लवलेश दत्त का उपन्यास ‘दर्द न जाने कोई ‘ भाग -3

दर्द न जाने कोई
भाग -3
घर के बाहर एक सरकारी हैंडपंप लगा था। वह अक्सर वहाँ से पानी भरकर लाता था। उस दिन भी जब वह पानी भरकर मटकी को सिर पर रखकर चल रहा था तो वहाँ खड़ी औरतों में से एक ने टोक दिया, “अरे देबू! क्या तू लड़की है जो मटकी को कभी सिर पर तो कभी कमर पर रखकर चलता है?” सभी औरतें हँसने लगीं।
“इसमें लड़की वाली क्या बात है ताई, मुझे जैसे आसानी होती है मैं मटकी रख लेता हूँ,”
“हाँ, हाँ, सही है बना ले बातें, पर यह बता कि लड़कियों की तरह झाड़ू लगाने, बर्तन माँजने और खाना बनाने में कौन-सी आसानीहोती है?”उसने चुहल करते हुए पूछा।
“क्या एक लड़का घर के कामों में अपनी बहन और माँ की मदद नहीं कर सकता? क्या केवल लड़कियों ने ही घर के काम करने का ठेका ले रखा है?” इस बार देबू की आवाज़ तीखापन औरतों को चुभगया।
एक ने तो मुँह बनाते हुए कह भी दिया, “अरे ठीक है, जैसी मर्जी वैसा कर हमें क्या लेकिन हम तो इतना जानती हैं कि लड़कों का यूँ लड़कियों की तरह काम करना कोई अच्छे लक्षण नहीं हैं। हमें क्या, तू जाने तेरी माँ और तेरे घरवाले जाने।”
देबू को अब महसूस हो रहा था कि ‘शायद औरतें सही कह रही हैं। उसका कोई भी काम लड़कों जैसा नहीं है, यहाँ तक कि कोई लड़का उसका दोस्त नहीं है, सारी लड़कियाँ ही उसकी सहेलियाँ हैं। उसके खेल-खिलौने भी तो लड़कियों जैसे हैं, गुड्डा-गुड़िया से खेलना, गुट्टे खेलना, स्कूल में भी तो वह लड़कियों के साथ खो-खो खेलता है।’देबू जैसे-जैसे बड़ा हो रहा था अपने तन और मन के बीच उसका द्वन्द्व बढ़ता जा रहा था। उसकी समझ नहीं आ रहा था कि उसे क्या हुआ है? क्या वह बीमार है या फिर कोई ऐसी बात है जो उसे अन्य लड़कों से अलग बनाती है? और फिर से अनसुलझे प्रश्नों के दंश उसे चुभने लगते,‘मैं हूँ तो लड़का लेकिन मेरे मन में लड़कियों के साथ रहने की इच्छा क्यों होती है? क्यों मैं उनके ही साथ उठने-बैठने में खुश रहता हूँ? क्यों मुझे लड़कों के साथ रहना अच्छा नहीं लगता? क्यों मुझे लड़कों के साथ डर लगता है? क्यों मेरा मन करता है कि मैं भी काजल लगाऊँ, नेलपालिश लगाऊँ, क्रीम-पाउडर लगाऊँ, बिन्दी लगाऊँ और खूब सज-सँवरकर घर से बाहर निकलूँ? जब मैं लड़का हूँ तो मेरे मन में ऐसी बातें क्यों आती हैं? क्यों मैं और लड़कों की तरह नहीं हूँ?’
( 2 )
स्कूल का फंक्शन था। चारों तरफ खूब सजावट थी। सफेद रंग की चादरों से गलियारा बना था। हरी और लाल मैटिंग थी। सामने खूब बड़ा स्टेज बना था। स्टेज पर भी खूब सजावट थी। रंग-बिरंगे फूलों, झालरों और लाइटों से सजावट की गयी थी। शाम छह बजे से कार्यक्रम होने थे। बच्चों के अभिभावकों को भी बुलाया गया था। देबू ने भी अपनी माँ, दीदी और मनु भैया को आने के लिए कहा था। उसने राजेन्द्र भैया से नहीं कहा क्योंकि उसे मालूम था कि यदि उन्हें पता चलेगा कि वह लड़की बनकर डांस कर रहा है तो वह मारेंगे।
मैडम ने उन सारे बच्चों को जल्दी बुलाया था जो कार्यक्रम में भाग ले रहे थे क्योंकि ड्रेस और मेकअप से उन्हें सजाना-सँवारना जो था। देबू भी चार बजे ही स्कूल पहुँच गया था। उस दिन डांस दिखाने के बाद तो जैसे सारी मैडम उसे अपने कार्यक्रम में लेना चाहती थीं। सब चाहती थीं कि वह उनकी तरफ से सोलो डांस भी करे, लेकिन ‘उस पर ज्यादा हक़ तो उसकी क्लास टीचर मीना मैडम का है। वह जैसा कहेंगी वैसा ही वह करेगा,’ उसने यह पहले ही सोच लिया था।अपने क्लास की तरफ से तो वह डांस कर ही रहा था लेकिन मीना मैडम ने उसे कक्षा सात और आठ की मैडम के क्लास की तरफ से भी डांस करने की अनुमति दे दी। वह तो चाहता था कि स्कूल के सारे क्लासों की तरफ से डांस कर दे लेकिन स्कूल का नियम था कि ‘कक्षा छह के बच्चे केवल छह, सात और आठ के क्लासेज के कार्यक्रमों में ही भाग ले सकेंगे’। मन मारकर देबू केवल तीन ही डांस कर रहा था। लेकिन उसे खुशी थी कि इन तीनों डांसों में वह लड़की बनकर ही डांस करेगा। एक में वह नागिन की काली ड्रेस पहनकर डांस करेगा, दूसरे में मोरनी बनकर और तीसरे में राजस्थानी ड्रेस पहनकर डांस करेगा। ड्रेस और मेकअप की व्यवस्था की एक मैडम ने कर रखी थी। सबसे पहले वह नागिन का डांस करने वाला था। उसी की ड्रेस पहनकर तैयार था, उसने कमरे से बाहर झांककर देखा कि माँ, दीदी और भैया आए या नहीं। बहुत कोशिश के बाद भी वह उनको नहीं देख पाया लेकिन बाहर बढ़ती भीड़ को देखकर वह खुश हुआ कि उसे इतने सारे लोगों के सामने डांस दिखाने का पहली बार अवसर मिला है। फिर भी उसका बालमन उस भीड़ में अपनी माँ की एक झलक पानेके लिए अधीर हो रहा था और उसकी आँखें रह-रहकर खिड़की के बाहर झाँकने लगतीं। मन-ही-मन प्रार्थना भी कर रहा था कि माँ आ जाए। आज पहली बार वह अपने बेटे के डांस को देखकर कितनी खुश होगी। प्रार्थना के लिए उसने आँख झपकी ही थी कि उसे माँ, दीदी और मनुभैया आते हुए दिखाई दिए। उसका चेहरा खिल गया। उसने सोचा कि ‘दौड़कर अपना रूप, ड्रेस और मेकअप उन्हें दिखा आऊँ,’ लेकिन मैडम ने सबको सख्ती से मना किया हुआ था कि‘मेकअप लगाने के बाद कोई भी बाहर नहीं जाएगा’।देबू मन मारकर रह गया।
देबू की प्रतीक्षा की घड़ियाँ समाप्त हुईं। उसके डांस का कार्यक्रम होने वाला था। माइक से उसका नाम पुकारते हुए हिन्दी वाले सर ने कहा कि ‘अगली प्रस्तुति के लिए कक्षा छह के देवेन्द्र प्रताप सिंह तैयार रहें।’वह पर्दे के पीछे आ चुका था। एक लड़का भाषण दे रहा था जिसके बाद उसका डांस होना था। देबू काअंग-अंग पुलकित हो रहा था जिससे उसके शरीर में गुदगुदी हो रही थी।उसने महसूस किया कि उसके कटिबंध से नीचे के अंग में अजीब-सी हरकत हो रही है। उसके लगा कि उसके पैर खुद-ब-खुद उठ रहे हैं। लड़के का भाषण दो मिनट का था और उसे बोलते हुए अभी एक मिनट भी नहीं हुआ था लेकिन देबू को लग रहा था कि ‘कितनी देर से बोल रहा है, अब बस भी कर’। देबू को उस पल का बेसब्री से इन्तजार था कि पर्दा उठे और वह इतनी भीड़ के सामने अपनी कला का प्रदर्शन करे। सबसे ज्यादा खुशी उसे इस बात की थी कि माँ उसे पहली बार डांस करते हुए देखेगी। उसने सुबह उठने से लेकर स्कूल आने तक माँ से कितनी मिन्नतें की थीं कि वह आज बाजार न जाए और स्कूल जरूर आए।
प्रतीक्षा की घड़ियाँ समाप्त हो गयीं। भाषण देने वाले लड़के ने सबको धन्यवाद दिया और मंच से उतर गया। हिन्दी वाले सर ने फिर माइक सँभाला और बोले, “अतिथियों हमारे विद्यालय एक ऐसा होनहार कलाकार आपके सामने आ रहा है जिसका डांस देखकर आप दाँतों तले उँगली दबा लेंगे। आपसे निवेदन है कि सब लोग तालियों से उसका उत्साहवर्द्धन करें…प्रस्तुत है देवेन्द्र प्रताप सिंह।” माइक से उसका नाम पुकारते ही अँधेरा हो गया और पर्दा उठ गया। देबू नागिन की तरह सिकुड़ा हुआ स्टेज पर लेटा है, जैसे ही धीरे-धीरे रोशनी हुई और गाना शुरू हुआ,देबू ने नागिन की तरह लहराना शुरू कर दिया। उसका यह पहला ही स्टेप था कि लोग अपनी कुर्सियों से खड़े हो-होकर तालियाँ बजाने लगे। नगीना के गाने पर देबू ने डांस शुरू कर दिया। एक नजर डालकर देखा कि मनुभैया भी खड़े हुए खुशी से उसका डांस देख रहे थे। अब तो उसके जोश का ठिकाना नहीं था। उसके लहराते हाथ, बलखाती कमर, मटकते कूल्हे और हर एक भाव-भंगिमा ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। न केवल तालियाँ बल्कि बड़ी क्लास के लड़के जो बहुत पीछे खड़े थे, सीटियाँ भी बजाने लगे।देबू अपने आप में नहीं था जैसे कि श्रीदेवी उसके अन्दर आ गयी और वह झूम झूमकर नाच रहा था। गाना खत्म हुआ। और देबू फिर पुरानी मुद्रा में आकर स्टेज पर सिकुड़कर लेट गया। लाइट बन्द हो गयी। पर्दा गिर गया। लोगों की तालियों, सीटियों और ‘वन्स मोर, वन्स मोर’ के शोर में देबू उठकर कमरे में आ गया। उसकी क्लास टीचर मीना मैडम ने उसे गले लगा लिया। साथ की लड़कियाँ भी उससे चिपक गयीं। माइक पर सर बोल रहे थे, “अभी आपने देवेन्द्र सिंह का डांस देखा, इस डांस के लिए हमारे मुख्य अतिथि महोदय ने सौ रूपयेउपहारस्वरूपदेवेन्द्र को देने की घोषणा की है। वे कार्यक्रम के अन्त में स्वयं अपने कर-कमलों सेयह उपहार देवेन्द्र सिंह को देंगे।” यह सुनकर देबू बहुत खुश हुआ। इसके बाद उसके दो डांस और हुए—दोनोंएक-से-बढ़कर एक। कार्यक्रम के अन्त में जब उसे उपहार मिला तो वह सौ रूपये के स्थान पर पाँच सौ रूपये हो चुका था।
माँ, दीदी और भैया के साथ खुशी-खुशी झूमता हुआ देबू घर आ गया। रास्ते में हीसबने यह तय किया कि बड़े भैया राजेन्द्र को कोई कुछ नहीं बताएगा क्योंकि उसे यह बिल्कुल अच्छा नहीं लगेगा कि उसके सबसे छोटे भाई ने स्कूल में लड़की बनकर डांस किया। घर लौटते समय माँ ने उसकी पसन्द की मिठाई उसे दिलाई। डांस करने के कारण वह बहुत थक चुका था। बिस्तर पर लेटते ही उसे नींद आ गयी। सोता हुआ देबू बहुत प्यारा लग रहा था, अभी तक उसके गालों से पाउडर की लाली नहीं छूटी थी। होंठ भी गुलाब की पंखुड़ी की तरह गुलाबी हो रहे थे।देबू को देखकर माँ ने मन-ही-मनकहा, ‘काश यह लड़की बनकर जन्म लेता’ और उसके माथे पर चूम लिया।
माँ तड़के ही उठ गयी थी। उसे बाजार जाना था। मजदूरी मिलने की तो उम्मीद थी नहीं लेकिन दो दिन पहले ही जंगल से टूट कर आया महुआ, तेंदू पत्ते, पपीते और लकड़ियाँ पड़ी थीं जिन्हें आज बाजार में बेचना जरूरी था क्योंकि एक और सब्जियाँ खराब होने का डर और दूसरी ओर चार पैसे आने से अगले दो-तीन दिन का खर्चा चल जाने की उम्मीद थी। कहीं सब्जियाँ खराब हो गयीं तो फिर उन्हें सिवाय फेंकने के कोई और चारा नहीं रहेगा। माँ के साथ दीदी भी जाग गयी। खट-पट की आवाज़ से देबू की आँख भी खुल गयी। उठते ही उसनेपूरे आँगन में झाड़ू लगा दी। दीदी ने रसोई तैयार की और थोड़ा बहुत खाना लेकर माँ के साथ देबू भी गाँव के बाजार में चला गया। देबू का गाँव अच्छा-खासा बड़ा है। गाँव में डाक घर, फारेस्ट बंगला, एक प्राइमरी विद्यालय और एक सेकेण्डरी विद्यालय है। गाँव का बाजार भी बहुत बड़ा है। सफेदा नदी के किनारे बसा देबू का दानपुरगाँव, बस्तर जिले में आता है। गाँव के आसपास घना जंगल और पहाड़ियाँ हैं।
क्रमशः
लवलेश दत्त
WhatsApp Image 2026-08-10 at 16.21.47 — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment