कहानी एक रात की
भाग 13
” फिर क्या हुआ, क्या फिर विद्या ने सुसाइड करने की कोशिश की….. मोहिनी ने पूछा।
” हाँ कोशिश की लेकिन चाहने से मौत भी नहीं मिलती। विद्या मरना चाहती थी। वो उस कमरे में गई जहाँ आखिरी समय में गिरीश और मुन्ना थे। उसे बार बार गिरीश की वो मनुहार याद आती।क्षण भर के लिए वो मुस्कुरा उठती…. लेकिन उसकी मुस्कान पानी के बुलबुले जैसी थी। उस कमरे में सिवाय धुंये के निशान और जले हुए समान के अलावा कुछ ना था। कमरे में पंखा अब भी लटक रहा था। उसने चादर निकाली बक्से से और पंखे पर डाल दी। एक व्यक्ति जब जीवन के बजाय मृत्यु को चुने तब उसकी मानसिक अवस्था कितनी नाजुक होती होंगी। वो जानती थी मरना बहुत दुष्कर होता है लेकिन इस समय उसके लिए वही उजाला था। उसको लग रहा था कि शायद इसके बाद उसके दुख खत्म हो जाए। स्टूल पर चढ़कर वो फंदे पर लटकने के लिए तैयार थी….. उसने अपनी आँखे बंद कर ली। उसकी आँखों से टप टप आंसू बह रहे थे लेकिन चेहरे पर सुकून था। तभी विद्या को लगा किसी ने उसे पुकारा… “माँ “
अचानक उसने आँखे खोली वहां कोई ना था। फिर ये हूक उसके मन में क्यों उठी….. उसने फिर से प्रयास किया…. अचानक उसका जी घबरा गया। उसे चककर आने लगा। जाने कब वो बेहोश हो गई। घंटे भर बाद जब उसे होश आया तो शरीर बहुत भारी लग रहा था। और अन्दर से कमजोरी। पंखे पर अभी भी चादर फंदा बन उसे निहार रही थी। जैसे कह रही हो आ जाओ बहुत देर हुई। विद्या फिर हिम्मत जुटा कर खड़ी हुई। अचानक उसकी नज़र केलिन्डर पर पड़ी। उसका दिल धक् से रह गया। इसने फंदा छोड़ा और केलिन्डर की ओर गई। उसने तारीख देखी…… फिर अपनी आँखे मसली। उँगलियों पर कुछ हिसाब लगाया।अचानक उसकी आँखे चमकी और फिर निराशा ने उसे घेर लिया। वो ज़मीन पर धम्म से बैठ गई।
विद्या सुबक सुबक कर रो रही थी। वो बार बार गिरीश को पुकारती….. अचानक पड़ोस वाली काकी विद्या से मिलने आयी। उसकी ऐसी हालत देख उनकी आँखे भर आई। वो विद्या को संभाल ही रही थी कि विद्या बेहोश हो गई।
जब उसे होश आया तो काकी उसके सिरहाने बैठी थी। उसका माथा सहला रही थी।
” बिटिया कैसी हो अब, अब ये सब चलता रहेगा। जानो हो ना तुम, तुम माँ बनने वाली हो… काकी ने प्यार से कहा।
” मै……
” हाँ, और का बुढ़ापे में हम माई बनेंगे….काकी ने मुस्कुराते हुए कहा।
थोड़े से तौर तरीके खान पान के बारे में बता कर काकी चली गई। विद्या के चेहरे पर कोई भाव ना थे। भावहीन होना कैसा होता है। मानो प्यासे को पानी मिल रहा हो लेकिन वो पीना ना चाहता हो।
विद्या के मन में डर बैठ गया था कि जो भी रिश्ता उसके करीब आता है वो उससे छिन जाता है। वो नहीं चाहती थी कि फिर से ये दुख झेले। लेकिन ममता हिलोरे लेने लगी थी। जाने कहाँ से मुन्ना की बाल विद्या के पैरो में लुढ़क कर आ गई। विद्या उसे एक टक देख रही थी। उसे लगा शायद उसका मुन्ना लौट रहा है….. बस इसी एक ख़याल ने उसमे फिर से जीने की इच्छा को पैदा कर दिया। विद्या ने सरिता को अपने माँ बनने की बात बताने के लिए फ़ोन किया लेकिन सरिता के मन में अब विद्या के लिए कोई भाव ना थे। हाँ सुगंधा और अनिमेष बहुत खुश हुए। दोनों ने जल्द ही आने के लिए कहा।विद्या ने खुद को संभालने में पूरी ताकत लगा दी। ना चाह कर भी वो खाना बनाती और खाती। दवाई भी लेती। पल पल अपने मुन्ना और गिरीश को याद करती। समय गुज़रता रहा। विद्या ने एक बच्चे को जन्म दिया….. घर पर।वो कहती थी की वो बच्चा बिल्कुल मुन्ना जैसा था। वही नैन नक्श वही हरकते। वही शैतानिया।विद्या ने उसका नाम वीर रखा…..
” तो क्या वो बच्चा तुम हो? मोहिनी ने राज के कंधे पर हाथ रखते हुए कहा।
” हाँ, वो बच्चा मै ही हूं…..अपनी माँ का वीर। लेकिन मै कभी कुछ ना कर पाया उनके लिए। मैंने उन्हें छुप छुपकर रोते देखा है, जानती हो उन्होंने अकेले मुझे पाला, संस्कार दिए, प्यार दिया, वो मेरे लिए पूरी दुनियां थी….. और मै…… मुझे शुरू होकर मुझे पर ही खत्म होने वाली खुशी था मै उनके लिए। बाबा की दुकान संभाली…. मुझे बड़ा किया। खुद टूटी लेकिन मुझे एहसास ना होने दिया। अकेली औरत खुली तिजोरी होती है। हार किसी को वो अपनी प्रॉपर्टी लगती है। माँ के साथ भी ऐसा ही था। उनका दुख सुख बाँटने वाला कोई ना था उन्हें बाँटने वाले बहुत थे। लोगो की ललचाई नज़र उन्हें दुखी कर देती…. समय उन्हें मजबूत बना रहा था। हमारे पास ज़रूरत भर के पैसे हुआ करते थे। अक्सर वो भूखा रहने को उपवास का नाम दे देती। सरिता जी ने माँ से फिर कोई वास्ता ना रखा। हाँ अनिमेष जी और उनकी पत्नी कभी कभी आते…. कहकर राजवीर चुप हो गया।
” ओह, सरिता को समझना चाहिए था लेकिन ये मानवीय व्यवहार है…. अक्सर लोग ऐसे ही होते है। एक बात पूछनी थी। एक प्रश्न है जो मुझे परेशान कर रहा है… ” तुम्हारी माँ ने तुम्हे वो सब क्यों बताया, जीवन ने जो किया उनके साथ। आम तौर पर बच्चों को यह सब नहीं बताया जाता। फिर उन्होंने तुम्हे क्यों बताया?
क्यों बताया होगा विद्या ने वो सब राजवीर को?
क्या ये राजवीर की कहानी का अंत है?
राजवीर खुद क्यों डिप्रेशन में है?
जानने के लिए पढ़िए अगला भाग
पारुल अग्रवाल मित्तल
अलीगढ
Agarwalmittalparul@gmail.com