अजय कुमार का उपन्यास ‘बात एक रात की’ भाग-24

बात एक रात की
***************
भाग चौबीस
***********
मनोज पंवार को नारायण घाट्गे का एक दिन पहले ही यह संदेशा मिला था कि सालों पहले जो रायगढ़ में हुआ
था, वही है उनके बेटे की हत्या की असल वजह, और यह भी कि अब उस घटना के चश्मदीद गवाह को पोलिस ने हाल ही
में खोज निकाला है ,मतलब कि फॉरेस्ट डिपार्टमैंट की झूठी गवाही का वो केस कि विजय और उसके दोस्त उस रेप और हत्या के समय जंगल में अवैध ढंग से शिकार खेल रहे थे,उस केस का अब कभी भी पर्दाफाश हो सकता है, फॉरेस्ट विभाग
का वह झूठा केस किसी भी पल तार तार हो सकता था।
मनोज यह ख़बर मिलते ही एक बार फिर नारायण घाट्गे के सामने बैठा हुआ था, कुछ डरा और घबराया हुआ सा…” मैं जानता हूं, आपने इस तरह मुझे यहां आने के लिए सख्ती से हिदायत की  थी,मना भी किया था ऐसे आने को, मगर अंकल, आपसे बात किये बिना कैसे रह पाता…रहा ही नहीं गया…सालों बाद फिर से यह मुआमला.उघड़ने को है… मुश्किल से उदय अभी तो कुछ लाईन पर आया है ,और अब यह अचानक,पर मैं आप को बस यह बात याद दिलाने आया था कि तब मुझे उदय ने जैसा बताया था, उसके मुताबिक तो वहां दूसरी लड़की वही मौजूद थी ,जो उस जगह से भाग गयी थी,उसके अलावा और कौन होगी वो चश्मदीद गवाह, दूसरा कोई हो ही नहीं सकता और इसमें फिर नया क्या हुआ है, तब भी तो उस लड़की की मौजूदगी की वजह से हमने यह तरकीब सोची थी कि हम फॉरेस्ट डिपार्टमैंट से एक झूठा केस फ्रेम करा लेते है, जिससे कभी कोई भी दिक्कत आने पर बचाव का एक रास्ता तैयार  रह सके,वही की वही बात तो आज भी है, इसमें अब नया और क्या जुड़ा है ….”
” हां ,वही बात आज भी है,पर अब बहुत कुछ नया जुड़ा है, तुम समझ नहीं पा रहे हो कि विजय की आज हत्या हो
चुकी है,तब ऐसा कुछ नहीं हुआ था और किसी की हत्या कोई यूं ही नहीं कर देता, फर्ज करो, विजय का हत्यारा अगर पकड़ा जाता है और मुझे यह मालूम है, माचवे और मनोहर जोशी की यह जोड़ी एक न एक दिन जरूर यह कर ही लेगी, तो फिर से सारा मुआमला नये सिरे से खुल जायेगा.. और तब एक तरफ तो उस हत्यारे का इकबालेजुर्म होगा जो पोलिस उससे करा
ही लेगी और दूसरी तरफ यह प्रत्यक्ष दर्शी गवाह होगा ,जो
इस सारे के  सारे मुआमले को एक नया ही रंग दे देगा ,और
यह तो एक फैक्ट ही है न कि मैं खुद उन दिनों वन विभाग का मंत्रालय देखता था,अब यह सब बातें एकनयी रौशनी में सामने आयेगीं और यह बड़ी आसानी से साबित हो जायेगा कि तब किस तरह हमने लीपा पोती करने की कोशिश की थी और
क्यूं उस हत्यारे के पास कोई और चारा नहीं था, कानून को अपने हाथ में ले लेने के, उससे एक तरफ तो मीडिया में वो हत्यारा एक हीरो साबित हो जायेगा , और मैं बड़ी आसानी
से एक विलेन साबित कर दिया जाऊंगा , समझे तुम, और तुम्हारे भाई उदय समेत वो सुरेश और इकबाल को भी बड़ी
ही आसानी से पहचान लिया जायेगा और सब कुछ एक ही झटके में खत्म हो जायेगा , बेटा तो गया ही साथ में सालों
की बनी हुई यह इमेज और मेरी यह सारी रेपुटेशन भी जाती रहेगी…”
” आपकी बात तो ठीक है.अंकल, फिर आप ही बताएं कि हमें ऐसे में क्या करना चाहिए, कोई रास्ता बचा है क्या..”
“पॉलिटिक्स रास्ता निकालने का ही खेल तो है , हम विजय की तरह खून खराबा तो करने से रहे कि उस गवाह
को रास्ते से हटा दें , मांडवली जरूर कर सकते हैं गृह मंत्री यशवर्धन से ,कि वो उस हत्यारे को उसके हाल पर छोड़ दे
और हम बदले में उन पर कोई कीचड़ न उछालें..जाने वाला
तो चला ही गया,जो बचे हैं कम से कम वो लोग तो हल्कान
न हों…बस हमें डर है कि क्या.वो इतने पर राजी हो जायेगा, मुझे उससे खुद जा कर मिलना होगा..पुराने तालुक्कात हैं,
बेटे का मुआमला है तो इतनी तो उम्मीद है मुझे,कंसीडर कर
ही लेगा..नहीं तो देखते हैं…क्या करना है…”
जब मनोज पंवार और नारायण.घाट्गे यह सब आपस में डिस्कस कर रहे थे ,ठीक उसी समय मनोहर जोशी गृहमंत्री यशवर्धन के सामने बैठे इन्सिपेक्टर माचवे की केस पर की
गयी अब तक की प्रोग्रेस को साझा कर रहे थे,” गुड वर्क जोशी रियली गुड वर्क ,इन सब बातों से तो लगता है कि वो हत्यारा भी हालात का मारा है, जिसे सब बचाने में ही लगे है और यह भी मुझे मालूम है कि नारायण घाट्गे भी देर सवेर अब मुझसे बात करने जरूर आयेगा ही आयेगा,पर एक एंगल अभी और है ,जो शेष तीन जो मुजरिम हैं इस रेप केस के उनका क्या…
वो खाली फोकट में छूटे जा रहे हैं..उनका भी तो कुछ होना चाहिए.. खैर! तुम उस हत्यारे की तपास करते रहो , और
अगर कुछ भी पता लगे उसके बारे में तो उसके अरेस्ट से
पहले मुझे जरूर बताना … मैं तब तक नारायण भाऊ का इंतजार करता हूं… सीनियर हैं मेरे ,उनका कुछ तो लिहाज करना ही होगा…देखें उन्हें क्या कहना है…वो अब भी चाहते
हैं क्या कि यह हत्यारा पकड़ा जाज.. पर सच में तुम्हारा यह सीनियर इन्सिपेक्टर माचवे तो सचमुच बहुत ही काबिल ऑफिसर निकला है, मैं उसके प्रमोशन की भी पूरी कोशिश करूंगा..तुम बस इस मुआमले को जड़ तक खोदते रहो…”
मनोहर जोशी जानते थे , गृहमंत्री जी की हर बात का मतलब ,इस मुआमले को जड़ तक खोदते रहो माने अब इस केस का पूरी तौर पर राजनैतिक इस्तेमाल होगा पर पता नहीं क्यूं उन्हें इस बार कुछ ज्यादा ही आत्मिक संतुष्टि मिल रही थी..किस तरह एक मामूली आदमी ने एक कद्दावर नेता के लड़के को ठिकाने लगाया है और कुछ ऐसी परिस्थितियां
उत्पन्न कर दी हैं कि शायद अब बाप ही नहीं चाहेगा कि वो
हत्यारा कभी भी पकड़ा जाए। कितनी अजीब दुनिया होती
है इस राजनीति की, अपनों को भी भूल जाने को विवश कर
देती है।
***********************
(शेष आगे..)

अजय कुमार

WhatsApp Image 2026-07-19 at 17.37.20 — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment