अनिल पुरोहित का उपन्यास ‘उस पार ‘ भाग -11

उस पार
भाग -11
बोमडिला कस्बा जो नेफा में है, कामेंग का मुख्यालय है। पथरीले रास्तों के दोनों किनारे दो -दो, तीन -तीन मंजिले मकान बने हुए हैं। यहां मकान को चांगघर कहा जाता है। काठ का मचान तैयार कर बांस या बेंत की खपच्चियों से  दीवारें और लकड़ी के फट्टों से फर्श बनाया जाता है। छत के लिए घासफूस या टिन की चद्दर काम में ली जाती है। चांग घरों के निचले भाग में मुर्गियां, कुत्ते,बत्तखें आदि पाले जाते हैं। इससे ऊपर की मंजिलें रहने के लिए होती हैं। ऊपर होने के कारण कीचड़ पानी आदि से बचाव होता है। पहाड़ी क्षेत्रों में मंजिले ऊपर से नीचे की ओर गिनी जाती हैं। घरों में खिड़कियां नहीं होती। ऊपर जाने के लिए बांस या काठ की सीढ़ियां बनी होती है।                        बाजार में दुकानें बिहारी, नेपाली, मारवाड़ी और स्थानीय जनजाति के लोगों की थी जिनमें फल -सब्जी, मिर्च मसाले आदि की अस्थाई दुकानें थी। सब्जियों में पहाड़ी कंद मूल के साथ बांस की कोंपल और मसालों में पहाड़ी बड़ी लाल मिर्च और जाब्रांग जिसे सामिष और निरामिष दोनों तरह के खाने में प्रयोग किया जाता है, बहुतायत से बेचा जाता है। यहां के लोग एक बहुत तीखी मिर्ची भूत झोलकिया काम में लेते हैं जो साधारण मिर्च से चार सौ गुणा तीखी होती है।                       भारत अपने आप में एक विशिष्ट देश है जहां सूरज, चांद,धरती,आकाश, हवा, पहाड़,जल, पेड़ -पौधे सब की पूजा की जाती है। जनजातियों में धरती के साथ जल की पूजा विशेष रूप से की जाती है।  इदू मिश्मियों के पुजारी इगू अपने मंत्रों में बार बार तालोन( दिबांग नदी) के उद्गम स्थल आथु पोपु का नाम उच्चारित करते हैं।                        इदु मिश्मी अपना संबंध रुक्मिणी से मानते हैं। रुक्मिणी हरण के समय रुक्मी ने अपनी सेना लेकर श्रीकृष्ण से युद्ध किया था और वह पराजित हो गया। रुक्मिणी के कहने पर श्रीकृष्ण ने अपने साले को जीवनदान तो दे दिया परंतु सजा के रूप में उसके बाल काट कर अध मुंडा बना दिया। रुक्मी लज्जा के कारण वापस नहीं लौटा और वहीं एक अलग राज्य स्थापित कर रहने लगा। इस पौराणिक घटना की स्मृति स्वरूप इदु मिश्मी आज भी अपने बाल उसी तरीके से काटते हैं। इन्हें चूलीकाटा ( बाल कटे) मिश्मी कहा जाता है।                        महाभारत में यहां की जनजातियों का किरात के नाम से उल्लेख मिलता है। प्रागज्योतिषपुर नरेश भगदत्त महाभारत युद्ध में अपने जामाता दुर्योधन के पक्ष में अपनी पीतवर्णी विशाल किरात वाहिनी सेना और दस हजार हाथियों के साथ गए थे। ये पीतवर्णी किरात और कोई नहीं इसी भू भाग के आदिवासी थे।                       मैं उस छोटे से कस्बाई बाजार में घूम ही रहा था कि किरती मुझे ढूंढते – ढूंढते मेरे पास आ खड़ा हुआ। एक बार तो मैंने उसे पहचाना ही नहीं। वो अपने कबीले की पारंपरिक वेशभूषा में था। उसने बिना बांहों की रंगबिरंगी जैकेट और कमर में बेंत का छल्ला पहन रखा था। उसके गले के दाहिनी ओर भालू के काले रोएंदार चमड़े का झोला और बांई ओर म्यान सहित दाव लटक रहा था। कानों के ऊपर के बाल छिले हुए थे। सर पर बेंत का बना हैट और गले में रंगबिरंगे पत्थरों की काफी सारी मालाएं डाल रखी थी। हैट के पीछे लोमड़ी की पूंछ लटक रही थी जो सजावट के लिए थी। मुंह पर सफेद रंग की मोटी आड़ी तिरछी रेखाएं बना रखी थी।                        मुझे देखते ही चहकता सा बोला – ” साहब! आपके लिए गांवबूढ़े से बात कर ली है। आप चलो मेरे साथ। प्रोग्राम शुरू होने वाला है।”                       मैं उसके साथ हो लिया और सड़क के दाहिनी ओर एक पगडंडी जो नीचे तलहटी की तरफ जाती थी, पर चल पड़ा। उस घुमावदार पगडंडी पर नीचे पहुंचे तो एक काफी बड़ा समतल मैदान था। आसपास के बस्तियों के स्त्री – पुरुष और बच्चे सज – धजकर आए थे। किरती मुझे सीधे गांवबूढ़े ( मुखिया) के पास ले गया और अपनी भाषा में मेरे बारे में बताने लगा।                      मुखिया ने खड़े होकर मेरा स्वागत किया और अपने दोनों हाथों को सिर के ऊपर से जोड़कर तीन बार झुका। मैंने भी वैसा ही किया और उससे राम – राम कहा। रंग बिरंगी पोशाकों में सजे युवक – युवतियों ने चिल्लाकर मेरा स्वागत किया। बीच का स्थान छोड़कर लोग गोल घेरे में बैठे थे। प्रमुख लोगों के बैठने के  लिए लकड़ी के बेंचनुमा फट्टे लगे हुए थे। मुखिया ने अपने बगल में मुझे बिठाया। मेरे पास ही किरती बैठ गया।                     जंगली भैंसा जिसे यहां मिथुन कहा जाता है, यहां की सामाजिक संरचना का महत्वपूर्ण अंग है। विवाह करने के लिए लड़के वालों को लड़की के बाप को मिथुनों के रूप में दहेज देना पड़ता है। किसी की सामाजिक प्रतिष्ठा भी इन्हीं से आंकी जाती है। जिसके पास जितनी ज्यादा मिथुन, वह उतना ज्यादा धनी और बड़ा व्यक्ति। पूजा – उत्सव आदि में मिथुन की बलि देकर उसका मांस खाया जाता है। यहां की जन जातियों में गाय,भैंस,भालू, हिरण, बंदर, गिलहरी आदि ऐसा क्या है जो इनके उदरस्थ नहीं होता। इनकी देहयष्टि गौरवर्ण , सुडौल और आकर्षक होती है।                     कबीले के पुजारी ने मंत्रोच्चार के साथ मिथुन की बलि देकर उत्सव का शुभारंभ किया। पुजारी ने देवताओं को प्रसन्न करने के लिए  आइ -ईह‌् नृत्य पेश किया। नृत्य में पुजारी अपनी विविध भंगिमाओं द्वारा अपने में जागृत दैवीय शक्ति से रोगों का निदान कर  उपचार करते हैं। इसके बाद विविध प्रकार के नृत्य और कलाएं युवक – युवतियों द्वारा प्रस्तुत की गई। इनके गीतों में हुः हाः जैसी ध्वनियां बहुतायात में सुनने को मिली।                     मेरे समीप ही एक बुजुर्ग महिला सजी संवरी बैठी थी। उसने दोनों कानों के छिद्रों में चांदी के डमरूनुमा भारी गहने ठांस रखे थे। गले में चांदी के सिक्कों की लंबी माला के साथ कौड़ियों और रंग बिरंगे पत्थरों की मालाएं पहन रखी थी। सभी दर्शकों के चेहरों पर हर्ष और उल्लास नजर आ रहा था।                     नृत्य के दौरान मिश्मी युवतियां बांस के कलात्मक चोंगों में अपांग लेकर आई। बांस के इन कलात्मक गिलासों के ढक्कन भी बांस के ही बने थे। मुझे पहले से पता था कि अपांग न लेने पर ये बुरा मान जाते हैं। मैंने गिलास को हाथ में पकड़ा और घूंट लेने का नाटक करता रहा फिर नजर बचाकर पैरों के पास नीचे मिट्टी में गिलास खाली कर दिया और वहां रखे रोस्टेड काजू- बादाम से जुबान चुभलाता रहा। थोड़ी देर बाद वही युवतियां पत्तों में बंधे पूड़े टोकरियों में भरकर लाई। पूर्व सूचना के आधार पर मैंने अनुमान लगाया कि उसमें जरूर भात और पकाया हुआ मिथुन मांस है।                      