अजय कुमार का उपन्यास – ‘बात एक रात की’ – भाग -17

बात एक रात की
****************
भाग सत्रह
**************
” अरे रे…संभलिए…आपकी तबियत तो वाकई बहुत खराब है..चलिए..सामने ही एक ज्यूस कॉर्नर है,वहां बैठिए.. ज्यूस भी पी लीजिए..चलिए चलते हैं..।”
समय रहते हेमन्त ने विजया को चक्कर खा कर गिरने से बचा लिया था, बहुत ही मजबूत पकड़ थी उसकी और उस
एक पकड़ ने ही विजया पर जैसे सारा रहस्य खोल दिया था, एक भूडोल से कम नहीं था उसके लिए यह रहस्योद्घाटन,नहीं यह कदापि संभव नहीं हो सकता हेमन्त..एक झेंपू सा ,इतना साधारण और शरीफ सा दिखने वाला इनसान,इतना शातिर हत्यारा,जिसने अभी तक पोलिस को चकमा दे कर रखा है, ओह तो इसीलिए यह उसके करीब आना चाह रहा था,जिस
से समय पर उसको अपने हक में इस्तेमाल कर सके,और वह भी जानता होगा ,मानसी की तरह उस खुली खिड़की की बात जरूर इसी के सामने कभी हुआ होगा वो जिक्र.. कितनी मूर्ख है वो और कितनी नासमझ,”क्या हुआ,आप ऐसे बुत बनी क्यूं खड़ी रह गयी,चलिए थोड़ी देर बैठते हैं वहां और कुछ नहीं तो नींबू पानी ही पी लीजिए…”
गुस्से और नफरत की एक तेज लहर दौड गयी थी विजया के बदन में,इसका इतना दुस्साहस, क्या समझता है
यह खुद को,इतना बड़ा कांड कर,यूं खुला घूम रहा है,पर क्या मेरा अनुमान सही है या सिर्फ एक अदेंशा ही है…मेरे मन का एक और वहम,नहीं, मुझे पहले ठीक से जांचना होगा..बहुत होशियारी और धैर्य से काम लेना हौगा..”कुछ नहीं थोड़ा जी
सा घबरा रहा है,चलिए नींबू सोड़ा पी लेती हूं,ठीक हो जायेगा नहीं नहीं,अब आपको मुझे सहारा देने की जरूरत नहीं है..मैं चल सकती हूं….।”
“पहले भी कभी ऐसा हुआ है आपको…” बैंच पर बैठ कर , हेमन्त ने फिर से बात.शुरू की थी..”नहीं..कभी नहीं.. असल में घर ही.घर में रहने से शायद बहुत डर लगने लगा है आज पहली ही बार आई हूं न बाहर,और देखिए आपकी छुट्टी दिन भी स्पोइल कर दिया मैंने….”
“नहीं ऐसी तो कोई बात नहीं…तबियत तो कभी भी, किसी की भी खराब हो सकती है और मैं अच्छे से यह समझ सकता हूं,इतने बड़े हादसे से गुजरने के बाद तो किसी के लिए भी नॉर्मल बने रहना संभव नहीं है,बहुत समय लग जाता है
टूट कर फिर से जुड़ने में,पर धीरे धीरे एक दिन सब ठीक हो जायेगा….”
“लगता है , बहुत तजुर्बा है आपको इन हादसों का , और कैसे निपट सकते हैं हम इनसे, आप यह भी जानते हैं..”
“हादसों के बारे में तो मैं ज्यादा नहीं जानता , कोई जान भी नहीं सकता, इतना मौका ही कब देते हैं यह किसी
को ,पर हां आदमी के बारे में जरूर जानता हूं,कैसे टूटे हुए हौसलों के बावजूद उनमें जो ताकत बची रह जाती है न , उस
के बारे में जानता हूं,आप में देखी है मैंने वो ताकत,आप जरूर निकल आयेंगी इस सब से बाहर…”
” और अब मुझे यह भी बता दीजिए..ऐसे हादसों से लोग कैसे बाहर निकल पाते हैं..जो खुद अचानक होते नहीं हैं , बल्कि जिन्हें बहुत दिमाग लगा कर प्लान किया जाता है।”
न चाहते हुए भी, विजया के स्वर में एक तल्ख़ी,एक तीखा तंज उभर आया था,पर उसने नोटिस किया कि इस बात को सुनने के बाद हेमन्त के चेहरे पर कोई तनाव या हैरत का भाव नहीं उभरा था, बल्कि उसके चेहरे पर एक बहुत मीठी सी मुस्कुराहट आ गयी थी..” हां ,जानता तो मैं यह भी हूं और सब से पहले यह मैं आपको ही बताऊंगा,पर उससे पहले मुझे आप
को और बहुत कुछ भी बताना है..।”
जिस तरह से विजया को अपने इस व्यंग्य से भरे कथन का उत्तर मिला था, उससे तो हेमन्त उसे एकदम शान्त मन
और अप्रभावित लग रहा था,यह लग ही नहीं रहा था कि इस वक्त उसके सामने एक ऐसा हत्यारा बैठा हुआ था, जिसका राज अचानक फ़ाश हो गया था, न तो उस के चेहरे पर किसी भी किस्म की उलझन थी न ही उसकी आवाज में कोई आवेग या घबराहट थी,एक नये ही तरह के असमंजस में पड़ गयी थी विजया, क्या उसके दिये हुए संकेत के अर्थ को समझ नहीं सका है हेमन्त या फिर वह अब जानबूझ कर कोई नया नाटक कर रहा है..सब समझ कर भी कुछ न समझने का नाटक,या फिर उसने उसे उलझाने के लिए कोई और नया खेल शुरू कर दिया है ….
” आप क्या बताना चाहते हैं ,बताइये…” विजया ने न चाहते हुए कह तो दिया..पर उसे खुद नहीं पता था कि क्या
वह सच में उस जैसे आदमी की कोई बात सुनने को तैयार है, वह खुद भी समझ नहीं पा रही थी, अपनी इस प्रतिक्रिया का मत लब, कहीं उसकी सच्चाई जान कर भी, कहीं उसके मन में , हेमन्त के प्रति कोमलता का कोई भाव तो बचा नहीं रह गया है या फिर उसके भीतर यह उत्सुकता जाग उठी थी कि उसके इस न डरने के पीछे क्या छुपा हुआ है..वह यह पता करना चाहती है कि उस जैसा साधारण पृष्ठभूमि का आदमी यकायक एक हत्यारा कैसे साबित हो सकता है,विजया अपने सोच में उलझी हुई थी कि फिर हेमन्त का स्वर उसके कानों
में पड़ा.. “देखिए , कहना तो बहुत कुछ है ,पर उसके लिए यह जगह उपयुक्त नहीं है…क्या हम कहीं और बैठ कर बातें कर सकते हैं..।”
” नहीं, मुझे अब कहीं नहीं जाना है आपके साथ।” उसकी इस बात से बहुत ही आतंकित हो गयी थी विजया…
” देखिए ,विजया जी, मुझे पता है कि आप मुझे पहचान गयी हैं , और यह तो मुझे पता था कि एक न एक दिन तो यह होना ही है… मगर मुझे कोई भय नहीं है..आप चाहें तो पोलिस में मेरी रिपोर्ट कर दें,मुझे कोई ऐतराज नहीं है,पर इतना मैं जरूर चाहूंगा कि उससे पहले आप मेरा पक्ष भी जरूर सुन लें…बस इतनी सी ही रिक्वेस्ट…”
” मगर मुझे यह सब क्यूं सुनाना चाह रहे हैं, मेरा आप
के इस किए धरे से क्या मतलब,बल्कि मुझे तो यह लग रहा है कि सब कुछ आपने जान बूझ कर किया है,पहले मेरे फ्लैट का इस्तेमाल, फिर मुझसे यह नजदीकियां बढ़ाना…आप पोलिस की आंखों में तो धूल झोंक ही चुके हैं ,अब आप मुझे भी धोखा देने की कोशिश..”
आवेश में विजया की आवाज कुछ ऊंची हो गयी थी.. और वह खुद नहीं चाहती थी कि जानेअनजाने वह खुद अपना सरे बजार एक तमाशा सा बना ले ..एक झटके के साथ अपनी जगह से उठ खड़ी हुई थी विजया…
” धोखा नहीं दे रहा हूं मैं आपको…अब कैसे समझाऊं आपको, आप के भीतर मुझे किसी और की छवि दिखाई देती है इसलिए आपकी तरफ एक सॉफ्ट कॉर्नर है मेरा,आप यकीन करिए मेरी बात का,मैं बिल्कुल सच कह रहा हूं,मेरी मान्यता
की शक्ल दिखाई देती है आप में मुझे.. हां मेरी मान्यता की.. जिसको बेरहमी से रेप करके जान से मार डाला था उस विजय घाट्गे ने..सिर्फ अपने हवस और शौक के लिए,और मैं कुछ भी नहीं कर सका…करता भी कैसे… बहुत शक्तिशाली आदमी था वो,फॉरेस्ट वालों की मदद से उसने दूसरी जगह पर मौजूद होने की एक मजबूत गवाही जुटा ली थी वो मुजरिम है..मुझे तो यह कभी पता भी नहीं लगता, अगर उसकी सहेली ने मुझे यह नहीं बताया होता कि कौन था वो वहशी दरिन्दा, मुश्किल से जान बचाई थी उसने अपनी… पर पता लगने पर भी मैं जानता था कानूनी तरीकों से न्याय कभी नहीं मिलना था मान्यता के मुज रिमों की…कड़वा घूंट पी.कर रह गया था मैं तब..उसके बाद कई साल लगे मुझे , इस पूरे प्लॉन को अंजाम देने के लिए…”
विजया आगे चलती जा रही थी…और हेमन्त उसके साथ चलता हुआ यह सब कहे जा रहा था,हेमन्त के आखिरी वाक्य पर वो एकदम पलटी,”और फिर आपने अपनी सहूलियत देख कर मुझे भी अपने प्लान का मुझे भी हिस्सा बना लिया,और
मेरे ही फ्लैट को छुपने के लिए चुन लिया,है न..”
“नहीं..विश्वास कीजिए मेरा..वह एक इत्तेफाक था..महज एक इत्तेफाक..आप एक बार मेरी पूरी बात सुन लीजिए,फिर आप जैसा चाहेंगी बिल्कुल वैसा ही होगा,वैसे भी मेरी जिंदगी का मकसद तो पूरा हो चुका है,अब मुझे यह भी परवाह नहीं
है कि मैं जिन्दा रहता हूं या नहीं,मैं तो खुद ही सरेंडर करदेता अगर,खैर छोड़िए,अब मुझे और कुछ भी नहीं कहना ,आप
खुद ही तय कर लीजिए और निश्चिंत रहिए मैं आपको किसी भी तरह किसी भी संकट में नहीं पड़ने दूंगा..कम से कम इस केस में तो नहीं आप बेफिक्र रहिए…मैं चलता हूं अब…आप चाहें तो आपको छोड़ आऊं…।”
“नहीं कोई जरूरत नहीं है…मैं खुद चली  जाऊंगी.. ठीक हूं मैं अब…।”
*******************
(शेष आगे….)

अजय कुमार

WhatsApp Image 2026-07-19 at 17.37.20 — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment