कारगिल एक प्रेम कथा
भाग -19
नहीं नही उर्वशी भी शास्त्रीय संगीत में “विशारद” है, बहुत अच्छा गाती है.. वंदना दीदी ने उर्वशी का पक्ष लेकर कहा।
ऐसे कैसे मान लूँ मैं, आता है तो गाकर दिखाये न, मैं भी तो समझें कि मेरा दोस्त ज्यादा अच्छा गाता है या मेरी साली .. पंकज जीजाजी ने उर्वशी को बातों में फंसा ही लिया।
उर्वशी ने उस घर में नज़र दौड़ाई की कोई वाद्ययंत्र दिख जाये, मगर ऐसा कुछ न था, इसलिए उसने किचन से एक बड़ी थाली लेकर उसी को ढपली की तरह ताल देते हुये गाना शुरू किया….
गुमसुम गुमसुम गुपचुप गुमसुम गुपुचुप गुमसुम गुमसुम गुपचुप गुमसुम गुपुचुप गुमसुम गुमसुम गुपचुप गुमसुम गुपुचुप
हलचल हलचल हो गयी तेरे होंठ हैं क्यों चुप हलचल हलचल हो गयी तेरी बैठे हैं गुपचुप प्यारे प्यारे चेहरे ने करते हैं इशारा देखा तेरी आँखों ने हैं सपना कोई प्यारा हमसे गोरी ना तू शर्मा कहदे हमसे ज़रा हमसे गोरी ना तू शर्मा कहदे हमसे ज़रा
कहना ही क्या ये एक अनजान से जो मिले चलने लगे मोहब्बत के जैसे ये सिलसिले अरमान नये ऐसे दिल में खिले जिनको कभी मैं ना जानूँ वो हमसे हम उनसे कभी ना मिले कैसे मिले दिल ना जानूँ अब क्या करें क्या नाम लें कैसे उन्हें मैं पुकारूँ
बॉम्बे फ़िल्म का यह गीत हूबहू के एस चित्रा जी की आवाज़ में इतना सुंदर गाया कि रोंगटे खड़े हो गये थे सभी के.. वही दर्द, वही मिठास सब कुछ तो था उर्वशी की आवाज़ में।
मेज़र पांडे तो यूँही उर्वशी पर फिदा था, अब उर्वशी की यह शानदार गीत गाने की कला ने उसे उर्वशी का दीवाना बना दिया।
अब आप भी सुना दीजिए न वही गीत “तू मेरी जिंदगी है” उर्वशी ने मेजर पांडे से अपने दिल की बात कहते हुए कहा….
“क्यों कल ही सुना तो था न आपने शताब्दी एक्सप्रेस में”?… मेजर पांडे ने बोल तो दिया लेकिन बाद में पंकज और वंदना भाभी की सशंकित नज़रों से उसे अपनी चोरी पकड़े जाने का अहसास होता है।
ओह हो… कैसे मेजर हो, इतनी सी बात न छुपा सके, तो दुश्मन के सामने क्या अपने देश के खुफ़िया राज छुपा पाओगे? उर्वशी ने चोरी पकड़े जाते ही शिकायती लहजे में कहा।
यदि ऐसा वक्त आ भी गया तो मैं देश के लिए जान देना पसन्द करूँगा, लेकिन मुँह न खोलूंगा।
मेजर पांडे को उर्वशी का यह उलाहना शायद पसन्द नहीं आया था।
ओये होये, तुम दोनों तो बड़े ही तेज़ निकले, पहले ही मिल लिए थे, और मैं बेवकूफ तुम दोनों का इंट्रोडक्शन करवा रहा था.. पंकज जीजाजी के ऐसा कहते ही थोड़ा सा गम्भीर होता माहौल फिर से मस्ती भरा हो गया।
डिनर करके सभी लोग फिर से गप्पे मारने लग गए। रात के 11.30 कब बज गये पता ही न चला, फिर अचानक मेज़र पांडे को याद आया कि उसका मित्र पंकज अब बैचलर नहीं है, इसलिए ज़्यादा देर रुकना उचित नहीं होगा।
उन सबसे विदा लेकर मेज़र पांडे अपने गंतव्य चले गये, इधर उर्वशी भी दूसरे रूम में सोने चली गई। वंदना और पंकज जी भी अपने कमरे में चले गये।
दूसरे दिन सुबह उठकर उर्वशी की दिनचर्या शुरू हो गई, नाश्ता करने के बाद वह टैक्सी से अपने ऑफिस का काम निपटाने चली गई, पंकज जीजाजी भी रेडी होकर अपनी कार से ऑफिस के लिये निकल गये।
उर्वशी ने सोचा कि उसे ऑफिस का काम निपटाने में ज़्यादा से ज़्यादा 1 बजेगा, उसके बाद वह घर पहुँच कर वंदना दीदी के साथ दिल्ली में ढेर सारी शॉपिंग करेगी, मगर उसे लगभग 5 बज गये काम खत्म करते करते, फिर उसे ट्रैफिक में टैक्सी से वंदना दीदी के घर पहुँचते पँहुचते 7.30 बज ही गये। घर पहुँच कर चाय पीकर उर्वशी बिस्तर पर ही निढाल हो जाती है।
लगभग 8 बजे पंकज जीजाजी भी ऑफिस से आ गये थे। डिनर करके कुछ देर टीवी देखने के बाद सभी अपने रूम में सोने चले गये। अगला दिन यानि 26 जनवरी उर्वशी का अवकाश था, इसलिए उसने सोचा कि वह आराम से उठेगी।
अगले दिन लगभग 8.30 बजे जब उर्वशी की नींद खुली तो देखा कि वंदना दीदी और पंकज जीजाजी टीवी पर गणतंत्र दिवस का समारोह देख रहे हैं। न्यूज़ चैनल प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी जी का ओजस्वी भाषण दिखा रहे थे। अटल जी जब बोलते हैं तो विरोधी भी उनको बस सुनते ही रहते थे… फ़िर तो वह उर्वशी के प्रिय नेता थे, वह उनके भाषण को भला कैसे दुर्लक्षित कर सकती थी।
उर्वशी झटपट बिना ब्रश किये ही टीवी न्यूज पर अटल जी के भाषण की रिकॉर्डिंग देखने लगी, जब न्यूज़ चैनल में कमर्शियल ब्रेक हुआ तब जाकर वह टूथब्रश करके, फ्रेश-अप होने गई।
लगभग 10.30 तक टीवी पर गणतंत्र दिवस परेड की झांकी ही चलती रही। वहीं टीवी के सामने बैठे बैठे ही उर्वशी का नाश्ता हुआ, वह और पंकज जी तो टीवी के सामने से उठने का नाम ही नहीं ले रहे थे, यह देखकर वंदना दीदी को बहुत गुस्सा आ रहा था। वह पंकज जीजाजी से बोली, वाह साली मिल गई तो बीबी को भूल गये क्या, आज तो मेड भी नहीं आई है, चलो किचन में मेरी मदद करो..
वंदना दीदी के मुँह से ऐसा सुनकर उर्वशी अचंभित रह गई, वह उठकर वंदना दीदी की मदद को किचन में जाने लगी तो पंकज जीजाजी ने उसे टोका और कहा, अरे तुम कुछ नहीं समझती हो, मेरी स्वीटी का मेरे बिना किचन में भी मन नहीं लगता। तुम यहीं बैठकर टीवी देखो, तब तक मैं तुम्हारी दीदी की मदद करके आता हूँ।
वंदना दीदी किचन में आलू पराठे बना रही थी, जबकि पंकज जीजाजी बेसिन में पड़े कप, प्लेट, कटोरी, गिलास, चम्मच आदि धो रहे थे।
उर्वशी यह सब देखकर सोचते सोचते ही रोमांचित हो जाती है कि वह भी शादी के बाद “मेजर साब” से ऐसे ही हर संडे को बर्तन और झाडू पोछा लगवाने का काम करवायेगी।
क्रमशः
सुदर्शन रत्नाकर