कर आया था। माँ बार-बार सुनाती थी कि उसने यह दिया, वह दिया है। माँ के साथ भाई भी बोल रहा था और बहन भी। मैंने कहा था कि 11 साल मैंने जो दिया उसका कोई मोल नहीं? ये दो चूड़ियाँ की बात करती हैं, राजी निकाल दे। मैं तुम्हें नयी बनवा दूँगा। मुझे राजी के लिए चार या छह चूड़ियाँ बनवा कर देनी हैं।”

“बिल्कुल ठीक, किसी को पता भी नहीं चलेगा और शो-बाजी भी नहीं होगी। तुम्हारा स्कूटर भी आ गया है। इसके लिए तुम्हें 32,764/- रुपए को जरूरत रहेगी।”

“सर, स्कूटर मैंने हवलदार रहते हुए बुक करवाया था। उसके लिए में लोन करवाना चाहता हैं। शोरूम में मैंने बात कर रखी है। मुझे ‘सैलरी स्लिप’ लेकर जाना है। वे एक दिन में लोन करवा देंगे।”
“तो फिर आज ही चले जाओ। कल से तुम्हें टाइम नहीं मिलेगा। मैं कंपनी-ऑफिस में फोन कर देता हूँ। वे तुम्हें ‘सैलरी स्लिप’ दे देंगे। कल ड्राफ्ट और परचेज ऑर्डर बनवा कर डिलीवरी ले लेना।”

कर्नल साहब ने ‘सैलरी स्लिप’ के लिए बोल दिया। “ठीक है, सर, मैं अभी चला जाता हूँ।”

मैंने सैल्यूट किया और कंपनी ऑफिस से ‘सैलरी स्लिप’ लेकर शोरूम चला गया। लोन की सारी कार्रवाई करने में दो घंटे लग गए। मैंने ‘डाउनपेमेंट’ का चेक भी दे दिया। वहाँ से अवेलेबिलटी लैटर लेकर परचेज ऑर्डर बनाने के लिए जिला सैनिक बोर्ड में दे दिया। बोर्ड ऑफिस ने कल 10 बजे परचेज ऑर्डर आकर लेने के लिए कहा।

मैं एल.पी. ऑफिस आया, पूछा, “इंस्पेक्शन नोट हैं तो दे दें।” कोई 200 इंस्पेक्शन नोट मिले। मैं एल.पी. शेड में आया। मजदूरों से पूछा, “इनका सामान आया है या नहीं?”

हेडमजदूर ने कहा, “सर, यह सारा सामान इन हाउस है।” “ठीक है, मैं इन ‘इंसपेक्शन नोट’ की एंट्री रजिस्टर में कर लेता हूँ।”

मुझे सारा काम निपटाने में एक घंटा लग गया। हेडमजदूर ने कहा, “सर, हमारा लंच टाइम हो गया है। आप भी लंच करने जाएँ।”

मजदूर गए तो मैं भी शेड बंद करके लंच के लिए आ गया। राजी ने दरवाजा खोला, “आ गए आप?”

मैंने लंच किया और ऑफिस आ गया। कर्नल दीपक साहब को बता दिया कि कल स्कूटर की डिलीवरी मिलेगी। उन्होंने मुझे बधाई दो और कहा, “देखो, राजी कितनी लक्की है। तुम जेसीओ बन गए, एल.पी. शेड में लग गए और कल स्कूटर आ जाएगा।”

“हाँ सर, लक्की तो है ही। सर, मेरे पास 200 इंस्पेक्शन नोट हैं। स्टेशन बोर्ड से साइन करवाने अभी निकल जाऊँ?”

“नहीं, निंदर, बाहर जाने का प्रोग्राम लंच से पहले का रखा करो। लंच के बाद डीलर सामान देने आ जाते हैं। उसे रिसीव करना होता है।”

“ठीक है, सर, मैं कल का प्रोग्राम रखता हूँ।”

क्रमशः

राघवेंद्र सैनी

WhatsApp Image 2026-06-14 at 20.06.06 — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment