सुदर्शन रत्नाकर का उपन्यास ‘ यादों के झरोखे’ भाग -10

10.

पाँच दिन मानसिक, शारीरिक प्रताड़ना सहकर और असंख्य कटु अनुभव लेकर मैं लौट आई। दिल के किसी कोने में यदि थोड़ी-सी मधुरता थी तो केवल दिव्यांश भैया के कारण। उनके मन में मेरे प्रति सहानुभूति थी, लेकिन उसमें दया का भाव कम और स्नेह का अधिक था। पता नहीं, उन सब के बीच रहते हुए भी वे उनसे अलग कैसे थे। उनके स्नेहिल व्यवहार की स्मृतियाँ मैं साथ लेकर आई थी। शेष दिन मैं वहाँ रह सकी तो केवल दिव्यांश भैया के कारण। तीन दिन तक वे साए की तरह मेरे साथ रहे, मेरे साथ खाना खाते, मुझे घुमाने ले जाते। कितनी-कितनी बातें करते मुझसे। बहुत कुछ बताया उन्होंने मुझे। जिसका लेखा-जोखा मुझे अभी करना है।

यहाँ मम्मी मुझे देखने में कमज़ोर लगीं। लेकिन उनके चेहरे पर आत्मवश्वास की रेखाएँ झलकर ही झलक रही थीं। पापा मुझे छोड़कर जब जाने लगे तो मम्मी ने उनसे कहा- “मुझे आपसे कुछ कहना है. कहो”

– पापा का सीधा-सपाट उत्तर था।

“मैं पढ़ना चाहती हूँ।” मम्मी ने निस्संकोच कहा।

पापा थोड़ी देर तो मम्मी की ओर देखते रहे, जैसे उनमें कुछ परख रहे हों, फिर बोले- “पढ़ पाओगी तुम?”

“क्यों नहीं” – मम्मी की आवाज़ में एक निश्चय था।
“जब तुमने निश्चय कर ही लिया है तो फिर मुझसे क्यों पूछ रही हो।” पापा ने कहा।

“क्योंकि इसका सम्बन्ध आपसे भी है।”

“यह सम्बन्धों की बात बीच में कैसे आ गई?” पापा ने थोड़ा खीज कर कहा।

“जब तक बन्धन है, तब तक सम्बन्ध भी रहेगा। मैंने आपको सूचित करना था, सो कर दिया और मुझे कुछ नहीं कहना।”

पापा मम्मी की बातों से चकित हो रहे थे, क्योंकि अब तक मम्मी तो उनके सामने कुछ बोलती ही नहीं थीं। पापा भी उनको अवसर नहीं देते थे, या यों कहें कि माँ को यह अधिकार ही नहीं दिया था उन्होंने। अवाक् गाय की तरह खूँटी से बाँध रखा था, जिसे केवल चुप रहना है, रँभाने की भी छूट नहीं थी। जो चारा डाला जाए, बस उसी को खाने की आज्ञा थी, रँभाने पर कोड़े पड़ेंगे।

पापा सुबह आए थे और रात की गाड़ी से लौट गए। सारा दिन तो वातावरण बोझिल रहा था। क्योंकि ऐसा हर बार होता था, लेकिन पापा के जाने के बाद जब मैं मम्मी के पास सोई तो उनके साथ लिपटकर रोने लगी। बिलखती रही, मम्मी ने मुझे रोने दिया, मेरे सिर को सहलाती रहीं। मेरा दिल कुछ हलका हुआ तो आँसू स्वयं ही रुक गए।

“देखो मुक्ता, जो पीड़ा तुमने सही है, उसका एहसास मुझे पहले था, मैं जानती थी यही कुछ होगा, लेकिन फिर भी मैंने तुम्हें जाने के लिए मना नहीं किया था। सच पूछो तो मैं चाहती थी कि तुम जाओ। शायद इस खाई को तुम्हीं पाट सको। बच्चों का अपना एक अलग आकर्षण होता है, जो खींच लेता है, अपनी ओर, बाँध लेता है। लेकिन मेरा यह प्रयोग गलत रहा, मैं तुमसे यह इसलिए कह रही हूँ क्योंकि तुम अब उतनी छोटी नहीं रह गई हो। बात को समझने लगी हो। चलो, जो कुछ हुआ, उसे भूल जाओ। हर कडुवाहट जीवन में कुछ नया अनुभव सिखाती है।” मम्मी की सांत्वना ने मुझे नया बल दिया।

“नरेन अंकल, प्लीज़ धीरे चलिए न।” मैं हाँफते-हाँफते उनके पीछे लगभग भागती सी उन तक पहुँचने का प्रयत्न करती हूँ।

“अरे, मैं तो धीरे-धीरे ही चल रहा हूँ, तुम क्यों भाग रही हो। अच्छा, जोगिंग कर रही हो।” वे हँसते हुए कहते हैं।

“जाइए, मैं नहीं बोलती आपके साथ, आपने घर से चलते समय स्वयं कहा था कि सैर करने जा रहे हैं, साथ-साथ बात भी करते जाएँगे, पर आप तो भाग रहे हैं।”

“वैसे तो तुम जोगिंग करती नहीं, ऐसे कर तो रही हो न। मोटी हो रही हो, थोड़ी चुस्त हो जाओगी।” वे फिर हँसने लगते हैं।

“अंकल” मैं चीख कर कहती हूँ।

“अच्छा तो मैं रुक जाता हूँ।” अंकल कहते हैं।

अंकल के साथ प्रतिदिन घूमने जाती हूँ। हर दिन यही होता है। अंकल थोड़ा ज़रूर भागते हैं, फिर साथ-साथ चलते हैं। उनके साथ सैर करना बहुत अच्छा लगता है। वैसे भी सुबह के समय पार्क में कितनी ठंडी हवा होती है, चारों ओर हरे-भरे पेड़ हैं, जिन पर सुबह-सुबह चहचहाती, फुदकती चिड़ियाँ कितनी भली लगती हैं। उनका शोर एक मधुर संगीत का आभास देता है। फूलों पर मुस्कुराती ओस की बूँदे कितनी आकर्षक लगती हैं। प्रकृति का यह आकर्षण कैसे अपनी ओर खींचता है। अंकल बताते हैं- गौर से इन पेड़-पौधों और पक्षियों की ओर देखो तो ये भी हमारे साथ बोलते-बतियाते से लगते हैं जैसे हमसे कुछ कह रहे हों, हमारी बात सुन रहे हों, कितना अपनापन लगता है उस समय। सारी उलझनें और समस्याएँ अपने-आप सुलझने लगती हैं। इनके साथ रहकर कितना चैन, कितनी शांति मिलती है।

एक दिन अंकल ने कहा था- “मुक्ता, तुम्हारे घर का आँगन कितना बड़ा है, चलो इसमें पेड़-पौधे लगाते हैं, एक छोटा-सा लॉन भी बनाएँगे। “अरे अंकल, आपने पहले क्यों नहीं सुझाया ऐसा। सच कितना अच्छा लगेगा।” पर मेरा उत्साह अगले ही क्षण ठंडा पड़ने लगा, सोचा-मम्मी ने मना कर दिया तो। रात को सोते समय मैंने उनसे पूछा- “मम्मी, एक बात पूहूँ।”

“पूछो, क्या बात है।”

मैंने नरेन अंकल का सुझाव उन्हें बताया। वे बड़े उत्साह से बोलीं-“इसमें मुझसे पूछने की क्या बात है भला। यह तो बड़ी अच्छी बात है। मैं खुद सोचती हूँ कि इस ओर मेरा ध्यान क्यों नहीं गया। इतनी ज़मीन बेकार खाली पड़ी है, हरियाली भी हो जाएगी और समय भी अच्छा कट जाया करेगा।”

क्रमशः

सुदर्शन रत्नाकर

WhatsApp Image 2026-07-20 at 09.57.47 — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment