उस पार
भाग -13
सुबह हमेशा की तरह किरती ने मुंह अंधेरे ही उठा दिया ताकि नित्य क्रियाओं से फारिग हो सकूं। थोड़ा पानी पीकर एक डिब्बा लेकर में सीढ़ियों से नीचे उतरकर फारिग होने के लिए चल पड़ा। साथ में एक छोटी टॉर्च ले ली। वापस आकर नीचे ही एक झरने से हाथ मुंह धोए तब तक मेरी आवाज सुनकर किरती ऊपर से एक बाल्टी और लोटा ले आया। हालांकि पानी बर्फ की तरह ठंडा था पर किसी तरह मैंने दो चार लोटे उड़ेलकर स्नान कर ही लिया। गीले कपड़ों में ही ऊपर जाकर वस्त्र बदल लिए। एक तरह से मैं तैयार ही था तब तक किरती भी तैयार होकर आ गया उसके पीछे- पीछे रात वाला नवयुवक भी चाय की केतली लेकर आ गया।
मैंने देखा जो चाय वह लाया था वो दूधवाली थी। शायद किरती ने उसे बताया होगा। मैंने बैग से बिस्कुट निकाले और किरती और उस युवक को भी दिए। चाय और बिस्कुट खाकर एक तृप्ति सी हुई। युवक रास्ते में खाने के लिए कुछ जंगली फल और चीनी गुजबेरी ले लाया था। किरती ने फल अपने बैग में डाल लिए। भोर का उजास फैलने वाला था। हम आगे की यात्रा के लिए तैयार थे।
कामेंग का यह क्षेत्र प्राकृतिक सौंदर्य से परिपूर्ण है। चारों ओर पर्वतों की अनगिनत शृंखलाएं। निरंतर एक पहाड़ पर चढ़ते , फिर उतरते तो फिर अगला पहाड़ आ जाता। चारों ओर हरियाली और पूरे रास्ते झरनों की कभी खत्म न होने वाले नज़ारे दिलकश थे। रात को किरती किसी न किसी बस्ती में रुकने -खाने का इंतजाम कर देता और अल सुबह फिर वही कष्टदायिनी यात्रा। चलते -चलते हमें छः दिन हो चुके थे। रास्ता मानो खत्म होने का नाम ही नहीं लेता था।
आखिर एक जगह पहुंचकर किरती ने मुझसे कहा – ” साहब! आप तो पढ़े – लिखे हैं। वो सामने जो दर्रा दिख रहा है उसका नाम जरूर सुना होगा। ये से- ला दर्रा या से- ला पास है।”
” हां, नाम क्यों नहीं सुना है। से- ला दर्रा बहुत प्रसिद्ध है, पर मुझे इसके बारे में ज्यादा कुछ नहीं मालूम। तुम ही इसके बारे में कुछ बताओ?”
किरती मेरा जवाब सुनकर मुस्कुराया और पुनः बोला – ” साहब! से- ला दो शब्दों से मिलकर बना है। से और ला। यहां की भाषा में से का अर्थ घोड़े की गर्दन और ला का अर्थ होता है दर्रा। ये संकरा दर्रा सचमुच किसी घोड़े की गर्दन जैसा ही है। से -ला को लोग बोलचाल की भाषा में सेला पास कहने लग गए हैं। “
किरती एक पल सांस लेने के लिए रुका फिर बोला -“अभी हम चौदह हजार फुट की ऊंचाई पर हैं। ऑक्सीजन की थोड़ी कमी जरूर है पर यहां एक दिन रुकेंगे तो हमारा शरीर वातावरण के अनुकूल हो जायेगा फिर कोई दिक्कत नहीं होगी।”
किरती ज्यादा पढ़ा -लिखा नहीं था पर पहाड़ों के बारे में वो बहुत कुछ जानता था। उसे इन सब बातों का अनुभव और ज्ञान भरपूर था।