मेरे सामने धर्म संकट था कि मना करता तो उनके प्रसाद का अपमान होता और अपने हाथों से लूं तो कैसे? मैंने इशारे से पूडे़ को सामने तिपाई पर रखवा लिया। इससे उनके भावों का  मानमर्दन भी नहीं हुआ और मेरा भी काम निकल गया , फिर मैंने किरती से उसे लेने को कहा। किरती इसे लेकर और खुश हो गया।                     मैंने गांवबूढ़े से पूरे अंचल में मनाए जाने वाले नृत्य ताम्ला – डू के बारे में पूछा तो मुखिया साफ हिन्दी में बोला -” आप देखना चाहते हैं?”                     ” जी ,देखने की इच्छा तो बहुत है। ” – मैंने अपनी प्रसन्नता को दबाते हुए कहा।                      मेरे इतना कहते ही मुखिया ने अपनी भाषा में जोर से कुछ कहा और मेरी तरफ इशारा किया। मैं समझ गया कि मेरी फरमाईश उन्हें बताई जा रही है।                       किरती से मैंने इस बारे में पूछा तो उसने बताया कि ताम्ला – डू धरती माता और जल की पूजा का त्योहार है। इसमें कांगम – काबरूया (धरती) व बुरु – बुरूया (जल) की पूजा की जाती है। इसके साथ मताई – जाबम्लो (ईश्वर) , शुथो ( शिव ), बरोहडामे ( इष्ट देवता ), दाह कतान – दांग आमे ( गृह देवता ), कसक ( कुबेर ), आमीक रेंग (सूर्य ), सुपाह कपाह ( वनदेवता ), शामुर  ताक्का ( धान की देवी ) को प्रसन्न करने के लिए मिथुन, मुर्गी, सुअर की बलि दी जाती है।                        थोड़ी देर में पुजारी ने अपनी भाषा में मंत्रोच्चार किया और परशुराम कुण्ड से लाए गए पवित्र जल को छिड़का। पवित्र वेदी के पास ताम्ला – डू का ध्वज फहराया गया और समवेत स्वर में सभी प्रार्थना गीत गाने लगे –                         ताम्ला – डू  , ताम्ला – डू               आ -केहिङ , ताम्ला – डू               ताम्ला – डू  , ताम्ला – डू  जुमींग आशीङ आ ताम्ला ने  मेनींग आशीङ आ तानुआ               ताम्ला – डू  , ताम्ला – डू … …  बुरु शुथो – तीगाम कागम वी  चोव्ला मेहामाइ मन्सा चुपुइ               खुट काना डाङला सीफुल सीगरीम का               मन्सा अचावमइ साङमुल साङील    ताम्ला – डू  , ताम्ला – डू … …                 खुम्दे नीङ आशीङ देयु या                 खुम्दे नीङ आशीङ कुब्रु या  दानुम, नीङ आयाह नामसीङ गु  दानुम, नीङ आयाह ताजाङ पु                  ताम्ला – डू  , ताम्ला – डू … …  नीङ … पेइ… जुम नीङ  नीङ … मेय… आह नीङ                  ताम्ला – डू  , ताम्ला – डू … …  आ -केहिङ , ताम्ला – डू                  ताम्ला – डू  , ताम्ला – डू … …                  ताम्ला – डू  , ताम्ला – डू … …                         आ -केहिङ , ताम्ला – डू                        मैं देर शाम तक जनजाति संस्कृति के विविध पहलुओं का आनंद लेता रहा। किरती से मैंने जाने को कहा क्योंकि सुबह जल्दी तवांग के लिए रवाना होना था। किरती ने मुखिया से बात की तो मुखिया ने अनुमति दे दी। किरती ने मुझसे कहा कि पांच मिनट में चेंज करके आता हूं ,फिर साथ चलते हैं।                         कुछ ही समय में हम दोनों होटल में डोलम के सामने थे। डोलम ने उत्सव के बारे में पूछा तो मैंने संक्षेप में बता दिया। खाना बना हुआ था। थोड़े से दाल भात खाकर मैं आराम करने के लिए कमरे में चला गया। जाते – जाते कीरती को हिदायत देकर गया कि सुबह जल्दी उठा दे।

WhatsApp Image 2026-07-20 at 15.13.50 (1) — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment