सरोरुह
भाग -13
राज़दार
चंदों रोज़ की तरह जैलदार के घर जाने लगी तो सामने से बड़े जैलदार जी को आते देख ठहर गई। उनका इस तरह से केशो दास के घर आना….यानी कुछ तो है, जो ठीक नहीं। ऐसा पहले भी कई बार हुआ है, जब भी कोई बात जैलदार जी को भीतर से खाती तो वह केशो दास जैसे पुराने स्वामिभक्त के साथ चर्चा करके कुछ हल्का महसूस करते थे। केशो दास की आँखों ने उनके जीवन के सब रंग देखे थे, केशो दास की पीढ़ियों ने उनके खानदान की पीढ़ियां देखी थीं। कहने को तो एक खाई का अंतर है केशो दास और बड़े जैलदार के बीच, पर जब दोनों किसी निजी विषय पर चर्चा करते तो वह खाई अपने आप विलीन हो जाती। दोनों में अगर कुछ होता तो वह होता जीवन का अनुभव। बड़े जैलदार के पास सब कुछ था पर केशो दास जैसा कोई दूसरा राजदार नहीं था I केशो दास बड़े जैलदार के लिए बिल्कुल ऐसे था जैसे सम्राट अकबर के लिए बीरबल I
‘आइए साब जी।’ चंदो ने घर के मुख्य दरवाज़े को खोलते हुए कहा। लकड़ी के इस दरवाजे के अंदर छोटा-सा आंगन है, जिसके एक कोने में बाहर का चौका बना हुआ है। सर्दियों में यहाँ चूल्हे में से हमेशा ही धुआं उठता दिखता। केशो दास की कुर्सी चूल्हे के पास रखी रहती।
जैलदार साहब को आता देख केशो दास हुक्के को एक तरफ़ रखते हुए, अपनी कुर्सी से उठ गये और बैठक की तरफ़ चल पड़े। तीन कमरों के मकान में चंदों ने एक कमरा बैठक का बना रखा है। घर में जब भी कोई मेहमान आता तो वह वहीं पर बैठता। घर छोटा ज़रूर है, पर सुंदर है। हर चीज़ अपने ठिकाने पर है।
‘आग ही तप लेते हैं। इतनी ठंड में अंदर कौन बैठेगा।’ जैलदार ने चूल्हे की ओर इशारा करते हुए कहा।
चंदों ने जल्दी से एक गद्दीदार कुर्सी चूल्हे के पास रख दी और ख़ुद काम पर जाने लगी तो जैलदार की आवाज़ से रुक गई।
‘चंदो, तू भी बैठ जा। आज तुमसे ही बात करनी है। हम दोनों तो अब उम्र के उस मोड़ पर हैं, जहाँ कुछ भी निश्चित नहीं है।’ चंदों लकड़ी की चौकी को खिसकाते हुए दोनों के एक तरफ़ होकर बैठ गई। बातों की शुरुआत हमेशा की तरह मंगला से ही हुई।
कितना दूध देती है? कितना छावनी में जाता है? और चंदो ने आगे क्या सोचा हुआ है?
चंदो ने अपने बारे में क्या सोचा है, इस सवाल पर केशो दास हमेशा की तरह चुप ही रहे, क्योंकि वह ख़ुद भी इस बारे में कहाँ जानते हैं।
‘आगे की पढ़ाई के साथ सोच तो रही हूँ कुछ और भी करने का पर …. । देखती हूँ क्या होता है।’ आख़िरी वाक्य बोलते हुए चंदों ने गहरी सांस ली।
‘देखना क्या है ? हम तुम्हारे साथ हैं, जो भी करना है निडर होकर करो।’ चंदों के जवाब से जैलदार जी अपनी कोशिश पर प्रफुल्लित हुए। एक छोटी-सी कोशिश ही तो की थी उन्होंने चंदों को पढ़ने के लिए प्रेरित करके, उसी कोशिश का नतीज़ा है, जो आज वह इतनी साहसी है। गाँव की हवा में भी अब चंदों के पढ़े – लिखे होने की सरसराहट होने लगी थी पर चंदों का एक लक्ष्य था जिसे हासिल करने के लिए वह मेहनत से ख़ुद को रगड़ती हुई शांति से आगे बढ़ने के प्रयास कर रही थी I
सब बातें करते कराते हुए, जानकी का विषय शुरू हो गया। जैलदार की आँखों से बेटी का दुख झरने लगा तो केशो दास बोल पड़े, ‘अपनी आँखों के सामने तो है ना अब। हर घड़ी की चिंता से अच्छा है कि अब सबके बीच में है। इससे ज्यादा तसल्ली और क्या होगी।’
‘तुमसे बेहतर कौन जानता है केशो, बड़े घर की दीवारें विपदा में पड़ी बेटियों के लिए और भी बड़ी हो जाती हैं, जिन्हें लांघ पाना इतना आसान नहीं है।’ बोलते हुए आवाज़ मुरझा गयी। समाज के बन्धनों में बंधी हुई आवाज़ को केशो दास ने महसूस किया I महसूस की एक पिता की पीड़ा जिसका मरहम वह उस समाज में ढूंढ रहे थे जहाँ स्त्री के लिए सिर्फ़ बंदिशे थी I
‘जब हम अपनी बेटियों को हिम्मत नहीं देंगे दीवारें लांघने की तो समाज कैसे लांघने दे सकता है ! और आप एक साधारण पिता नहीं हैं, आप मेरी चंदो के लिए अगर इतना कुछ कर सकते हैं, तो जानकी तो आपका अपना ख़ून है।’
‘जानता हूँ केशो, पर मेरे बेटे मेरा साथ नहीं देते। मैं मज़बूर हूँ उनके आगे।’
‘सब कुछ बेटों का तो है, क्या बेटी सम्मान की भी हक़दार नहीं है ? विधवा हो गई तो क्या हम माता-पिता भी उसकी ज़िंदगी को बेरंग कर दें।’ हुक्के की गुड़गुड़ाहट के साथ केशो दास ने कहा।
जैलदार ने केशो दास की तरफ़ देखा, पर कुछ बोले नहीं, फिर चंदो की तरफ़ उन्होंने कुछ कागज़ात बढ़ा दिए, ‘चंदो ये कुछ काग़ज हैं, इन्हें संभालकर रखना। तुम्हें जब भी लगे कि जानकी को इनकी ज़रूरत है तो उसे दे देना।’
‘आप जानकी को ख़ुद ये कागज़ात देते साब जी। उसे भी अच्छा लगता।’
‘दे देता, पर किसी को भनक लग जाती, तो दिक्कत हो जाती। मैं नहीं चाहता कि मेरे ना रहने पर मेरी बेटी..।’ आगे की बात उनसे बोली नहीं गई मानो ठंड से उनकी आवाज़ सिकुड़ गई हो।
चंदों ने अक्सर ड्योढ़ी के अंदर ज़मीन-जायदाद को लेकर क्लेश होते देखे थे I उसे यह समझने में देर न लगी कि जैलदार साब अपने बेटों से यह सब छिपाकर रखना चाहते हैं।
‘मैंने शहर की दो एकड़ ज़मीन जानकी के नाम लिख दी है। इस वसीयत को पंजीकृत भी करवा दिया है, अगर मुझे कुछ हो जाता है तो कोई भी उस ज़मीन में हस्तक्षेप ना कर सके। जब जानकी यहाँ पर थी, तब ही यह प्रक्रिया मैंने शुरू कर दी थी, पर शायद विराट और सम्राट को कोई शक हो गया था इसलिए मैंने जानकी को उसके ससुराल जाने दिया।’
यह सुनकर चंदों को जैसे असीम शांति मिली। वह हमेशा सोचती थी कि जैलदार जी जानकी के लिए कुछ सोचते क्यों नहीं हैं ! कभी-कभी ग़लत साबित होना भी सुखद होता है ।
‘यह आपने बहुत अच्छा किया साब, अब बिटिया की चिंता नहीं। ऐसे हालात में उसकी आर्थिक स्थिति का अच्छा होना बहुत ज़रूरी है।’ केशो दास ने भी ख़ुशी ज़ाहिर की।
‘मैं नहीं चाहता यह भेद मेरे जीते जी मेरे घर में खुले, क्योंकि तुम दोनों भी जानते हो कि बाकी ज़मीन के मुक़ाबले यह ज़मीन शहर के हाईवे पर होने के कारण महंगी है। विराट और सम्राट कभी नहीं चाहेंगे कि ये कीमती हिस्सा जानकी के नाम पर हो।’ ज़मीन को लेकर घर में जो कोहराम मचता था, उसको इस समय बड़े जैलदार जी के चेहरे पर साफ़ पढ़ा जा सकता है।
‘आप निश्चिंत रहें बाबा।’ चंदों ने बूढ़े पिता के ठंडे हाथों पर गर्मजोशी से भरोसे के हाथ रखते हुए कहा।
‘इस बात को गुप्त रखना ज़रूरी है, क्योंकि जानकी के लालची ससुराल वालों को अगर इस बात की ज़रा-सी भी भनक लगी, तो वह इस ज़मीन को पाने के लिए कई तरह के हथकंडे अपनाएंगे।’ चंदों ने अपनी बात जारी रखते हुए कहा।
बड़े जैलदार भी बेटी के ससुराल वालों को अच्छे से जानते हैं। जब से दामाद की मृत्यु हुई थी, तब से उस घर की बागडोर जानकी के जेठ के हाथ में थी और वह यह जानकर जानकी को ज़रूर फुसलाने की कोशिश करेगा।
‘अब कहाँ जा रही है ?’ चंदों को अपनी जगह से उठते देख जैलदार ने पूछा।
‘वो, आज काम पर…।’
‘एक दिन काम न होगा तो क्या हो जायेगा। तू बैठ बहुत ज़रूरी बात करनी है तुमसे।’ चंदों बिना कुछ कहे फिर से बैठ गई।
कुछ झिझकते हुए जैलदारजी बोले, ‘मैं सोच रहा हूँ… मौसम थोड़ा हल्का होता है तो जानकी के रहने की व्यवस्था अलग मकान में कर दूं। जहाँ पर वह अपनी बेटियों के साथ रहे, हर किसी की तीखी नज़रों को उसे बर्दाश्त ना करना पड़े।’
‘यह निर्णय लेना बहुत ज़रूरी है जैलदार जी ।’ चंदों ने उत्सुकतापूर्वक कहा।
‘जब बहुत उदास होता हूँ तो बाबा बोलती हो और ऐसे जैलदार जी ? बाबा ही कहोगी तो क्या हो जायेगा।’
चंदों के चेहरे पर हलकी मुस्कान तैर गयी I पिता जैसे हर फ़र्ज को तो निभाया था चंदों के लिए जैलदार साब ने और उन्हीं सब फ़र्ज को चंदों अपनी जिम्मेदारी समझकर निभा रही थी I रिश्ता कोई भी हो उसे जीवंत बनाता है समर्पण और यह समर्पण, फ़िक्र… और जैलदार जी की फ़िक्र को चंदों ने हमेशा मुश्किल घड़ी में अपने आस पास देखा था जिसका नतीज़ा वह आज थी I वह न होते तो उसकी पढ़ाई कभी पूरी न होती I चंदों मेधा है इस बात का जैलदार साब को भरोसा था और चंदों ने भी मेहनत करके उस भरोसे को मजबूत किया था I
कुछ देर पहले जो माहौल बहुत गम्भीर हो रहा था वह अब कुछ सामान्य हो चला है। चूल्हे की आग से शीत भी कम हो गया या फिर शायद ऐसा हुआ कि जब मन कुछ हल्का हुआ तो मौसम भी अपने आप बदला-बदला सा, सुहावना-सा लगने लगा। मन में जोश होता है, तो हिमपात भी कहाँ राह रोक पाता है। चंदों ने महसूस किया कि थोड़ी देर पहले शोक बारिश से ठिठुरन महसूस हो रही थी, अब नहीं है, अब बारिश सुहावनी है, अब जो बारिश हो रही है, वो उसके हिस्से की बारिश है, जानकी के हिस्से बारिश है, वह जानकी को सब बता देना चाहती हैं, बता देना चाहती है कि अब कोई भी उसका अपमान नहीं कर सकेगा, पर बड़े जैलदार ने बताने से मना कर दिया। सही ही तो कहा उन्होंने कि कभी भी किसी भी बात को लेकर आवेग में नहीं आना चाहिए। एक अनुकूल समय का इंतज़ार करना चाहिए।
दरअसल सब जानते हैं कि जानकी अपने संबंधों को लेकर जज़्बाती है। संबंध भाइयों से हो या माता-पिता से वह हर रिश्ते को अपनी आहुति देकर निभाना चाहेगी और अगर इस ज़मीन के कारण घर में फ़साद होने का उसे पता चलेगा तो वह यह ज़मीन ख़ुद ही अपने भाइयों के नाम कर देगी, इसलिए जानकी को यह सब बताने से जैलदार जी ने मना किया।
देर तक तीनों बात करते रहे, बाहर मौसम पल-पल बदलता रहा, कभी-कभी बादल इतने ज़्यादा हो जाते कि अंधेरा घिरने लगता, पर इस अंधेरे में भी तीन लोग अपने भीतर के अंधकार से मुक्त होने का प्रयास करते रहे। प्रयास सबसे बड़ी रौशनी है जो धीरे – धीरे फैलती है I इसी प्रयास की लौ को चंदो जानकी के लिए जला रही थी जो अभी हवा के दवाब में आग नहीं पकड़ रही थी I उम्मीद की मशाल चंदों ने हमेशा की तरह इस मुश्किल वक़्त में भी जलाकर रखी है, वह जानती है जिन्दा होने का अर्थ जलना है I जो एक बार बुझ गया उसे मुर्दा होने से कोई नहीं बचा सकता I उम्मीद है एक दिन हवा का रुख बदलेगा, प्रयास व्यर्थ नहीं जायेंगे, तब जो लौ होगी उससे कई आँखें चौंधिया जयेंगी I वक़्त का फेर साथ था जिसके साथ चंदों ने सांमजस्य बिठा लिया था I इतने जीवन में उसने यह तो सीख ही लिया था कि जब अपने हाथ कुछ भी न हो तो प्रयास करते हुए वक़्त पर ही, उलझे सवालों के जवाब छोड़ देने चाहिए क्योंकि वक़्त से बेहतर कोई जवाब नहीं है ी
क्रमशः
नीना अंदोत्रा