15.
पापा शाम को ही लौट गए थे। जाते हुए हर बार की तरह आज भी जब मम्मी को कुछ रुपए देने लगे तो मम्मी ने कुछ और रुपए देने के लिए कहा और बोलीं- “पिछली बार आप एक महीने के लिए ही देकर गए थे और आए हो दो महीने के बाद। मुझे डॉक्टर का बिल चुकाना है।”
“क्यों, डॉक्टर की क्या जरूरत पड़ गई थी।”
“मैं बीमार हो गई थी, डॉक्टर को घर बुलाना पड़ा था। एक सप्ताह तक दवा लेनी पड़ी थी।” डॉक्टर को घर बुलाने की क्या ज़रूरत थी, तुम खुद नहीं जा सकती थीं।”
“पापा”, मैंने बीच में आकर लगभग चीखते हुए कहा- “मम्मी बेहोश हो गई थीं, यह तो अंकल थे जो डॉक्टर को बुलाकर ले आए थे, नहीं तो पता नहीं क्या होता।”
“कौन अंकल?” उन्होंने माँ के बारे में नहीं पूछा कि उन्हें क्या हुआ था, लेकिन अंकल नाम सुनते ही उनके अन्दर का पति रूप जाग उठा था।
“आप उन्हें नहीं जानते, मैं ही उन्हें बुलाकर लाई थी। मैं अकेली क्या करती। आप तो थे नहीं, आदमी बीमार भी पड़ सकता है, आप तो कभी यह सोचते भी नहीं! आप रहिए आँटी और अंकल के पास, कनु को प्यार कीजिए, आपको हमसे क्या लेना-देना है, हम आपके होते भी कौन हैं?”
“मुक्ता!” पापा ने चिल्लाकर कहा और तड़ाक से एक तामचा मेरे गाल
पर जड़ दिया।
“आप गंदे हैं, बुरे हैं, आप मेरे पापा नहीं हैं। आप जाइए यहाँ से, हमें आपकी ज़रूरत नहीं है।” मैं कहते हुए पलंग पर औंधे मुँह जा गिरी, यह मेरे विद्रोह की पहली चिंगारी थी।
पापा मुझसे बिना बोले ही चले गए थे। मम्मी से भी उन्होंने कुछ नहीं कहा। मैं लेटी रही, रोई नहीं, आँसू भी नहीं आए। पापा चाहते तो रुक सकते थे। मेरी बात के मर्म को समझ सकते थे। मुझे प्यार से समझा सकते थे। बहुतों के पापा काम-काज के सिलसिले में बाहर रहते हैं, कई-कई महीने
नहीं आ पाते। लेकिन जब आते हैं तो ढेरों खुशियाँ साथ लाते हैं। सारा घर महक उठता है। वे अपने बच्चों पर अपना प्यार लुटा देते हैं। उनकी समस्याओं को सुनते हैं, उन्हें सुलझाते हैं। उनके फिर चले जाने के बाद भी बच्चे उस प्यार, उस अपनत्व के सहारे शेष दिन खुशी-खुशी उनकी इंतज़ार में बिता लेते हैं। लेकिन मेरे पापा तो जब भी आते थे, वातावरण को और अधिक बोझिल व दुःखमय बना जाते थे। ऐसे कसैले अनुभव दे जाते, जिनका एहसास हफ्तों तक रहता।
पापा के चले जाने के बाद अंकल कई दिन तक नहीं आए। मैं भी नहीं जा सकी। मन पर इतना बोझ था, ऐसे में उनके पास जाकर उन्हें परेशान करने वाली बात थी। तीन दिन बाद अंकल स्वयं ही आए। मैं क्यारियों में अँकुरित होते बीजों को देख रही थी। ज़मीन से निकलते झाँकते छोटे पत्ते कितने प्यारे लग रहे थे। बीजों को अँकुरित होते मैंने पहली बार देखा था। प्रकृति का करिश्मा कितना विचित्र होता है। मिट्टी और जल के मिलते ही बीज अँकुरित होने लगते हैं और अस्तित्व में आते ही उनकी अपनी एक पहचान हो जाती है। पर आवश्यकता तो पहले अस्तित्व में आने की होती है।
मैं बेकार पड़े बीज की तरह थी। अंकल का स्नेह मुझे अँकुरित होने में सहयोग दे रहा था। वह गेट पर ही मुझे यों प्रकृति की ओर निहारते देख कर मंत्रमुग्ध से देखते रहे वे कब आए, मुझे पता ही न चला। जब उन्होंने आवाज़ दी तभी मैं जान पाई। मैं उनके पास चली गई। उन्होंने मुझसे पूछा- “आपके पापा हैं अभी।”
नहीं तो, वे तो रविवार की शाम को ही चले गए थे। मैंने उन्हें बताया। वे बोले- “फिर तुम आई क्यों नहीं?”
“आप भी तो नहीं आए, जाइए मैं आपके साथ नहीं बोलती।” मैंने इठलाते हुए कहा।
“अरे भाई, आपने ही तो मना किया था आने को, और फिर मैं ही तो आया हूँ पहले। यह देखो, तुम्हारे पास खड़ा हूँ। पर यह सुबह सुबह मुँह कैसा बना रखा है?” अंकल ने पूछा।
मेरी आँखें तरल हो आईं। लेकिन मैंने मुस्कराते हुए कहा- “कैसा लग रहा है आपको, सब ठीक तो है, अभी-अभी सोकर उठी हूँ न। इसलिए आपको ऐसा लग रहा होगा।” मैंने कहा।
“अच्छा, अब चलता हूँ, शाम को आऊँगा। तैयार रहना, बाज़ार चलेंगे।” कहकर अंकल चले गए।
कोई और दिन होता तो मैं बाज़ार जाने के नाम से खुशी से उछल पड़ती। लेकिन इस बार पापा के जाने के बाद से मन उखड़ा हुआ था, कुछ अच्छा नहीं लग रहा था, फिर भी मैं तैयार हो गई। कहीं देर न हो जाए, इसलिए स्कूल का काम भी नहीं किया।
शाम को अंकल समय पर आ गए। बाज़ार से अंकल ने खाने-पीने का सामान खरीदा, कुछ अगले दिन का ऑर्डर दिया। मैं चुपचाप उनके साथ चलती रही। लेकिन जब वे एक गिफ्ट हाउस के सामने रुके तो बात मेरी समझ में आई। कल मेरा जन्मदिन था और वह उसी की तैयारी कर रहे थे।
ढेर सारा सामान लेकर जब हम घर पहुँचे तो मम्मी दरवाजे पर खड़ी हमारी प्रतीक्षा कर रही थीं। वास्तव में इतना सब कुछ लेते लेते देर भी काफी हो गई थी। पहले तो मम्मी भी कुछ भी नहीं समझीं, पर जब वे यह जान गईं कि सारी शॉपिंग मेरी लिए हुई है, तो उन्हें अच्छा नहीं लगा। अंकल से बोलीं- “आप यह सब क्यों कर रहे हैं। हमने तो कभी मुक्ता का जन्मदिन मनाया ही नहीं। फिर अब तो वह बड़ी हो गई है।”
“ज़रूरत क्यों नहीं है नीराजी, मुक्ता इतनी बड़ी भी नहीं हुई कि उसका जन्मदिन न मनाया जा सके। बड़े होकर भी तो मनाया जा सकता है। रही बात पहले कभी न मनाने की, सो जो बीत गया, वह तो वापस नहीं आ सकता। लेकिन वर्तमान को तो हम पूरी तरह जी सकते हैं।” अंकल ने मम्मी को समझाते हुए कहा।
न चाहते हुए भी मम्मी को यह बताना पड़ा कि मुक्ता के पापा को यह सब अच्छा नहीं लगता।
अंकल ने मुझे अपने स्कूल की फ्रेंड्स को निमंत्रण देने के लिए कह दिया था। इस सब तैयारी में कई दिनों से बोझिल हुआ मेरा मन कुछ हलका हो गया था। जन्मदिन कैसे मनाया जाता है, यह मैंने पहली बार जाना था और वह भी अपना जन्मदिन। मन जैसे आसमान छू रहा था। वह दिन मेरा था,सिर्फ मेरा। अंकल पहले सुबह ही विश कर गए थे। मम्मी ने भी उठते ही प्यार किया, फिर मंदिर ले गईं। शाम को कुछ सहेलियाँ भी आ गई थीं, कुछ पड़ोस के बच्चे भी थे और इन सबके बीच घिरी जब मैंने केक काटा तो मेरा मन भर आया। मुझे फिर पापा की याद आ गईं। एक मैं हूँ, जो उन्हें भूल नहीं पाती और एक वे हैं जिन्हें मेरा जन्मदिन याद ही नहीं रहता। कभी भी मेरे जन्मदिन पर वे यहाँ नहीं होते। होते तो शायद विश भी कर देते, प्यार भी करते। नहीं, वे ऐसा कुछ न करते, मैं जानती हूँ, वे होते तो भी यही कहते – यह सब ढकोसला है। मेरा मन कड़वाहट से भरने लगा। लेकिन मैंने स्वयं पर नियंत्रण कर लिया। यही तो अंकल की भी सीख थी। उन्होंने उस दिन एक गीत भी सुनाया था। जिसमें मेरे जन्मदिन के उपलक्ष्य में आशीर्वाद का भाव था। वे बार-बार अपना स्नेहिल हाथ मेरे सिर पर रखते। वह स्नेहिल स्पर्श मुझमें नई शक्ति का संचार कर देता।
मम्मी चाहे भीतर से पापा के कारण डर रही हों, लेकिन ऊपर से वे भी खुश दिखाई दे रही थीं। बरसों बाद, बरसों क्या, शायद पहली बार इस घर में कोई खुशी का उत्सव मनाया गया था।
बच्चों के जाने के थोड़ी देर बाद अंकल भी चले गए। सारा कुछ समेटने में मम्मी को काफी समय लग गया। मैं भी उनके साथ काम कराती रही। रात देर तक मुझे नींद नहीं आई। मैंने देखा कि मम्मी भी अभी सोई नहीं थीं। हम दोनों साथ-साथ लेटे हुए शायद एक ही बात सोच रही थीं। दोनों का केन्द्र-बिन्दु एक ही था। एक ही नाम ‘पापा’ पर आकर सूई अटक जाती थी। मम्मी- “मैंने धीरे से पुकारा।”
“हूँ” उनका संक्षिप्त उत्तर था। “आज मुझे बहुत अच्छा लगा मम्मी, आपको भी अच्छा लगा न!” मैंने उन्हें कुरेदना चाहा। उन्होंने फिर ‘हूँ’ कह कर चुप्पी साध ली। “मेरा जन्मदिन पापा को याद नहीं रहता मम्मी?” मैंने उनसे जानना चाहा।
“क्योंकि उन्हें तुम्हारा जन्म लेना ही अच्छा नहीं लगा था।” मम्मी ने ठंडी साँस लेते हुए कहा। यह सुनकर मेरा मन वितृष्णा से भर गया। सारे दिन की खुशी पर मानों कालिमा छा गई हो।
क्रमशः
सुदर्शन रत्नाकर