सेला दर्रे के बिलकुल पास ही एक झील है जिसे यहां के वाशिंदे उसे स्वर्ग की झील के नाम से पुकारते हैं। इसकी गोलाकार आकृति और स्वच्छ पारदर्शी नीली जमी बर्फ ऐसा प्रतीत होती थी मानों रत्नों का कटोरा हो। अभी इसका पानी पूर्णतः जमा हुआ था जिससे इसका सौंदर्य और बढ़ गया था। सूर्य रश्मियां इससे प्रतिबिंबित होकर दिलकश नज़ारा पेश कर रही थी। देखने में ये हिमाचल प्रदेश की लाहौल -स्पीति की चंद्रताल जैसी लग रही थी।
मैं यहां की प्राकृतिक छटा में खो सा गया। अचानक झील के पास ही मुझे एक छोटा सा शिवाला दिखा जो बर्फ से पूरी तरह ढका था। मैं कल्पना करने लगा मानो मैं मानसरोवर झील के पास खड़ा हूं और पास में हिमाच्छादित कैलाश का उत्तुंग शिखर खड़ा है।
यहां से आगे उतराई का मार्ग था। किरती ने मुझे बताया कि यहां आसपास करीब 101 झीलें हैं। उसने आगे बताया कि यहां मोनपा जनजाति के लोग रहते हैं। आगे रात को हम जिस जगह रुकेंगे उस बस्ती का नाम नूरानांग है।
ढलान पर हम तेज गति से नीचे उतरते रहे। आंखों के सामने आए मनहर दृश्यों को मानो से -ला दर्रे ने अपने अंक में समेट रखा हो। हकीकतन पूरे नेफा को एक अदृश्य, अलौकिक या छिपा हुआ प्रदेश कहा जाता है , परंतु तवांग मानो सात परतों के पीछे छिपा कोई तिलिस्म हो। आज इसे भेदने के लिए बाबू देवकीनंदन खत्री के ऐयार पात्रों की जरूरत नहीं। मन में प्रबल उत्कंठा हो तो कोई भी इसमें प्रवेश कर सकता है।
से -ला दर्रा पार करते करते इस रहस्यलोक का सौंदर्य और भी निखर कर उजागर होने लगा। रास्ते में घास चरते याक का झुंड पहली बार देखा। अब तक तो यही सुना था कि ये केवल तिब्बत में ही होते हैं। इनका कद सामान्य गायों की बनिस्पत मजबूत होता है। इनके काले बदन पर लंबे बाल लहरा रहे थे और सिर पर बड़े -बड़े सींग उगे थे। उनके साथ उनके दो -तीन बच्चे भी घास चर रहे थे। याक का सही स्थानीय नाम ग्याक है जो अंग्रेजी में ‘ वाई ए के ‘ लिखे जाने से याक हो गया। हमारे प्राचीन साहित्य में इसके सुरा गाय, गिरि गाय, हिम गौ, चंवर गाय आदि नाम मिलते हैं। इसी के बालों से बने चंवर मंदिरों में डुलाए जाते हैं। बर्फबारी के दिनों में याक यहां के बाशिंदों का माल ढोने और आवागमन के काम आता है।
से -ला दर्रा पार करने के बाद हम पश्चिमी कामेंग में प्रवेश कर चुके थे। इस क्षेत्र में हमें उन्मुक्त भाव से डोलते, घास चरते घोड़े देखे। घोड़ा मोनपा क्षेत्र का यातायात और व्यापार का प्रमुख साधन है।
चलते -चलते और रात को किसी बस्ती में रुकते हुए हम आखिर नूरानांग बस्ती पहुंच ही गए। इस बस्ती का नाम इसी नाम के पर्वत के कारण पड़ा है। पहाड़ की तलहटी में बसा ये छोटा सा खूबसूरत गांव है। यहां के मकान पत्थर और बांस से बने हुए थे जिन पर टिन की छत थी। किरती ने रात में रुकने और खाने की व्यवस्था कर दी और मुझे बताया कि यहां से तवांग अब केवल पंद्रह मील है। सुबह जल्दी चलें तो दोपहर या शाम तक तवांग आसानी से पहुंच सकते हैं।
नूरानांग में हमने एक विशाल जल प्रपात ( झरना ) देखा। ऊपर से पहाड़ों की स्वच्छ जल राशि गिर रही थी। ऊंचाई की बात करें तो कम से कम साढ़े तीन सौ फुट से पानी गिर रहा था। मैं मंत्रमुग्ध होकर झरने की आवाज के संगीत में खो गया। झरने का सफेद पानी मूसलाधार बारिश की भांति ऊपर से नीचे गिर रहा था। किरती से मैंने पूछा – ” इस झरने का कोई नाम भी होगा? इतने बड़े और विशाल झरने बहुत कम देखने को मिलते हैं।”
” साहब! इसे जुंग झरना या नूरानांग झरना कहते हैं। यहां के मोनपा जनजाति के लोग इसे बहुत पवित्र मानते हैं।”
इसके बाद किरती मुझे यहां के बारे में बताता रहा। रात को हम खाना खाकर सो गए और सुबह जल्दी उठकर तवांग के लिए रवाना हो गए। इस दौरान कोई उल्लेखनीय बात नहीं हुई। रास्ते के लिए खाना किरती ने पैक करवा लिया था।
पूरे आठ दिनों की कष्टदायिनी यात्रा के बाद जब मैं तवांग के करीब पहुंचा तो तवांग का विशाल मठ मुझे दूर से ही दिख गया। आकाश में काले -भूरे बादल छाए हुए थे। अचानक छोटी – छोटी बूंदों के रूप में बारिश होने लगी। वातावरण में बर्फीली हवाएं चलने लगी थीं। वातावरण में गहरी निस्तब्धता छाई हुई थी। उस शांति में ऐसा लगा मानो मेरे जीवन की गति एकाएक मंद पड़ गई हो और मेरा सम्पूर्ण अस्तित्व ठहर सा गया हो।
काफी देर तक सम्मोहित सा मैं अपलक उस मठ की ओर देखता रहा। किसी की अचानक आवाज सुनकर मेरी तंद्रा भंग हो गई। पलट कर देखा तो वहां एक लामा खड़ा था जो न जाने कब मेरे पीछे आकर खड़ा हो गया। उसके पीले चेहरे पर अजीब सी शांति थी। वह मेरी ओर गौर से देखें जा रहा था।
” कौन हैं आप ? … और कहां से आए हैं?” मृदु स्वर में पूछा उस लामा ने।
मैं कुछ जवाब देता उससे पहले ही किरती ने जवाब दिया – ” साहब काशी से आए हैं और मठ देखना चाहते हैं।”
लामा ने मेरी ओर सपाट नजरों से देखा और हाथ से पीछे आने का संकेत करता हुआ बोला – ” मेरे साथ आइए। “
उस लामा का नाम था रिनजेन। मेरे हम उम्र ही लग रहा था। वह तवांग मठ का कोई अधिकारी लामा था। उसके आचरण और व्यवहार ने मुझे काफी प्रभावित किया। थोड़ी ही देर में वह मुझसे काफी हिलमिल गया।
” मठ के प्रधान आचार्य से मैं मिलना चाहता हूं और क्या मुझे मठ में रहने की अनुमति मिलेगी?” – मैंने लामा से पूछा।
” प्रधान आचार्य तो अभी एक विशेष साधना में हैं। एक सप्ताह बाद ही उनके दर्शन हो सकते हैं और मठ में किसी भी बाहरी व्यक्ति को रुकने की इजाजत नहीं है।”
उसका जवाब सुनकर एकबार तो मैं निराश हो गया। अचानक मुझे गुरुदेव का लिखा पत्र याद आया जो तिब्बती भाषा में लिखा था। मैंने अपने कोट की जेब से पत्र निकाला और रिनजेन के हाथ में पकड़ा दिया।
उसने मेरे हाथ से पत्र लेकर पढ़ा और पढ़ते ही उसकी आंखें विस्मय से फैल गई। चेहरे पर आश्चर्य के भाव लाते हुए वो बोला – ” क – क्या आपको कालिकानंद जी अवधूत ने भेजा है?”
” हां! उनके ही आदेश पर मैं यहां आया हूं। “
मेरे ऐसा कहने पर उसकी नजरों में मेरे प्रति अचानक सम्मान भर गया। थोड़ा रुककर वो पुनः बोला – ” आप सचमुच भाग्यवान हैं। आपको मठ में रहने की अनुमति मिल गई है। जिन्होंने आपको ये पत्र दिया है, उनकी बात कोई टाल नहीं सकता। आपके लिए सभी सुविधाओं युक्त एक अलग कक्ष की व्यवस्था हो जायेगी… … पर केवल अकेले आपके लिए ही।”
उसका जवाब सुनकर मेरी प्रसन्नता का कोई ठिकाना न रहा। मैंने सिर झुकाकर उनको धन्यवाद दिया और कहा – ” मेरे साथ ये जो हैं, मेरे यहां तक के मार्गदर्शक हैं और यहीं समीप के किसी गांव के रहने वाले हैं। ये अभी अपने गांव चले जायेंगे। मठ में रुकने वाला मैं अकेला ही हूं। “
मेरी बात सुनकर किरती ने स्वीकृति में सिर हिलाया तो लामा रिनजेन के चेहरे पर संतुष्टि की एक मुस्कान खेल गई।
मैंने रिनजेन से मठ के बारे में कुछ बताने को कहा और बोला कि मैं यहां पहली बार आया हूं और यहां के बारे में कोई जानकारी नहीं है। मेरी बात सुनकर रिनजेन लामा ने एक गहरी दृष्टि मुझ पर डाली और गंभीर स्वर में बोला – ” संसार में प्राचीनता और विशालता की दृष्टि से तवांग मठ प्रसिद्ध है। तवांग के मूल निवासी मोनपा जाति के बौद्ध लोग हैं। तवांग मठ को स्थानीय लोग गोम्पा कहते हैं। गोम्पा यानि तवांग मठ लगभग 500 वर्ष पुराना है। इस मठ में तीन – चार सौ बौद्ध भिक्षु और लामा रहते हैं। इनका एक ही काम है – पूजा – पाठ, जप -तप और साधना करना। मठ की लंबी चौड़ी चारदीवारी के अंदर सैकड़ों मकान, अनेक दुकानें और सैकड़ों साधना कक्ष हैं। बौद्ध भिक्षु परिश्रम भी करते हैं। पूजा -साधना के बाद जो समय बचता है, उसमें खेती -बाड़ी भी करते हैं। चारदीवारी से घिरे हुए मठ का मुख्य द्वार काफी विशाल है जो अमूमन बंद रहता है। विशेष अवसरों पर ही ये द्वार खोला जाता है।”
रिनजेन मुझे मठ के बारे में ढेरों जानकारियां देता रहा। मैं ध्यान से उसकी बातें सुन आत्मसात करता जा रहा था। बातें करते -करते कब मठ का मुख्य द्वार आ गया पता ही नहीं चला। वहां पहुंचकर किरती ने मुझसे जाने की आज्ञा मांगी तो मैंने हामी भरी। जाते – जाते मैंने उसकी मुट्ठी में उसकी आकांक्षा से बढ़कर रुपए थमाए तो वो गदगद हो गया और मुझे एक पर्ची पकड़ा गया जिसमें उसके गांव का पता लिखा था।
उस दिन शरद पूर्णिमा थी। चंद्रमा की रूपहली चांदनी चारों ओर फैली हुई थी। वातावरण में घोर निस्तब्धता छाई हुई थी। मठ के मुख्य दरवाजे में प्रवेश कर मुझे मुलाकातियों के लिए बने कक्ष में बिठाकर रिनजेन कहीं अंदर चला गया। मैंने इस कक्ष को ध्यान से देखा। कक्ष की छत गुम्बंदनुमा गोल थी जहां चारों तरफ भगवान बुद्ध के थांका शैली के चित्र बने हुए थे। महायान और वज्रयान बौद्ध धर्म में थांका चित्र शैली का बहुत महत्त्व है।
मैं बैठा – बैठा उन भित्ति चित्रों का अवलोकन कर ही रहा था कि एक लामा ने मुझसे आकर कहा कि आचार्य श्री ने आपको याद किया है। मैं तुरंत उस लामा के साथ चल पड़ा। मैंने अपना सामान उठाना चाहा तो उस लामा ने कहा – ” सामान आपके कक्ष में पहुंचा दिया जाएगा।”
मठ में आगे जाने पर तीन – चार दरवाजों को पार किया तो एक काफी विशाल हॉल था जिसमें लाल रंग का कालीन बिछा हुआ था। सामने लकड़ी का नक्काशीदार सिंहासन बना हुआ था जिस पर सौम्य मुद्रा का एक अति वृद्ध महापुरुष विराजमान था। उनके चेहरे पर विलक्षण तेज था और आंखों में थी प्रखर ज्योति। कहने की आवश्कता नहीं कि वे ही थे आचार्य श्री। कक्ष में गहन शांति थी। एक और पीतल के दीपाधार पर मोम का दीपक जल रहा था जिसकी पीली मद्धिम रोशनी कक्ष का वातावरण रहस्यमयी बना रही थी।
मैंने आचार्य श्री को प्रणाम किया और उनके सामने नीचे बिछे आसन पर बैठ गया। मुझे देखकर आचार्य श्री ने कोई प्रतिक्रिया व्यक्त न की । वे निस्पृह भाव से बैठे रहे। लामा का दिया हुआ तिब्बती भाषा में लिखा पत्र आचार्य श्री पढ़ने लगे। पत्र पढ़कर कुछ देर मौन बैठे रहे फिर मंद स्वर में मुझसे मुखातिब होकर बोले – ” कालिकानंद अवधूत की कोई बात मैं टाल नहीं सकता। तुम जो चाहोगे उसकी व्यवस्था हो जायेगी।”
इतना कहकर उन्होंने पुनः एक नजर मुझ पर डाली फिर लामा की ओर देखते हुए उसे हाथ से कोई इशारा किया जिसे मैं समझ न सका। लामा ने मुझसे अपने साथ आने को कहा। मैंने खड़े होकर पुनः आचार्य श्री को प्रणाम किया और उस लामा के साथ चल पड़ा।
लामा मुझे कई द्वारों को पार कर एक कक्ष में ले गया। मैं सोचने लगा कि इतनी भूल -भुलैया पार कर इस कक्ष में मुझे लाया गया है, मैं चाहूं तो भी यहां से बाहर नहीं निकल सकता। कक्ष में मुझे छोड़कर लामा चला गया। मैंने अंदर जाकर देखा काफी बड़ा कक्ष था शायद 15 गुणा 15 फुट से कम नहीं था। एक तरफ सोने के लिए लकड़ी का एक तख्त, उसके पास एक तिपाई रखी थी। एक तरफ एक मेज और दो कुर्सियां रखी थी। सर्दी से बचने के लिए फायर प्लेस बना हुआ था जिसके बगल में एक मोखा बना हुआ था जिसमें मोटी – मोटी लकड़ियां भरी थीं। कक्ष के एक तरफ लोहे के स्टैंड पर तांबे का एक कलश और लोटा रखा था। सामने एक विशाल कांच लगी खिड़की थी जिससे बाहर का मनोरम दृश्य दिखाई दे रहा था।
अभी मैं कक्ष का मुयायना कर ही रहा था कि वही लामा मेरा सामान लेकर आया और कक्ष में बनी एक अलमारी में रख दिया फिर मुझसे बोला – ” इसी कक्ष के बाहर दाहिनी ओर आपका स्नानघर और शौचालय बना है। सुबह शाम का खाना यहीं कक्ष में भिजवा दिया जायेगा। सुबह का खाना दस बजे आयेगा और शाम का पांच बजे। सुबह की चाय और नाश्ता पांच बजे और दोपहर की चाय ढाई बजे आयेगी। किसी भी चीज की जरूरत हो तो दरवाजे के पास घंटी लगी है, बजा दीजिएगा। “
उस रात मैंने खाना खाया और वस्त्र बदलकर सो गया क्योंकि सफर की थकान थी। उस रात एक विचित्र अनुभूति हुई मेरी आत्मा को। कह नहीं सकता कि वो अनुभूति कैसी थी। शायद मैं गहन तंद्रा की अवस्था में था। मैंने देखा एक दिव्य महापुरुष को , जिसका शरीर स्फटिक की तरह पारदर्शी और हीरे की तरह शुभ्र था। सिर की लंबी जटाएं भूमि को स्पर्श कर रही थी। नेत्र बड़े -बड़े और चमकीले थे। उनकी दोनों भौंहों के बीच से रश्मियां निकल रही थीं। वे निर्विकार भाव से मेरी ओर देखने लगे। मुझ पर एक बेहोशी सी छाने लगी। कुछ ही पल में मैं सम्मोहित सा हो गया। वो दिव्य पुरुष पीछे मुड़कर तेज कदमों से जाने लगे।
तंद्रावस्था में सम्मोहित सा मैं भी उनके पीछे – पीछे चलने लगा। मैं कब कक्ष से निकलकर मठ के मुख्य दरवाजे से बाहर निकला, कह नहीं सकता। बस सम्मोहित सा उस दिव्य पुरुष के पीछे पीछे चलता हुआ बर्फीले पहाड़ की पगडंडी पर चलता रहा। चलते वक्त मुझे लगा मानो मैं जमीन पर न चलकर हवा में चल रहा होऊं। मेरे चलने की गति भी आश्चर्यजनक रूप से तेज थी। अब मुझे वो दिव्य महापुरुष कहीं नजर नहीं आ रहा था। मैं अपने आप न जाने कहां और कैसे चला जा रहा था। एक तरह की तंद्रा मुझ पर गाफिल थी।