बात एक रात की
*************
भाग ग्यारह
**********
सुबह स्कूल जाने से पहले ही विजया ने आज अपने
दिल को पक्का कर लिया था,बहुत हुआ, अब मुझे और कुछ नहीं सोचना, पहले जो कुछ हुआ है, अब मिट्टी डालनी है उस पर, आज से अपनी जिंदगी को वो बिल्कुल नये सिरे से शुरू करेगी ,अपने भीतर जम कर आ बैठे अंधेरे में गर्क से होने से खुद को बचाने के लिए , इससे पहले कि बहुत देर हो जाए।
आगे से किसी पर भी जाहिर नहीं करनी है उसे अब
अपनी कमजोरी, दूसरों से दब कर और डर कर जीना आज
से खत्म,आखिर क्या नहीं है उसके पास.मुम्बई में अपना एक घर है,बैंक में पर्याप्त पैसा है,और पढ़ लिख कर ,उसने अपने
दम पर नौकरी पा कर खुद को साबित भी किया है, यही तो एक कमी है न कि उसकी छोटी सी फैमिली में दुर्भाग्य से उस
के अतिरिक्त कोई जीवित नहीं बचा है, पर यह तो बप्पा की मरजी है, और अभी उसका अगर कोई लाइफ पार्टनर नहीं है,
यह जगह खाली है तो यह जगह भी किसी के कहने से या
फिर किसी के दबाव से ऐसे ही तो नहीं भरी जा सकती, इस
का फैसला भी वो अपनी समझ,अपनी काबिलियत से और अपने साथ उसकी कंपेटिबिलिटी देख कर ही करेगी,अपने दिल और दिमाग की सुनेगी, और फिर भी उसे अगर कोई
उचित पार्टनर नहीं मिलता तो न सही, फिर यह भी बप्पा की मरजी ही होगी, पर आगे वो जो करेगी सोच समझ कर करेगी और तब तक उसे खुद को अपने इस भयानक अकेलेपन से उपजे नैराश्य से बचा कर रखना होगा।
यह सब सोचने के बाद एक फूल की तरह हल्का
हो गया था आज उसका दिमाग , और स्कूल में घुसते ही उसे एसेम्बली हॉल के पहले हेमन्त मिल गया..” नमस्ते हेमन्त जी,
कैसे हैं आप..आज तो मैं भी आपकी तरह जल्दी आ गयी हूं स्कूल…है न…”
हेमन्त ने पहले कभी विजया को इतने अच्छे मूड
में नहीं देखा था,और आगे से चला कर तो इससे पहले कभी भी उसने उससे बात नहीं की थी,उसे यह भी मालूम था कि विजया के साथ क्या कुछ घट चुका है..और यही वज़ह थी
कि विजया के लिए उसके मन में एक खास सम्मान था..”हां, बिल्कुल ,और क्यूं जल्दी नहीं आ सकतीं आप,आप जो भी
ठान लें वही कर सकती हैं,मैं तो यह पहले से जानता हूं, वैसे आपकी बिना इजाजत के यह पूछने का साहस कर रहा हूं
कि आज क्या हुआ है ,आज से पहले मैंने कभी भी आपको इतना खुश नहीं देखा है… “
” इस बात को पूछने के लिए आपको मेरी इजाजत
की कोई जरूरत भी नहीं है,और सही ही है आपका अनुमान,
मैं सच में खुश हूं आज क्योंकि मैंने आज ही यह फैसला कर
लिया है कि मैं अब से व्यर्थ में दुखी नहीं रहूंगी ने ,आज से
खुद के खिलाफ खुद ही मैंने एक जंग छेड़ दी है, उम्मीद है मैं कामयाब रहूंगी,आप भी मेरे लिए दुआएं कीजिए…।”
हेमन्त आवाक रह गया था विजया की इस साफ़
गोई से… और साथ ही उसे उसकी बातों में उसके भीतर की पीड़ा साफ ध्वनित होती सुनाई दे रही थी..” विजया जी, मैं जानता हूं जो कुछ भी हो गुजरा है आपके साथ,और मैं सच
कह रहा हूं एकदम सही फैसला किया है यह आपने,एक हद
के बाद तो हमें निकलना ही होता है,अपनी कैद से,और कोई चारा भी तो नहीं है यदि आपको जीना है,और इस दुनिया का समाना करना है तो, मैं बिल्कुल दुआ करूंगा आप के लिए..।”
” कौन किसके लिए दुआ कर रहा है भई, माना सुबहें होती ही हैं दुआ और इबादत के लिए, पर मुझे तो लग रहा है यहां बाकायदा मुनादी करके की जा रही हैं ये दुआएं.. और
सच कहूं जरूरत तो मुझे भी बहुत है आजकल इन दुआओं की…मुझ गरीब का भी ख्याल कर ले कोई….”
मानसी ने आते ही वातावरण में आ गयी गंभीरता को जैसे एकदम छू मंतर कर दिया था,उसकी बातों से विजया
और हेमन्त के चेहरे पर भी अनायास मुस्कुराहट आ गयी थी।
बाद में , मानसी अपनी सहेली विजया की फिरकी
ले रही थी…” कौन सा नया अवतार धारण किया है तूने यह आज…बहुत घुल घुल कर बातें हो रही थी, हेमन्त सर से… लगता है , मैंने जो सुझाया था ,उस पर तूने बाकायदा अमल
भी शुरू कर दिया है,वाह,अब से माउशी के सारे प्रपोजल्स कैंसिल,मेरे इस नये प्रपोजल पर काम शुरू…है न….”
” ऐसा कुछ नहीं है… तेरे साथ रही न दो दिन तो मुझे लगा कि अगर यूंही अकेले अकेले रही तो शायद जो दिमाग
भी सिर्फ हिला सा महसूस हो रहा है वो शायद आगे तो काम करना ही बंद कर देगा,तो सोचा आज से अपने को और खुद
के अन्दर बंद नहीं रखूंगी…जो भी खुशी का पल मिलेगा,उसे
समेट लूंगी…घर में तो अकेली रह ही गयी हूं ,मगर अब घर से बाहर तो हंस बोल कर खुद को हल्का रखूंगी, जिससे जिंदगी लाख मुश्किल सही मगर कम से काबिले बर्दाश्त तो बनी रहे “
विजया की बात ने निरूत्तर सा कर दिया था उसकी सहेली को,” आई एम सॉरी विजू , आई डिड नॉट वांट टू हर्ट यू..गलती हो गयी यार मुझसे मजाक कुछ ज्यादा हो गया..मैं
तो बस वैसे ही तुझे छेड़ रही थी…रियली वैरी सॉरी.. “
मानसी अब सचमुच शर्मिन्दा महसूस कर रही थी खुद को..” अरे !! मैं जानती हूं तू मजाक कर रही है,पर मुझे तुझ
से यह कहना ही था..एक तू ही तो है दुनिया में जिसको मैं हर
बात बेझिझक बता सकती हूं..सालों से जो बोझ है मेरे दिल
पर मुश्किल से उसे हटाने की कोशिश शुरू की है….”
कुल मिला कर विजया के लिए सचमुच यह एक नये नकोर खूबसूरत से दिन की शुरूआत थी…एक ऐसा दिन जो खुशबू में लिपटे हुए किसी प्यार भरे ख़त की तरह विजया के पास आ पहुंचा था…एक बदलते हुए वक्त के हाथों।
******************************************
(शेष आगे )
अजय कुमार