17.
मेरी परीक्षा पास आ रही थी इसलिए अधिकतर समय पढ़ने में ही निकल जाता था। अंकल आते तो पूरे समय मुझे पढ़ाते रहते। बातचीत अधिक नहीं हो पाती थी। मम्मी भी चुपचाप बैठी रहतीं, किससे बात करें। अंकल एक बार मामी को साथ लेकर आए थे। जब तक वे मुझे पढ़ाते रहे, मामी और मम्मी अलग कमरे में बातें करती रहीं। वास्तव में मामी नरेन अंकल को लेकर बहुत परेशान थीं। उन्हें अपने भी दुःख से बड़ा नरेन अंकल का दुःख लगता था। अंकल अपने मन की करते थे, किसी की बात नहीं सुनते थे। दूसरों को जीने का रास्ता सुझाते हैं, किन्तु अपने जीवन की परवाह नहीं करते।
मेरी परीक्षाएँ समाप्त हो चुकी थीं। अब मेरे पास समय ही समय था। पहले अंकल ने मुझे संगीत सिखाना शुरू किया था, जो बीच में ही छूट गया था। अब फिर उन्होंने हारमोनियम मेरे हाथ में थमा दिया था।
जब मैं छोटी थी तो मम्मी मेरे कामों में व्यस्त रहती थीं। अब मैं बड़ी हो रही थी और अपने काम अपने आप करने लगी थी, साथ ही मम्मी के कामों में भी हाथ बँटाती थी। इसलिए उनके पास भी अब इतना समय था कि काटे नहीं कटता था। पापा पहले ही की तरह कभी-कभार एकाध दिन के लिए आते थे।
एक दिन जब अंकल आए तो उन्होंने मम्मी के सामने एक सुझाव रखा। बोले- “नीराजी, मेरे एक अध्यापक मित्र की पत्नी स्लम-बस्तियों में एक स्कूल खोलने जा रही है, जहाँ वे विशेष तौर पर झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वाले बच्चों को पढ़ाएँगी। उन्हें अपने साथ काम करने के लिए कुछ अध्यापिकाओं की आवश्यकता है। क्या आप उनके साथ पढ़ाना चाहेंगी। वैसे, मैंने आपसे बिना पूछे आपके बारे में उन्हें बता दिया है।
मम्मी यह सुनकर चकित रह गईं। बोलीं- “आप क्या कह रहे हैं?
मैं भला क्या पढ़ा पाऊँगी? स्वयं इतनी पढ़ी-लिखी नहीं हूँ।”
अंकल बोले- “बेशक आप अधिक पढ़ी-लिखी नहीं हैं, लेकिन पहली-दूसरी क्लास के बच्चों को तो पढ़ा ही सकेंगी। बचपन में मुक्ता को भी तो पढ़ाती रही हैं आप। इसमें कठिनाई क्या है, अभ्यास से सब कुछ सम्भव हो जाता है, और फिर बच्चों को पढ़ाते-पढ़ाते स्वयं भी पढ़ सकती हैं।”
“नहीं-नहीं, मेरे लिए यह कठिन हो जाएगा। मैं यह कैसे कर पाऊँगी भला। मुक्ता को थोड़ा-बहुत पढ़ाना और होम-वर्क में सहयोग देना अलग बात थी। स्कूल में दूसरे बच्चों को पढ़ाना बिलकुल अलग बात है। न-न, मुझसे यह नहीं होगा। फिर मुक्ता के पापा सुनेंगे तो क्या कहेंगे, वे क्या मान जाएँगे?”
मम्मी ने घबराते हुए कहा।
“नीराजी, मुझे विश्वास है कि आप बखूबी बच्चों को पढ़ा सकेंगी। आप एक बार घर से निकलकर बाहर तो आइए। मुझे मालूम है कि छोटे बच्चों को पढ़ाने की आप में योग्यता है। ऐसा विश्वास आप अपने मन में भी जगाइए। छोटे बच्चों को पढ़ाने के लिए शैक्षिक योग्यता के साथ-साथ जिस आत्मीयता, मानवीय भावना और स्नेह की आवश्यकता होती है, उसकी आप में कमी नहीं है। आप में क्या-क्या गुण हैं, यह आपको नहीं मालूम और आप यह जानतीं तो ऐसा न कहतीं। आपको अपने मन में दृढ़ निश्चय और आत्मविश्वास जगाने की जरूरत है, रही बात विमल जी से पूछने की, तो वह आप उनके आने पर पूछ सकती हैं। मैं जानता हूँ, यह ज़रूरी नहीं है कि वे आपको नौकरी करने के लिए हाँ कह दें। निश्चय ही वे हामी नहीं भरेंगे, क्योंकि यह तो उनके अहम् पर चोट होगी। मैं उनसे मिला नहीं हूँ, लेकिन मैं जानता हूँ नीराजी कि उनका उत्तर क्या होगा। लेकिन निर्णय तो आपको करना है। आपको इसी तरह तिरस्कृत और अपमानित होकर रहना है अथवा आत्म निर्भर होकर स्वाभिमान के साथ जीना है। अपने अधिकारों के लिए मनुष्य को संघर्ष करना पड़ता है। चुपचाप हाथ पर हाथ धर बैठे रहने से काम नहीं चलता, सक्रिय रहना पड़ता है। सम्मानपूर्वक जीने के लिए किसी की दया पर निर्भर रहना उचित नहीं है। किसी की दया पर जीना तो भीख माँगने के बराबर है।”
अंकल भावावेश में पता नहीं कितनी देर तक मम्मी को समझाते रहे। यद्यपि मम्मी ने अंकल को कभी अपनी व्यथा-कथा नहीं सुनाई थी और न मैंने उन्हें कुछ बताया था, फिर भी अंकल को पता नहीं कैसे हमारे घर-गृहस्थी के हालात की जानकारी थी। उनका इस प्रकार अधिकारपूर्वक समझाना पहले तो मम्मी को बड़ा विचित्र-सा लगा, लेकिन यह सोचकर उन्हें सन्तोष भी हुआ कि उन्होंने आत्मीयता से यह सब कहा था और पहली बार किसी ने उनकी भावनाओं और प्रतिभा को पहचाना था। पापा ने तो कभी इतने अधिकारपूर्वक मम्मी को प्रोत्साहित नहीं किया था, उनकी खूबियों को उजागर नहीं किया था, जब भी कुछ कहते तो उखड़े-उखड़े से होते, गुस्सा ही अधिक जताते और उनकी हर बात का विरोध करते। उनकी बातों से परायापन झलकता था। इसीलिए नरेन अंकल की नसीहत को मम्मी ने बाद में गंभीरतापूर्वक लिया। लेकिन अभी उनमें इतना आत्मविश्वास उत्पन्न नहीं हो पा रहा था कि वे एकदम हाँ कह दें। वे यही सोचतीं कि यह सब कर भी पायेंगी या नहीं। उन्हें याद था कि जब पापा से उन्होंने अपने आगे पढ़ने के लिए पूछा था तो उन्होंने न केवल उन्हें निरुत्साहित ही किया था, वरन् वे नाराज़ भी हुए थे। वे क्या करतीं, विवश थीं, कोई रास्ता दिखाने वाला और सहारा देने वाला ही नहीं था। लेकिन आज उन्हें रास्ता साफ़ दिखाई दे रहा था।
दो दिन तक मम्मी गंभीरतापूर्वक सोचती रहीं। मुझसे जब उन्होंने पूछा तो मैंने अपने आपको उस स्थिति में नहीं पाया कि मैं उन्हें कोई विवेकपूर्ण निर्णय लेने की सलाह दे सकूँ। हाँ, मैंने इतना अवश्य कहा था कि यदि आप पढ़ाने जाने लगेंगी तो मुझे अच्छा लगेगा।
इस बार मेरा परीक्षा परिणाम सबको चौंका देने वाला था। मैं अपनी कक्षा में प्रथम आई थी। स्कूल में तो सभी अध्यापकों को आश्चर्य हो रहा था। मैं पढ़ने में पहले से अधिक रुचि लेने लगी थी और परिश्रम भी मैंने खूब किया था, लेकिन मैं फर्स्ट आऊँगी, यह नरेन अंकल के अलावा किसी को मालूम नहीं था। रिज़ल्ट देखने वे मेरे साथ ही स्कूल गए थे। प्रसन्नता से मेरी आँखें छलछला आईं थीं। क्या ऐसा भी संभव है कि कक्षा में सबसे पीछे रहने वाली मेरे जैसी लड़की एकदम सबसे आगे निकल जाए। यह सब अंकल के स्नेह और प्रोत्साहन के कारण संभव हुआ था।
उन्होंने मुझे मेहनत कराने और पढ़ाने में कोई कसर नहीं छोड़ी थी। मेरा रोम-रोम उनके प्रति कृतज्ञता से भर गया और श्रद्धापूर्वक मैंने उनके पाँव छू लिए। उन्होंने मुझे उठाकर अपने गले से लगा लिया। मैं सिंहर उठी। ऐसा ही प्यार पाने के लिए तो मेरा मन बचपन से तरसता रहा है। मैं हमेशा यही सोचती रही कि पापा भी कभी मुझे गले से लगायें, मेरा सिर सहलाएँ लेकिन ऐसा कभी नहीं हो सका। पापा ने मुझे प्यार नहीं किया और, आज प्यार के लिए तरसती मेरी आत्मा और मेरे प्यासे मन को अंकल ने अपने स्नेह से सींच-सींच कर लबालब भर दिया था। शायद वे भी मेरे अन्दर का लावा बह जाने देना चाहते थे और जब मैं संभली तो बोले- “देखो मुक्ता, अब तो तुम्हें यह विश्वास हो गया है न कि तुम मेहनत करो तो कुछ भी प्राप्त कर सकती हो। यही एक रास्ता है औरों से श्रेष्ठ बनने का।
जो नहीं है, उसके लिए आँसू बहाना बेकार होता है, जो तुम्हारे हाथ में है, सामने है उसका पूरा उपयोग करो। समझीं। अब आँसू पोंछो ओर चलो, मम्मी तुम्हारी प्रतीक्षा कर रही होंगी।”
जब हम घर पहुँचे तो सचमुच मम्मी हमारा इंतज़ार कर रही थीं। जब मैंने उन्हें अपने प्रथम आने की बात बताई तो वे भी हैरान रह गईं लेकिन उन्हें अपार प्रसन्नता भी हुई। उन्हें इस बात का गर्व हो रहा था कि मुक्ता के पापा जिस लड़की को फिसड्डी और गँवार समझते हैं, वह ऐसी नहीं है। उसमें कुछ कर गुज़रने की क्षमता है। मम्मी ने मुझे छाती से लिपटा लिया और बार-बार मेरा माथा चूमने लगी।
मेरा कक्षा में प्रथम आना मम्मी के लिए भी वरदान सिद्ध हुआ। जिस बात का निर्णय लेने के लिए वे दो दिन से चिंतित थीं, उसका रास्ता निकल आया था। उन्होंने अंकल से बड़े उत्साहपूर्वक कहा था कि वे उनका प्रस्ताव स्वीकार करने के लिए तैयार हैं। लेकिन विमल जी से उन्हें पूछना होगा।
जिस गति से देश की जनसंख्या बढ़ रही है, उतनी गति से सरकारी शिक्षा संस्थान नहीं खुल रहे। जो हैं भी, उनमें शिक्षा का वह उच्च स्तर नहीं है, जिसकी आज के समय में आवश्यकता है। यह प्रतियोगिताओं का युग है। छात्रों को इन प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करने के लिए बहुत से प्राइवेट स्कूल खुलते जा रहे हैं। इन प्राइवेट पब्लिक स्कूलों में निश्चय ही शिक्षा का स्तर और अन्य गतिविधियाँ उत्तम होती हैं। पहले इन विद्यालयों में उच्च वर्ग के व्यक्ति ही अपने बच्चों को पढ़ाते थे, लेकिन समय ने करवट बदली है और अब इन संस्थाओं में क्या अमीर और क्या गरीब सभी पढ़ने लगे हैं, क्योंकि आम आदमी भी शिक्षा का महत्त्व जानने लगा है इसलिए वह अपने बच्चों को अच्छे स्कूल में पढ़ाना चाहता है। एक मज़दूर की भी यही तमन्ना है कि वह अपने बच्चे को अंग्रेजी माध्यम वाले स्कूल में पढ़ाकर योग्य बनाए जिससे वह कोई अच्छी नौकरी पा सके। कितनी विचित्र बात है कि हम अपनी भाषा को छोड़कर एक विदेशी भाषा के माध्यम से आगे बढ़ना चाहते हैं। यह नहीं सोचते कि इसका दूरगामी परिणाम क्या होगा। पहले हम अंग्रेज़ों की गुलामी की जंजीरों में जकड़े हुए थे और अब भी उनकी भाषा ने हमें गुलाम बनाया हुआ है।
क्रमशः
सुदर्शन रत्नाकर